सूरजपुर। अवैध कारोबार के विरूद्ध पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर लगातार कार्यवाही जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में मंगलवार, 22 फरवरी को मुखबीर की सूचना पर थाना झिलमिली की पुलिस ने मोहली में घेराबंदी कर बभनी सोनभद्र उत्तरप्रदेश निवासी राहुल जायसवाल पिता स्व. दिनेश जायसवाल व इमरान खान पिता मुस्तफा खान को मोटर सायकल सहित पकड़ा जिनके कब्जे से 150 नग ई-स्कूफ कफ सिरप कीमत 26250/- रूपये का जप्त किया गया। मामले में नशीली कफ सिरप व मोटर सायकल जप्त कर दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई धनेश्वर कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हेमन्त सोनवानी, आरक्षक दिनेश ठाकुर, विश्वजीत सिंह, निलेश जायसवाल व सैनिक अनिल विश्वकर्मा सक्रिय रहे।
मंगलवार, 22 फ़रवरी 2022
सोमवार, 21 फ़रवरी 2022
घटना के 1 घण्टे के भीतर चोरी गए माल बरामद कर आरोपी को किया गया गिरफ्तार
सूरजपुर। दिनांक 20/02/2022 को ग्राम सलका, थाना भटगांव निवासी राममिलन गुप्ता ने थाना झिलमिली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह सोना चांदी का व्यापारी है, जो बैजनाथपुर बाजार से जेवर बेच कर वापस आ रहा था, दोपहर करीब 3ः00 बजे भैयाथान के प्रतापपुर रोड रेड़ नदी पुल के पास लखन होटल में रूक कर नाश्ता किया, नाश्ता के बाद वह अपना जेवर से भरा झोला होटल में ही छोड़ कर हाथ धोने बाहर निकला, जैसे ही होटल के अंदर आया उसका जेवर से भरा झोला गायब था, झोले में 07 जोड़ी चांदी का पायल, 01 पुराना चांदी का चेन, 17 नग बिछिया, तथा 16 नग चांदी के घुंघरू एवं अन्य बाजारू माला होने की रिपोर्ट पर थाना झिलमिली में अपराध क्रमांक 26/22 धारा 379 भा.दं.सं. के तहत् अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज किया गया। मामले की सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल को अवगत् कराये जाने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पुलिस टीम को सभी बिन्दुओं पर जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करते हुए माल बरामद करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एस.डी.ओ.पी. ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदशन में थाना झिलमिली कि पुलिस के द्वारा घटना स्थल पहुँचकर संदेहियों से पूछताछ करते हुए होटल मालिक लखन राम पिता शिवरतन सा0 भैयाथान से पूछताछ किया गया, पहले तो लखन राम के द्वारा घटना के संबंध में इधर उधर की बातें कर टाल मटोल करने लगा बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि प्रार्थी के जेवर से भरे झोला को चोरी किया जाकर झोला को अपने घर में छुपाकर रखा है पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से जेवर से भरा झोला जिसमें करीब 40,000/- रूपये का चोरी के जेवर बरामद किया गया एवं आरोपी को प्रकरण में विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई धनेश्वर कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हेमंत सोनवानी, दिनेश ठाकुर, निलेश जायसवाल, अचल गुप्ता व नगर सैनिक नरेन्द्र मरावी सक्रिय रहे।
रविवार, 20 फ़रवरी 2022
पत्नी की हत्या कर शव को जलाने वाले आरोपी को चौकी खड़गवां पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूरजपुर। दिनांक 19.02.2022 को ग्राम धरमपुर सरपंच के द्वारा मोबाईल से सूचना दिया कि गांव का ज्ञान प्रकाश मराबी उसके पास आया और बताया कि वह अपने नाना-नानी के घर से आज आया है अपने घर गया तो इसकी माॅ वहां नहीं मिली, पिता बाबुलाल मरावी से पूछने पर बताया कि 3-4 दिन पहले इसकी माॅ सावित्री उर्फ सुमित्रा को फावडा से मारकर हत्या कर उसके शव को घर के सामने बाड़ी में जला दिया है। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने चैकी प्रभारी को एफएसएल की टीम के साथ घटना स्थल पहुंचकर साक्ष्य संकलित करने व आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश देते हुए ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह को घटला स्थल के लिए रवाना किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में घटना स्थल पर चौकी खड़गवां की पुलिस व एफएसएल की टीम पहुंची। मौके से साक्ष्य संकलन एवं गवाहों का बयान लेते हुए मर्ग कायमी पश्चात् प्रकरण में आरोपी बाबुलाल मरावी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 45/22 धारा 302, 201 भादवि पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण के आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया गया, पूछताछ पर उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि मंगलवार को सुबह पूजा करते समय पत्नी से झगड़ा-विवाद होने पर पत्नी ने एक झापड़ मार दिया जिससे अपमानित होने व आवेश में आकर फावड़ा से पत्नी के गर्दन में मारकर हत्या कर दिया और रात होने पर घर के खेत बाड़ी में शव ले जाकर जला दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा व आलाजरब जप्त कर उसे विधिवत् गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, चौकी प्रभारी खड़गवां सी.पी.तिवारी, एफएसएल अधिकारी कुलदीप कुजूर, प्रधान आरक्षक शरद सिंह, इन्द्रजीत सिंह, भुवनेश्वर केरकेट्टा, आरक्षक प्रमोद गुप्ता, राकेश सिरदार, चंदेश्वर राजवाड़े, श्याम सिंह, भगत सिंह नेताम, अनिल नायर, चंदर साय राजवाड़े व बंधूराम सारथी सक्रिय रहे।
शनिवार, 19 फ़रवरी 2022
अवैध कोयला के कारोबार पर सूरजपुर पुलिस की कार्यवाही 12 लाख कीमत के 10 टन कोयला, 1 मिनी टिपर टाटा, 2 मोटर सायकल जप्त
सूरजपुर। अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने को लेकर शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व में एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह व पुलिस टीम के द्वारा भटगांव थाना क्षेत्र के सिवारीपारा नर्सरी के पास किया गया। दरसल भटगांव क्षेत्र में अवैध कोयला का कारोबार करने की सूचना मिली थी जिस पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने ट्रेनी आईपीएस व एसडीओपी प्रतापपुर को रेड़ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस की टीम ने भटगांव के सिवारीपारा नर्सरी के पास से लावारिस हालत में 7 टन कोयला तथा मिनी टिपर टाटा 909 क्रमांक सीजी 16 ए 2459 में भरा हुआ करीब 3 टन कोयला कुल 10 टन कोयला कीमत 40 हजार रूपये, 1 बुलेट रायल इनफिल्ड क्रमांक सीजी 29 एसी 2638 एवं बिना नंबर का यामहा क्रक्स मोटर सायकल कीमत 11 लाख 60 हजार रूपये कुल 12 लाख रूपये का लावारिश हालत में पाया गया। पुलिस ने धारा 102 जा.फौ. के तहत कार्यवाही करते हुए कोयला व वाहनों को जप्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने बताया कि कोयले का अवैध कारोबार करने वालों पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
अनाचार के 2 मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, थाना चांदनी पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। दिनांक 17.02.2022 को चांदनी थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिक बालिका ने थाना में रिपोर्ट दर्ज किया कि 16 फरवरी को आरोपी दिनेश पण्डो उर्फ जोगेन्द्र ने उसके साथ जबरन अनाचार किया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर धारा 376(2)(एन) भादवि व पास्को एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी की पुलिस ने 18 फरवरी को बैढन मध्यप्रदेश में घेराबंदी कर आरोपी दिनेश पण्डो उर्फ जोगेन्द्र को पकड़ा गया और विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। दूसरे मामले में दिनांक 11.02.2022 को चांदनी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिक पुत्री को आरोपी राकेश सिंह उर्फ दाउ उर्फ राम मिलन सिंह के द्वारा शादी का झांसा देकर बहला फुसलाकर भगाकर ले जाकर अनाचार किया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 363, 366, 376(2)(एन), 376(3) भादवि व पास्को एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला पंजीबद्व किया गया। रिपोर्ट के बाद से ही आरोपी फरार था जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर 19 फरवरी को ग्राम गेतरा में आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया जिसे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। इस कार्यवाही में एसआई बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक रविराज पाण्डेय, संतकुमार पैंकरा, दीपक यादव, रामसागर साहू व रोशन सिंह सक्रिय रहे।
शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2022
फरसा (तब्बल) का भय दिखाकर लोगों को डरा धमका रहे 1 व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, चौकी उमेश्वरपुर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। गुरूवार, 17 फरवरी को चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर को सूचना मिली कि ग्राम पार्वतीपुर में एक व्यक्ति फरसा (तब्बल) लेकर आम रोड़ पर आने-जाने वाले लोगों को भय दिखाकर डरा-धमका रहा है। सूचना से पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल को अवगत कराया गया जो उन्होंने तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ पार्वतीपुर पहुंचे और आरोपी कामेश्वर सिंह पिता सुखसाय उम्र 24 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा जिसके कब्जे से लोहे का फरसा (तब्बल) को जप्त धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर महेश्वर सिंह, आरक्षक धनन्जय राजवाड़े व विक्रम सिंह सक्रिय रहे।
गुरुवार, 17 फ़रवरी 2022
‘सायबर की पाठशाला’ के माध्यम से नागरिकों को ठगी से बचाव के लिए दी जायेगी जानकारियां
सूरजपुर पुलिस की सायबर अपराध की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के लिए एक अभिनव पहल
सूरजपुर।वर्तमान समय में समाज में जैसे जैसे तकनीक का उपयोग दैनिक जीवन में बढ़ रहा है वैसे वैसे नये अपराध समाज में बढ़ रहे हैं। जिनमें आर्थिक और सामाजिक अपराध और उनमें कम्प्यूटर, मोबाइल व इंटरनेट का प्रयोग करके अपराधी प्रवृत्ति के लोग नागरिकों की जीवन भर की कमाई लूट रहे हैं। महिलाओं को परेशान करने व अपमानित करने के लिए भी असामजिक तत्व सोशल मिडिया का प्रयोग कर रहें हैं। फर्जी नंबरों से फोन काल, नकली बैंक अधिकारी बन लोन फ्राड, केवाईसी सत्यापन के नाम पर आनलाइन ठगी जैसे अपराध घटित हो रहे है। इन सभी अपराधों के मूल में पीड़ित की अज्ञानता अथवा लालच ही पहला चरण होता है। पुलिस तो अपराध विवेचना का काम करती है, परंतु सामान्य जन को भी नये तकनीक का इस्तेमाल करने में पर्याप्त सावधानी रखनी चाहिए जिससे वे ठगी का शिकार होने से बचे। इसी क्रम में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल की अभिकल्पना व मार्गदर्शन में सायबर सेल सूरजपुर पुलिस द्वारा ‘‘सायबर की पाठशाला’’ के नाम से सायबर जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है जिसमें नियमित अंतराल पर संदेश, पोस्टर, कार्यशाला व अन्य माध्यमों से जनसामान्य को सायबर से संबंधित विषयों पर जागरूक किया जाएगा, साथ ही थाना-चौकी की पुलिस साप्ताहिक बाजारों, स्कूलों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सायबर अपराध की जानकारी देगी ताकि नागरिकगण अधिक सक्षमता से तकनीक का इस्तेमाल कर सके व समाज में सायबर अपराधों में कमी आए।
24 घंटे के भीतर अपहरण मामले में नाबालिक बालिका को दस्तयाब कर आरोपी को किया गया गिरफ्तार थाना रामानुजनगर पुलिस की त्वरित कार्यवाही
सूरजपुर। दिनांक 16.02.2022 को थाना रामानुजनगर निवासी एक व्यक्ति ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसकी नाबालिक पुत्री 15 फरवरी की रात्रि में घर से बिना बताए कहीं चली गई है किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला फुसलाकर भगाकर ले गया है, प्रार्थी कि रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 41/22 धारा 363 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया। नाबालिक बालिका को भगाकर ले जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को गुमशुदा की पतासाजी कर दस्तयाब करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में प्रकरण की विवेचना की गई जो पुलिस टीम को नई तकनीकी व सूत्र के जरिये जानकारी मिली की नाबालिक लड़की जांजगीर-चाम्पा में है, जिसकी जानकारी से उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम जांजगीर-चाम्पा पहुंची और डभरा थाना क्षेत्र से आरोपी तिहारू राम बरेठ के कब्जे से नाबालिक बालिका को बरामद किया गया। पीड़िता से पूछताछ के उपरान्त प्रकरण में पृथक से धारा 366, 376(2)(ढ), 376(3) भादवि व पास्को एक्ट की धारा 6 जोड़ी जाकर आरोपी को विधिवत् गिरफ्तार किया गया। आरोपी नाबालिक अपहृता को जम्मू कश्मीर ले जाने की फिराक में था। इस कार्यवाही में एसआई सुनीता भारद्धाज, एएसआई बिसुनदेव पैंकरा, आरक्षक गणेश सिंह व सैनिक बाबुलाल सक्रिय रहे।
मंगलवार, 15 फ़रवरी 2022
छत्तीसगढ़ पुलिस की 'अभिव्यक्ति’ ऐप के उपयोग में सूरजपुर पुलिस द्वितीय स्थान पर
सूरजपुर। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। यूजर की लोकेशन के हिसाब से एसओएस बटन दबाते ही यूजर के पास त्वरित पुलिस सहायता पहुंचेगी। इसके अलावा इस एप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी अपनी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा पा रही है। महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों, कानूनी जानकारियों सहित कई महत्वपूर्ण जानकारी इस ऐप में दी गई है जिसकी उपयोगिता, शिकायत दर्ज कराने की सुविधा एवं फौरन पुलिस की सहायता पीड़ित को मिले इसके लिए पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सूरजपुर जिले में पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी व पुलिस कर्मचारियों के द्वारा व्यापक रूप से अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार-प्रसार एवं इसके उपयोगिता के बारे में स्कूली छात्राओं सहित महिलाओं को बताया जा रहा है। बीते दिन पुलिस मुख्यालय रायपुर के द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी जिले में अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग करने संबंधी डाटा निकाला था जिसमें सूरजपुर जिले को दूसरा स्थान हासिल हुआ है।
भारी मात्रा में नशीली दवाई के साथ 1 गिरफ्तार, थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही
- पकड़ा गया आरोपी चोरी के 2 मामलों में था संलिप्त, चोरी की सामग्री भी किया गया बरामद
सूरजपुर। अवैध कारोबार के विरूद्व पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कार्यवाही लगातार जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में सोमवार, 14 फरवरी को अपराध विवेचना एवं स्थाई वारंटी पतासाजी के दौरान थाना रामानुजनगर की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम पटना बाजार चौक के पास घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित मुनाजीर अंसारी पिता शेख मोहम्मद उम्र 30 वर्ष निवासी नारायणपुर को घेराबंदी कर पकड़ा जिसके कब्जे से रेक्सोजेसिक एम्पुल 20 नग, एविल इंजेक्शन 90 नग एवं लोपम इंजेक्शन 30 नग कीमत 2843 रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर अपराध क्रमांक 36/22 धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस एक्ट मामले में पकड़ा गया आरोपी मुनाजीर थाना रामानुजनगर में पंजीबद्ध चोरी के दो मामले अपराध क्रमांक 132/21 एवं 220/21 धारा 379 भादवि व 136 विद्युत अधिनियम में लोहे का एंगल एवं पावरग्रीड 400 केव्ही विद्युत टावर एंगल चोरी मामले में संलिप्त था जो पिछले 6 माह से फरार चल रहा था। चोरी के मामले में आरोपी मुनाजीर अंसारी के निशानदेही पर 9 पीस लोहे का एंगल, काले रंग का रोल पाईप (पानी) 9 मीटर कीमत 12 हजार रूपये का बरामद कर इस मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर विकेश तिवारी, एसआई सुनीता भारद्वाज, एएसआई विशुन देव पैकरा, माधव सिंह, आरक्षक रविशंकर साहू, रामसागर साहू,, मनीष साहू, देवान सिंह, संतोष ठाकुर, गणेश सिंह, अमलेश्वर सिंह, सैनिक दिनेश यादव, देवचंद पाण्डेय, मानसाय, अजीत सिंह व दिनेश यादव सक्रिय रहे।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।