शनिवार, 1 अक्टूबर 2022

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारियों की ली अपराध समीक्षा बैठक, महिला सुरक्षा व विजिबल पुलिसिंग पर दिया जोर

  • सक्रिय पेट्रोलिंग कर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश
  • आपराधिक मामलों में आरोपियों की फौरन हो गिरफ्तारी

सूरजपुर। जिले में विजिबल पुलिसिंग, महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्य, नवरात्रि-दशहरा पर्व के मद्देनजर सक्रियता के साथ पेट्रोलिंग, दुरूस्त यातायात व्यवस्था, लंबित अपराध, शिकायतों का तेजी से निराकरण कराने, अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने, फरियादियों की समस्याएं संवेदना पूर्वक सुनने कहा। थाना के कार्यो को बेहतर रूप से संचालित नहीं करने वाले प्रभारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के लिए चेताया। यह निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने शनिवार, 01 अक्टूबर को जिला पुलिस कार्यालय सभागार में अपराधों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। वे सख्त तेवर में नजर आए और हर हाल में बेहतर पुलिसिंग व अच्छी कार्यवाही के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने प्रभारियों को कहा कि जिले में विजिबल पुलिसिंग के तहत संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दिखनी चाहिए, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाए, अपराधिक घटना की सूचना पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को फौरन गिरफ्तार करें, अवैध कारोबार को पनपने न दे, क्षेत्र में सूचना तंत्र को मजबूत कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करें। यातायात व्यवस्था को दुरूस्त बनाए रखे और इसके लिए जरूरी कदम उठाए, सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए बड़े-छोटे वाहनों में आगे और पीछे रेडियम लगाने के लिए वाहन मालिकों को निर्देश करने कहा। पीड़ित क्षतिपूर्ति के तहत राहत प्रकरण तैयार कर शीघ्र भेजने, लंबित अपराधों को जल्द से जल्द निराकरण करने, लंबित शिकायत, चिटफंड मामलों में विशेष रुचि लेकर निराकरण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सायबर से संबंधित मामलों में सतकर्ता बरतने तथा थाना क्षेत्र के लोगों को सतर्क रखने एवं गुम बालक बालिकाओं के प्रकरणों में तत्काल टीम गठित कर खोजबीन करने हेतु सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

विजिबल पुलिसिंग पर रहेगा जोर

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने विजिबल पुलिसिंग पर जोर देते हुए प्रभारियों को कहा कि बेटियों को सशक्त और सुरक्षित करने के लिए व्यापक रूप से हमर बेटी-हमर मान का आयोजन कर बच्चों के लिए निडर वातावरण, उन्हें अपराधों से बचने के उपाय बताए, कुछ होने पर पुलिस को आसानी से सम्पर्क करने प्रेरित करें, स्कूल-कालेजों में संवेदनशीलता के साथ पेट्रोलिंग कराए साथ ही महिला संबंधी अपराधों की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर महिला विवेचकों से ही करवाए और यह सुनिश्चित करें कि अपराधों की विवेचना निर्धारित समय में पूरी होकर चालान पेश हो जाए। महिला सुरक्षा के लिए बने अभिव्यक्ति ऐप उपयोगिता के बारे में महिलाओं-छात्राओं को बताए और उसे अधिक से अधिक डाउनलोड कराए।

सक्रिय पेट्रोलिंग कर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवरात्र व दशहरा पर्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होती है जिसे दृष्टिगत रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। थाना-चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के दुर्गा पण्डालों, विभिन्न आयोजनों के साथ ही भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखे तथा सतर्कता के साथ पेट्रोलिंग कर संदिग्धों पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए।

शुक्रवार, 30 सितंबर 2022

सूरजपुर पुलिस के द्वारा महिलाओं-छात्राओं के लिए उपयोगी अभिव्यक्ति ऐप की दी जानकारी

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में महिलाओं-छात्राओं को अवगत कराते हुए ऐप के इस्तेमाल को लेकर जागरूक करने एवं अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 30 सितम्बर को चौकी उमेश्वरपुर पुलिस के द्वारा शा.उ.मा.वि. उमेश्वरपुर, चौकी लटोरी की पुलिस के द्वारा नर्सिग कालेज सोनवाही के छात्राओं तथा चौकी करंजी पुलिस के द्वारा ग्राम बतरा की महिलाओं को महिला सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार किए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराते हुए ऐप डाउनलोड कराया है। इस दौरान महिलाओं-छात्राओं को कानून की जानकारी देते हुए अपराध से बचने की समझाईश दी। वर्तमान दौर में किए जा रहे फ्राड जिनमें बैंक एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने तथा बैंक का अधिकारी अथवा कर्मचारी बनकर मोबाइल से आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर बैंक खातों से रकम पार करने की घटित हो रही घटनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को देते हुए ठगी का शिकार होने से बचने की सलाह दी। इस दौरान चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर देवनाथ चौधरी, चौकी प्रभारी लटोरी धनंजय पाठक, चौकी प्रभारी लटोरी संजय गोस्वामी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

गुरुवार, 29 सितंबर 2022

थाना विश्रामपुर पुलिस ने डकैती मामले में 01 आरोपी को किया गिरफ्तार

सूरजपुर। दिनांक 24.11.21 को ट्रक चालक बसंत कुमार निवासी सतपता अपने ट्रक वाहन को लेकर धान लोड करने रामनगर धान संग्रहण केंद्र के पास मेन रोड में खड़ी किया था और केबिन में सो रहा था रात करीब 11 बजे इसके ट्रक में कुछ आवाज आया तो नींद खुलने पर देखा कि इसके गाड़ी का डीजल 5-6 व्यक्ति निकाल रहे हैं नजदीक में दो नग सफेद कलर का बोलेरो वाहन खड़े थे यह उनका विरोध किया तो उनके द्वारा इसे मारपीट किए और जेब में रखे 32 सौ रुपए, लॉकेट व घड़ी को लूट लिए, उसी दौरान थाना बिश्रामपुर की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी रास्ते से गुजर रही थी जिसे देखकर उक्त व्यक्ति ट्रक से निकाले डीजल को लेकर भागने लगे, पुलिस पार्टी द्वारा उनका पीछा किया गया जो रेलवे क्रॉसिंग के पास नर्सरी में दोनों सफेद रंग के बोलेरो वाहन को छोड़कर आरोपी भाग निकले। पुलिस द्वारा दोनों बोलेरो वाहन एवं डीजल को चोरी करने के सामान को मौके पर से जप्त किया गया तथा प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना बिश्रामपुर में अपराध क्रमांक 240/21 धारा 395, 294, 506, 323 भादसं व 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया। विवेचना दौरान घटना में प्रयुक्त जप्तशुदा वाहन के पंजीयन एवं मुखबीर की सूचना पर प्रकरण में चार आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने प्रकरण के अन्य आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में थाना विश्रामपुर की पुलिस आरोपी की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी मनोज सिंह पिता परमेश्वर सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम करहनी, थाना मरवाही, जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही को पुलिस टीम के द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर के.डी.बनर्जी, एएसआई अरूण गुप्ता, प्रधान रामनिवास तिवारी, आरक्षक अकरम मोहम्मद, अखिलेश पांडे एवं अजय प्रताप सिंह सक्रिय रहे।

थाना ओड़गी की पुलिस ने छात्रों को यातायात नियमों और साइबर अपराधों की जानकारी दी, आईटीआई स्कूल ओड़गी में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर थाना ओड़गी की पुलिस ने गुरूवार को आईटीआई स्कूल ओड़गी में स्कूली छात्रों को यातायात नियम और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को जन जागरूकता के लिए शैक्षणिक संस्थाओं में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम की कड़ी में गुरुवार को आईटीआई स्कूल में यह कार्यक्रम हुआ। इसमें थाना प्रभारी ओड़गी एन.के.त्रिपाठी ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के जुड़े बिंदुओं पर जागरूक कर साइबर अपराधों के बारे में भी बताकर जागरूक किया। उन्होंने छात्र- छात्राओं से कहा कि अपने स्कूल, घर के आसपास होने वाले अपराध या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दे। अनजान लोगों से वाटसएप्प और फेसबुक पर अनजान लोगों से बातचीत न करें। महिला सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप एवं उसके इस्तेमाल को लेकर छात्राओं को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने छात्रों को वाहन रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन का बीमा होने के फायदे व नुकसान बताए, दोपहिया वाहन चलाते वक्त क्या-क्या दस्तावेज रखने चाहिए, दोपहिया वाहन चलाने के लिए व लाइसेंस बनवाने की उम्र आदि बताए, आकस्मिक सेवाएं तत्काल पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है, घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के लिए 108, चाइल्ड हेल्प लाइन व डॉयल 112 हेल्पलाइन नंबर से भी अवगत कराया। थाना प्रभारी ने छात्रों से अपील किया कि परिवार के सदस्यों को यातायात नियमों से अवगत कराए, टू व्हीलर पर हेलमेट लगाकर चलने, फोर व्हीलर में सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने एवं सफर के दौरान क्यों ना ज्यादा समय लग जाए किन्तु वाहन तय गति से चलाकर सुरक्षित सफर करने कहा। 

रविवार, 25 सितंबर 2022

नशे के विरूद्ध सूरजपुर पुलिस द्वारा जारी अभियान में एक और कार्यवाही। 50 नग नशीली कफ सिरप के साथ 1 गिरफ्तार, थाना प्रतापपुर पुलिस की कार्यवाही।


सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश के बाद अवैध नशे के कारोबारियों के विरूद्ध पुलिस की निरंतर कार्यवाही जारी है। थाना प्रतापपुर की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर 1 व्यक्ति से 50 नग नशीली कफ सिरप जप्त कर उसे गिरफ्तार किया है। रविवार को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम अमनदोन में नशीली कफ सिरप बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाष कर रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने ग्राम अमनदोन में घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित राजू खान उर्फ मनउवर हुसैन पिता स्व. जफ्फर खान उम्र 29 वर्ष निवासी बाजारपारा थाना प्रतापपुर को पकड़ा जिसके कब्जे से नशीली कफ सिरप ऑनरेक्स 10 नग एवं फेनसिरेस्ट 40 नग कुल 50 नग कफ सिरप जप्त किया है जिसकी बाजारू कीमत 25 हजार रूपये है। मामले में नशीली कफ सिरप व परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर आरोपी के विरूद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में एसआई नवल किशोर दुबे, प्रधान आरक्षक राजेश यादव, रामाधीन श्यामले, आरक्षक इन्द्रजीत सिंह, अरविन्द पाण्डेय, मनोज राय, अनिल एक्का, अवधेश कुशवाहा, सत्यनारायण व प्रवीण सिंह सक्रिय रहे।

थाना सूरजपुर पुलिस ने मोटर सायकल चोर गिरोह का किया भाडाफोड।10 लाख रूपये कीमत के 15 नग मोटर सायकल जप्त

एक विधि से संघर्षरत बालक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार।

पुलिस टीम किए जाएंगे पुरस्कृत-पुलिस अधीक्षक सूरजपुर।

सूरजपुर। दिनांक 18.09.22 को वार्ड क्रमांक 04 महगवां सूरजपुर निवासी मुस्तैशन बहना ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 28 अगस्त को उसकी एचएच डिलक्स मोटर सायकल को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर धारा 379 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी सूरजपुर को मोटर सायकल चोरी पर अंकुश लगाने एवं चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने एक टीम बनाकर मोटर सायकल चोर की पतासाजी के लिए सूचना तंत्र को एक्टिव करते हुए गंभीरतापूर्वक पतासाजी करने लगाया। बीते दिन थाना प्रभारी सूरजपुर को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि 3 व्यक्ति पुराना बस स्टैण्ड के पास मोटर सायकल बिक्री करने के लिए ग्राहक की खोज कर रहे है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित राजा सोनवानी उर्फ सोनू पिता नरेश उम्र 19 वर्ष निवासी तुरियापारा-मानपुर, त्रयम्बक भास्कर पिता महिपाल उम्र 23 वर्ष निवासी पिपरा, थाना पटना, जिला कोरिया व राकेश सोनवानी पिता बच्चालाल उम्र 19 वर्ष निवासी खुटरापारा सोनहत, जिला कोरिया को पकड़ा गया। 
                पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि तीनों साहूगली में किराये का मकान लेकर रहते है, मानपुर से चोरी किए गए स्पलेण्डर मोटर सायकल से तीनों बैठकर महगवां गए और वहीं के एक घर के सामने खड़ी एचएच डिलक्स मोटर सायकल चोरी किए और उसे किराए के मकान में लाकर रख दिए। कड़ी पूछताछ पर आरोपियों ने कबूल किया कि इस वर्ष सूरजपुर से 09, अम्बिकापुर से 05 व पटना जिला कोरिया से 01 नग कुल 15 मोटर सायकल को विभिन्न स्थानों से चोरी करना बताये।
पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए 15 मोटर सायकलों को आपस में बाट लिए और चोरी की मोटर सायकल को ग्राम डुमरिया, थाना पटना निवासी उमेश सोनवानी, ग्राम पड़िता बचरापोड़ी थाना खड़गवां जिला कोरिया निवासी विनोद उर्फ बबलू एवं 1 विधि से संघर्षरत् बालक को बिक्री कर दिए। पुख्ता जानकारी के आधार पर इन तीनों को भी पकड़ा गया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी की 15 मोटर सायकल कीमत करीब 10 लाख रूपये का जप्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, एएसआई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक मोहम्मद तालिब शेख, इसित बेहरा, आरक्षक रामकुमार नायक, लक्ष्मी नारायण मिर्रे, राधेश्याम साहू सक्रिय रहे।

वारदात का तरीका- पुलिस के पूछताछ पर आरोपी राजा, त्रयम्बक व राकेश ने बताया कि तीनों भोर में 3 बजे घुम-घुमकर घर के बाहर खड़ी मोटर सायकलों का पहले रेकी करते थे और जिन मोटर सायकलों में हेण्डल लॉक नहीं लगा रहता था उसे पहले चोरी करते थे और जिन मोटर सायकल में हेण्डल लॉक रहता था उसके लॉक को तोड़कर, बाईक के तार के स्वीच को डायरेक्ट कर मोटर सायकल चालू कर चोरी कर ले जाते थे। 

            आरोपियों ने इन मोटर सायकलों को किया चोरी- आरोपियों ने पटना, सूरजपुर व अम्बिकापुर के विभिन्न स्थानों से टीव्हीएस अपाचे 2 नग, हीरो एचएफ डिलक्स 6 नग, होण्डा पैशन प्रो-02 नग, होण्डा साईन 01 नग, बजाज प्लेटिना 1 नग, बजाज 220 पल्सर 1 नग, बजाज 150 सीसी पल्सर 1 नग एवं बजाज सीटी 100- 01 नग कुल 15 मोटर सायकलों को चोरी किया था। इन चोरों ने बड़े चालाकी से मोटर सायकलों के मूल नंबर प्लेट को बदलकर नकली नंबर प्लेट लगाकर तथा कुछ मोटर सायकलों के चेचिस नंबरों से भी छेड़छाड़ कर खरीददार को बिक्री किया था।

पुलिस टीम होंगे पुरस्कृत- मोटर सायकल चोर गिरोह का भाडाफोड़ कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं करीब 10 लाख रूपये कीमत के 15 नग मोटर सायकल की बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना सूरजपुर की पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

शुक्रवार, 23 सितंबर 2022

नशे के विरूद्ध सूरजपुर पुलिस द्वारा जारी अभियान में एक और बड़ी सफलता। 400 नग नशीली इंजेक्शन सहित 2 गिरफ्तार, चौकी बसदेई पुलिस की कार्यवाही।

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश के बाद अवैध कारोबारियों के विरूद्ध पुलिस की निरंतर कार्यवाही जारी है। चौकी बसदेई की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर 2 लोगों से 400 नग नशीली इंजेक्शन जप्त कर दोनों को गिरफ्तार किया है। जप्त नशीली इंजेक्शन की बाजारू कीमत करीब 2 लाख रूपये है। शुक्रवार को चौकी बसदेई पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम भवराही के अफजल अली अपने साथी इरफान के साथ अवैध नशीली इंजेक्शन बिक्री करने के लिए उंचडीह से भवराही की ओर आ रहे है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चौकी बसदेई की पुलिस ने उंचडीह में घेराबंदी कर अफजली अली अंसारी पिता अनवर अली उम्र 33 वर्ष निवासी भवराही एवं इरफान खान पिता स्व. इकबाल खान उम्र 24 वर्ष निवासी टेंगनी, थाना पटना, जिला कोरिया को पकड़ा जिनके कब्जे से नशीली इंजेक्शन एविल 200 नग वायल एवं टी-जेसिक 200 नग एम्पुल जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 2 लाख रूपये है। मामले में आरोपियों के विरूद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई बृजेश यादव, एएसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, आरक्षक निलेश जायसवाल, रामसागर साहू, विश्वजीत सिंह, देवदत्त दुबे व सुरेश साहू सक्रिय रहे।

अक्षयपुर में हुए डकैती मामले में रामानुजनगर पुलिस ने 3 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

सूरजपुर। अक्षयपुर में निर्माणाधीन पुल के निर्माण कार्य का चौकीदार ग्राम पम्पानगर निवासी चेतन प्रजापति ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 27 जून के करीब 3 बजे भोर में 2 पिकअप वाहन द्धारिकापुर तरफ से अक्षयपुर तरफ गया उसके थोडी देर बाद 10-12 अज्ञात व्यक्ति आए और इसे पकड़ लिए और चाकू दिखाकर इसका मोबाईल लूटते हुए कैम्प में रहने वाले लोगों की जानकारी लेकर सभी रूम को खोलवाकर मजदूरों को जगाकर डरा धमकाकर बंधक बनाकर पुलिया निर्माण के लिए रखे लोहे के करीब 40-42 नग सेन्ट्रींग प्लेट एवं 4 नग और मोबाईल फोन को लूटकर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 395 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सेन्ट्रींग प्लेट, 2 पिकअप वाहन सहित अन्य वस्तु जप्त किया था। वहीं अन्य आरोपी फरार थे जिनकी पतासाजी की जा रही थी।
        पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने आरोपियों की पतासाजी गंभीरतापूर्वक करते हुए जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर की पुलिस आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी आकाश चौहान पिता सूरज चौहान उम्र 19 वर्ष, परमजीत कुर्रे पिता अजित कुर्रे उम्र 21 वर्ष एवं आकाश कुर्रे पिता संतोष कुर्रे उम्र 20 वर्ष निवासी मानिकपुर, थाना कोतवाली कोरबा, जिला कोरबा को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिनके निशानदेही पर 1 मोबाईल व सेन्ट्रिंग प्लेट बिक्री से प्राप्त शेष रकम 200 रूपये जप्त कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर रूपेश कुंतल, निरीक्षक विपिन लकड़ा, एसआई मनी प्रसाद राजवाड़े, एएसआई बिसुनदेव पैंकरा, आरक्षक धनंजय साहू व रवि साहू सक्रिय रहे।

यातायात पुलिस ने संभाग स्तरीय स्काउट एवं गाइड शिविर में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी से कराया अवगत

सूरजपुर।  पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय के द्वारा बीते गुरूवार को कुदरगढ़ में आयोजित संभाग स्तरीय स्काउट एवं गाइड शिविर में शामिल होने आए छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी से अवगत कराया। यातायात प्रभारी ने छात्रों को कहा कि सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है, नियमों का पालन करने से हादसों को रोका जा सकता है। यातायात प्रभारी ने अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्ति हेलमेट लगाएं और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाए। यातायात नियमों के पालन से दुर्घटना की संभावना लगभग न के बराबर होती है, सड़क सुरक्षा संबंधी प्राप्त जानकारियों को अपने परिजनों, आस-पड़ोस के लोगों से साझा करने कहा। छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में बताया। यातायात आरक्षक सुशील मिश्रा के द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम संकेतों का डेमो के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।

बुधवार, 21 सितंबर 2022

सूरजपुर पुलिस ने पीएसीएल चिटफण्ड कंपनी के डायरेक्टर को किया गिरफ्तार

जिले के करीब 11 हजार निवेशकों से करीब 30 करोड़ रूपये का किया गया धोखाधड़ी

सूरजपुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्री अशोक जुनेजा व पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री अजय कुमार यादव के द्वारा चिटफण्ड कंपनी के विरूद्ध लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे, इसी परिपेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देशन में थाना सूरजपुर पुलिस ने चिटफण्ड कंपनी के 1 डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। विगत वर्ष 2016 में ग्राम केतका, थाना सूरजपुर निवासी कमल सिंह केराम एवं ग्राम गंगोटी, चौकी बसदेई निवासी रनमेत बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि आरोपी सुखदेव सिंह निवासी जलियाकलान थाना चमकौर साबेह जिला रोपड़ पंजाब एवं उसके अन्य साथियों के द्वारा पैसा दोगुना करने का प्रलोभन देकर रूपया जमा कराया गया जो मैच्यूरिटी अवधि पूर्ण होने पर भी पैसा वापस नहीं कर धोखाधड़ी किया गया। दोनों ही मामलों की रिपोर्ट पर थाना सूरजपुर में क्रमशः अपराध क्रमांक 96/16 व अपराध क्रमांक 182/16 धारा 420, 120बी भादसं., 4,5,6 ईनामी चिट और धन परिचालन अधिनियम 1978, छ.ग. निक्षेपकों के हितों की संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। पूर्व में इस कंपनी के डायरेक्टर निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह व सुखदेव सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने चिटफण्ड के प्रकरणों में फरार आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने पुलिस टीम को लगाया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में मामले की विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि पीएसीएल कंपनी का डायरेक्टर जोगेन्दर टाईगर वर्तमान में थाना कोतवाली जिला कर्वधा में पंजीबद्ध मामले में गिरफ्तार होकर जिला जेल कवर्धा में निरूद्ध है जिसके बाद थाना सूरजपुर की पुलिस ने माननीय न्यायालय से प्रोडेक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को कर्वधा जेल से विधिवत सूरजपुर लाया गया और विस्तृत पूछताछ के बाद दोनों मामलों में कंपनी के डायरेक्टर आरोपी जोगिंदर टाईगर पिता रघुवीर सिंह उम्र 66 वर्ष चंडीगढ़ पंजाब फनबिल, थाना सदर, जिला पटियाला पंजाब को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वह पीएसीएल कंपनी का डायरेक्टर था और अन्य डायरेक्टर के साथ मिलकर निवेशकों के राशि को डबल करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करते हुए सूरजपुर जिले के करीब 11 हजार निवेशकों का करीब 30 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, निरीक्षक जावेद मियांदाद, एसआई संतोष सिंह, एएसआई रोपन टोप्पो, प्रधान आरक्षक विवेकानंद सिंह, आरक्षक अनुज सिंह, सुहैल राजा व हरिशंकर सिंह सक्रिय रहे। 

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।