यातायात जागरूकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यातायात जागरूकता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 13 जनवरी 2023

सड़क सुरक्षा सप्ताह का तीसरा दिन- ड्राइविंग लाइसेंस कैम्प का आयोजन, रेवती रमण मिश्र कॉलेज सूरजपुर में 45 विद्यार्थियों के बने लर्निंग लाइसेंस।

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा सप्ताह के तीसरे दिन यातायात पुलिस व आरटीओ की टीम शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय सूरजपुर पहुंची और छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी से अवगत कराते हुए कालेज परिसर में ही लर्निंग लायसेंस बनाने कैम्प का आयोजन किया। इस कैम्प में कालेज के 45 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन करवाकर लर्निंग लाइसेंस बनवाए। जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यम ने कहा कि छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जानकारी से अवगत कराने एवं विद्यार्थियों के डाईविंग लायसेंस बनाने के लिए कैम्प का आयोजन कर 45 छात्र-छात्राओं का लर्निंग लायसेंस बनाया गया हैं। यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने कहा कि कॉलेज में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए शिविर लगाया गया है। इस शिविर का एकमात्र उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात के प्रति जागरूक करना व यातायात के नियमों से परिचय करा कर उनको ड्राइविंग लाइसेंस जारी करवाना ताकि विद्यार्थी ड्राइविंग लाइसेंस के साथ अपने वाहनों को चलाएं।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने स्कूली छात्राओं को बताए जीवन में यातायात नियमों का महत्व। छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने हेतु किया प्रोत्साहित

सूरजपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तीसरे दिन शुक्रवार को यातायात पुलिस के द्वारा विश्रामपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्राओं को बताया कि यातायात नियमों की जानकारी हमारे जीवन में क्या महत्व रखती है, जरा सी लापरवाही कितना भारी पड़ सकता है इसके बारे में अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाईश दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने छात्राओं को कहा कि सुरक्षा आपके हाथों में है, यातायात नियमों का पालन करने से आप सुरक्षित रहेंगे, क्योंकि दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन नहीं करने के वजह से अधिक हो रही है। यातायात नियमों की जानकारी होने के बावजूद भी लोग उसका पालन नहीं करते है और वे दुर्घटना के शिकार होते है, जब भी सड़क पर निकले चौकन्ना रहे, सतर्कता बरतते हुए सफर करें।
                पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हमें सड़क पर अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक रहना चाहिए, जब कम्यूनिटी मूव्हमेंट बनता है तो अपने आप लोग जागरूक होकर सड़क सुरक्षा के नियमों से जुड़ने लगते है, केवल एक सप्ताह में ही हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर सकते इसके लिए हमें निरंतर प्रयास करने होंगे, यातायात से जुड़े जानकारियों को आप औरों से साझा करें इससे हमें काफी सहयोग मिलेगा और दुर्घटनाओं को कम किया जा सकेगा।
                जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यम ने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है, जीवन को सुरक्षित बनाना है तो यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। प्राचार्य आशीष भट्टाचार्य ने छात्राओं को कहा कि यातायात नियमों की जानकारी और उसका पालन कर हम सभी सुरक्षित रह सकेंगे, पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि विद्यालय के छात्राओं के द्वारा यातायात नियमों से संबंधित प्राप्त जानकारी को अपने परिजन और आसपड़ोस के लोगों से साझा करेंगे। इस दौरान यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, पत्रकार नरेन्द्र जैन, गोपाल सिंह विद्रोही, सुशील सिंह ने भी यातायात से जुड़े जानकारियों को छात्राओं को अवगत कराया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण व स्कूली छात्राएं मौजूद रहे।

बुधवार, 11 जनवरी 2023

सूरजपुर में 33वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का पुलिस अधीक्षक ने किया शुभारंभ, हरी डण्डी दिखाकर यातायात जागरूकता रथ किया रवाना

लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पूरे सप्ताह होंगे विविध आयोजन

सूरजपुर। 33वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत् आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, दो पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित करने, दुर्घटना से बचाव के उपाय से लोगों को अवगत कराने, यातायात नियमों की जानकारी सहित यातायात संबंधी विविध आयोजन सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान सूरजपुर पुलिस के द्वारा की जाएगी। सूरजपुर में 33वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ बुधवार, 11 जनवरी 2023 को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के द्वारा किया गया।
            इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने कहा कि 33वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह 11 से 17 जनवरी 2023 तक मनाया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सावधानी के साथ सड़क नियमों का पालन करने के लिए जागृत करना और उनके जीवन को सुरक्षित करना है, जिले की पुलिस पूरे सप्ताह सड़क सुरक्षा से संबंधित कई कार्यक्रम आयोजित करके, लोगों को सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। भारत में प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है जिसका मुख्य उद्धेश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना एवं लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
            उन्होंने कहा कि आमजन यातायात नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटना से बचा जा सके, बाईक चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें, हेलमेट का उपयोग नहीं करने से दुर्घटना के समय सिर में चोट लगने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है इससे बचाव के लिए हेलमेट धारण किया जाना आवश्यक है क्योंकि हमारी सुरक्षा से पूरे परिवार की सुरक्षा भी जुड़ी होती है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मृत्यु हो जाती है इस हेतु आमजनों को घायल व्यक्ति को तुरंत निकटतम अस्पताल ले जाने के लिए प्रोत्साहित किया।
                पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूरजपुर जिले में वर्ष 2021 में 401 दुर्घटनाओं के मामलों में 249 लोगों की मृत्यु हुई और 323 व्यक्ति घायल हुए। वर्ष 2022 में 357 दुर्घटनाओं में 225 लोगों की मृत्यु हुई और 303 व्यक्ति घायल हुए है जो वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में दुर्घटना में कमी आई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षित सफर के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है लोगों का नियमों के प्रति जागरूक होना और उनका महत्व समझकर उन्हें अपने जीवन में अपनाना। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग की टीम 24 घंटे मुस्तैदी से कार्य कर रही है। दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध लगातार धारा 185 की कार्यवाही जारी है और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने वालों के लायसेंस भी निलंबित कराए जा रहे हैं।

यातायात जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

लोगों को सावधानी के साथ सड़क नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने व सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यातायात जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.), एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, डीएसपी रामश्रृंगार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यप, थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, एसआई संतोष सिंह, एएसआई विराट विशी, ब्यासदेव राय, बिसुनदेव पैंकरा, राजाराम राठिया, प्रधान आरक्षक रामजतन सिंह, अनिल भगत, पत्रकारगण, समाज सेवी रामबिलास मित्तल सहित यातायात व पुलिस लाईन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

बुधवार, 30 नवंबर 2022

तेज रफ्तार से बाईक चलाने, स्टंट करने तथा यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों की सूचना देने व कार्यवाही के लिए सूरजपुर पुलिस ने जारी किया यातायात हेल्पलाईन नंबर

सूरजपुर। स्पोर्ट्स बाइक लेकर तेज रफ्तार से चलाने और स्टंट करने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले अब बच नहीं पाएंगे। ऐसे चालकों के घर पुलिस दस्तक देगी। अगर आपको यह लगता है कि सड़क पर पुलिस नहीं है और आप स्टंट करके अथवा यातायात नियमों की अनदेखी करके बच जाएंगे तो यह आपकी भूल है। ऐसे बाईकर्स की फोटो-विडियों सहित जरूरी जरूरी जानकारी हासिल कर उनके विरूद्ध कार्यवाही करने तथा यातायात से जुड़े किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने यातायात हेल्पलाईन नंबर 94792-85849 जारी किया है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार से बाईक चलाने, स्टंट करने, तेज ध्वनि वाले सायलेंसर का प्रयोग तथा यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही के लिए यातायात हेल्पलाईन नंबर जारी किया गया है। ऐसे लोग जो यातायात नियमों की अनदेखी करते है उनकी फोटो खींचकर अथवा विडियों बनाकर जरूरी जानकारी हेल्पलाईन नंबर पर उपलब्ध कराये ताकि पुलिस ऐसे लोगों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही कर सके। साथ ही नागरिकगण कहीं भी जाम की समस्या होने अथवा यातायात से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत को सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच यातायात हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय अपनी टीम के साथ इस हेल्पलाईन नंबर पर प्राप्त शिकायत पर जरूरी कदम उठाते हुए सक्रियता से कार्य करेंगे।

शुक्रवार, 23 सितंबर 2022

यातायात पुलिस ने संभाग स्तरीय स्काउट एवं गाइड शिविर में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी से कराया अवगत

सूरजपुर।  पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय के द्वारा बीते गुरूवार को कुदरगढ़ में आयोजित संभाग स्तरीय स्काउट एवं गाइड शिविर में शामिल होने आए छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी से अवगत कराया। यातायात प्रभारी ने छात्रों को कहा कि सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है, नियमों का पालन करने से हादसों को रोका जा सकता है। यातायात प्रभारी ने अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्ति हेलमेट लगाएं और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाए। यातायात नियमों के पालन से दुर्घटना की संभावना लगभग न के बराबर होती है, सड़क सुरक्षा संबंधी प्राप्त जानकारियों को अपने परिजनों, आस-पड़ोस के लोगों से साझा करने कहा। छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में बताया। यातायात आरक्षक सुशील मिश्रा के द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम संकेतों का डेमो के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।