शनिवार, 20 अक्टूबर 2018

नौकरी लगाने के नाम पर पैसा ठगी करने वाले आरोपी गिरफ्तार


सूरजपुर/प्रेमनगर।थाना प्रेमनगर के अपराध क्र. 53/18 धारा 420 भादवि के आरोपी हेमन्त महंत पिता सुंदर दास पनिका उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम चंदननगर के द्वारा ग्राम सलका निवासी अशोक दास पिता शिवमंगल देवांगन एवं संजय एक्का से भृत्य की नौकरी लगाने के नाम पर 1-1 लाख रूपये लेकर अशोक दास को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया तथा गांव के चंदा बाई से लोन स्वीकृत करा देने के नाम पर 12 हजार रूपये छलपूर्वक ठगी करने के मामले की विवेचना की जा रही थी।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के द्वारा क्राईम मीटिंग सहित अन्य अवसरों पर थाना/चौकी प्रभारियों को धोखाधड़ी के प्रकरण सहित अन्य गंभीर मामलों का निराकरण जल्द से जल्द करने हेतु निर्देशित किया था।
इस मामले के आरोपी हेमंत महंत अपना उच्चाधिकारियों से अच्छे संबंध होने से नौकरी एवं लोन स्वीकृत कराने के नाम पर पैसा छलपूर्वक लेने का काम करता रहा है। आरोपी के द्वारा दिये गये फर्जी नियुक्ति पत्र को अशोक दास असली मानकर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास प्रेमनगर में 03 दिवस तक ड्यूटी किया। उक्त नियुक्ति पत्र को विभागीय अधिकारियों द्वारा देखने पर फर्जी नियुक्ति पत्र होना बताये जाने पर मामला उजागर हुआ।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर एवं एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रेमनगर की पुलिस के द्वारा प्रकरण के आरोपी हेमंत महंत जो अपराध पंजीबद्व होने की जानकारी के बाद से ही फरार चल रहा था जिसकी पतासाजी लगातार की जा रही थी जिसे गत् दिवस मुखबीर की सूचना पर सूरजपुर से गिरफ्तार किया गया।पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि धोखाधड़ी कर लिये गये पैसों से अपनी पत्नी एवं पिता का ईलाज कराया और एक हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल खरीदा एवं शेष पैसों को खाने पीने में खर्च किया जाना बताया। पुलिस ने मामले में उक्त मोटर सायकल को जप्त किया है।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर बाजीलाल सिंह, प्रधान आरक्षक लखेश साहू, आरक्षक राजेन्द्र कंवर एवं राकेश सिंह सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 19 अक्टूबर 2018

1 लाख 80 हजार रूपये के चोरी हुए 3 मोटर सायकल सहित 1 आरोपी गिरफ्तार

क्राईम ब्रांच सूरजपुर की कार्यवाही


सूरजपुर।जिले में हो रहे सिलसिलेवार मोटर सायकल चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुये चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ कर अकुंश लगाने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने क्राईम ब्रांच सहित जिले के सभी थाना चौकी प्रभारियों को दिए थे।इसी तारतम्य में क्राईम ब्रांच की टीम क्षेत्र में अपने सक्रिय मुखबीर लगाकर पतासाजी कर रही थी कि गुरूवार 18 अक्टूबर को मुखबीर के जरिये क्राईम ब्रांच प्रभारी कपिल देव पाण्डेय को सूचना मिली कि प्रतापपुर बस स्टैण्ड में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मोटर सायकल से घुम फिर रहा है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल को अवगत कराये जाने पर कार्यवाही हेतु क्राईम ब्रांच की टीम को निर्देशित किया गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर व एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार के मार्गदर्शन में क्राईम ब्रांच की टीम के द्वारा प्रतापपुर पुलिस को अवगत कराते हुये टीम प्रतापपुर बस स्टैण्ड पहुंची। क्राईम ब्रांच की टीम को देखकर एक व्यक्ति मोटर सायकल सहित भागने लगा जिसे घेराबंदी कर होण्डा साईन सोल्ड मोटर सायकल सहित पकड़ा गया। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर अपना नाम राजकुमार पिता पुटू उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम डिगनगर थाना राजपुर का निवासी होना बताया जिससे वाहन के दस्तावेज की मांग किये जाने पर बताया कि होण्डा साईन मोटर सायकल को ग्राम धरमपुर, चौकी खडगवां से चोरी किया है जिसे हिरासत में लेकर क्राईम ब्रांच की टीम थाना प्रतापपुर पहुँची और बारीकी से पूछताछ करने पर आरोपी राजकुमार ने बताया कि प्रतापपुर तहसील के पास से यूनिकाॅन मोटर सायकल क्रमांक सीजी 15 सीके 7633 एवं राजपुर से डिस्कव्हर मोटर सायकल क्र. सीजी 15 सीएस 4081 को चोरी किया है जिसे बाकी नदी के पास छुपाकर रखा है। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस टीम ने प्रतापपुर-बलरामपुर के बार्डर बाकी नदी के किनारे से डिस्कव्हर एवं यूनिकाॅन मोटर सायकल को बरामद करने में सफलता हासिल की।
यूनिकाॅन मोटर सायकल की चोरी की रिपोर्ट पूर्व में थाना प्रतापपुर किये जाने पर अपराध क्रमांक 64/18 धारा 380 भादवि एवं होण्डा साईन सोल्ड मोटर सायकल की चोरी की रिपोर्ट चौकी खड़गवां, थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 184/18 धारा 379 भादवि का पंजीबद्व था इसके अलावा डिस्कव्हर मोटर सायकल की चोरी का रिपोर्ट थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 165/18 धारा 457, 380 भादवि का पंजीबद्व था। जप्त किये गये उक्त तीनों मोटर सायकल की कीमत 1 लाख 80 हजार रूपये है। क्राईम ब्रांच प्रभारी कपिल देव पाण्डेय के द्वारा थाना राजपुर के प्रभारी को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। आरोपी राजकुमार के विरूद्ध चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाना पाए जाने पर उसे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पकड़े गये आरोपी राजकुमार चोरी करने का आदि है जिसकी तलाश जिला बलरामपुर के राजपुर पुलिस लगातार कर रही थी, आरोपी के विरूद्ध पूर्व में भी कई चोरी के अपराध पंजीबद्ध है। 
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर ओ.पी.कुजूर, क्राईम ब्रांच प्रभारी कपिल देव पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, अमरेन्द्र दुबे, अजय सिंह, उदय सिंह, विश्वजीत सिंह, राजीव तिवारी, अभय तिवारी एवं रामकुमार नायक सक्रिय रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने किया पुलिस लाईन में शस्त्र पूजन



सूरजपुर।अपनी परम्परा के अनुसार आज पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने पुलिस लाईन पर्री में विधिवत् शस्त्र पूजन करते हुये माँ दुर्गा की आरती किया। शस्त्र पूजन के उपरान्त सभी वाहनों की भी पूजा कराई गई। इसी प्रकार सूरजपुर जिले के सभी थाना व चौकियों के प्रभारियों के द्वारा भी शस्त्र पूजन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर, सीएसपी डी.के.सिंह, डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी सूरजपुर मनोज कुमार धुव, डीएसपी लाईन प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह कुर्रे, थाना प्रभारी दीपक पासवान, जमाल फिरदौसी, क्राईम ब्रांच प्रभारी कपिल देव पाण्डेय, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा, आरमोरर सिप्रियन टोप्पो व पुलिस लाईन के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

जिले के विभिन्न थानों में शस्त्र पूजा की झलकियाँ 








गुरुवार, 18 अक्टूबर 2018

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने लिया मतदान केन्द्रों का जायजा




  
सूरजपुर।विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान केन्द्रों पर पुख्ता बुनियादी सुविधाएं मुकम्मल कराने जिससे मतदाता सुगमतापूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, मतदान दल को सुरक्षित आवागमन कराने का रूट मैप तैयार करने, चुनाव ड्यूटी हेतु बाहर से आने वाले केन्द्रीय सुरक्षा बल की रहने की व्यवस्था का जायजा लेने बुधवार 17 अक्टूबर को सूरजपुर कलेक्टर श्री के.सी.देवसेनापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री जी.एस.जयसवाल ने प्रेमनगर एवं भटगांव विधान सभा क्षेत्र के भटगांव बस्ती, भटगांव कालरी, तेलगांव, कुम्हारपारा (करौटी) एवं दूरस्थ क्षेत्र रमकोला सहित कई अन्य मतदान केन्द्रों का जायजा लिया। मतदान केन्द्रों पर पानी, बिजली व बैठने के लिए व्यवस्थाएं देखी, मतदान केन्द्र में प्रवेश एवं बाहर जाने के पृथक-पृथक रास्ते निर्धारित करने जिससे सुव्यवस्थित व सुचारू रूप से मतदान सम्पन्न हो सके इसके अलावा मतदान केन्द्रों में साफ-सफाई कराने पर भी विशेष बल दिया।इस दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, क्राईम ब्रांच प्रभारी कपिल देव पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

बुधवार, 17 अक्टूबर 2018

पुलिस लाईन में लगे स्वास्थ्य शिविर में पुलिसकर्मियों ने कराया अपना स्वास्थ्य परीक्षण




सूरजपुर।पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी जो जिले के विभिन्न थाना/चौकी में पदस्थ रहकर 24 घंटे अपनी सेवाएं देते हैं ऐसी स्थिति में उनका खानपान का कोई समय निर्धारित नहीं होता जिस कारण उन्हें कई प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं रहती है जिसका उन्हें पता नहीं होता है जिसे दृष्टिगत् रखते हुये पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के द्वारा पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी को उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी देकर उसका बेहतर उपचार हेतु स्वास्थ्य कैम्प लगवाने के निर्देश दिये थे।निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर के द्वारा सीएमओ सूरजपुर से समन्वय स्थापित कर पुलिस लाईन पर्री में 3 दिवसीय स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन 15 से 17 अक्टूबर तक करवाया गया। पुलिस लाईन में लगे इस स्वास्थ्य कैम्प में डाॅ. नीरज चौबे, डाॅ. के.डी. द्विवेदी, डाॅ. संध्या जायसवाल एवं डाॅ. संजय गुप्ता की टीम ने पुलिस अधिकारियों /कर्मचारियों का स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारियों को बी.पी., शुगर, वजन का बढ़ना एवं नेत्र में चश्मा लगाने की आवश्यकता डाॅक्टर के द्वारा बताते हुये उन्हें दवा वितरित कर संतुलित आहार का सेवन व नियमित व्यायाम करने की हिदायत दी। 
          स्वास्थ्य कैम्प के अंतिम दिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर, डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय एवं डीएसपी लाईन प्रकाश सोनी ने भी अपना स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। इस स्वास्थ्य कैम्प में रक्षित केन्द्र, थाना सूरजपुर, थाना अजाक, महिला सेल, पुलिस कन्ट्रोल रूम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के करीब 200 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों ने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन जिले के समस्त थाना/चौकी में करवाया जाएगा ताकि पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी हो सके और वे अपना बेहतर उपचार करवा सके।
इस सफल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह कुर्रे, एएसआई मानसाय भगत, आरक्षक जेठूराम सोनवानी, मनोज ठाकुर सहित अन्य कर्मचारियों का सक्रिय योगदान रहा।

मंगलवार, 16 अक्टूबर 2018

कोतवाली के आरक्षक ने रक्त दान कर दिया सेवा भावना का परिचय


सूरजपुर।मंगलवार 16 अक्टूबर को ग्राम उमझर, थाना चांदनी निवासी गौतम सिंह कोतवाली थाना आया और बताया कि उसके छोटे भाई का स्वास्थ्य काफी खराब है उसे ब्लड की अति आवश्यकता है। सूचना पर कोतवाली सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक दरश देवांगन उस व्यक्ति को लेकर जिला चिकित्सालय सूरजपुर गया। ईलाज के लिये भर्ती मरीज के बारे में उसके परिजनों से पूछताछ किया और 30 वर्षीय शिवबरन सिंह पिता नान्हू सिंह ग्राम उमझर, थाना चांदनी जो एनिमिया से पीड़ित है। डाॅक्टरों के द्वारा मरीज को तत्काल ब्लड की आवश्यकता बताये जाने पर आरक्षक दरश देवांगन ने बिना देर किये बेझिझक 1 यूनिट रक्त का दान किया। इसके अलावा आरक्षक ने मरीज के परिजनों को अपनी ओर से 5 सौ रूपये देकर आर्थिक सहायता भी की। आरक्षक के इस सेवाभावी कदम की पुलिस अधिकारियों सहित आमजनों ने भी काफी सराहना की है।

सूरजपुर जिले के अंतिम छोर तक पहुंची सर्चिंग पार्टी

 

सूरजपुर।विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में सर्चिंग कर मतदान केन्द्रों का जायजा लेने, पंच, सरपंच से मुलाकात कर क्षेत्र की भौगोलिक एवं क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी लेकर आमजन की समस्याओं को सुनकर उचित निराकरण कराने हेतु पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने एक सर्चिंग टीम का गठन कर टीम को जिले के अंतिम छोर तक सर्चिंग करने हेतु निर्देशित किया था।
एसपी सूरजपुर श्री जायसवाल के द्वारा गठित टीम के द्वारा विगत दिनों चौकी मोहरसोप व थाना चांदनी के अंतिम छोर ग्राम बासनारा, मोहरसोप, कछिया, पडवारी, खैरा, करौटी, रामगढ़, उमझर, रसौकी, खोहिर, मोहली, अवन्तिकापुर, कुबेरपुर, नवाटोला, सपहा, नवगोई, बेगदीदण्ड, सेमरा, विसलपुर, देवड़ी, पेण्डारी, ठाड़पाथर में सर्चिंग कर इन ग्रामों में स्थित मतदान केन्द्रों का जायजा लिया, गांव के पंच, सरपंच से मुलाकात कर भौगोलिक एवं क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी ली। सर्चिंग पार्टी के द्वारा इस दौरान कई स्कूलों में जाकर स्कूली छात्र/छात्राओं से मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना एवं चाकलेट वितरित किया। सर्चिंग पार्टी के द्वारा इन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों से उनकी समस्या की जानकारी लेते हुये थाना प्रभारी एवं अपना मोबाईल नंबर भी दिया ताकि किसी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सूचना दी जा सके।
इस दौरान सर्चिंग पार्टी प्रभारी एसआई प्रमोद डनसेना, चौकी प्रभारी मोहरसोप माधव सिंह सहित सर्चिंग पार्टी के आरक्षकगण सक्रिय रहे।

सोमवार, 15 अक्टूबर 2018

पुलिस की फ्लैग मार्च देखकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए

*  दशहरे से पहले सूरजपुर पुलिस की बढ़ी सक्रियता,
**  असामाजिक तत्वों को दिया कड़ा संदेश


सूरजपुर।विधानसभा चुनाव, आदर्श आचार संहिता, माॅ दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर सोमवार 15 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी ताकत का एहसास कराया और लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि वह सुरक्षित है पुलिस उनकी सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के निर्देश पर सीएसपी डी.के.सिंह के नेतृत्व में थाना सूरजपुर, विश्रामपुर, चौकी करंजी एवं बसदेई से भारी संख्या में पुलिस बल शहर के पुराने रेस्ट हाउस से फ्लैग मार्च प्रारंभ कर, मनेन्द्रगढ़ रोड़, भैयाथान रोड़, केतका रोड़ मानपुर, भट्ठापारा, मण्डी रोड़ सहित कई स्थानों पर मार्च किया। पुलिस के इस फ्लैग मार्च को देखकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आये। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विधान सभा चुनाव, आदर्श आचार संहिता, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को देखते हुये खास सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री जी.एस.जायसवाल के निर्देश पर आज ये मार्च निकाला गया है जो असामाजिक तत्व के लोगों के लिये कड़ी चेतावनी है। साथ ही त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने पुलिस ने लोगों से अपील की।सीएसपी डी.के.सिंह के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्ग में थाना प्रभारी सूरजपुर दीपक पासवान, चौकी प्रभारी दीपक साहू, राजेश तिवारी, सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थी।

**जयनगर व झिलमिली थाना क्षेत्र में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च**


सूरजपुर।विधान सभा चुनाव, आदर्श आचार संहिता, माॅ दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को देखते हुये रविवार 14 अक्टूबर को जयनगर व झिलमिली थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के निर्देश पर एसडीओपी मनोज धु्रव के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयनगर, झिलमिली, चौकी प्रभारी लटोरी व चेन्द्रा व भारी पुलिस बल के साथ जयनगर से प्रारंभ होकर केनापारा, सिलफिली, कमलपुर, लटोरी, दतिमा, सलका, दवना होते हुये भैयाथान तक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस के इस फ्लैग मार्च से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल देखा गया। त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने पुलिस ने लोगों से अपील की।फ्लैग मार्ग में थाना प्रभारी जयनगर गोपाल धु्रव, थाना प्रभारी झिलमिली शीतल सिदार, चौकी प्रभारी लटोरी अजहरूद्दीन, चौकी प्रभारी चेन्द्रा एन.के.त्रिपाठी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थी।

**दुर्गोत्सव व दशहरा  शांतिपूर्वक मनाने प्रेमनगर पुलिस द्वारा शांति समिति की बैठक अायोजित**


सूरजपुर।शारदीय नवरात्र, दशहरा पर्व आपसी भाईचारे एवं शातिपूर्वक मनाने हेतु पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने जिले के थाना चौकी प्रभारियों को दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की शांति समिति की बैठक लेने हेतु निर्देशित किया था। जिसके परिपालन में 12 अक्टूबर को थाना प्रभारी प्रेमनगर के द्वारा दुर्गा बाड़ी प्रेमनगर में दुर्गोत्सव समिति के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक लेकर दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, सौहाद्रपूर्ण एवं शांतिपूर्वक मनाने की अपील किया।

शनिवार, 13 अक्टूबर 2018

एक दिन में 67 अनियमित नंबर प्लेट लगाने वालों पर सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई


 

*सूरजपुर पुलिस ने निजी वाहनों पर पदनाम लिखे 67 वाहन चालकों पर की मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही (विस्तृत जानकारी के लिये click करें) 

सूरजपुर। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सूरजपुर पुलिस एलर्ट है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के निर्देश पर जिले के थाना चौकी की पुलिस टीम सीमावर्ती क्षेत्रों में छोटे बड़े वाहनों की बारीकी से चेकिंग की जा रही है। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद से अब तक सूरजपुर जिले के थाना/चौकी प्रभारियों के द्वारा 67 निजी वाहन जिनमें पदनाम लेख लिखे हुये थे उन वाहन के चालकों को हिदायत देकर पदनाम के प्लेट उतरवाई गई और उनके विरूद्व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही कर 13 हजार 4 सौ रूपये का समन शूल्क अर्जित किया है, और यह अभियान निरंतर जारी है।
साभार नई दुनिया
साभार नई दुनिया

गुरुवार, 11 अक्टूबर 2018

सूरजपुर पुलिस ने अभियान चलाकर एक दिन में पकड़े 12 स्थाई वारंटी व 25 गैर जमानतीय वारंटियों को

** 1 सितबंर से अब तक 208 स्थाई वारंट और 283 गिरफ्तारी वारंट हुए तामील

सूरजपुर।घटना घटित कर वर्षो से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों के अलावा माननीय न्यायालय से जारी किये गये गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ हेतु पुलिस सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने जिले के थाना चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए स्थाई वारंटी एवं गैर जमानती वारंट तामिली की माॅनिटरिंग करने जिले के राजपत्रित अधिकारियों को नियुक्त किया है।गुरूवार 10 अक्टूबर को सूरजपुर पुलिस ने अभियान चलाकर जिले के थाना चौकी, दिगर जिला व राज्य के 12 स्थाई वारंटियों एवं 25 गैर जमानतीय वारंटियों को पकड़ा है। वारंटियों की धरपकड़ में पुलिस के 10 से अधिक टीमे लगी हुई है, यह अभियान लगातार जारी रहेगा।इसी के साथ चुनाव आयोग के निर्देश के बाद दिनांक 1 सितम्बर से अब तक 208 स्थाई और 283 गिरफ्तारी के साथ कुल 491 गैर जमानतीय वारंटों की तामीली की जा चुकी है और कार्यवाही निरंतर जारी है।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।