रविवार, 18 नवंबर 2018

सूरजपुर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुआ मतदान दल




सूरजपु‌र। विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान 20 नवम्बर को होना है जिसके लिये सूरजपुर जिले के प्रेमनगर, भटगांव एवं प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के 297 दूरस्थ मतदान केन्द्रों के मतदान दल को रविवार 18 नवम्बर को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के साथ रवाना किया गया। 
आज स्ट्रांग रूम आईटीआई पतरापारा में मतदान दल एवं मतदान केन्द्र में लगे सुरक्षाकर्मी के रवानगी के दौरान कलेक्टर सूरजपुर श्री के.सी.देवसेनापति, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल, डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय के द्वारा इसकी निगरानी एवं जायजा लिया जाता रहा।
दूरस्थ मतदान केन्द्र जहां पर कनेक्टिविटी कमजोर है उन मतदान केन्द्रों पर वायरलेस सेट लगाने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के द्वारा दिये गये थे जिसके तहत् पुलिस दूरसंचार के द्वारा चिन्हांकित मतदान केन्द्रों पर वायरलेस सेट लगाये जा रहे है ताकि सूचना त्वरित गति से आदान-प्रदान की जा सके।

शुक्रवार, 16 नवंबर 2018

सूरजपुर पुलिस द्वारा सशस्त्र पुलिस संग जब किया फ्लैगमार्च तो....








पुलिस ने ‍दिया संदेश * हमारा उद्देश्य सरल, सुगम एवं सुघ्घर मतदान *

सूरजपुर।आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक व निर्विध्न सम्पन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सूरजपुर पुलिस के द्वारा नगर सहित जिले के थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा सशस्त्र पुलिस बल के साथ फ्लैगमार्च निकाला गया।
विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, चुनाव निर्विध्न सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिले के थाना व चौकी प्रभारियों को उनके क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी हेतु आए हुए केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ नगर एवं ग्रामों में पैदल एवं वाहन से सशस्त्र फ्लैग मार्च करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने दिए थे।
शुक्रवार 16 नवम्बर को सूरजपुर जिले के थाना चौकी प्रभारियों के द्वारा केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ नगर एवं ग्राम में पैदल एवं वाहन से सशस्त्र फ्लैग मार्च कर आमजन में सुरक्षा का संदेश दिया गया एवं आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने का आव्हान किया गया। चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारी लगातार चल रही है। मतदान केन्द्र से लेकर ग्रामों में अपराधिक गतिविधियों में शामिल आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। बार्डर में लगातार नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

शुक्रवार, 9 नवंबर 2018

पुलिस ने विधान सभा चुनाव शांतिपूर्वक, निर्विध्न एवं निष्पक्ष कराने फारेस्ट व होमगार्ड के जवानों को दिया प्रशिक्षण



सूरजपुर ।आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान केन्द्र की सुरक्षा, मतदान दल के साथ सुरक्षा हेतु लगे अधिकारी/कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देने एवं चुनाव शांतिपूर्वक, निर्विध्न एवं निष्पक्ष कराये जाने हेतु प्रशिक्षण व कार्यशाला का आयोजन करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने दिए थे।उक्त निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर के द्वारा जिले में कार्यरत् फारेस्ट व होमगार्ड के जवानों का एक दिवसीय चुनाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार 9 नवम्बर को रक्षित केन्द्र सूरजपुर में किया गया।
           इस दौरान एएसपी श्रीमती मेघा टेंभुरकर ने फारेस्ट एवं होमगार्ड के जवानों को मतदान दल के साथ बेहतर समन्वय बनाकर चुनाव ड्यूटी करने, दुरस्थ क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान विशेष सावधानियां बरतने, पीठासीन अधिकारी के साथ स्ट्रांग रूम से ईव्हीएम मशीन प्राप्त करने से लेकर चुनाव पूर्ण होने एवं वापस ईव्हीएम मशीन रिर्टर्निंग आफिसर को लौटाने तक सर्तक रहकर ड्यूटी करने, मतदान पार्टी को सुरक्षित मतदान केन्द्र तक ले जाने, मतदान केन्द्र पहुंचने की सूचना एवं मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक घण्टे की खैरियत रिपोर्ट देने, चुनाव ड्यूटी के दौरान परिचय पत्र अनिवार्य रूप से रखने, पीठासीन अधिकारी के वैधानिक आदेशों का पालन कर उन्हें कर्तव्य निर्वहन में पूर्ण सहयोग प्रदान करने, मतदान के दिन निष्पक्ष एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित कराने, मतदान के लिये आने वाले सभी जन सामान्य के साथ नम्र तथा शिष्ट व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी श्रीमती टेंभुरकर ने विशेष रूप से कहा कि मतदान केन्द्र में किसी प्रकार की आकस्मिक परिस्थितियां निर्मित होती है तो तत्काल मोबाईल अथवा वायरलेस सेट के माध्यम से सीधे निकटतम पेट्रोलिंग पार्टी अथवा संबंधित थाना/चौकी को सूचना दें।प्रशिक्षण कार्यशाला में पुलिस के अधिकारियों ने अपना एवं जिले के थाना/चौकी प्रभारियों के मोबाईल नंबर की जानकारी फारेस्ट एवं होमगार्ड के जवानों को नोट करवाया ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी होने पर तत्काल अवगत करा सके।
इस दौरान सीएसपी डी.के.सिंह, डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी एवं एसडीओपी सूरजपुर मनोज धु्रव, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पोर्ते, यातायात प्रभारी आर.सी.राय सहित फारेस्ट एवं होमगार्ड के 200 से अधिक जवान उपस्थित रहे।

रविवार, 4 नवंबर 2018

सूरजपुर पुलिस की सक्रियता ने मासूम बच्चे को पहुंचाया उसके परिजन तक


सूरजपुर।रविवार 4 नवम्बर को सूरजपुर जिले के तारा चौकी की पुलिस ग्राम साल्ही तरफ ग्राम भ्रमण पर निकली थी कि साल्ही तिराहा जंगल में एक 2-3 वर्ष का बालक रोते हुये लावारिश हालत में घूमते मिला जिसे पुलिस ने अपने साथ चौकी तारा लाया।लावारिश हालत में बच्चा मिलने की सूचना चौकी प्रभारी तारा प्रमोद पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर को दिया जिस पर उन्होंने बच्चे की फोटो सहित जानकारी सोशल मिडिया एवं सूरजपुर पुलिस के सभी ग्रुप में शेयर करने एवं चौकी क्षेत्र में बच्चे के परिजन की तलाश करने के निर्देश दिये। 
चौकी तारा पुलिस के द्वारा लावारिश बच्चे के संबंध में आसपास क्षेत्र में पतासाजी करने के दौरान जानकारी मिली कि बच्चे के परिजन अडानी रेलवे साईडिंग में लेबर का काम करते है, पुलिस लावारिश बच्चे को लेकर रेलवे साईडिंग गई वहां बच्चा अपनी माॅ सविता को देखकर पहचान लिया और उसके पास चला गया। गुम हुए बच्चे का नाम शंकर पिता महेश भुईया निवासी चंदरपुर जिला बलरामपुर का है पुलिस की पूरी तस्दीक उपरान्त बच्चे को उसकी माॅ के सुपुर्द किया। 
पुलिस की इस सक्रियता से बच्चे को उसके परिजनों तक सकुशल पहुंचाए जाने पर बच्चे के परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।इस दौरान चौकी प्रभारी तारा प्रमोद पाण्डेय, आरक्षक मनोज जायसवाल एवं विक्रम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाली वाहन की गई जप्त

सूरजपुर पुलिस की कार्यवाही


यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले सवारी वाहन चालकों पर होगी कार्यवाही

सूरजपुर।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने जिले के थाना/ चौकी एवं यातायात प्रभारी को यातायात नियमों का उल्लघंन करने वालों, बिना नंबर, ओव्हर लोड, दो पहिया वाहन में तीन सवारी, बिना दस्तावेज एवं बिना डाईविंग लायसेंस के वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे।
शनिवार 3 नवम्बर को डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय सूरजपुर से अम्बिकापुर शासकीय कार्य से जा रही थी तभी सेवाकुंज बाईपास के पास सवारी जीप वाहन क्रमांक सीजी 16/8124 के चालक के द्वारा क्षमता से अधिक करीब 15 लोगों को वाहन में बैठाकर ले जा रहा था जिसे डीएसपी श्रीमती पाण्डेय ने रोका और चालक से वाहन के दस्तावेज की मांग किया, वाहन चालक के द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर यातायात प्रभारी आर.सी.राय को तत्काल मौके पर बुलाया और विधिवत् कार्यवाही करने के निर्देश दिए। यातायात प्रभारी के द्वारा जीप क्रमांक सीजी 16/8124 को जप्त कर चालक के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही किया है जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

346 वाहन चालकों पर एम.व्ही.एक्ट के तहत् कर 76 हजार रूपये वसूल की गई समन शुल्क।

शनिवार 3 नवम्बर को सूरजपुर जिले के थाना/चौकी व यातायात पुलिस के द्वारा यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले के 346 वाहन चालकों के विरूद्व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही कर 76 हजार रूपये समन शुल्क अर्जित किया है।

शनिवार, 3 नवंबर 2018

9 जुआड़ियों पर हुई जुआ एक्ट के तहत् कार्यवाही, 4 हजार 935 रूपये जप्त

सूरजपुर।बसदेई चौकी क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सिरसी निवासी संजय कुशवाहा व अन्य 2 लोगों को हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेलते पाये जाने पर पुलिस ने उनके पास से 835 रूपये जप्त किया है। वहीं जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर में गांव के ही देवगुन व अन्य 2 लोगों को जुआ खेलते पाये जाने पर उनके पास से 3560 रूपये एवं भटगावं थाना क्षेत्र के ग्राम अनरोखा निवासी मिथलेश सोनपाकर व अन्य 2 लोगों को गांव में ही हारजीत का दाव लगाकर जुआ खेलते पाये जाने पर पुलिस ने उनके पास से 540 रूपये जप्त कर सभी के विरूद्व धारा 13 जुआ एक्ट के तहत् मामला पंजीबद्ध किया है।

शुक्रवार, 2 नवंबर 2018

सूरजपुर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनार्इ लौहपुरूष की जयंती




सूरजपुर । जिले के समस्त थाना, चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय व अन्य कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलाए जाने के निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने दिए थे। 
देश को एकता एवं अखंडता के सूत्र में बांधने वाले भारत में लौहपुरूष के नाम से चर्चित सरदार वल्लभ भार्इ पटेल का जयंती समारोह बुधवार 31 अक्टूबर को पुलिस लार्इन सूरजपुर में एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों ने जहां उनकी तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी और नमन किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर ने पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलाया और देश की एकता अखंडता बनाए रखने हेतु कहा। इसके पहले एएसपी श्रीमती टेंभुरकर ने परेड का निरीक्षण कर जवानों को राष्ट्रीय एकता दिवस की महत्ता से अवगत कराया और कहा कि देश उनके समर्पण भाव और राष्ट्रीय एकता के लिये उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकता। 
इसके अलावा सूरजपुर जिले के थाना/चौकी में पदस्थ अधिकारी, कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय एकता दिवस का संकल्प दिलाया गया। 
इस दौरान डीएसपी मुख्यालय निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी सूरजपुर मनोज धु्रव, डीएसपी लार्इन प्रकाश सोनी, रक्षित निरीक्षक भुपेन्द्र सिंह कुर्रे सहित पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
















गुरुवार, 1 नवंबर 2018

प्रतापपुर पुलिस के हत्थे चढ़े 12 जुआड़ी, 17 हजार 750 रूपये जप्त

सूरजपुर/प्रतापपुर।बुधवार 31 अक्टूबर को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम कदमपारा में कुछ जुआड़ी रूपये पैसों का दाव लगाकर जुआ खेल रहे है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल को अवगत कराए जाने पर तत्काल रेड कार्यवाही करने हेतु थाना प्रतापपुर प्रभारी को निर्देशित किया गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर व एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना प्रतापपुर की पुलिस टीम मुखबीर के बताये अनुसार ग्राम कदमपारा पहुंची जहां रूपये पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलते ग्राम कदमपारा निवासी रामफल अग्रवाल व अन्य 11 लोगों को पकड़ा गया जिनके कब्जे से 15 हजार 750 रूपये जप्त कर सभी के विरूद्ध जुआ एक्ट के तहत् कार्यवाही किया गया।



सोमवार, 29 अक्टूबर 2018

सूरजपुर पुलिस ने जरूरत मंद बच्चों को वितरित किए गर्म कपड़े


सूरजपुर।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने जिले के थाना/चौकी प्रभारियों को बेहतर पुलिसिंग के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के कार्य भी करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर व सीएसपी डी.के.सिंह के मार्गदर्शन मे‌ं चौकी करंजी प्रभारी  राजेश तिवारी व उनके पुलिस स्टाफ के द्वारा शीत ऋतु (ठंड) की शुरूआत होने पर गर्म कपड़ों का लोगों के सहयोग से एकत्र कर सोमवार 29 अक्टूबर को करंजी गांव के जरूरत मंद 25 बच्चों में गर्म कपड़ा वितरित कर सामाजिक सरोकार का कार्य किया है जिसका आमजन के द्वारा प्रशंसा की जा रही है।

सूरजपुर पुलिस ने 5 लोगों से 17 लीटर महुआ शराब किया जप्त

सूरजपुर ।सूरजपुर पुलिस ने अवैध शराब बनाकर बेचने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में गत् दिवस पुलिस ने स्थानीय नवापारा निवासी सुनील सिंह के पास से 3 लीटर महुआ शराब जप्त किया है, इसके अलावा चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पहिया निवासी अशोक पासवान से 3 लीटर, चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के ग्राम पलमा निवासी अर्जुन पैंकरा से 4 लीटर, भैयाथान थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सतनगर निवासी बसंत लाल यादव से 4 लीटर एवं प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी छोटेलाल साहू के पास से 3 लीटर महुआ शराब जिसकी कुल कीमत 1850 रूपये को जप्त कर पुलिस ने पांचों के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत् कार्यवाही की गई।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।