सोमवार, 9 दिसंबर 2019

सूरजपुर पुलिस की चल रही पहाड़गांव फायरिंग रेंज में वार्षिक चांदमारी.........


सूरजपुर। जिला पुलिस सूरजपुर द्धारा रविवार को वार्षिक चांदमारी का आयोजन पहाड़गांव फायरिंग रेंज में किया। फायरिंग रेंज में चांदमारी हेतु पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा, जिले के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों सहित कई थाना-चैकी प्रभारी व पुलिस कर्मचारियों ने टारगेट पर निशाना लगाया। पुलिस के द्वारा हर साल इस चांदमारी का आयोजन किया जाता है। जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में फायरिंग रेंज स्थित है जहां 8 दिसम्बर से 17 दिसम्बर 2019 तक की यह चांदमारी चलेगी। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री कुकरेजा की उपस्थिति में चांदमारी का अभ्यास प्रारंभ हुई जिसमें पुलिस अधीक्षक ने भी निशाना साधा।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रकाश सोनी, मंजूलता बाज, राकेश पाटनवार, डीएसपी अजाक बालसाय केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुर्रे, थाना प्रभारी धर्मानंद शुक्ला, दीपक पासवान, कपिलदेव पाण्डेय, किशोर केंवट, के.पी.चौहान, रामसाय पैंकरा, एन.के.त्रिपाठी, जमाल फिरदौसी, ओ.पी.कुजूर, गोपाल धुर्वे, चौकी प्रभारी सुभाष कुजूर, सुनील सिंह, सरफराज फिरदौसी, जी.आर.चौहान, संजय गोस्वामी, सहित विभिन्न थाना-चौकी व रक्षित केन्द्र के पुलिस अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने अम्बिकापुर-बनारस मार्ग के दुर्घटनाजन्य स्थानों का लिया जायजा..........

संकेतक बोर्ड, रेडियम, रम्बल स्टीप लगाने दिए निर्देश......

सूरजपुर। जिले के राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्ग के दुर्घटनाजन्य स्थानों पर हादसेे रोकने हेतु ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के इंतेजाम सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से गत् दिवस पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने राजकीय राजमार्ग अम्बिकापुर-बनारस रोड़ के सोनगरा, जरही, कपसरा एवं घाटपेंडारी के दुर्घटनाजन्य स्थानों का जायजा लिया।
गत् दिवस पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा, जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या, यातायात प्रभारी आर.सी.राय एवं पीडब्ल्यूडी एसडीओ हर्षित साहू सहित संयुक्त टीम ने अम्बिकापुर-बनारस रोड़ का दौरा किया। इस दौरान टीम ने राजकीय राजमार्ग में चिन्हांकित उन ब्लैक स्पाॅट पर पहुंची, जहां पिछले 2 वर्षो में अधिक सड़क हादसे हुए। टीम ने अधिकांश जगहों पर पाया कि यहां साइन बोर्ड, लाइटिंग या स्पीड ब्रेकर नहीं होने की समस्याएं है।
पुलिस अधीक्षक ने इन दुर्घटनाजन्य स्थानों, घुमावदार मोड़ पर रेडियम एवं संकेतक बोर्ड लगाने के साथ ही रम्बल स्टीप लगाने के निर्देश दिए ताकि सड़क दुर्घटनाएं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को कहा है कि जिन स्थानों पर अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती है उन स्थानों पर हादसों को रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाए कराए जाए।


सूरजपुर पुलिस ने सुलझाई एनएच 43 कमलपुर के पास हुए अंधे कत्ल की गुत्थी.............

अवैध संबंध रही वारदात की वजह....

हत्या को एक्सीडेंट का स्परूप देने आरोपियों ने रची थी साजिश...

सूरजपुर। 3 दिसम्बर 2019 को ग्राम कमलपुर के सरपंच कौशल सिंह ने थाना सूरजपुर में उपस्थित होकर सूचना दिया कि 03 दिसम्बर की सुबह 7 बजे इसे जानकारी मिली कि सामतबहरी एनएच 43 सुरेन्द्र सिंह के खेत किनारे एक टेम्पो में किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट होकर गिरा मरा पड़ा है सूचना पर इसने सामतबहरी पहुंचकर देखा कि सुरेन्द्र के खेत किनारे एक काला रंग का बिना नंबर का टेम्पो खेत में उल्टा हुआ है उसके स्टेरिंग सीट में अज्ञात व्यक्ति उम्र करीब 35 वर्ष का दबा मरा पड़ा है जिसके माथे में चोट का निशान दिख रहा है और खून बहा है एवं टेम्पो का शीशा टूटा हुआ है सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर रवाना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा, एएसपी हरीश राठौर, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एफएसएल वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी कुलदीप कुजूर, फिंगर प्रिन्ट विशेषज्ञ डीएसपी लिनोश किस्पोट्टा एवं ट्रेकर डाग स्क्वार्ड की टीम मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के द्वारा शव पंचनामा कार्यवाही के दौरान मृतक के जेब से ड्राईविंग लायसेंस एवं घटना स्थल से एक विजिटिंग कार्ड मिला। ड्राईविंग लायसेंस की फोटो से मृतक की पहचान हुई कि वह सुभाषनगर चरचा, जिला कोरिया निवासी 31 वर्षीय तनवीर अहमद अंसारी पिता दाउद अंसारी है। मृतक के शव पंचनामा की कार्यवाही के बाद शव को पीएम हेतु जिला चिकित्सालय भेजते हुये मर्ग कायम कर जांच में लिया।

घटना स्थल निरीक्षण, जांच पंचनामा कार्यवाही एवं डाॅक्टर के द्वारा दिए गए शार्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु हत्यात्मक होना लेख किए जाने पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरूद्व अपराध क्रमांक 469/19 धारा 302, 201 भादवि के तहत् मामला पंजीबद्व करते हुए विवेचना की गई। 

घटना स्थल पर पाए गए परिस्थितिजन्य साक्ष्य एवं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने कोतवाली प्रभारी धर्मानंद शुक्ला को मामले से जुड़े सभी बिन्दुओं पर बारीकी से जांच कर जल्द मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

कोतवाली पुलिस मौके से पाए गए विजिटिंग कार्ड के आधार पर जिला कोरिया के चरचा पहुंची और सूफिया एण्ड हायात के संचालक महफूज आलम से घटना के संबंध में पूछताछ किये जाने पर यह तथ्य आया कि इसका रिश्ते का भांजा अमानत खान गढ़वा झारखण्ड से पकड़े का एक लगेज लेकर बस से सूरजपुर के लिए निकला है जो रात 10 बजे सूरजपुर बस स्टैण्ड पहुंचेगा उसी सामान को लेने के लिए मृतक तनवीर अहमद दिनांक 02/12/19 के शाम 6.00 बजे इससे 5 सौ रूपये लेकर सूरजपुर के लिए निकला था। मृतक तनवीर के पत्नी द्वारा महफूज आलत पर लगातार दबाव बनाती थी कि उसके पति तनवीर से छुटकारा दिलाए और उसे अपने साथ रखे। महफूज एवं मृतक की पत्नी अफसाना बानो अपने संबंधों को बनाए रखने के लिए मृतक को रास्ते से हटाने की योजना 1 माह पूर्व से बना रखे थे। बनाए गए योजना के अनुसार 2 दिसम्बर के रात्रि करीब 10-11 बजे के मध्य एनएच 43 ग्राम कमलपुर जो जिला सूरजपुर व कोरिया का बार्डर है वहां मृतक तनवीर को रोककर महफूज आलम एवं उसका मुहबोला भांजा अमानत खान के द्वारा अपने साथ लाए हुए हथौठे से तनवीर को चेहरे एवं सीने पर प्राणघातक हमला किए जिससे तनवीर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों ने टेम्पो के ड्राईवर सीट पर शव को डालकर हत्या की वारदात को एक्सीडेंट का स्वरूप देने के लिए सड़क के किनारे पलटा दिए। महफूज आलम के द्वारा टेम्पो के इंडीकेटर शीशा को पत्थर से मारकर फोड़ दिया गया।

पुलिस ने आरोपी महफूज आलम के निशानदेही पर एक लोहे का हथौड़ा, मृतक के पत्नी का मोबाईल जप्त किया साथ ही वारदात के वक्त दोनों आरोपियों के द्वारा पहने हुए पकड़े जिसमें खून के निशान लगे थे उसे जप्त किया है। जांच में इस बात की भी पुष्टि हुई कि आरोपी महफूज के द्वारा वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा को बैकुण्ठपुर से खरीदा था।

मामले के दोनों आरोपियों ने घटना स्थल पर हत्या को एक्सीडेंट का स्वरूप देने के लिए एनएच 43 पर मृतक के टेम्पो के ड्राईवर सीट में उसे डालकर सामने की ओर से आ रही वाहनों के सामने धकेला किन्तु सामने से आ रही वाहने साईड लेकर निकल जाती थी।

पुलिस ने प्रकरण में आरोपी महफूज आलम पिता मुस्तकीम अंसारी उम्र 36 वर्ष निवासी सुभाषनगर, थाना चरचा, जिला कोरिया, अमानत खान पिता मोहम्मद आजाद खान उम्र 28 वर्ष सा0 उचरी, थाना गढ़वा, जिला गढ़वा झारखण्ड एवं अफसाना बानो पति स्व. तनवीर अहमद अंसारी उम्र 26 वर्ष निवासी निवासी सुभाषनगर, थाना चरचा, जिला कोरिया के विरूद्व अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत् गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर धर्मानंद शुक्ला, एसआई हिम्मत सिंह शेखावत, अजहर उद्दीन, एएसआई गजपति मिर्रे, प्रधान आरक्षक धनेष्वर कुशवाहा, राहुल गुप्ता, सुरेन्द्र सिंह, रामनिवास तिवारी, आरक्षक चन्द्रप्रकाष साहू, बिहारी पाण्डेय, साईबर सेल के आरक्षक युवराज यादव एवं रौशन सिंह सक्रिय रहे।

बुधवार, 4 दिसंबर 2019

पुलिस अधीक्षक को कुम्हार समाज ने भेंट की मिट्टी से बने आकर्षक डिनर सेट................

सूरजपुर। कुम्हार समाज ने *पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा* को मिट्टी से बने आकर्षक *टी एवं डिनर सेट* भेंट किया। मंगलवार को कुम्हार समाज के अध्यक्ष कुलवंत राम प्रजापति, आनंद प्रजापति, गोपाल प्रजापति, सुखदेव प्रजापति की अगुवाई में जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर पहुंचकर *पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा* को मिट्टी से बने आकर्षक टी एवं डिनर सेट भेंट किया। मिट्टी से बने उन्दा किस्म के डिनर सेट को देखकर *पुलिस अधीक्षक ने कुम्हार समाज के इस कार्य की प्रशंसा की* और उनके आगामी कार्य योजना के बारे में जानकारी ली।
ज्ञात हो कि सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम तेलईकछार में माटी कला बोर्ड के द्वारा ताप भट्ठी निर्माण फैक्ट्री संचालित है यही से कुम्हार समाज के लोगों के द्वारा आकर्षक मिट्टी के बर्तन बना रहे है।
इस दौरान पत्रकार उपेन्द्र दुबे, चंचलेश श्रीवास्तव, ओंकार पाण्डेय, राजेश सोनी, अजय लाल व कुम्हार समाज के संजूराम प्रजापति, आनंद राम, बलवंत राम, महाबीर प्रजापति, भूखसाय, सुखेदव राम, रूपचंद, चेत नारायण, शेखचंद, अवध प्रजापति, सरजूराम, दरिना राम, गोपाल प्रजापति उपस्थित रहे।

शिक्षकों के साथ सामुहिक रूप से मारपीट के मामले में चांदनी पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार..........


सूरजपुर। गत् 2 दिसम्बर 2019 को ग्राम नवाटोला स्थित शासकीय हाईस्कूल के प्राचार्य अमृतलाल कंवर ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि सोमवार 2 दिसम्बर को रोज की भांती स्कूल समय में विद्यालय पहुंचा तो उसी समय गांव के श्याम कार्तिक यादव व अन्य लोगों के द्वारा शाला भवन में ताला बंद कर दिया गया था जिस पर इसने ताला को तोड़कर बच्चों को कक्षा में प्रवेश कराकर प्रार्थना सभा कराने के दौरान गावं के श्यामकार्तिक यादव, राधेश्याम यादव, रूपनारायण यादव, रामबरन यादव, राममिलन यादव, जवाहिर यादव एवं रामाशंकर यादव ने शाला में घुसकर बच्चों को जहर देकर मारने एवं ताला को तोड़ने की बात कहकर शासकीय कार्य में बांधा पहुंचाते हुए गाली-गलौज कर भृत्य सौरभ यादव को मारने लगे, बीच-बचाव करने पर सौरभ को छोड़कर इसे एवं सहायक शिक्षक मानिकचंद को मारपीट कर जमीन में गिरा दिए। मामले की रिपोर्ट पर थाना चांदनी में आरोपियों के विरूद्व धारा 147, 186, 353, 294, 506, 323 भादवि के तहत् मामला पंजीबद्व करते हुये थाना प्रभारी चांदनी उमाशंकर सिंह ने मामले की जानकारी से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराया जिस पर उन्होंने फौरन आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी चांदनी उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ ग्राम नवाटोला पहुंचे और आरोपीगण ग्राम नवाटोला निवासी 30 वर्षीय श्यामकार्तिक यादव पिता स्व. प्रहलाद, 33 वर्षीय राधेश्याम यादव पिता प्रहलाद, 28 वर्षीय रूपनारायण यादव पिता नान्हू, 35 वर्षीय रामबरन यादव पिता स्व. कमला, 50 वर्षीय राममिलन यादव पिता स्व. प्रहलाद, 31 वर्षीय जवाहिर यादव पिता रामकुमार एवं 27 वर्षीय रामाशंकर यादव पिता रामलखन को उनके गांव से घेराबंदी कर पकड़ा और विधिवत् गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि श्याम कार्तिक का पुत्र जो प्राथमिक शाला नवाटोला में पढ़ता है जिसके स्कूल बैग में संदेहास्पद स्थिति में बिस्कीट और सेब रखा हुआ मिला था जो बच्चे को नुकसान पहुंचाने की नियत से रखने की बात को लेकर आरोपियों ने शिक्षकों को अपना निशाना बनाया और उनके साथ मारपीट की गई।

शिक्षकों के साथ हुए मारपीट की घटना के बाद शिक्षकों एवं शिक्षक संघ में आक्रोश बढ़ने लगा साथ ही स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी इस मामले को लेकर धरना प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। शिक्षकों के साथ सामुहिक रूप से मारपीट किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए चांदनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के तत्काल बाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना में शामील आरोपियों को उनके गावं से घेराबंदी कर पकड़ा।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चांदनी उमाशंकर सिंह, एसआई शिप्रसाद सिंह, एएसआई विदवा राम यादव, आरक्षक सुनील सिंह, शैलेन्द्र सिंह व संत साहू सक्रिय रहे।

मंगलवार, 3 दिसंबर 2019

पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश............

स्कूल लगने एवं छुट्टी होने के दौरान पुलिस की होगी पैनी नजर

रात्रि के वक्त बस, ट्रेन व अन्य परिवहन साधनों की जा रही आकस्मिक चेकिंग

सूरजपुर। महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने, रात्रि के वक्त बस, ट्रेन व अन्य परिवहन साधनों का आकस्मिक चेकिंग करने, पुलिस कर्मियों को ड्यूटी आते एवं लौटते समय संदिग्धों पर नजर रखने के साथ ही किसी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना पर फौरन कार्यवाही करने और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ निपटने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है।
इसी परिपेक्ष्य में सोमवार 2 दिसम्बर को चौकी प्रभारी तारा राजेश तिवारी व उनकी पुलिस टीम ने शिवनगर स्थित दिव्य दीप हाईस्कूल एवं तारा के हायर सेकेण्डरी स्कूल के लगने एवं छुट्टी होने के दौरान स्कूली बच्चों के आने-जाने का ब्यौरा लिया और बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने की समझाईश दी। तारा पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के आने-जाने वाले ऐसे स्थान जो सुनसान होते है उन्हें चिन्हांकित कर ऐसे स्थानों पर पेट्रोलिंग कर रही है। रात्रि के वक्त बस स्टापेज पर बस व अन्य सवारी वाहनों की आकस्मिक चेकिंग करते हुए जिले की पुलिस ड्यूटी आने एवं वापस लौटते समय संदिग्धों पर पैनी नजर बनाए हुए है।

रविवार, 1 दिसंबर 2019

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने कलेक्ट्रेट परिसर नामांकल स्थल का लिया जायजा........

 नामांकन स्थल के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों को दिए सर्तकतापूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश..

सूरजपुर। सूरजपुर जिले में निकायों के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 30 नवम्बर से शुरू हो गई है जो 6 दिसम्बर तक चलेगी। शनिवार 30 नवम्बर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने कलेक्ट्रेट परिसर एवं उप तहसील पिलखा विश्रामपुर के नामांकन प्रक्रिया एवं सुरक्षा प्रबंध में लगे पुलिस बल का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्थित नामांकन स्थलों का निरीक्षण कर कई दिशा-निर्देश दिए। नगरीय निकाय चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया जिले में 5 स्थानों पर कलेक्ट्रेट परिसर सूरजपुर, एसडीएम कार्यालय प्रतापपुर, उप तहसील पिलखा (विश्रामपुर), नगर पंचायत जरही एवं उप तहसील भटगांव में होना है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंध ड्यूटी हेतु पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक नामांकन स्थल पर पुलिस राजपत्रित अधिकारियों सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है। कलेक्ट्रेट परिसर के नामांकन स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने तहसीलदार नंदजी पाण्डेय सहित नामांकन कार्य लगे अधिकारियों को चुनाव आयोग की गाईड लाईन के मुताबिक समस्त प्रक्रिया सम्पादित कराने के निर्देश दिए। 
पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थी के द्वारा दाखिल किए जाने वाले नामांकन की प्रक्रिया में लगने वाले समय के बारे में कलेक्ट्रेट के नामांकन स्थल पर मौजूद तहसीलदार से जानकारी ली और नामांकन संबंधी दिशा-निर्देश के पटल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों नामांकन स्थलों के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए उन्हें सर्तकता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, रक्षित निरीक्षक सतीश धुर्वे, थाना प्रभारी सूरजपुर धर्मानंद शुक्ला, डीएसबी प्रभारी संजय सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

एएसपी हरीश राठौर ने किया सखी वन स्टाप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण............



सूरजपुर। स्थानीय शिवपार्क सूरजपुर के पास महिला बाल विकास विभाग के अन्तर्गत संचालित सखी वन स्टाप सेंटर जो जिला कार्यक्रम अधिकारी की देखरेख में संचालित है। जहां पीड़ित, दिमागी हालत ठीक न होने वाले, आश्रय विहिन महिलाओं व बालिकाओं को कानूनी परामर्श, चिकित्सा सहायता, आश्रय उपलब्ध कराने का कार्य किया जाता है। इस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने दिए थे जिसके परिपेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने शुक्रवार 29 नवम्बर को सखी वन स्टाप सेंटर सूरजपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया एवं सखी वन स्टाप सेंटर के प्रभारी व केन्द्र प्रशासक विनिता सिन्हा से सेंटर में कार्यरत् अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यो की जानकारी ली। 

सखी वन स्टाप सेंटर में पीड़ित बालिकाएं, महिलाओं की शिकायत आने पर विस्तार पूर्वक अध्ययन कर उन्हें आवश्यकतानुसार कानूनी परामर्श, चिकित्सा, आश्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, कोई महिला जिसके पास रहने का कोई आश्रय नहीं है उन्हें आत्मनिर्भर बनाने एवं आश्रय हेतु स्वधार केन्द्र या नारी निकेतन अम्बिकापुर भेजा जाता है। सखी वन स्टाप सेंटर में 24 घण्टे चालू रहने वाले महिला हेल्प लाईन नंबर 181 पर कोई भी पीड़ित महिला इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है जिससे विधिसम्मत निराकरण किया जा सके। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान एएसपी श्री राठौर ने सखी वन स्टाप सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सूचित करने हेतु कहा।

इस दौरान एसआई रश्मि सिंह, सखी वन स्टाप सेंटर के प्रभारी व केन्द्र प्रशासक विनिता सिन्हा, एएसआई मंजू सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी इन्द्रा चैबे, पैनल अधिवक्ता रितु सोनवानी, पैरालिगल वालेटियर आशा सिंह, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता ममता गुप्ता, महिला आरक्षक उषा राजवाड़े, केश वर्कर साबरिंन फातिमा, कविता मण्डल, बरखा बैरागी, महिला नगर सैनिक अमृता उपस्थित रहे।

चोरी के 1 लाख कीमत के सबमर्सिबल पम्प सहित 2 गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्यवाही........


सूरजपुर। 30 नवम्बर को ग्राम देवनगर निवासी राजस्व निरीक्षक मोहम्मद इसराईल पिता नबी जान ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसके कल्याणपुर स्थित बाड़ी से 25 नवम्बर 2019 के रात्रि में गांव के राकेश एवं अर्जुन ने सौर उर्जा से चलने वाले सबमर्सिबल पम्प को चोरी कर लिए है रिपोर्ट थाना सूरजपुर में धारा 379, 34 के तहत् मामला पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। मामले की जानकारी से थाना प्रभारी धर्मानंद शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराया जिस पर उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

कोतवाली प्रभारी के निर्देश पर एसआई अजहरूद्धीन पुलिस टीम के साथ तत्काल ग्राम देवनगर पहुंचे और आरोपी राकेश पनिका एवं अर्जुन पनिका को उनके गांव में घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि दोनों साथ में मिलकर 25 तारीख की रात्रि में राजस्व निरीक्षक इसराईल के कल्याणपुर स्थित बाड़ी से सबमर्सिबल पम्प को चोरी कर पम्प को राकेश के घर में छुपाकर रखा गया है। पुलिस टीम ने इनके निशानदेही पर चोरी हुए सौर उर्जा से चलने वाले सबमर्सिबल पम्प कीमत 1 लाख रूपये को बरामद करते हुये आरोपी राकेश पनिका पिता सोनसाय उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम देवनगर एवं अर्जुन पनिका पिता विष्णु प्रसाद उम्र 22 वर्ष ग्राम देवनगर, थाना सूरजपुर को विधिवत् गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर धर्मानंद शुक्ला, एसआई अजहर उद्धीन, प्रधान आरक्षक बिसुनदेव पैंकरा, सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक रामकुमार नायक, कैलाश यादव एवं रावेन्द्र पाल सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 29 नवंबर 2019

कंदरई के साप्ताहिक बाजार पहुंची अंजोर रथ............

कई जानकारियों से अवगत करा लोगों को किया गया जागरूक

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में जिले के थाना-चौकी के दुरस्थ अंचलों सहित शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन अंजोर रथ के माध्यम से लोगों को विभिन्न जानकारियों से अवगत कराकर जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरूवार को अंजोर रथ जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदरई के साप्ताहिक बाजार पहुंचकर लोगों को वर्तमान परिदृश्य में हो रहे धोखाधड़ी से सावधान रहने, यातायात के नियमों का पालन करने, संदिग्ध व्यक्तियों के गांव में आने पर उसकी सूचना पुलिस को देने, अवैध कारोबार करने वालों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने सहित कई अन्य जानकारियों से लोगों को अवगत कराया गया।
इस दौरान थाना प्रभारी जयनगर दीपक पासवान, एएसआई देवनाथ चौधरी, राजाराम राठिया सहित अन्य पुलिस कर्मचारीगण मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।