शुक्रवार, 9 सितंबर 2022

कोयला चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, चौकी खड़गवां पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। बीते दिनों चौकी खड़गवां की पुलिस ने ग्राम पम्पापुर में चोरी का कोयला सहित 2 ट्रक, 1 पिकअप व 1 ट्रेक्टर वाहन पकडते हुए 40 टन कोयला कीमत 2 लाख का रूपये को जप्त कर धारा 41(1-4)जा.फौ./379 भादस के तहत कार्यवाही की गई थी, आरोपी चालकगण अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने मामले में आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश चौकी प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चौकी खड़गवां की पुलिस आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर प्रकरण में संलिप्त आरोपी नारायण अग्रवाल उर्फ डाकू पिता रोशन लाल अग्रवाल उम्र 40 वर्ष निवासी प्रतापपुर, सलीम खान उर्फ सोनू पिता अमानुल्लाह उम्र 30 वर्ष साकिन प्रतापपुर एवं राजेश्वर पिता मंगलसाय उम्र 36 वर्ष निवासी चौरा, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी खड़गवां संजय सिंह, प्रधान आरक्षक शिवलोचन पैंकरा, संजय यादव, आरक्षक श्याम सिंह, विमल तिर्की, संजीव कुजूर सक्रिय रहे।

गुरुवार, 8 सितंबर 2022

पीढ़ा में थाना सूरजपुर पुलिस ने लगाया जन चौपाल, मौके पर ही किया शिकायतों का निराकरण।

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जनता और पुलिस के बीच की दूरियों को कम करने, ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण मौके पर हो इसलिए गांव-गांव में पुलिस जन चौपाल का आयोजन करने एवं छत्तीसगढ़ शासन के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को अवगत करा लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है। इसी तारतम्य में गुरूवार को थाना सूरजपुर की पुलिस ने ग्राम पीढ़ा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया। ग्राम सरपंच की मौजूदगी पुलिस के द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और स्वच्छ वातावरण में मौके पर ही शिकायतों का निराकरण किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने पुलिस से संवाद स्थापित कर कानूनी प्रावधान के बारे में जानकारी हासिल किया। पुलिस के द्वारा ग्रामीणों को साइबर क्राईम एवं उससे बचाव, ऑनलाईन फ्राड, यातायात के नियमों की जानकारी देकर उसका पालन करने कहा। महिलाओं की सुरक्षा संबंधी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में बताया।

चौपाल में पुलिस ने छत्तीसगढ़ शासन के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में दी जानकारी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौपाल में एएसआई रघुवंश सिंह ने छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराते हुए योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, पौनी पसारी योजना, छत्तीसगढ़ सार्वभौम पीडीएस, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, प्राकृतिक आपदा क्षतिपूर्ति योजना के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों से योजना से जुडे़ लाभ के बारे में चर्चा किया। अवैध कारोबार व नशे के विरूद्ध सूरजपुर पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे अभियान में अवैध कार्यो में लिप्त लोगों की सूचना देने की अपील किया। इस अवसर पर एएसआई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक हरेन्द्र सिंह, इसित बेहरा सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। 

बुधवार, 7 सितंबर 2022

आमगांव खुली खदान से चोरी किए गए 9 टन कोयला सहित 1 आरोपी गिरफ्तार, थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। दिनांक 07.09.22 को आमगांव कोयला खदान के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक पवन शर्मा ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि आमगांव खुली खदान में कोयला उत्खनन कर भण्डारण किया गया है, बीते 6 सितम्बर के रात्रि में अज्ञात व्यक्ति के द्वारा खदान से करीब 9 टन कोयला को चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर धारा 379 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी को कोयला चोर की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चोरों की पतासाजी की जा रही थी इसी बीच मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम साल्ही निवासी बादल लकड़ा ओपन कास्ट खदान आमगांव से कोयला चोरी कर अपने घर में रखा है जिसके बाद पुलिस ने उसे तलब कर हिकमत अमली से पूछताछ करने पर खदान कोयला चोरी करना स्वीकार कर बताया कि चोरी किए कोयले को घर में छुपाकर रखा है। पुलिस ने विधिवत् आरोपी के निशानदेही पर चोरी का 9 टन कोयला कीमत 90 हजार रूपये को जप्त कर आरोपी बाल लकड़ा पिता सिंगर साय उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम साल्ही, थाना रामानुजनगर को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, एसआई मनीप्रसाद राजवाड़े, प्रधान आरक्षक हंसराम कनेडिया, आरक्षक रूपदेव सिंह, सैनिक देवचंद पाण्डेय, रजनीश पटेल व मानसाय सिंह सक्रिय रहे। 

चोरी के मामले में फरार 1 आरोपी को चौकी बसदेई पुलिस ने किया गिरफ्तार


सूरजपुर। बीते वर्ष ग्राम बांसापारा निवासी विजय साहू के घर से 28.09.21 के दरम्यानी रात्रि में तथा ग्राम लोधिमा निवासी हरिशचंद्र राजवाड़े के घर से दिनांक 04.10.21 को रात्रि में सेंध माकर आरोपी सुखलाल लास्कर, मोहन रवि एवं हीरूलाल निवासी नरेशपुर के द्वारा नगदी 40 हजार रूपये एवं सोने चांदी के जेवरात एवं बर्तन सहित अन्य वस्तु की चोरी किया गया था, दोनों मामलों की रिपोर्ट पर चोरी का मामला पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण में आरोपी सुखलाल, मोहन रवि को पकड़ा गया। चोरी की नगदी रकम से खरीदी गई मोटर सायकल, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामग्री जप्त करते हुए दोनों आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था। वहीं आरोपी हीरूलाल वारदात के बाद से फरार था। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने चोरी के मामले में फरार आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश चौकी प्रभारी को दिया था। चौकी बसदेई की पुलिस फरार आरोपी की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी हीरूलाल पिता स्व. ललुआ उम्र 32 वर्ष निवासी नरेशपुर को ग्राम तुलसी में घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर उसने चोरी की घटना को अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई बृजेश यादव, एएसआई मानिक दास, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, आरक्षक देवदत्त दुबे, सुरेश साहू, विश्वजीत सिंह व निलेश जायसवाल सक्रिय रहे।

चोरी की मोटर सायकल सहित 1 गिरफ्तार, चौकी लटोरी पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। दिनांक 06.09.22 को ग्राम परसवारकला, थाना राजपुर निवासी हीरालाल ने चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 4 सितम्बर को अपने हीरो स्पेण्डर मोटर सायकल को खदान के अंदर बना मोटर सायकल स्टैण्ड में खड़ा करके ड्यूटी पर गया था जब वापस आया तो देखा कि मोटर सायकल वहां नहीं था किसी अज्ञात चोर के द्वारा चोरी कर लिया गया है, प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 379 भा.दं.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। चोरी की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने चौकी प्रभारी को अज्ञात चोर की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में चौकी लटोरी की पुलिस अज्ञात चोर की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम कसलगिरी निवासी तेजू राम राजवाड़े चोरी की मोटर सायकल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलने के फौरन बाद तेजू राम राजवाड़े पिता स्व. मनी राम राजवाड़े उम्र 26 वर्ष निवासी कसलगिरी, थाना जयनगर को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने मोटर सायकल को चोरी कर घर में छिपाकर रखना बताया जिसके निशानदेही पर चोरी की मोटर सायकल कीमत करीब 20 हजार रूपये को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लटोरी धनंजय पाठक, प्रधान आरक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक नंदकिशोर राजवाड़े, अम्बिका मरावी, ललन सिंह, शिव राजवाड़े व शोभनाथ कुशवाहा सक्रिय रहे।

थाना सूरजपुर पुलिस ने 2 ईंट भट्ठों में दबिश देकर चोरी का 140 टन कोयला किया जप्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। बीते 6 सितम्बर को एसईसीएल रेहर भूमिगत खदान गेतरा के खान प्रबंधक ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 17 अगस्त से खान प्रबंधक के पद पर कार्यरत् है, दिनांक 18.08.22 से 29.08.22 तक अलग-अलग तिथियों में करीब 110 टन कोयला को अज्ञात चोरों के द्वारा रेहर भूमिगत खदान के परिसर में घुसकर खदान के कोल स्टाक से चोरी कर ले गए। इसके पूर्व भी अज्ञात चोरों द्वारा खदान परिसर में घुसकर करीब 50 टन कोयले की भी चोरी की गई है, रिपोर्ट पर धारा 379 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी को कोयला चोरों के बारे में जानकारी खंगालते हुए उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी सूरजपुर गीता वाघवानी के मार्गदर्शन में चोरों की पतासाजी की जा रही थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर थाना सूरजपुर की पुलिस ने ग्राम सतपता निवासी ईंट भट्ठा संचालक दीपक यादव के मानी ईंट भट्ठा से 40 टन कोयला एवं सूरजपुर निवासी शिवकुमार अग्रवाल के ईंट भट्ठा से 100 टन कोयला कुल 140 टन कोयला कीमत करीब 206500/- रूपये को रेहर खदान से चोरी किया हुआ कोयला होने की अंदेशा एवं कोयला के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, एसआई गजपति मिर्रे, प्रधान आरक्षक ऐसन पाल, इसित बेहरा, आरक्षक सत्यम सिंह सक्रिय रहे। 

मंगलवार, 6 सितंबर 2022

महिला चोर गिरोह का प्रेमनगर पुलिस ने किया भांडाफोड, 6 महिला आरोपी गिरफ्तार। चोरी की सोने की मुहर किया बरामद।

सूरजपुर। ग्राम सुमेरपुर रामानुजनगर निवासी फुलबसिया ने थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना दिया कि 5 सितम्बर को बस से अपने घर जाते समय बस में भीड़ था उसके अगल-बगल में करीब 5-6 महिलाएं खड़ी थी जैसे ही प्रेमनगर साप्ताहिक बाजार के पास बस रूकी उसी समय बगल में खड़ी महिलाओं में से एक महिला ने इसके पहने हुए सोने के 2 मोहरों को चोरी कर लिया और बस से उतर कर भागने लगी, हल्ला करने पर ग्रामीणों के सहयोग से उस महिला को पकड़ा गया। मामले की सूचना पर पाकर थाना प्रेमनगर की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और पकड़े गए महिला राधा गिरी पति शिवप्रसाद उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा से बारीकी से पूछताछ किया। पूछताछ पर आरोपी महिला ने बताया कि समूह में एक साथ 5-6 महिलाएं निकलती है और भीड़-भाड़ वाले स्थान में सोने-चांदी के जेवर पहने लोगों पर इनकी निगाहे रहती है, बस में सफर अथवा बाजार में भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर धक्का मुक्का कर ध्यान भटकाकर चोरी कर वहां से फरार हो जाते है। पूर्व योजना के मुताबिक जो चोरी करता है उसके पकड़े जाने पर समूह की महिलाएं उसे बचाने के लिए वहां पहुंच जाती है जिससे चोरी की वस्तु को छिपाने का मौका मिल जाता है। चोरी की इस वारदात को अपने 5 महिला साथियों के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी को चोर गिरोह के महिला सदस्यों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोने की मार्गदर्शन में मौके पर पहुंची थाना प्रेमनगर की पुलिस ने इस चोरी के मामले में संलिप्त आरोपी सोनिया पति कृष्ण गिरी उम्र 20 वर्ष, कौशल्या पिता कलेशर गिरी उम्र 25 वर्ष, धर्मी पति अनिल गिरी उम्र 21 वर्ष, रतनी पति राजकपूर गिरी उम्र 25 वर्ष एवं अंजली पति मनोज गिरी उम्र 21 वर्ष सभी निवासी ग्राम कोनकोना, थाना बांगो, जिला कोरबा को साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी की 2 सोने की मोहर कीमत करीब 50 हजार रूपये का जप्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर विपिन लकड़ा, एसआई निर्मल प्रसाद राजवाड़े, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी वर्मा, आरक्षक बेचू सोलंकी, चंद्रकांत बिजनेर, सोहन सिंह, महिला आरक्षक सविता साहू व सिंधू कुजूर सक्रिय रहे। 

आमगांव खदान से कोयला चोरी मामले में 8 व्यक्ति गिरफ्तार, थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही। 60 हजार रूपये के 6.5 टन चोरी का कोयला बरामद।


सूरजपुर। बीते 5 सितम्बर 2022 को आमगांव कोयला खदान के सुरक्षा प्रभारी पवन शर्मा ने थाना रामानुजनगर में लिखित आवेदन दिया कि आमगांव खुली खदान में वर्तमान में कोयला उत्खनन कर भण्डारण कर परिवहन का कार्य जारी है, दिनांक 03.09.22 के रात्रि में अज्ञात ग्रामीणों के द्वारा खदान में भण्डारण किए गए कोयला में से करीब 6 टन कोयला को चोरी कर ले गए है। रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के विरूद्ध धारा 379, 34 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने कोयला चोरों की पतासाजी करते हुए जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर की पुलिस ने कोयला चोरों की पतासाजी करने के दौरान मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम साल्ही के जय कुमार साहू अपने साथियों के साथ ओपन कास्ट खदान आमगांव से कोयला चोरी कर अपने घर में रखे है। जय कुमार साहू को तलब कर हिकमत अमली से पूछताछ करने पर अपने साथी सूरज यादव, भुनेश्वर, धर्मजीत, देवसाय, लक्ष्मण, कमल साय व श्रवण कुमार के साथ मिलकर कोयला चोरी कर अपने-अपने घर में छुपा कर रखना बताया। पुलिस टीम ने तहसीलदार संजय राठौर व एसईसीएल प्रबंधन की मौजूदगी में विधिवत् आरोपियों के निशानदेही पर 6.5 टन कोयला कीमत 60 हजार रूपये व परिवहन में प्रयुक्त 7 नग सायकल जप्त किया है। मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
                पुलिस ने खदान से कोयला चोरी करने वाले ग्राम साल्ही खालपारा निवासी जय कुमार साहू पिता राजू साहू उम्र 32 वर्ष, सूरज यादव पिता कुसूम साय बरगाह उम्र 23 वर्ष, ग्राम आमगांव निवासी भुनेश्वर पिता समन उम्र 25 वर्ष, धर्मजीत तिर्की पिता शिवबालक तिर्की उम्र 20 वर्ष, देवसाय पिता मोहर साय उम्र 40 वर्ष, लक्ष्मण तिर्की पिता प्रदीप तिर्की उम्र 24 वर्ष, कमल साय पिता स्व भानसाय उम्र 50 वर्ष एवं श्रवण कुमार पिता स्व. दुलार साय उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, एसआई मनिप्रसाद राजवाड़े, एएसआई बिसुनदेव पैंकरा, माधव सिंह, चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर देवनाथ चौधरी, प्रधान आरक्षक हंसराम कनेडिया, आरक्षक रूपदेव सिंह, चन्द्रकुमार साहू, सैनिक बाबुलाल, मानसाय व नरेन्द्र साहू सक्रिय रहे।

सूरजपुर पुलिस सड़क दुर्घटना रोकने सुरक्षात्मक उपाय को लेकर है गंभीर, ब्लैक स्पॉट पर बढ़ाए जाएंगे सुरक्षात्मक उपाए


सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ दुर्घटनाजनित स्थानों पर व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के साथ ही संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना होने वाले ब्लैक स्पॉट को चिन्हांकित कर प्रभावी सुरक्षात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए थे। यातायात प्रभारी इस दिशा में सक्रियता दिखाते हुए सड़क दुर्घटना रोकने के जरूरी कार्य सुनिश्चित करवाने में डटे हुए है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात प्रभारी, आरटीओ एवं एनएचआई के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ब्लैक स्पॉट का भ्रमण कर उन्हें चिन्हांकित करते हुए सुगम यातायात व दुर्घटना से बचाव के उपायों को अमल में लाने अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

यहां जरूरी है सुरक्षात्मक उपाए

सड़क दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद यातायात प्रभारी, आरटीओ व एनएच के अधिकारियों ने कई चिन्हित ब्लैक स्पॉट के अलावा अन्य ऐसे स्थानों को भी देखा, जहां आए दिन हादसे होते हैं। यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यप, एनएचआई एसडीओ एस.के.शेखर की संयुक्त टीम ने जयनगर थाना मोड़, पार्वतीपुर, पार्वतीपुर हनुमान मंदिर मोड़ का जायजा लिया। इन स्थानों पर सांकेतिक चिन्ह, रबल स्ट्रीप एवं सहायक मार्ग पर ब्रेकर की आवश्यकता पाई गई है, इन स्थानों पर सुरक्षात्मक उपाए को जल्द पूर्ण कराने हेतु कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

सोमवार, 5 सितंबर 2022

रात में अचानक निकले पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू, थानों का किया आकस्मिक निरीक्षण

  • अधिकतर पुलिस कर्मी मिले मौजूद, लापरवाह जवानों को किया जायेगा दण्डित
  • रात्रि गश्त में लापरवाही बरती गई, तो सीधे तौर पर थाना प्रभारी होंगे जिम्मेवार
  • पुलिस का चेक रोल कॉल बजने के बाद फौरन थाना पहुंचे पुलिस जवान

सूरजपुर। रविवार की देर रात पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू अचानक शहर में निकले। शहरी सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। उनके द्वारा रात्रि में थाना सूरजपुर, अजाक, विश्रामपुर एवं पुलिस लाईन का आकस्मिक निरीक्षण कर रात्रि गश्त का ब्यौरा लिया। आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए अधिकारी व जवानों को सजगता के साथ रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को कड़े स्वर में कहा कि रात्रि के समय विपरीत परिस्थिति अथवा घटना-दुर्घटना होने पर रिस्पांश टाईम में पुलिस मौके पर पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए।
            इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रात के समय में आने वाले पीड़ितों की हरसंभव मदद करें, उन्होंने रात्रि गश्त पर विशेष जोर दिया। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजन एवं समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी शिकायतों पर तत्काल विधि संगत कार्रवाई करते हुए उन्हें राहत दिए जाने, इस व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने कहा। पुलिस थानों में किसी भी शिकायत अथवा घटना की जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी के साथ किए जाए। औचक निरीक्षण करने निकले पुलिस अधीक्षक द्धारा कहीं भी रात्रि गश्त में कोई कमी नहीं पाई और जवानों को रात्रि गश्त पूर्ण निष्ठा व सजगता से करने हेतु उनका मनोबल बढ़ाया।

रात्रि गश्त में लापरवाही बरती गई, तो सीधे तौर पर थाना प्रभारी होंगे जिम्मेवार

सभी थाना-चौकी प्रभारियों को राउंड द क्लॉक रात्रि गश्त करने, रात में अधिकारी व जवानों को ड्यूटी पर लगाने की जवाबदेही थाना प्रभारी की है। रात्रि गश्त में लापरवाही हुई, तो सीधे तौर पर थाना-चौकी प्रभारी जिम्मेवार होंगे। पुलिस अधीक्षक ने रात्रि में आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए लगातार रात्रि गश्त तेज करने का निर्देश दिया।

पुलिस का चेक रोल कॉल बजने के बाद फौरन थाना पहुंचे पुलिस जवान

पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सजगता को परखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार की रात्रि में जिले के थाना-चौकी व पुलिस लाईन में चेक रोल कॉल किया गया। चेक रोल कॉल बजने के बाद थाना एवं थाना परिसर के आसपास रहने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सजगता के साथ तत्परतापूर्वक फौरन थाने पहुंचे, जिन जवानों ने लापरवाही बरती है उन्हें दंडित किया जायेगा।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।