शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2019

यातायात व्यवस्था के सुधार में व्यापारीगण करें सहयोग- पुलिस अधीक्षक सूरजपुर...........

सूरजपुर। नगर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त बनाने, पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन, आमजनों की सुरक्षा हेतु व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीव्ही कैमरा लगाने हेतु प्रोत्साहित करने, बेहतर यातायात बंदोबस्त में सभी की सहभागिता सुनिश्चित कराने, फटाका दुकानों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर गुरूवार 17 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने सूरजपुर के व्यापारियों की बैठक जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा ने व्यापारियों को कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में पुलिस को सहयोग प्रदान करें, अपने प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ी कराए ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो, आमजन व समाज हित में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीव्ही कैमरा लगाने को कहा। बैंकों के बाहर काफी संख्या में वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के कारण यातायात व्यवस्था में दिक्कत को लेकर व्यापारीगणों की ओर से कहा गया कि बैंक के अधिकारी-कर्मचारी अपनी वाहन बैंक के सामने खड़ी न कर सुरक्षित खुली स्थान में अपनी वाहन पार्किंग करें ताकि ग्राहकों की वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़ी करने जगह उपलब्ध हो सके जिस पर एसपी श्री कुकरेजा ने यातायात प्रभारी को इस हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फटाका विक्रय स्थल के पास पुलिस का रहेगा अस्थाई सहायता केन्द्र, लगेगी सीसीटीव्ही कैमरा।
दीपावली त्यौहार पर नगर के स्टेडियम ग्राउण्ड में काफी संख्या में फटाका विक्रेता वहां अपनी दुकाने लगाते है जहां सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त रौशनी, पानी, सैन्ड बोरी व फायर बिग्रेड की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश एसपी श्री कुकरेजा ने नगर पालिका के अधिकारी को दिए। पटाखा दुकानों के पास सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद बनाए रखने पुलिस का अस्थाई सहायता केन्द्र खोले जाने एवं व्यापारियों के सहयोग से सीसीटीव्ही कैमरा लगाए की जानकारी दी।

त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने कहा कि धनतेरस व दीपावली त्यौहार पर काफी संख्या में लोग खरीददारी करने निकलते है जिस कारण नगर में काफी भीड़-भाड़ होती है इस दौरान पुलिस की असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। पुलिस व यातायात अमला विभिन्न चौक-चौराहों, भीड़-भाड़ वालों स्थल सहित अन्य स्थानों पर मुस्तैद रहेगी।

यातायात व्यवस्था में व्यापारी वर्ग करेंगे सहयोग।
पुलिस अधीक्षक के द्वारा ली गई बैठक में व्यापारी वर्ग के द्वारा पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। कई व्यापारियों ने सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए करीब 50 स्टापर एवं 100 ड्रम उपलब्ध कराने की बात कही।

शहर में पार्किंग स्थल विकसित करें नगर पालिका।
बैठक में नगर की पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई जिसमें सुभाष चैक के पास फारेस्ट कालोनी के खाली पड़े जगह को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही गई। जिस पर एसपी श्री कुकरेजा ने आमजनों की सहुलियत के साथ ही पार्किंग की दिक्करों को कम करने नगर पालिका के अधिकारी को उक्त स्थल को पार्किंग जोन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, इस हेतु व्यापारी वर्ग ने भी सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान अपर कलेक्टर के.पी.साय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एसडीएम शिवकुमार बनर्जी, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या, थाना प्रभारी सूरजपुर विकेश तिवारी, यातायात प्रभारी आर.सी.राय, नगर पालिका के इंजीनियर आलोक चक्रधारी तथा नगर के व्यापारीगण काफी संख्या में उपस्थित रहे।

बुधवार, 16 अक्टूबर 2019

यातायात नियमों के पालन से दुर्घटना से बचाव संभव- पुलिस अधीक्षक........

दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कैसे की जाए डेमो के माध्यम से दी गई जानकारी

यातायात के संकेतों का डेमो के जरिए छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

छात्र-छात्राओं के डाईविंग लायसेंस बनाने जल्द महाविद्यालय में लगेगी कैम्प


सूरजपुर। रोड सेफ्टी टाईम फार एक्शन, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता किसी प्रकार की जाए एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से बुधवार 16 अक्टूबर को रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय सूरजपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस एवं 108 की टीम ने दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद् किस प्रकार की जाए उसका डेमो देकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर सावधानी बरतनी अत्यन्त आवश्यक है, सावधानी बरनते में चूक होने पर व्यक्ति की दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें, फोर व्हीलर के इस्तेमाल पर सीट बेल्ट अवश्य लगाए, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग कतई न करे, ओव्हर स्पीड वाहन न चलाने की समझाईश दी। महाविद्यालय आने-जाने के दौरान सड़क पर विशेष सतर्कता बरतने हेतु कहा। इस अवसर पर एसपी श्री कुकरेजा ने दुर्घटना से देर भली के संदर्भ में कहा कि सफर के दौरान यदि डाईवर ओव्हर स्पीड वाहन चलाता है तो उसे ऐसा करने से मना करें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने पर जोर देते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को प्रारंभिक उपचार की सख्त जरूरत होती है पुलिस व 108 को तत्काल सूचित करें यथा संभव उसे नजदीक के अस्पताल में जल्द से जल्द ले जाए। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद् करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने सूरजपुर जिले के पिछले 3 वर्षो तथा इस वर्ष अब तक हुए सड़क हादसे के आंकडों से छात्र-छात्राओं का अवगत कराते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन अवश्य करें, सुरक्षित वाहन चलाए एवं सड़क क्रास करने के पूर्व बरते जाने वाले सावधानियों की जानकारी दी ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बची जा सके। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनरेखी से हादसे होते है। वाहन चलाने वाले व्यक्ति के पास वैध डाईविंग लायसेंस होनी चाहिए, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले जिन छात्र-छात्राओं के पास डाईविंग लायसेंस नहीं थे उन्हें जल्द लायसेंस बनवाने हेतु कहा।
जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर लगाए जाने वाले ग्लो साईन बोर्ड, वारनिंग तथा अन्य यातायात के संकेतों के बारे में बताया। डाईविंग लायसेंस बनवाने की प्रक्रिया से छात्र-छात्राओं को अवगत कराते हुए कहा कि जिन छात्रों के पास डाईविंग लायसेंस नहीं है वे जल्द लायसेंस हेतु अप्लाई करें।
जागरूकता कार्यक्रम को महाविद्यालय के उप प्राचार्य एच.एन.दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्रओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा इस जागरूकता कार्यक्रम से प्राप्त जानकारियों को अपने परिजनों तक पहुंचाकर उन्हें भी जागरूक करें।

डेमो के जरिए दी गई दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कैसे की जाए

यातायात प्रभारी आर.सी.राय व 108 की टीम ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कैसे करनी है, उन्हें प्राथमिक उपचार कैसे दी जाए, घायल व्यक्ति के मुंह में मिट्टी पत्थर की सफाई करने का तरीका, घायल व्यक्ति के चोट से खून रोकने की प्रक्रिया, मुंह से श्वास देने की विधि, सावधानी पूर्वक घायल व्यक्ति को स्टेचर में कैसे रखी जाए इन सभी का डेमो के माध्यम से जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के डाईविंग लायसेंस बनाने लगेगी कैम्प

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से पूछा कि कितनों के पास डाईविंग लायसेंस है जिस पर कम ही छात्र-छात्राओं के पास लायसेंस होने की जानकारी हुई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के द्वारा डाईविंग लायसेंस बनवाने हेतु महाविद्यालय में कैम्प लगाने का अनुरोध किए जाने पर पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने महाविद्यालय में कैम्प लगाने हेतु कहा आरटीओ अधिकारी को कहा जिस पर जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने जल्द ही महाविद्यालय में कैम्प लगाए जाने की जानकारी दी।


मंच का संचालन शिक्षक चन्द्रभूषण मिश्रा के द्वारा किया गया। इस दौरान यातायात अमला, 108 की पूरी टीम एवं महाविद्यालय के करीब 600 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मंगलवार, 15 अक्टूबर 2019

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों की सुनी गुजारिशें..........


सूरजपुर। पुलिस के जवानों को उन्हें कार्यस्थल पर किसी प्रकार की परेशानी, आवश्यकता अथवा समस्या के समुचित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने मंगलवार 15 अक्टूबर को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में पुलिस जवानों की गुजारिशे की सुनवाई की गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने बारी-बारी से पुलिस कर्मचारियों की गुजारिशे सुनी जिसमें सर्वाधिक गुजारिश शासकीय आवास गृह उपलब्ध कराने को लेकर था। कई पुलिस कर्मचारियों ने आवास सुधार कार्य की आवश्यकता बतलाई जिस पर पुलिस अधीक्षक ने पुराने आवासों को जल्द मरम्मत कराए जाने की जानकारी दी। इसके अलावा भी कई अन्य गुजारिशे भी सुनकर उसका निराकरण किया।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा ने बताया कि पुलिस लाईन सूरजपुर में मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत अराजपत्रित अधिकारी हेतु 24 एवं प्रधान आरक्षक व आरक्षक हेतु 144 नग आवासगृह का निर्माण कार्य पूर्णता पर है। आवास हेतु प्राप्त आवेदनों पर विचारोपरांत नियमानुसार आबंटित किए जाने हेतु समिति का गठन किया गया है जो पूर्ण सतर्कता के साथ जरूरतमंद पुलिस कर्मचारियों को आवासगृह आबंटित करने हेतु अपनी अनुशंसा प्रस्तुत करेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक रौशन टण्डन, आरक्षक बृजभवन कंवर, परमेश्वर सिंह, रिबेश कुमार, निर्मल राजवाड़े, सुनील मिंज, मंजीत तिर्की, महिला आरक्षक नमिता राज, पार्वती मिंज, सत्यनारायण सिंह, महेश साहू, संतोष कुंवर, दिनेश मिंज, अशोक कुजूर, चंदन सिंह, रविनंद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सोमवार, 14 अक्टूबर 2019

पुलिस अधीक्षक ने स्टूडेंट पुलिस कैडेट के चयनित स्कूलों के प्राचार्यो की ली बैठक.............

एसपीसी हेतु 5 विद्यालयों से चयनित किए जायेंगे 150 छात्र-छात्राए

सूरजपुर। भारत सरकार केन्द्रीय गृह मंत्रालय की महत्वकांक्षी योजना स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) के सफल क्रियान्वयन हेतु सूरजपुर जिले के 05 विद्यालयों का चयन किया गया है। इन चयनित स्कूलों के प्राचार्यो की बैठक सोमवार 14 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने अपने कार्यालय में ली और स्टूडेंट पुलिस कैडेट के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी एवं प्राचार्यो से चर्चा कर बेहतर क्रियान्वयन के सुझाव लिए।
बैठक में एसपी श्री कुकरेजा ने कहा कि एसपीसी का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाना एवं उनमें कानून के प्रति सम्मान व नागरिक संवेदनाएं पैदा करना है। इस वर्ष 5 चयनित स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं का चयन स्टूडेंट पुलिस कैडेट के लिए किया जाएगा जिन्हें इनडोर व आउटडोर प्रशिक्षण जल्द प्रारंभ की जाएगी। इन कैडेटों को पुलिस की भूमिका और उनके कार्यो के बारे में बताया जाएगा।
बैठक में एसपीसी के नोडल अधिकारी सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, प्राचार्य डी.के.साहू, लेफ सिंह, अन्नू कांडे, सुचित्रा खलखो, शिक्षक शोभना रंजीत, योगेश पाण्डेय एवं आरक्षक श्याम सुन्दर सोनी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद दुर्घटनाजन्य स्थानों पर लगाई जा रही रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड...........

सूरजपुर। जिले के खड़गवां चौकी क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सिंगलडोल मोड़ के समीप 12 अक्टूबर की रात्रि में सड़क किनारे खड़ी कोयला लोड ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार पिक वाहन के घुस जाने से पिकप में बैठे 2 लोगों की मृत्यु हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
13 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने घटना स्थल सिंगलडोल मोड़ पहुंचकर हादसे वाले जगह का जायजा लिया और सड़क विकास निगम, परिवहन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क पर दुर्घटना न हो, वाहन चालक को आने वाले खतरनाक मोड़ की जानकारी दूर से ही दिख जाए इसके लिए दुर्घटनाजन्य स्थानों, खतरनाक मोड़ से पहले रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड, स्टील रेलिंग सहित अन्य सुरक्षा के इंतजाम जल्द सुनिश्चित कराई जावे।
पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा के निर्देशों के बाद दूसरे दिन से ही उसका पालन होते देखा गया, जिम्मेदार अधिकारी व ठेकेदार के द्वारा ग्राम जगरन्नाथपुर-धरमपुर के मध्य मुख्य मार्ग में दुर्घटनाजन्य स्थानों पर रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे है।
इस दौरान एसडीएम प्रतापपुर, चौकी प्रभारी खडगवां सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

रविवार, 13 अक्टूबर 2019

नशीली कैप्सूल सहित 01 आरोपी गिरफ्तार रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही...........

सूरजपुर। 11 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों की क्राईम मीटिंग ली थी जिसमें उन्होंने नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेकने, इस कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्व सख्त व प्रभावी कार्यवाही करने तथा क्षेत्र में सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए थे।
इसी परिपेक्ष्य में रविवार 13 अक्टूबर को थाना प्रभारी रामानुजनगर गोपाल धुर्वे को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम शिवपुर निवासी सूरज प्रसाद धोबी उर्फ छेरका पिता धरमसाय काफी समय से अवैध नशीली दवाई बिक्री करने का काम करता है जो शिवपुर के तालाब के पास एक झोला में भारी मात्रा में अवैध नशीली दवाई रखकर बिक्री करने हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने ही थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को दी जिस पर उन्होंने पूर्ण सतर्कता बरतते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में रामानुजनगर थाना प्रभारी गोपाल धुर्वे पुलिस टीम के साथ मुखबीर के बताए अनुसार शिवपुर तालाब के पास घेराबंदी कर सूरज प्रसाद धोबी उर्फ छेरका को सफेद रंग के झोले के साथ पकड़ा, झोला की तलाशी लिए जाने पर उसमें 144 नग नशीली दवाई कैप्सूल कीमत 1 हजार रूपये का पाया गया जिसे जप्त कर धारा 21बी एनडीपीएस एक्ट के तहत् कार्यवाही कर आरोपी को विधिवत् गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि नशीली दवाई को कोरिया जिला से लाकर रामानुजनगर क्षेत्र में नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों को बेचता था।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर गोपाल धुर्वे, एएसआई हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक रविन्द्र भारती, देवनारायण यादव, आरक्षक अकरम मोहम्मद, संतोष ठाकुर व महिला आरक्षक तेरेशा तिग्गा सक्रिय रहे।

1 लाख 50 हजार रूपये कीमत के चोरी की 3 मोटर सायकल सहित 3 लोगों को रेवटी पुलिस ने किया गिरफ्तार.....

सूरजपुर। रेवटी चौकी प्रभारी लवकुमार पाण्डेय शनिवार 12 अक्टूबर को देहात भ्रमण पर निकले थे इसी दौरान उन्हें मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नरोला के इफ्तेखार खान चोरी की मोटर सायकल बेचने की फिराह में ग्राहक की तलाश कर रहा है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराया गया जो उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को साथ लेकर उसे पकड़ने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर राकेश पाटनवार के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी रेवटी पुलिस टीम के साथ ग्राम नरोला में घेराबंदी कर इफ्तेखार खान को मोटर सायकल सहित पकड़ा और मोटर सायकल का वैध दस्तावेज की मांग किए जो उसने कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से एक सोल्ड हीरो एचएफ डिलक्स वाहन जप्त किया। पुलिस ने इफ्तेखार खान को हिरासत में लेकर हिकमत अमली से पूछताछ किया तो वह बताया कि विश्रामपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा मोटर सायकल को चोरी कर इसे लाकर बिक्री करने हेतु देता था और यह गांव में चोरी की मोटर सायकल को सस्ते दाम में बेचने का काम करता था। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि एक सोल्ड हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल को पहलू राम को 20 हजार रूपये में तथा एक सोल्ड हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल को रमजान के पास 15 हजार में बिक्री किया है। आरोपी के बताए अनुसार पुलिस टीम ग्राम नरोला निवासी 23 वर्षीय पहलू राम पिता जमुना सिंह एवं ग्राम डांडकरवां निवासी 32 वर्षीय रमजान पिता नबीरसुल को उनके गांव से हिरासत में लिया और दोनों के घरों से दोनों वाहनों को बरामद किया गया। जप्त किए गए तीनों सोल्ड होण्डा एचएफ डिलक्स मोटर सायकल (कीमत 1 लाख 50 हजार रूपये) चोरी का होने की पूर्ण अंदेशा पर धारा 41(1-4) जा.फौ. 379 भादवि के तहत् कार्यवाही कर तीनों को विधिवत् गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी इफ्तेखार खान को चोरी के वाहन को बिक्री करने हेतु लाकर देने वाले उस व्यक्ति के बारे में पुलिस पतासाजी कर रही है।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लवकुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक निलुस लकड़ा, आरक्षक इसित बेहरा, ज्योतिष पटेल व अनिरूद पैंकरा सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2019

पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने जिले के थाना व चौकी प्रभारियों की ली क्राईम मीटिंग.........



अच्छे कार्यो हेतु रहे तत्पर, आपात स्थिति से निपटने तैयार रखे प्लान

कर्मचारियों की समस्या से अवगत हो निराकरण हेतु दे जानकारी

बगैर अनुमति कार्यस्थल न छोड़ने थाना-चैकी प्रभारियों को दी सख्त हिदायत

सूरजपुर। थानों में लंबित अपराध, शिकायतों की विस्तृत जानकारी लेकर उनके निराकरण में तेजी लाने, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत् किये गये कार्यो की समीक्षा, समंस वारंट की तामिली का स्तर में बढ़ोत्तरी एवं जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राईम मीटिंग शुक्रवार 11 अक्टूबर को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में ली।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने थाना चौकी प्रभारियों से पुराने लंबित सभी अपराधों की विस्तृत जानकारी ली और थाना प्रभारियों को उनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये इसी प्रकार उन्होंने लंबित चालान एवं शिकायतों की विधिसम्मत जांच कर निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएसपी व एसडीओपी को प्रत्येक दिवस रात्रि में 2 घण्टे थाना-चौकी में बैठने और लंबित अपराध, चालान व शिकायतों की समीक्षा करते हुए निराकरण कराने को कहा। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में वृद्वि करने, अधिनस्थों को अच्छे कार्यो हेतु प्रोत्साहित कर बेहतर कार्य लिए जाने एवं उनसे नियमित तौर पर दिनचर्या के कार्यो, उनकी समस्या से अवगत हो निराकरण हेतु अवगत करानेे के निर्देश दिए। उन्होंने थाना-चौकी प्रभारियों को कहा कि सदैव अच्छे कार्यो हेतु तत्पर रहे और उसे करें, बैंकों की नियमित चेकिंग एवं उसके आसपास पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखे, बैंक के शाखा प्रबंधकों से मुलाकात कर बैंक की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने, निगरानी बदमाशों की नियमित जांच किए जाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा जिन स्थानों पर ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं होती है उन जगहों पर दुर्घटना होने से बचाव के उपाय किये जाने तथा नियमित व प्रभावी रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये है। बैठक में कई मामलों के फरार आरोपी दिगर राज्य के होने की जानकारी पर उन्होंने नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर पुलिस टीम को जल्द रवाना किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा ने प्रमुख रूप से कहा कि व्हीसीएनबी थाना का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है उसका रख-रखाव व संधारण अच्छी होनी चाहिए, थाना-चौकी प्रभारी बगैर अनुमति के अपने कार्यक्षेत्र को न छोड़े, अवैध नशीली दवाओं तथा मादक पदार्थ के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने हेतु सार्थक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने हेतु थाना-चैकी प्रभारियों को कन्टेन्जेंसी प्लान बनाकर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार, डीएसपी अजाक बालसाय केरकेट्टा, जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी, जिले के थाना चौकी प्रभारी सहित पुलिस के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने ली जनरल परेड की सलामी.........


दरबार लगा कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और किया निराकरण

अच्छे वेशभूषा व परेड पर कई पुलिस कर्मियों को दिया ईनाम

सूरजपुर। पुलिस लाईन सूरजपुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड का पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने सलामी ली। इस दौरान एसपी श्री कुरकेजा ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्न आउट का निरीक्षण किया तत्पश्चात् अधिकारी-कर्मचारियों से स्कवार्ड ड्रिल करवाया। अच्छे वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस कर्मियों को उत्साहवर्धन हेतु ईनाम दिए। शासकीय वाहनों का जायजा लेकर वाहनों में पाए गए कर्मियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। डाग स्क्वार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी लेकर डाग हेंडलर को आवश्यक निर्देश दिए।
दरबार लगा कर्मचारियों की सुनी समस्या, किया निराकरण।
एसपी श्री राजेश कुकरेजा ने रक्षित केन्द्र परिसर में दरबार लगाया और पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और उसका निराकरण किया। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों में 178 नग शासकीय आवासगृह बनकर तैयार हो जाएगा जिसे जरूरत मंद पुलिस कर्मियों को आबंटित की जायेगी। पुलिस कर्मी जब फिट रहेंगे तभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन अच्छे से कर सकेंगे इसके लिए फिट रहना आवश्यक है, इस हेतु पुलिस के जवानों को अपने फिटनेश पर विशेष ध्यान देने को कहा। ड्यूटी के दौरान अच्छे वेश-भूषा धारण करने, सौंपे गए कार्यो को पूरी ईनामदारी एवं लगन से करने, आमजन से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने, अच्छे कार्य पर पुरस्कृत एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता पर दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।
एसपी श्री कुकरेजा ने कहा कि आगामी दिनों में जिले के पुलिस कर्मियों के मेघावी छात्र-छात्राओं तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, किसी प्रकार की परेशानी अथवा समस्या की स्थिति निर्मित होने पर उचित माध्यम से अवगत कराए हर संभव निराकरण के प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने दरबार के दौरान नशीली दवाईयों एवं मादक पदार्थ के विरूद्व अच्छी कार्यवाही किए जाने पर चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह व प्रधान आरक्षक हंसराम कनेडिया की प्रशंसा कर नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार, डीएसपी अजाक बालसाय केरकेट्टा, प्रभारी रक्षित निरीक्षक, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित रक्षित केन्द्र व विभिन्न थाना चैकी के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

गुरुवार, 10 अक्टूबर 2019

1 लाख कीमत के चोरी हुए 02 मोटर सायकल सहित 01 गिरफ्तार, बसदेई पुलिस की कार्यवाही....

सूरजपुर। 09 अक्टूबर को ग्राम बसदेई निवासी 33 वर्षीय शशि कुमार पिता स्व. रामलखन ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अपनी मोटर सायकल हीरो एचएफ डिलक्स को रेलवे स्टेशन उंचडीह में खड़ा किया था जिसे मोहरलाल राजवाड़े उर्फ भोट ने चोरी कर लिया रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 356/19 धारा 379 भादवि के तहत् मामला पंजीबद्व कर आरोपी की पतासाजी की जा रही थी इसी बीच गुरूवार 10 अक्टूबर को चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह को मुखबीर से सूचना मिली कि शातीर पुराना आदतन चोर मोहरलाल राजवाड़े अपने पास 2 मोटर सायकल रखा है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराया जिस पर उन्होंने तत्काल सावधानी बरतते हुए पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी सुनील सिंह पुलिस टीम के साथ ग्राम उंचडीह में मोहरलाल राजवाड़े उर्फ भोट के सकुनत पर दबिश दी जो पुलिस टीम को देखकर मोहरलाल धान के खेत में छिपते हुए भागने लगा, पुलिस टीम ने कीचड़ की परवाह न करते हुये काफी दूर तक उसका पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी से हिकमत अमली से पूछताछ किए जाने पर वह बताया कि 02 मोटर सायकल चोरी कर अपने घर में रखा है, आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर उसके घर से 02 मोटर सायकल हीरो एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 15 डीई 9884 एवं बिना नंबर के लाल-काला रंग का मोटर सायकल कीमत 1 लाख रूपये का जप्त किया गया। बिना नंबर के लाल-काला रंग के मोटर सायकल मिलने पर पुलिस ने चोरी की मोटर सायकल होने के पूर्ण अंदेशा पर धारा 41(1-4) जा.फौ 379 भादवि के तहत् भी आरोपी मोहरलाल राजवाड़े उर्फ भोट पिता बरतराम राजवाड़े उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम उंचडीह, चौकी बसदेई को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बसदेई पुलिस लाल-काला रंग के मोटर सायकल के चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी हासिल करने में लगी हुई है, लाल-काला रंग के हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल को सूरजपुर बस स्टैण्ड से चोरी करना आरोपी ने बताया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आदतन शातीर चोर मोहरलाल उर्फ भोट के विरूद्व चौकी बसदेई के द्वारा पूर्व में 03 चोरी के मामले में चालान कर चुकी है इसके अलावा आरोपी के विरूद्व थाना सूरजपुर एवं विश्रामपुर में भी चोरी के मामले में चालान हो चुका है।
आरोपी की खुलेगी निगरानी हिस्ट्रीशीट।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राकेश कुकरेजा ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के विरूद्व पंजीबद्व चोरी के मामलों के मद्देनजर चौकी प्रभारी बसदेई को निगरानी खोलने हेतु तत्काल प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए है।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज पोर्ते, हंसराम कनेडिया, आरक्षक अमरेन्द्र दुबे, महेन्द्र सिंह, जितेन्द्र पटेल, प्रदीप जायसवाल, जयप्रकाश, गणेश राम, प्रदीप साहू, थामस मिंज, महेन्द्र यादव, देवदत्त दुबे व लक्ष्मी नारायण मिर्रे सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।