गुरुवार, 31 मार्च 2022

किशोर अपराध की पड़ताल में बरते सावधानी- जिला व सत्र न्यायाधीश सूरजपुर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित हुआ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला

  • विवेचकों को दी गई जेजे एक्ट व पोक्सो अधिनियम की जानकारी

सूरजपुर।  थानों में विभिन्न आपराधिक मामलों में किशोर न्याय अधिनियम से जुड़े प्रकरण की पड़ताल काफी संवेदनशीलता एवं सावधानी से की जानी चाहिए। बाल मनोविज्ञान एवं जेजे एक्ट के प्रावधान का परिपालन सजगता किया जाना आवश्यक है। यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है कि कोई भी बालक समाज के प्रतिकूल दिशा में काम न करें। उक्त बातें माननीय जिला व सत्र न्यायाधीश श्री अशोक कुमार साहू ने गुरूवार, 31 मार्च को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर के सभाकक्ष में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित जिला स्तरीय किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में कार्यशाला में कही। उन्होंने कहा कि बच्चों व महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान देने जेजे एक्ट बनाया गया है, बच्चों से जुड़े मामले काफी संवेदनशील होते है, ऐसे मामलों में एहतियात बरतते हुए कार्य करने की बात कही। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस कार्यशाला से हमारे पुलिस अधिकारी व विवेचकों को किशोर अपराध से जुड़े मामलों की पड़ताल में सहायता मिलेगी, विवेचक सजगता के साथ नियमानुसार विधि अनुरूप कार्यवाही कर सकेंगे।
            कार्यक्रम में माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती छाया सिंह, माननीय विशेष न्यायाधीश सुश्री रंजू राऊत राय, माननीय प्रधान न्यायाधीश किशोर न्याय बोर्ड श्री गिरीश कुमार मण्डावी, माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रेरणा आहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरिश राठौर, एजीपी राजेश गोयल, एडीपीओ सुनील चौरसिया, मेम्बर विशेष किशोर पुलिस राकेश गुप्ता आदि मौजूद थे। कार्यक्रम में थाना-चौकी प्रभारी व थाना में पदस्थ विवेचकों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों को किशोर न्याय अधिनियम 2015 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस के विवेचकों को अधिनियम का पालन करने की समझाइश, आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के पूर्व नाबालिक के आयु का उचित निर्धारण करने, नाबालिग से बिना सख्ती बरते पूछताछ किए जाने समेत अधिनियम के अनुसार दिशा निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई है। माननीय विशेष न्यायाधीश सुश्री रंजू राऊत राय ने यह भी कहा कि समाज में नाबालिग को सकारात्मक धारा से जोड़ने में पुलिस की अहम भूमिका है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ए.के.जोशी, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, किशोर न्याय बोर्ड के ललिता जायसवाल, आरती दीक्षित, अमित भाटिया, हरिभारती, कार्तिक मजुमदार, थाना-चौकी प्रभारी व थाना में पदस्थ विवेचकगण मौजूद रहे।

बुधवार, 30 मार्च 2022

शातिर चोर से 2 लाख 15 हजार रूपये कीमत के चोरी किए गए 3 मोटर सायकल व 1 स्कूटी जप्त, चौकी बसदेई पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी की पुलिस ने एक शातिर चोर से चोरी किए गए 3 मोटर सायकल व 1 स्कूटी वाहन कीमत 2 लाख 15 हजार रूपये कीमत का जप्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। दिनांक 29.03.2022 को ग्राम जूर निवासी प्रेमसाय सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 11 मार्च को बंधन सिंह इसके पास आया और बसदेई में रहने वाले मामा के पास पहुंचाने की बात बोला तब यह अपने एचएफ डिलक्स मोटर सायकल क्रमांक सीजी 16 सीएम 2422 में बंधन को बैठाकर बसदेई जाने लगा रास्ते में बसदेई चौक में नास्ता करने रूके, मोटर सायकल में चाबी लगा हुआ था इसी दौरान बंधन सिंह मोटर सायकल को प्रार्थी के बिना सहमति के लेकर भाग गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्र. 140/22 धारा 379 भादवि का पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी के मार्गदर्शन में चौकी बसदेई पुलिस आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी इसी बीच मुखबीर से प्राप्त सूचना पर ग्राम लांची में घेराबंदी कर आरोपी बंधन सिंह को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने मोटर सायकल को बसदेई चौक से लेकर भागना और उसे अपने घर में छुपाकर रखना बताया। बारीकी से पूछताछ करने पर आरोपी ने 2 मोटर सायकल व 1 स्कूटी चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि दिनांक 14.03.22 को टेंगनी थाना पटना जिला कोरिया से 1 नग हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल, 22-25 दिन पहले ग्राम गणेशपुर चौक थाना रामानुजनगर से 1 नग हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल एवं ग्राम पिउरी थाना रामानुजनगर से 1 नग स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। बसदेई पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 3 नग मोटर सायकल व 1 नग स्कूटी कुल कीमत 2 लाख 15 हजार रूपये का बरामद कर धारा 41(1-4) जा.फौ./379 भादवि के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपी बंधन सिंह पिता चन्द्रभान सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम लांची, थाना सूरजपुर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अभ्यस्त अपराधी है, जो धारा 302 भादवि के मामले में गिरफ्तार हुआ था और इसके विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गई थी जो विगत 7-8 माह पहले जमानत पर छूटा है इसके अलावा आरोपी के विरूद्ध जिला कोरिया में 2 वाहन चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध है जिनमें भी चालानी कार्यवाही की जा चुकी है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई संजय सिंह, एएसआई मानिकदास, प्रधान आरक्षक महेन्द्र यादव, राहुल गुप्ता, सुरेश साहू, महेन्द्र प्रताप सिंह, निलेश जायसवाल, अमित सिंह व प्रदीप सोनवानी सक्रिय रहे।

फरार प्राचार्य की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने जारी की उद्घोषणा

सूरजपुर। थाना झिलमिली में दर्ज धारा 354(क)(1)(2), 509 भादवि व 3(2)(व्ही)(आई) एससीएसटी एक्ट के प्रकरण में चन्द्रमेढ़ा के मामले में फरार प्राचार्य अरूण कुमार पाण्डेय की सूचना देने वाले को 5 हजार रूपये का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्र. 80-ए में निहित प्रावधानो के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए उद्घोषणा किया है कि प्रकरण में फरार आरोपी के संबंध में जो कोई सार्थक सूचना देगा जिससे गिरफ्तारी हो सके, उसे उक्त नगद राशि दिया जायेगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा।
आरोपी के बारे में सूचना इन नंबरों दें:- पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर 07775-266265, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरजपुर 7587293797, एसडीओपी ओड़गी 7000878116, पुलिस कन्ट्रोल रूम सूरजपुर 9572770004 एवं थाना प्रभारी झिलमिली के मो.नं. 7587399444 पर सूचना दिया जा सकता है।

मंगलवार, 29 मार्च 2022

जिला सूरजपुर में पदस्थ डीएसपी अरूण कुमार जोशी पदोन्नत होकर बने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कंधे पर अशोक लगाकर पदोन्नति के लिए शुभकामनाएँ

सूरजपुर। जिले में डीएसपी अरूण कुमार जोशी पदोन्नत होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बन गए हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन, गृह विभाग ने बीते दिन आदेश जारी कर अरूण कुमार जोशी सहित 09 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदोन्नति आदेश जारी किया है। मंगलवार 29 मार्च 2022 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में डीएसपी से एडिशनल एसपी पद पर पदोन्नत हुए अरूण कुमार जोशी के कंधे पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने अशोक स्तम्भ लगाकर औपचारिकता पूर्ण कर पदोन्नति पर बधाई दी। इस दौरान ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा व स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह मौजूद रहे। गौरतलब है कि पदोन्नत हुए श्री जोशी इसके पूर्व एसडीओपी धमतरी, कोरबा, बेरला, सीएसपी उरला-रायपुर में पदस्थ रह चुके है।

बुधवार, 23 मार्च 2022

सूरजपुर पुलिस ने चलित थाना लगाकर लोगों की सुनी समस्या, एसडीओपी ने बाजार में लगाया जनदर्शन, सुनी ग्रामीणों की समस्या

  • साप्ताहिक बाजार में लगा चलित थाना, साइबर क्राईम, धोखाधड़ी से बचने नागरिकों को किया गया जागरूक,
  • महिला सुरक्षा के लिए उपयोगी अभिव्यक्ति ऐप की दी जानकारी

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल के द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने हेतु ग्रामों तथा साप्ताहिक बाजार में चलित थाना लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में महिलाओं-छात्राओं को अवगत कराते हुए ऐप के इस्तेमाल को लेकर जागरूक करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। इसी परिप्रेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में बुधवार 23 मार्च 2022 को एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के द्वारा शासकीय महाविद्यालय प्रेमनगर के छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में अवगत कराया यहीं नहीं एसडीओपी से छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप मोबाईल में डाउनलोड भी करवाया और अनुशासित ढंग से पढ़ाई करने इत्यादि के संबंध में जानकारी देकर आवश्यक समझाईश दिया गया। इस दौरान उन्होंने साईबर अपराध, यातायात नियम, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने कानूनों, विधिक जानकारियों से अवगत कराते हुए कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है, किसी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराए।

  • एसडीओपी ने बाजार में लगाया जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्या

एसडीओपी प्रकाश सोनी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को साप्ताहिक बाजार प्रेमनगर में किया। इस दौरान दैनिक उपयोग की वस्तु खरीदने आए दूरदराज से ग्रामीण की समस्याओं को सुना गया और निराकरण भी किया गया। तहसीलदार प्रेमनगर ओमप्रकाश गुप्ता द्वारा राजस्व प्रकरण के निराकरण की प्रक्रिया व पीड़ित क्षतिपूर्ति इत्यादि के संबंध में जानकारी दिया गया।

  • साप्ताहिक बाजार में लगा चलित थाना

बुधवार को ही थाना रामानुजनगर पुलिस के द्वारा रामानुजनगर बाजार में चलित थाना का आयोजन किया गया जहां एसआई सुनीता भारद्धाज ने ग्रामीणों को कानून की जानकारी देते हुए अपराध से बचने की समझाईश दी। वर्तमान दौर में किए जा रहे फ्राड जिनमें बैंक एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने तथा बैंक का अधिकारी अथवा कर्मचारी बनकर मोबाइल से आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर बैंक खातों से रकम पार करने की घटित हो रही घटनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को देते हुए ठगी का शिकार होने से बचने की सलाह दी। इसी क्रम में सोने के जेवरात डबल करने के नाम पर की जा रही ठगी की जानकारी नहीं ग्रामीणों को दी साथ ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उसका पालन करने की अपील की। महिलाओं की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार किए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में मौजूद महिलाओं-पुरूष को अवगत कराया। चलित थाना में ग्रामीणों की ओर से पुलिस विभाग से संबंधित कोई भी शिकायत अथवा समस्या नहीं होना बताया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरूष मौजूद रहे।

खाना गिरा देने की बात को लेकर पत्नी की हत्या करने वाला हत्यारा पति गिरफ्तार, चौकी रेवटी पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। दिनांक 22.03.2022 को ग्राम डांडकरवां निवासी राजेश खैरवार ने चौकी रेवटी में उपस्थित होकर सूचना दिया कि इसकी पत्नी सीता कुंवर शराब का सेवन की थी जिस कारण उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना पर मर्ग क्रमांक 11/22 कायम कर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा बाद मृतिका के शव को पी.एम. के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा मृतिका की मृत्यु हत्यात्मक प्रकृति का होना लेख किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने चौकी प्रभारी को अपराध पंजीबद्ध करते हुए बारीकी से प्रत्येक पहलुओं पर जांच कर आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चौकी रेवटी की पुलिस ने जांच के दौरान मृतिका के पति राजेश से पूछताछ करने पर उसने बताया कि सोमवार को घर में बनाए खाना को पत्नी के द्वारा गिरा देने पर आवेश में आकर मृतिका के साथ मारपीट कर सिर को पकड़कर दिवाल में तेज गति से टकरा दिया, चोट लगने से पत्नी की मृत्यु हो गई। आरोपी के द्वारा घटना के तथ्यों को छुपाते हुए मृतिका की मृत्यु शराब पीने से होने की सूचना दिया। मामले में आरोपी राजेश खैरवार पिता सोनसाय उम्र 30 वर्ष निवासी डांडकरवां के विरूद्ध धारा 302, 201 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी रेवटी के.डी.बनर्जी, प्रधान आरक्षक रामकुमार पैंकरा, अखिलेश यादव, शैलेन्द्र सिंह व नगर सैनिक रामाशंकर पोर्ते सक्रिय रहे।

मंगलवार, 22 मार्च 2022

महान नदी में डुबी महिला के शव को तत्परता और साहस का परिचय देते हुए ग्रामीणों ने खोज निकाला, साहस भरे कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने ग्रामीणों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

सूरजपुर। दिनांक 20.03.2022 को प्रतापपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत महान नदी बगड़ा में एक महिला की डुबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां ग्राम बगड़ा के ग्रामीण भी मौजूद थे जिसमें से 8 ग्रामीणों ने नदी में डुबे महिला की तलाशी अभियान में पुलिस का सहयोग करते हुए बेहतर सूझबूझ व कड़ी मेहनत कर महिला के शव का ढुढ़ निकाला, इस साहस भरे कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया है। डुबे महिला की तलाशी अभियान में पुलिस को सहयोग करने, बेहतर सूझबूझ व साहस दिखाते हुए नदी के खोह से महिला के शव को बाहर निकालने पर मंगलवार, 22 मार्च 2022 को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने ग्राम बगड़ा निवासी तैराक पहलवान कंवर, तिरपाल राम, श्यामलाल कंवर, बाबुलाल, नान्हू राम, रामसाय, नारायण प्रसाद एवं फतेलाल कंवर को इस साहस भरे कार्य के लिए प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, डीएसपी ए.के.जोशी, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा, थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह व अग्रिमा मिश्रा मौजूद रहे। 

सोमवार, 21 मार्च 2022

नशीली कफ सिरप के साथ 2 गिरफ्तार, थाना प्रतापपुर पुलिस की कार्यवाही, कार से कर रहे थे नशीली सिरप का परिवहन

सूरजपुर। अवैध कार्यों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार कार्यवाही जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में बीते गुरूवार को थाना प्रतापपुर की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम गोटगवां में सफेद रंग के कार क्रमांक यूपी 96 बी 7893 सहित अम्बिकापुर निवासी पंकज शुक्ला पिता रविशंकर शुक्ला एवं अभिषेक सिंह पिता आदया प्रसाद का पकड़ा, जिनके कब्जे से 60 नग नशीली कोरेक्स कफ सिरप कीमत 10500 रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त कार कीमत 4 लाख रूपये का जप्त कर अपराध क्रमांक 63/22 धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, एसआई राजेश तिवारी, नवल किशोर दुबे, एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक भागवत पैंकरा, आरक्षक अभय तिवारी, सत्य नारायण, अरविन्द पाण्डेय व अवधेश कुशवाहा सक्रिय रहे। 

गुरुवार, 17 मार्च 2022

सूरजपुर जिले के 1 प्रधान आरक्षक व 3 आरक्षक पदोन्नत होकर बने एएसआई और प्रधान आरक्षक

सूरजपुर। जिले में कार्यरत 1 प्रधान आरक्षक को एएसआई के पद पर तथा 3 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत हुए है। गुरूवार, 17 मार्च 2021 को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने पदोन्नत हुए प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा को स्टार लगाकर तो वहीं आरक्षक अखिलेश यादव, रामप्रसाद साडिल्य व दुहन राम सिंह को फीता लगाकर प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पदोन्नत एएसआई व प्रधान आरक्षकों को कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करते हुए जनता के साथ बेहतर तालमेल व मधुर संबंध स्थापित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करें। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुर्रे, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा व स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह मौजूद रहे।

बुधवार, 16 मार्च 2022

जिला चिकित्सालय सूरजपुर में प्रारंभ हुआ पुलिस सहायता केन्द्र, पुलिस सहायता केन्द्र का नवजात शिशु और उसकी माँ ने फीता काटकर किया शुभारंभ

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व सीईओ की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

सूरजपुर। जिला चिकित्सालय में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, मरीज एवं उनके परिजनों को पुलिस सहायता, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, घटना-दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार, 16 मार्च 2022 को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में पुलिस सहायता केन्द्र का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, सीईओ श्री राहुल देव की मौजूदगी में हुआ। सहायता केन्द्र के शुभारंभ में अनोखी बात यह रही कि किसी अधिकारी ने नहीं बल्कि इस पुलिस सहायता केन्द्र का 2 दिन की नवजात बच्ची अमृता और उसकी मॉ मनिता सिंह के द्वारा फीता काटकर किया गया। शुभारंभ के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व सीईओ ने नवजात बच्ची को उपहार भेंट किया। पुलिस सहायता केन्द्र के विजिट रजिस्टर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व सीईओ ने शुभकामनाएं लिखी और सहायता केन्द्र प्रभारी एएसआई शोभित राम को आमजनता की सहुलियत, घटना-दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने के साथ ही पूरे परिसर में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तत्परतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में सहायता केन्द्र खुल जाने से अब चिकित्सालय स्टाफ को तहरीर लेकर थाने तक जाने की जरूरत नहीं होगी तो वहीं मृतकों का पीएम करवाने की जिम्मेदारी भी सहायता केन्द्र प्रभारी की होगी। शुभारंभ अवसर पर डीएफओ मनीष कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एएसपी पी.एस.महिलाने, सीएमएचओ डॉ. आर.एस.सिंह, सिविल सर्जन डॉ. शशि तिर्की, एसडीएम रवि सिंह, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, थाना प्रभारी सूरजपुर दीपक पासवान, एएसआई बृजकिशोर पाण्डेय सहित पुलिस व चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।