मंगलवार, 13 अगस्त 2024

अंतर्राज्जीय चोर गिरोह के सदस्य को थाना सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार। सोने-चांदी की बिक्री रकम 1 लाख 40 हजार रूपये व चांदी के गहने बरामद

सूरजपुर। दिनांक 03.06.24 को स्थानीय विकास ज्वेलर्स संचालक विकास सोनी ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 02.06.24 के रात्रि में अज्ञात चोर के द्वारा दुकान का ताला तोड़कर 150 ग्राम सोने का जेवर व 3 किलो चांदी व नगदी रकम 4 लाख 20 हजार रूपये को चोरी कर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध अपराध क्र. 306/24 धारा 457, 380 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

मामले की सूचना पर डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) ने एएसपी संतोष महतो, थाना सूरजपुर की पुलिस सहित एफएसएल टीम व डॉग स्क्वार्ड को मौके पर भेजते हुए साक्ष्य संकलन करने के निर्देश दिए और चोरी के मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले का खुलासा कर आरोपी को पकड़ने पुलिस की टीम गठित कर लगाया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार विवेचना करते हुए विकास ज्वेलर्स सहित सूरजपुर शहर सहित जिलों के संभावित मार्गो के करीब 100 सीसीटीव्ही फुटेज खंगाला साथ ही प्रदेश में अन्य जिलों में इस प्रकार की वारदात को अंजाम देने से संबंधित सीसीटीव्ही फुटेज प्राप्त कर अवलोकन किया गया।

इसी क्रम में पूर्व में चोरी की वारदात में संलिप्त संदेही/आरोपियों के जानकारी संकलित कर दूसरे जिले की पुलिस से जानकारी साझा कर तस्दीक किया गया साथ ही नई तकनीक की भी मदद ली गई जिसके आधार पर संदेही विजय कुमार बसोर पिता शिवप्रसाद बसोर उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम लामीदाह थाना सरई, जिला सिंगरौली को ग्राम उज्जैनी थाना बरगवां जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश से पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने बताया कि इसके द्वारा चोरी करने वाले गैंग के सदस्य के रूप में कार्य किया जा रहा था, गैंग के अन्य सदस्य बड़का बसोर व 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर विकास ज्वेलर्स से सोने-चांदी का जेवर व नगदी रकम चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के माल व नगदी रकम को आपस में बांट लेना बताया तथा सोने चांदी को बाद में गुड्डा बनिया व मनीष सोनी उर्फ शशांक निवासी बैढ़न को बिक्री करना बताया। आरोपी के निशानदेही पर उसको हिस्से में प्राप्त नगद व जेवर बिक्री से मिली रकम 1 लाख 40 हजार रूपये, चांदी के 14 नग पायल, करधनी 2 नग, बिछिया 7 नग, अंगूठी 10 नग व अन्य चांदी जैसे जेवर, घटना में प्रयुक्त सब्बल को जप्त किया गया है और मामले में आरोपी विजय कुमार बसोर को विधिवत् गिरफ्तार किया गया है।

विवेचना में पाया गया कि प्रार्थी के द्वारा नगदी रकम 4 लाख 20 हजार रूपये चोरी होना बताया गया था जो 2 लाख 80 हजार रूपये ही होना पाया गया है, इसी प्रकार चोरी गए सोने-चांदी की मात्रा भी कम होने की बात सामने आ रही है जिसकी तस्दीक की जा रही है।

उक्त आरोपी द्वारा जिला सूरजपुर के विकास ज्वेलर्स के अलावे गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर बिलासपुर जिले के सीपत, चकरभाटा तथा जांजगीर-चाम्पा के कोटमी सोनार में भी सोने-चांदी के जेवर चोरी करना बताया है जिसके संबंध में संबंधित जिले के थानों को भी सूचित किया गया है। इस गैंग के सदस्य बड़का बसोर, गुड्डा बनिया तथा मनीष सोनी जो बिलासपुर जेल में बंद है जिनका प्रोडेक्शन वारंट जारी करवाकर प्रकरण से संबंधित शेष बरामदगी की कार्यवाही जल्द की जायेगी, 2 अन्य आरोपियों की आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम भेजी गई है।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि पकड़े गये आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि यह चोर गिरोह छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा पूर्व में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पंजाब सहित अन्य राज्यों में भी चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे है इस कारण वे काफी व्यवसायिक तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते है और कोई सुराग मौके पर नहीं छोड़ते थे जिसके कारण यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौतियों से भरा रहा।

कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, थाना प्रभारी चांदनी रूपेश कुंतल एक्का, प्रधान आरक्षक तालीब शेख, अदीप प्रताप सिंह, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, रौशन सिंह, लक्ष्मी नारायण मिर्रे, रामकुमार नायक, हरिशंकर सिंह व रविराज पाण्डेय सक्रिय रहे।

ट्रैफिक आवागमन परिवर्तित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था की सूचना।

सूरजपुर। दिनांक 12/08/2024 को माननीय टाइगर राजा सिंह जी विधायक गोशामहल हैदराबाद तेलंगाना का आगमन धर्म सभा कार्यक्रम में विश्रामपुर बस स्टैंड पर होने जा रहा है जिसमें लोगों की भारी भीड़ होने की संभावना है जिसके कारण सूरजपुर पुलिस के द्वारा वाहनों के आवागमन का पैटर्न परिवर्तित किया गया है। मनेन्द्रगढ़-बैकुंठपुर की ओर से आने वाले वाहन सूरजपुर छठ घाट से रामनगर दतिमा लटोरी होते हुए अंबिकापुर की ओर जा सकते हैं तथा अंबिकापुर की ओर से आने वाले वाहन सिलफिली मदनपुर से लटोरी होते हुए दतिमा रामनगर से सूरजपुर छठ घाट होते हुए मनेन्द्रगढ़ की ओर जा सकते हैं। सूरजपुर पुलिस ने अपील किया है कि परिवर्तित मार्ग का उपयोग कर आवागमन करें।

धर्म सभा कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार है- (1) सूरजपुर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग सतपता पावर हाउस के बगल में की गई है। (2) अंबिकापुर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था वीएम नर्सिंग कॉलेज, जयनगर पुलिस स्टेशन के सामने तथा बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन रैक प्वाइंट पर की गई है। (3) दतिमा रामनगर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सीसीएल अस्पताल एवं एकता ग्राउंड में की गई है।

घर में पकड़ाया जिला बदर का आरोपी, थाना सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 25.04.24 को 1 वर्ष के लिए जिलाबदर हुए आरोपी को थाना सूरजपुर पुलिस ने 7 अगस्त को पकड़ा है और उसे न्यायालय में पेश किया। ज्ञात हो कि पुराना बाजारपारा थाना सूरजपुर निवासी 48 वर्षीय संजय साहू पिता रामभरोस साहू को जिला दण्डाधिकारी सूरजपुर ने उक्त तिथि को 1 वर्ष के लिए जिलाबदर किया था लेकिन आरोपी संजय साहू के द्वारा जिला दण्डाधिकारी के आदेश का उल्लंघन किया गया। आरोपी को उसके घर में होने की सूचना मिली थी।
          डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की पुलिस आरोपी के घर पहुंची जहां घर के पीछे छिपकर भागने का प्रयास करने के दौरान संजय साहू को पकड़ा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ छ.ग. राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 तथा धारा 223 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया।



मंगलवार, 6 अगस्त 2024

सूरजपुर पुलिस सदैव ब्लड के लिए जरूरत मंद व्यक्ति के साथ मिलेगा खड़ा। पुलिस लाइन में जवानों ने बड़े उत्साह के साथ किया रक्तदान।

 

सूरजपुर। कहते हैं कि पुलिसवालों पर जिम्मेदारी का दबाव रहता है और इन्हे खुद से ज्यादा दूसरों का ख्याल होता है। अगर बात की जाए सूरजपुर पुलिस की तो जनता की सेवा में ये हमेशा तैनात रहते हैं। इसी कड़ी में लोगों की मदद के लिए रक्तदान का नेक काम कर यहां की पुलिस ने लोगों का दिल जीतने का काम किया है।
           उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) के निर्देशन व एएसपी संतोष महतो के मार्गदर्शन में रविवार, 04 अगस्त को पुलिस लाईन में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ जहां पुलिस के जवानों सहित महिला आरक्षक ने भी ब्लड डोनेट किया। इस कैंप में पुलिसकर्मियों में ब्लड डोनेट करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
           इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी ने 14 यूनिट ब्लड डोनेट करने वाले पुलिस के जवानों की हौंसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान भी समाज का एक हिस्सा है। ब्लड डोनेशन करना एक पुनीत कार्य है, किसी भी व्यक्ति की जान ब्लड की कमी के चलते नहीं जाए इसी को देखते हुए आज ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया है। सभी को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और कहा कि जब भी किसी को ब्लड की जरूरत होगी तो सूरजपुर पुलिस सदैव जरूरत मंद व्यक्ति के साथ खड़ा मिलेगा। शिविर के सफल संचालन में जिला चिकित्सालय के डॉ. आजाद भगत, एमएलटी संतोष साहू, रामशरण इन्द्रभान सिंह, स्टाफ नर्स शिवकुमारी खैरवार, काउंसलर अंजली साहू, वार्डवाय अमर साय सहित प्रधान आरक्षक प्रदीप पटेल, सुरेश सूर्यवंशी, अरूण बड़ा, आरक्षक जेठूराम, मनोज ठाकुर व हेमन्त नेताम सक्रिय रहे।
इन्होंने किया ब्लड डोनेशन।
           रक्तदान शिविर में प्रधान आरक्षक उमाशंकर कुशवाहा, आरक्षक शिशिर डुगडुग, रजनीश पटेल, अजय एक्का, बसंत साहू, पूरनसाय राजवाड़े, शिवकुमार, नवीन बेक, सुनील बेक, महेत्तर सिंह, मुकेश सिंह, चमन लाल राजवाड़े, हुमराम उरांव व महिला आरक्षक शकुन्तला सहित अन्य ने रक्तदान किया।

सूरजपुर पुलिस के एचपी शौर्य पुलिस पेट्रोल पंप का आईजी सरगुजा ने किया शुभारंभ। आईजी बोले- सभी को सही नाप और गुणवत्तायुक्त इंधन का होगा लाभ।

 

सूरजपुर। न्यू बस स्टैण्ड के सामने जिला पुलिस सूरजपुर का एचपी शौर्य पुलिस पेट्रोल पम्प का शुभारंभ मंगलवार, 30 जुलाई 2024 को पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज श्री अंकित गर्ग (भापुसे) के द्वारा फीता काटकर व शिलालेख का अनावरण कर किया। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित ब्यास (भाप्रसे.), उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे.), डीएफओ श्री पंकज कमल, सेनानी 10वीं वाहिनी श्री सुजीत कुमार, एचपी कंपनी के जीएम श्री अवधेश पाण्डेय मौजूद रहे। आईजी सरगुजा रेंज व एसएसपी सूरजपुर ने वाहन में पेट्रोल भरकर उसकी उसकी रिडिंग को चेक किया और पम्प में लगे हवा मशीन, पीने के स्वच्छ जल का जायजा लिया और सुरक्षा उपकरणों को प्रभावशील रखने के निर्देश पुलिस पेट्रोल पंप प्रभारी को दिए। इसके उपरान्त पेट्रोप पंप परिसर में वृक्षारोपण किया।
            पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज श्री अंकित गर्ग ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा के लिए एचपी शौर्य पुलिस पेट्रोल पंप आज से आपकी सेवा में समर्पित किया गया हैं। शहर वासियों को सही नाप व सही गुणवत्ता का इंधन का लाभ होगा। पेट्रोल पंप में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम द्वारा उच्च दर्जा, मॉडर्न औटसेमेशन प्रणाली से लैस है। इस पंप से होने वाली आमदनी को पुलिस कर्मियों के वेलफेयर के लिए उपयोग किया जाएगा। बाईपास रिंगरोड में पुलिस का पेट्रोल पंप खुलने से बड़े वाहन जिन्हें शहर के अंदर जाने की मनाही है, वे अब आसानी से शहर के बाहर से पेट्रोल, डीजल ले सकेंगे।
           इस अवसर पर डॉ. आर.एस.सिंह, एचपी बिलासपुर के प्रबंधक अर्नव चर्टजी, क्षेत्रीय सेल्स आफिसर प्रव्यय अमृत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस.पैंकरा, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, थाना प्रभारी विमलेश दुबे, अलरिक लकड़ा, नरेन्द्र सिंह सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

पेड़ है मॉ के समान, जीवनदायिनी पेड़ लगाकर करें उसकी हिफाजत- डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर। चौकी खड़गवां व थाना भटगांव का किया निरीक्षण। रिकार्ड अपडेट नहीं होने व मामलों को लंबे समय से लंबित रखने पर विवेचकों को किया दंडित।

 

सूरजपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने रविवार, 28 जुलाई 2024 को चौकी खड़गवां परिसर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘’ अभियान के तहत फलदार पौधे का रोपण किया। इस अवसर उन्होंने पेड़ और पौधों को एक मॉ का दर्जा दिया और कहा कि जिस प्रकार मॉ अपने बच्चों का पालन-पोषण एवं सुख सुविधाओं का ध्यान रखती है उसी प्रकार हमारे बीच एक पेड़ मॉ की तरह हमारा ध्यान रखते है, कभी शुद्ध वायु दे करके, कभी जड़ी-बूटी या औषधि देकर, कभी भोजन के रूप में फल इत्यादि देकर अनेक तरह से यह मॉ की तरह ही हमारी देखभाल करते है इसलिए हमें पेड़-पौधों की हिफाजत करनी चाहिए। पुलिस अधिकारी व जवानों को पेड़ लगाने एवं उसकी देखभाल करने को कहा। पुलिस चौकी परिसर में एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम, थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, स्टेनो अखिलेश सिंह, चौकी प्रभारी खड़गवां योगेन्द्र जायसवाल सहित चौकी के अधिकारी व जवानों ने भी वृक्षारोपण किया।

रिकार्ड अपडेट नहीं होने व मामलों को लंबे समय से लंबित रखने पर विवेचकों को किया दंडित।
          डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे ने चौकी खड़गवां का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना भटगांव पहुंचे जहां थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना भटगांव के रिकार्ड अवलोकन में सभी दाखिला पूर्ण नहीं होने, मामलों को अनावश्यक लंबित रखने पर संबंधित विवेचकों को दंडित किया और 15 दिवस के भीतर सभी रिकार्ड अपडेट कर लंबित मामलों का निकाल करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी, लंबित मामलों को यथाशीघ्र निकाल करें, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाए, बैंकों की नियमित चेकिंग एवं उसके आसपास पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखे, बैंक के शाखा प्रबंधकों से मुलाकात कर बैंक की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराए, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा नियमित व प्रभावी रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये है।
             महिला सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति एप के प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों को ठगी से बचाने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कार्य करने, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में धोखाधड़ी से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ ही क्षेत्र में कड़ी निगाह बनाए रखने, अवैध नशीली दवाओं तथा मादक पदार्थ के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने हेतु सार्थक कदम उठाने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों और जवानों को कार्य के प्रति सजग रहने, सौपें गए कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने एवं आमजनता की समस्या-शिकायतों का गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण करने एवं नवीन तीनों कानून का अभ्यस्थ होने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी रितेश चौधरी, थाना प्रभारी भटगांव जे.एस.कंवर सहित थाना के अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।

सोलर मोटर पंप चोरी मामले में चौकी खड़गवा पुलिस ने 1 आरोपी को किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 26.07.2024 को ग्राम केरता निवासी बहाल बेक ने चौकी खडगवा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसके खेत में लगा 3 एचपी का सोलर मोटर पम्प को दिनांक 18.07.24 को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 217/24 धारा 303(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
           डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) ने चोरी सहित अन्य मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। एएसपी संतोष महतो व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में चौकी खड़गवां की पुलिस ने संदेही रामलीला पिता आलमसाय उम्र 35 वर्ष निवासी केरता को पकड़ा। पूछताछ पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके निशानदेही पर चोरी का सोलर पम्प कीमत 25500 रूपये को बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल, एएसआई सुनील भारती, प्रधान आरक्षक विनय व आरक्षक मनोज व विकास सक्रिय रहे।

पंचायत भवन से समरसिबल पम्प चोरी सहित 3 अन्य चोरियों का थाना प्रतापपुर पुलिस ने खुलासा कर एक विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक सहित 4 को किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 23.07.24 को ग्राम गोंदा निवासी सीनोद कुमार कौशिक ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 22.07.24 के शाम से 23.07.24 के सुबह 6 बजे के मध्य किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा पंचायत भवन के बाउंड्री वाल के अंदर लगा समरसिबल पम्प को चोरी कर लिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 215/24 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) ने अज्ञात चोर की हरसंभव पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। एएसपी संतोष महतो व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रतापपुर पुलिस ने विवेचना करते हुए आरोपी की पतासाजी के दौरान संदेही हीराचंद बरगाह को पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि दिनांक 22.07.24 के रात्रि में पंचायत भवन परिसर में लगा समरसिबल पम्प को अपने भाई व गांव के वीरसाय के साथ चोरी करना स्वीकार करते हुए इसके अलावे तीनों अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पूर्व में भी पंचायत भवन से एक समरसिबल पम्प और हरिनंदन राजवाड़े का 2 समरसिबल पम्प चोरी कर तीनों पम्प को गांव के रिंकू सिंह को बिक्री करना बताए, प्रार्थी के चोरी किए गए पम्प को अपने घर के पीछे छिपाकर रखना बताते हुए अपने मेमोरण्डम कथन के आधार पर उक्त समरसिबल पम्प को जप्त कराया। प्रकरण के अन्य आरोपियों की पतासाजी करते हुए खरीददार आरोपी विवेक सिंह उर्फ रिंकू से चोरी के 3 नग समरसिबल पम्प जप्त कर प्रकरण में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। आरोपियों से कुल 04 नग समरसिबल पम्प एवं केबल तार कुल कीमत 40 हजार 4 सौ रूपये का जप्त कर आरोपी (1) हीराचंद पिता स्व. सोहर साय बरगाह उम्र 20 वर्ष (2) वीर साय पिता हीरालाल देवांगन उम्र 18 वर्ष 1 माह (3) विवेक सिंह उर्फ रिंकू पिता परमेश्वर सिंह उम्र 30 वर्ष सभी निवासी ग्राम गोंदा, थाना प्रतापपुर को गिरफ्तार किया गया वहीं मामले में एक विधि विरूद्ध संघर्षरत बालक को पकड़कर विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
        इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक राहुल गुप्ता, रजनीश त्रिपाठी, विनोद परीडा, आरक्षक इन्द्रजीत सिंह, भीमेश आर्मो, निशांत टोप्पो, निरंजन एक्का व राजू एक्का सक्रिय रहे।

पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को थाना रमकोला पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

सूरजपुर। ग्राम दुलदुली निवासी मिश्रीलाल पण्डो ने थाना रमकोला में सूचना दिया कि दिनांक 19.07.24 को अपने घर में खाना खाकर घर के सामने भिटका में अकेले बैठा था कि रात करीब 9 बजे इसका पुत्र बहादूर आकर बताया कि हीराचंद फोन कर बताया है कि मुझे जीजा राजनाथ मोबाईल फोन से बताये है कि बहन शांती फौत कर गई है। दिनांक 20.07.24 को अपने पुत्र व अन्य के साथ मोटर सायकल से ग्राम घुरिया राजनाथ के घर पहुंचे और देखे घर के परछी में इसकी पुत्री का शव जमीन पर रखा हुआ था वहां पर गांव के तथा दुलदुली के बहुत लोग एकत्रित हुऐ थे जो मेरी भतीजी ने कम्बल को कमर तक हटाई तब देखा कि दोनों कान के पास चोट और खून निकला हुआ हैै। सूचना पर मर्ग कायम कर मौके पर जाकर शव का पंचनामा कर शव का पीएम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा मृतिका की मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का लेख किए जाने पर अपराध क्रमांक 12/24 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
          मामले की सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भापुसे) ने मामले की बारीकी से विवेचना कर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में थाना रमकोला पुलिस के द्वारा विवेचना करते हुए राजनाथ पण्डो पिता रामप्रसाद पण्डो, उम्र 32 वर्ष ग्राम धुरिया, थाना रमकोला को पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि पत्नी शांती पण्डो गांव में घुमती फिरती रहती थी जिसे मना करने पर नहीं मानती थी जिससे नाराज होकर कुदारी (फावड़ा) से मारकर हत्या कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुदारी (फावड़ा) जप्त कर आरोपी राजनाथ पण्डो को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रमकोला प्रमोद किस्पोट्टा व उनकी टीम सक्रिय रही।

सूरजपुर पुलिस के परिवार परामर्श केन्द्र में 516 जोड़े एक साथ रहने हुए राजी।

 

सूरजपुर। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संचालित 2 परिवार परामर्श केन्द्र की बैठक प्रत्येक दिवस आयोजित किया जा रहा है। परामर्श केन्द्र में घरेलू एवं आपसी पति-पत्नि के बीच विवाद के मामलों की सुनवाई संवेदनशीलता किया गया जिसमें 516 जोड़े एक साथ रहने को राजी हुए है। परामर्श देने वाली टीम लगातार ऐसे परिवारों जो कि टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं उन्हें जोड़ने का काम कर रही है।
          अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में परामर्श केन्द्र में हुए काउंसलिंग से वर्ष 2022 में 208, वर्ष 2023 में 199 एवं वर्ष 2024 में अब तक 109 कुल 516 बिछुडे़ जोड़े के बीच सकारात्मक रूप से चर्चा कर काउंसलिंग कर आपसी समझौता कराया गया जो सभी जोड़े सुखी जीवन जीने के लिए राजी हुए। 503 मामले में दोनों पक्षों के उपस्थित नहीं होने अथवा समझौता की बात नहीं बनी। समझौता नहीं हो पाने के मामले में उन्हें न्यायालय जाने की सलाह दी गई।
       परिवार बिखरे न इसी उद्देश्य से डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर के निर्देश पर जिले के परिवार परामर्श केन्द्र सूरजपुर व महिला पुलिस सहायता केन्द्र जरही के द्वारा प्रत्येक दिवस इस प्रकार की शिकायतों पर दोनों पक्षों के मध्य एक बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण में काउंसिलिंग के माध्यम से समझाईश देकर पति-पत्नी के बीच आपसी समझौता लगातार कराया जा रहा है। काउंसलिंग में एसआई पुष्पा तिर्की, एएसआई नीलकुसूम, सामाजिक कार्यकर्ता जयश्री टेकाम, रंजना सिंह, अधिवक्ता विमला राजवाड़े, वालेंटियर विकास प्रजापति, नोविन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक शिवेन्द्र परिहार, महिला आरक्षक तिर्कीरोश, आरक्षक राधाकृष्ण पैंकरा, तिलेश्वर सिंह, महिला नगर सैनिक सुशीला यादव व रानी कनेडिया सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।