शुक्रवार, 1 नवंबर 2019

स्पीड रडार गन से अधिक रफ्तार वाले वाहनों को पकड़ेगी पुलिस..



सूरजपुर। कई सड़क दुर्घटनाएं वाहनों के रफ्तार में चलने की वजह से होता है, सड़क पर रफ्तार अधिक होने से मोड़ आने या किसी वाहन के अचानक सामने की ओर आने से चालक नियंत्रण खो देता है जिस कारण सड़क दुर्घटनाएं होती है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिले की यातायात पुलिस को पुलिस मुख्यालय से स्पीड रडार गन मिला है जिसे यातायात पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन में लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में राजपत्रित अधिकारी व यातायात पुलिस की संयुक्त टीम हाईवे समेत मुख्य मार्गो पर उक्त वाहन में पेट्रोलिंग कर स्पीड रडार गन से वाहनों की रफ्तार पकड़ेगी और कार्यवाही करेगी।

यातायात के पेट्रोलिंग गाड़ी में लगी स्पीड रडार गन, वाहनों की वीडियो रिकार्डिंग भी होगी

स्पीड रडार गन का इस्तेमाल पेट्रोलिंग वाहन में किया जाएगा। इसमें रडार गन को लगाया गया है। पेट्रोलिंग वाहन जहां खड़ा रहेगा उसके सामने की दिशा से आ रही वाहन की रफ्तार 5 सौ मीटर दूर से ही पता चल जाएगा, क्योंकि स्पीड रडार हाईटेक है। दूर से रफ्तार के साथ ही वाहनों की वीडियो रिकार्डिंग हो जाएगी। इसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी ।

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर रश्मि परेड का हुआ आयोजन........

सूरजपुर। जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय व अन्य कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलाया गया। देश को एकता एवं अखंडता के सूत्र में बांधने वाले भारत में लौहपुरूष के नाम से चर्चित सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर रश्मि परेड का आयोजन पुलिस लाईन में किया गया। पुलिस के अधिकारियों ने जहां उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंली दी और नमन किया।
जिला पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि देश सरदार वल्लभ भाई पटेल के समर्पण भाव और इसके लिये उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकता। सूरजपुर जिले के थाना-चौकी प्रभारियों ने भी अपने अधिनस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय एकता दिवस का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पी.एस.महिलाने सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

बुधवार, 30 अक्टूबर 2019

अनाचार का 1 आरोपी गिरफ्तार, प्रेमनगर पुलिस की कार्यवाही............

सूरजपुर। गत् 24 अक्टूबर को प्रेमनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक युवती अपने गांव से साप्ताहिक बाजार जाने हेतु घर से निकली थी जो रास्ते के जंगल पगडण्डी पर दो अज्ञात व्यक्ति मिले जिन्होंने युवती को जबरन जंगल ले गए और एक व्यक्ति ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर जबरन अनाचार किया। युवती को घटना के बाद एक व्यक्ति की जानकारी हुई कि वह ग्राम चकेरी, थाना उदयपुर का निवासी है। 29 अक्टूबर को युवती ने थाना प्रेमनगर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्व धारा 376(2)(एन), 366, 343, 506, 34, के तहत् मामला पंजीबद्व कर जांच प्रारंभ किया।
मामले की गंभीरता को देखते आरोपियों की धरपकड़ हेतु थाना प्रेमनगर, चौकी तारा व चौकी सलका की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबीर की सूचना पर मामले के एक आरोपी ग्राम चकेरी, थाना उदयपुर निवासी को ग्राम परसाकेते में घेराबंदी कर पकड़ा एवं विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी पतासाजी पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।
एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी प्रेमनगर ओ.पी.कुजूर, चौकी प्रभारी सलका महेश्वर सिंह, चौकी प्रभारी तारा राजेश तिवारी आरक्षक राकेश सिंह एवं अम्बिका मरावी इस कार्यवाही में सक्रिय रहे।

मंगलवार, 29 अक्टूबर 2019

अंधे कत्ल की गुत्थी चांदनी पुलिस ने सुलझाई........

पिता ने किया पुत्र की हत्या, हत्यारा पिता गिरफ्तार

सूरजपुर। गत् 27 अक्टूबर को ग्राम बेगारीडांड निवासी केवल प्रसाद साहू थाना चांदनी में उपस्थित आकर सूचना दिया अपने पुत्र अवधेश साहू के साथ जमीन बटवारा के लिए ग्राम बेगारीडांड से एक ही साईकल में बिहारपुर पटवारी के पास गए थे, पटवारी के नहीं मिलने पर वापस आते समय महुली रोड़ बिहारपुर घाट के पास अपने पुत्र को छोड़कर पैदल नवाटोला पटवारी को पता करने जा रहा था और पुत्र वहीं मोबाईल पर बात करने लगा, कुछ ही दूरी पर जाने के बाद पीछे से सुनील साहू ने जाकर बताया कि अवधेश साहू को किसी ने मार दिया है, वापस आकर देखा तो अवधेश खून से लथपथ मृत रोड़ पर पड़ा था सिर में गंभीर चोट लगी है और उसका साईकल, मोबाईल और झोला कुछ दूरी पर गिरा है सूचना पर चांदनी पुलिस ने मर्ग कायम कर तत्काल घटना स्थल पहुंची। मर्ग जांच पर घटना स्थल व शव निरीक्षण पर मृतक की मृत्यु धारदार हथियार से मारकर हत्या करना तथा मृतक के शव का शार्ट पीएम में डाॅक्टर द्वारा हत्या करने से मृत्यु होना लेख किए जाने पर चांदनी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरूद्व अपराध क्रमांक 61/19 धारा 302 भादसं. के तहत् मामला पंजीबद्व कर विवेचना में लिया।

उक्त मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने प्रकरण के संवेदनशीलता के मद्देनजर मामले में अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। चांदनी पुलिस को मामले के सूचक केवल प्रसाद ने घटना के बारे में भिन्न-भिन्न बाते बताने पर सूचक पर संदेह हुआ। पुलिस ने संदेह के आधार पर सूचक केवल प्रसाद साहू से लगातार हिकमत अमली से घटना के बारे में पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार कर बताया कि जमीन, मकान आपसी बटवारा के विवाद एवं पुत्र अवधेश साहू के द्वारा परेशान करने पर सुनियोजित तरीके से बिहारपुर मोड़ में साईकल से उतरने के पश्चात् अवधेश साईकल लेकर आगे-आगे मोबाईल से बात करते चलने लगा उसी समय पीछे से कटार में मारकर अपने पुत्र की हत्या कर दिया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कटार को घटना स्थल के पास मेढ़ से जप्त कर आरोपी केवल प्रसाद साहू पिता शंखलाल साहू उम्र 40 वर्ष निवासी बेगारीडांड, थाना चांदनी के विरूद्व अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

मामले का खुलासा एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज के नेतृत्व में हुआ जिसमें एसआई शिवप्रसाद सिंह, एएसआई विदवाराम, प्रधान आरक्षक रामलगन सिंह, मान सिंह मरकाम, आरक्षक गणण्ेश राम, हरिलाल पैंकरा, उदय सिंह व राम सिंह आयाम सक्रिय रहे।

सोमवार, 28 अक्टूबर 2019

पुलिस अधीक्षक ने उपजेल सूरजपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण..........

जेल में तैनात बल को सजग व मुस्तैदी से ड्यूटी करने दिए निर्देश

सूरजपुर। उपजेल की सुरक्षा व्यवस्था, जेल में लगे सुरक्षा उपकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने रविवार 27 अक्टूबर को उपजेल सूरजपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने जेल की सुरक्षा में तैनात रियर एवं फ्रंट गार्ड के अधिकारी-कर्मचारियों को सजग व मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल के भीतर व बाहर लगे सीसीटीव्ही कैमरा की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली एवं जेल के चारों ओर तार फेन्सिंग एवं ऊंचाई सुरक्षा के मानकों के अनुसार है या नहीं उसे देखा।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार, जेल अधीक्षक ए.के.शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 

गुरुवार, 24 अक्टूबर 2019

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धनतेरस व दीपावली त्यौहार सुरक्षित व शांतिपूर्वक मनाने पुलिस ने ली शांति समिति की बैठक..........



सादी वर्दी में पुलिस के जवान करेंगे बाजार में गश्त

संदिग्ध के दिखाई देने पर जानकारी दे पुलिस को

सूरजपुर। धनतेरस व दीपावली त्यौहार पर काफी संख्या में लोग खरीदारी के साथ-साथ पटाखा लेने निकलते है जिस कारण क्षेत्र में काफी भीड़-भाड़ होती है साथ कई स्थानों पर पटाखा लायसेंस धारकों के द्वारा पटाखा दुकान लगाई जाती है। धनतेरस एवं दीपावली त्यौहार शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित मनाने हेतु गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा पटाखा लाईसेंसधारियों की शांति समिति की बैठक लेने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे।
निर्देश के परिपालन में गुरूवार 24 अक्टूबर को जिले के थाना-चौकी प्रभारियों ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों तथा पटाखा लाईसेंस धारकों का शांति समिति की बैठक आयोजन किया। बैठक में पुलिस ने धनतेरस एवं दीपावली त्यौहार शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से मनाने की समझाईश दी गई। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने के दौरान सुरक्षा बरतने, पटाखों को आग और ज्वलनशील पदार्थ से दूर रखने, छोटे बच्चों को पटाखे अपनी निगरानी में जलाने, पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी पर खड़े रहने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संकरी गलियों या घर में पटाखे नहीं जलाने की समझाईश दी। बैठक में फटाका लायसेंस धारकों को खुले सुरक्षित स्थान पर फटाका दुकान लगाने, फटाका दुकानों में रेत, पानी सहित आवश्यक अन्य सुरक्षात्मक उपाए किए जाने की समझाईश दी गई।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा ने कहा कि धनतेरस और दीपावली त्यौहार के दौरान बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को सादी वर्दी में बाजार में गश्त पर रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों, भीड़-भाड़ वाले जगहों व प्रमुख चौक-चौहारों पर पुलिस तैनात रहेगी। किसी भी संदिग्ध के दिखाई देने पर उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।

हत्या के मामले का जल्द खुलासा करने पुलिस अधीक्षक ने दिया था निर्देश.........

अवैध संबंध को लेकर अपचारी बालक ने मृतिका की गला दबाकर की थी हत्या

मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक निरंतर करते रहे मानिटरिंग

मामले में अपचारी बालक सहित 2 गिरफ्तार

सूरजपुर। पिछले वर्ष 23 सितम्बर को ग्राम बड़वार निवासी रामप्रसाद ने थाना रमकोला में मर्ग इंटीमेशन चाक कराया था कि इसकी पुत्री प्रमिला शौच के लिए बाहर तरफ जाने की जानकारी अपने बहन को देकर दोपहर 2 बजे निकली जो शाम तक वापस नहीं आई जो गांव के कैठु अगरिया के द्वारा जानकारी दी गई कि बड़वार जंगल में सलेहा पेड़ में प्रमिला फांसी लगाकर लटकी मरी हुई झुल रही है। सूचना पर रमकोला पुलिस ने मर्ग क्रमांक 13/18 कायम कर शव पंचनामा बाद शव का पीएम हेतु भेजा गया। पीएम रिपोर्ट में डाॅक्टर द्वारा मृतिका की मृत्यु की प्रकृति होमीसाईडल होना लेख किये जाने पर रमकोला पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्व अपराध क्रमांक 26/18 धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया। 
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले में पदस्थापना के तत्काल बाद थानों में लंबित गंभीर अपराधों की समीक्षा बैठक ली थी। चूंकि यह मामला करीब 9 माह से अधिक समय से लंबित था और मामले का खुलासा नहीं होने पर एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज को इस मामले के जुड़े सभी तथ्यों पर बारीकी से जांच कर मामला का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे तथा एसपी श्री कुकरेजा ने इस मामले के जांच के दौरान निरंतर नजर बनाए हुए थे।
एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा प्रकरण की अग्रिम विवेचना के दौरान पता चला कि मृतिका का एक नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था, घटना दिनांक से 02 दिवस पूर्व दिनांक 18.09.18 को नाबालिग बालक के परिजनों ने मृतिका एवं नाबालिक के प्रेमसंबंध की जानकारी होने पर उनके परिजनों ने फोन पर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी भी दी गई थी। दिनांक घटना 20.09.18 को अपचारी बालक ने मृतिका को फोन करके ग्राम बड़वार के हरईया डांड़ जंगल में मिलने बुलाया था जहां मृतिका अपचारी बालक से मिलने गई थी। घर से निकलने से पूर्व मृतिका ने अपनी बड़ी बहन को बताया था की वह अपचारी बालक से मिलने जा रही है। मिलने पर मृतिका द्वारा अपचारी बालक को शादी करने के लिए बोलने पर अपचारी बालक द्वारा तुम हरिजन जाति की हो और मैं यादव जाति का हूं हम दोनों की जाति अलग है मैं तुमसे शादी नही कर सकता बोला गया। मृतिका द्वारा शादी के लिये दबाव डालने पर अपचारी बालक के द्वारा मृतिका के स्कार्फ से मृतिका का गला दबाकर हत्या कर दिया गया। हत्या करने पश्चात् अपने घर जाकर अपने पिता हरवंश यादव को बताया फिर दोनों पिता-पुत्र वापस घटना स्थल आकर मृतिका के गले में मृतिका के स्कार्फ को बांधकर सलैहा पेड़ पर लटका दिया गया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपचारी बालक द्वारा घटना कारित स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने पर अपचारी बालक एवं उसके पिता हरवंश यादव निवासी बड़वार, थाना रमकोला को विधिवत गिरफ्तारी किया जाकर प्रकरण में धारा 201, 34 भादवि जोड़ी जाकर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। 
उपरोक्त कार्यवाही में एसडीओपी मंजूलता बाज, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, हरिशंकर तिवारी, आरक्षक विकास सोनी, इसित बेहरा, योगेश्वर कंवर एवं रामप्यारे राजवाड़े सक्रिय रहे।

मंगलवार, 22 अक्टूबर 2019

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं

शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए 09 चालक, पुलिस ने किया वाहन जप्त

यातायात नियमों का उल्लघंन पर 25 चालकों पर कार्यवाही, 5 हजार रूपये लिया गया समन शुल्क

सूरजपुर। यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों सहित शराब पीकर डाईविंग करने वाले वाहन चालकों के विरूद्व कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे।
निर्देश के परिपालन में सोमवार 21 अक्टूबर को जिले के थाना-चौकी की पुलिस ने जगह-जगह सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने छोटे-बड़े वाहन चालकों को रूकवाकर एल्को मीटर से जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने 09 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जप्ती की कार्यवाही कर प्रकरण माननीय न्यायालय भेजा है। इसके अलावा दो पहिया वाहन में तीन सवारी, बिना दस्तावेज सहित यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले 25 वाहन चालकों के विरूद्व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही कर 5 हजार रूपये का समन शुल्क लिया गया। वहीं शराब पीकप वाहन चलाने वालों की जांच पुलिस के द्वारा लगातार की जा रही है।

रविवार, 20 अक्टूबर 2019

कोतवाली पुलिस ने 5 लाख कीमत के चोरी की कबाड़ किया जप्त, 01 गिरफ्तार.....

2 लाख कीमत के इमारती लकड़ी की भी हुई जप्ती


सूरजपुर। सूरजपुर पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि नया बस स्टैण्ड सूरजपुर निवासी अशोक व संजय कबाड़ी के द्वारा चोरी का सामान खरीदी कर अपने गोदाम में रखा है। इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को होने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस की टीम को कबाड़ी के यहां दबिश देने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की टीम ने अशोक व संजय कबाड़ी के घर स्थित गोदाम पर दबिश दी। पुलिस टीम के दबिश के दौरान कबाड़ी के गोदाम से करीब 4.5 टन कबाड़ कीमत करीब 4 लाख रूपये का जप्त किया गया।

4 लाख कीमत के कबाड़ जप्त

कबाड़ी के यहां से पुलिस ने गैस टंकी, महेन्द्रा कंपनी का पम्प, बैट्री, समर्सिबल पम्प, तांबा, एलमुनियत तार, एलमुनियत केबल, स्टील नल, बोल्ट, पीतल का पाईप, गाड़ी का शाफ्ट, पट्टा, लोहे का एंगल, पाईप, वाहन का इंजन, क्षतिग्रस्त पुराना मोटर सायकल 10 नग सहित अन्य कई सामग्री करीब 4.5 टन कबाड़ कीमत करीब 4 लाख रूपये का जप्त किया गया।

2 लाख कीमत के इमारती लकड़ी हुई जप्त

पुलिस की दबिश के दौरान कबाड़ी के यहां से इमारती लकड़ी सागौन व खम्हार चिरान 189 नग कीमत करीब 2 लाख रूपये का पाया गया जिसकी सूचना वन अमले को दी गई। पुलिस ने जप्त लकड़ी को अग्रिम कार्यवाही हेतु वन विभाग को सुपुर्द किया है।

मानपुर गोदाम से 1 लाख का कबाड़ भी पुलिस ने किया जप्त

पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि संजय कबाड़ी का मानपुर में भी कबाड़ का गोदाम है जिस पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने थाना प्रभारी सूरजपुर विकेश तिवारी, थाना प्रभारी भटगांव किशोर केंवट एवं थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिलदेव पाण्डेय की संयुक्त टीम को दबिश देने के निर्देश दिए। पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा संजय कबाड़ी के मानपुर स्थित कबाड़ गोदाम से करीब 1 लाख रूपये का भी कबाड़ जप्त किया है।

उक्त कबाड़ चोरी का होने की पूर्ण संभावना पर कोतवाली पुलिस ने धारा 41(1-4) जा.फौ. 379 भादवि के तहत् कार्यवाही करते हुए पुराना बाजारपारा सूरजपुर निवासी 19 वर्षीय कुलदीप साहू पिता अशोक साहू को विधिवत् गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में कबाड़ी अशोक साहू एवं संजय साहू फरार है जिनकी पतासाजी पुलिस कर रही है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर विकेश तिवारी, थाना प्रभारी भटगांव किशोर केंवट, थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिलदेव पाण्डेय, एसआई अजहरूद्दीन, गणेश राम चौहान, प्रधान आरक्षक अदीप प्रताप सिंह, अखिलेश यादव, सुरेन्द्र सिंह, मुकेश यादव, आरक्षक रामकुमार नायक, भीमेश आर्मो, प्रेमसागर साहू, सुरेश साहू, दरशलाल देवांगन, महिला आरक्षक बालकुमारी मिंज, महिला सैनिक रीमा गुप्ता व प्रीति साहू सक्रिय रहे।

शनिवार, 19 अक्टूबर 2019

7 जोड़े परिवार परामर्श केन्द्र में हुए काउसलिंग के बाद साथ रहने हुए राजी........


सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में परामर्श केन्द्र प्रभारी एसआई रश्मि सिंह शनिवार 19 अक्टूबर को परिवार परामर्श केन्द्र की बैठक महिला सेल में आयोजित की जिसमें आपसी घरेलू एवं पति-पत्नि के बीच विवाद के 9 मामलों की सुनवाई की गई। परामर्श केन्द्र हुए काउंसलिंग से 7 जोड़े धरमचंद-दुर्गा, रानी -राजेश पटेल, नानसाय-कमली बाई, धनेश्वरी सिंह-शिवशंकर, हर्कुलस उर्फ बरेलाल-धनकुंवर, मंगल सिंह-शीला एवं सुलेखा-प्रकाश सोनी को सकारात्मक रूप से चर्चा कर आपसी समझौता कराया गया जो दोनों जोड़े सुखी जीवन जीने के लिए राजी हुए। 2 मामले में समझौता नहीं हो पाने पर उन्हें माननीय न्यायालय जाने की सलाह दी गई। परिवार बिखरे न इसी उद्देश्य से जिले के परिवार परामर्श केन्द्र के द्वारा प्रत्येक बुधवार व शनिवार को इस प्रकार की शिकायतों पर दोनों पक्षों के मध्य एक बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण में काउंसिलिंग कराई जा रही है।
बैठक में एसआई रश्मि सिंह, एएसआई मंजू सिंह, आरक्षक ज्ञानेन्द्र परमार, महिला आरक्षक पुष्पा पैंकरा, उर्मिला राजवाड़े, प्रमिला कुजूर, सामाजिक कार्यकर्ता रामकृष्ण ओझा व उषा गुप्ता उपस्थित रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।