गुरुवार, 5 सितंबर 2019

जिले से स्थानान्तरित हुए पुलिस अधिकारियों की दी गई विदाई


सूरजपुर: जिले में पदस्थ सीएसपी डी.के.सिंह का स्थानान्तरण डीएसपी आपरेशन जिला बलरामपुर, एसडीओपी सूरजपुर मनोज ध्रुव का स्थानान्तरण एसडीओपी कोंटा जिला सुकमा एवं एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी का स्थानान्तरण एसडीओपी अम्बिकापुर में होने पर सूरजपुर पुलिस परिवार के द्वारा बुधवार 05 सितम्बर को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। किन्हीं कारणों से पूर्व सीएसपी डी.के.सिंह. उपस्थित नहीं हुए जिन्हें इस मंच से विदाई दी गई।
विदाई समारोह में प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री डी.आर.आंचला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने जिले से विदा ले रहे तीनों अधिकारियों के कार्यकाल के बारे में बताते हुए कहा कि जिले से स्थानान्तरण पर विदा हो रहे तीनों अधिकारियों ने अपने कार्यो को बेहतर रूप से किया, सौपें गए कार्यो को सदैव 100 प्रतिशत करने में जुटे रहे जिससे कई सफलताए भी मिली, जिले की पुलिस टीम भावना के साथ कार्य कर रही है इसमें आप सभी का सराहनीय योगदान रहा। जिले से स्थानांतरित हो रहे अधिकारियों के स्वस्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
जिले से स्थानान्तरण पर विदा हो रहे एसडीओपी सूरजपुर मनोज ध्रुव व एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी ने कहा कि जिले में कार्य के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला, स्थानान्तरण तो एक प्रक्रिया है जिससे सभी को गुजरना पड़ता है। जिले में किए गये कार्यो के अनुभवों को साझा किया। समारोह में सूरजपुर पुलिस परिवार ने एसडीओपी मनोज ध्रुव व चंचल तिवारी को विदाई समारोह मानस पटल पर अक्षुण्ण रखने स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार, डीएसपी रामश्रृंगार यादव, डीएसपी अजाक बालसाय केरकेट्टा, जिले के थाना-चैकी प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

एसडीओपी ने ली ज्वेलर्स संचालकों की बैठक.......

अच्छी क्वालिटी के सीसीटीव्ही कैमरा लगाने दी हिदायत

प्रतिष्ठानों में कार्यरत् व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने को कहा

सूरजपुर: जिले के ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा के उपकरण की उपलब्धता एवं सुरक्षा के प्रति उन्हें जागरूक करने हेतु प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री डी.आर.आंचला ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों को ज्वेलरी शाॅप के संचालकों की बैठक लिए जाने के निर्देश दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में गुरूवार 05 सितम्बर को एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार ने प्रतापपुर क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले ज्वेलरी दुकानों के संचालकों की बैठक थाना परिसर ली। बैठक में एसडीओपी राकेश पाटनवार ने ज्वेलर्स दुकान के संचालकों को उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। एसडीओपी श्री पाटनवार ने ज्वेलर्स संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में अच्छी क्वालिटी के सीसीटीव्ही कैमरा लगाने हेतु कहा। उन्होंने संचालकों को दुकान के बाहर एवं सड़क की ओर फोकस कर सीसीटीव्ही कैमरा लगाने की हिदायत दी। जिन जगहों पर 2-3 ज्वेलर्स शाप है उन्हें मिलकर सुरक्षा गार्ड रखने, दुकान में सेन्ट्रल लाॅक लगाने, नकली सोना बेचने वालों से सावधान रहने तथा संदिग्ध व्यक्ति के द्वारा ज्वेलरी बेचने हेतु आने पर उसकी सूचना पुलिस को देने, कैश एवं ज्वेलरी परिवहन के दौरान सतर्कता बरतने की समझाईश दी।
एसडीओपी प्रतापपुर ने ज्वेलरी संचालकों को कहा कि अपने प्रतिष्ठानों में आटोमेटिक लाॅक लगाए ताकि कोई भी दुकान में दाखिज होता है तो दरवाजे खुद लाॅक हो जाए। उन्होंने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने की समझाईश दी गई।
इस दौरान थाना प्रभारी प्रतापपुर के.पी.चैहान सहित प्रतापपुर के ज्वेलरी दुकानों के संचालकगण उपस्थित रहे।

मंगलवार, 3 सितंबर 2019

सूरजपुर के नए सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु ने किया पदभार ग्रहण..........

सूरजपुर। सूरजपुर के नए सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। 03 सितम्बर को प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री डी.आर.आंचला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर से मुलाकात कर श्री भारतेन्दु ने कार्यभार ग्रहण किया। सीएसपी श्री भारतेन्दु इसके पूर्व पुलिस मुख्यालय के सीआईडी, एसडीओपी रामानुजगंज, धमतरी, नारायणपुर में पदस्थ रहे।

नशे के कारोबारियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाए, पुलिस करेगी सख्त कार्यवाही.................

सूरजपुर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों की ली बैठक

सूरजपुर। अवैध नशीली दवाईयों के सेवन एवं खरीद-बिक्री को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में मेडिकल स्टोर संचालकों की बैठक ली और नशीली दवाओं की बिक्री से दूर रहने की सलाह दी। एएसपी श्री राठौर ने क्षेत्र में नशीली दवाईयों के जरिए किए जा रहे नशे को रोकने के लिए संचालकों से सहयोग की अपील की। मेडिकल संचालकों ने कहा कि हम मेडिकल स्टोर संचालक खुद नशे के खिलाफ है, ऐसे लोग जो नशा करते है या उन्हें नशे की सामग्री उपलब्ध कराते है उनके विरूद्व कार्यवाही में पुलिस को हर संभव सहयोग करने की बात कही। इस दौरान एएसपी हरीश राठौर ने कहा कि नशीली दवाओं के सेवन से युवाओं का भविष्य चैपट होता है, नशा करने वाला व्यक्ति अपना एवं अपने परिवार को सिवाय परेशानी के कुछ नहीं देता। पुलिस नशे के विरूद्व कार्यवाही हेतु तत्पर है, पुलिस तक ऐसे लोगों की सूचना दे ताकि नशीली दवा बेचने वालों के विरूद्व सख्त कार्यवाही की जा सके। 
बैठक में नवपदस्थ सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु का मेडिकल स्टोर संचालकों से परिचय कराया। बैठक में नवपदस्थ सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, ड्रग इंस्पेक्टर जयप्रकाश शर्मा, थाना प्रभारी सूरजपुर विकेश तिवारी सहित सूरजपुर, विश्रामपुर, जयनगर के मेडिकल स्टोर संचालकगण उपस्थित रहे।

सोमवार, 2 सितंबर 2019

पण्डोनगर में महिला की सड़ी-गली नग्न अवस्था में मिली थी लाश..........

मामले का जयनगर पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी ने गला रेतकर किया था युवती की हत्या

एक आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। गत् 03 अगस्त 2019 को जयनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पण्डोनगर के एफसीआई गोदाम के पास एक अज्ञात महिला का सड़ा गला शव नग्न अवस्था में मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा बाद शव को पीएम हेतु भेजा। मर्ग कायमी के बाद से ही जयनगर पुलिस लगातार जांच में लगी हुई थी। अज्ञात महिला के शव का शिनाख्ती के लिए जिला इस्तहार, व्हाट्सएप एवं समाचार पत्रों के माध्यम से पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा था इसी दौरान थाना बतौली, जिला सरगुजा में कायम गुम इंसान क्रमांक 16/19 की जांच बतौली पुलिस द्वारा की जा रही थी जिसके आधार पर गुम इंसान रीना कुमारी के माता-पिता को तलब कर घटना स्थल से प्राप्त कपड़े को दिखाया गया जो देखकर पहचान कर कपड़े को रीना का होना बताया। डाॅक्टर से प्राप्त पीएम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु हत्यात्मक प्रकृति लेख किए जाने पर जयनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्व अपराध क्रमांक 215/19 धारा 302, 201 भादवि का पंजीबद्व किया गया।
बतौली पुलिस के जांच के दौरान सलमान खान के साथ 19 वर्षीय रीना कुमारी को देखा गया था जिसके आधार पर जयनगर पुलिस ने सलमान खान को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो वह अपना जुर्म कबूल कर बताया कि रीना सोनवानी के साथ पिछले ढ़ाई माह से जान पहचान था। 27 जुलाई को भोर में रीना अपने सहेलियों के साथ कैलाश गुफा जल चढ़ाने गई थी उसी दौरान रीना ने सलमान को मोबाईल से सूचना देकर बतौली आने को कहा तब सलमान अपने मोटर सायकल से बतौली गया और 28 जुलाई को रात में दोनों बतौली में साथ रूके थे, भोर में रीना को अपने मोटर सायकल में बैठाकर कैलाश गुफा ले गया, जल चढ़ाने के बाद 29 जुलाई को उसे अपने मोटर सायकल में बैठाकर अम्बिकापुर ले आया इसके बाद उसे सिलफिली के पण्डोनगर में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। रीना के द्वारा शादी करने की बात बोले जाने पर सलमान नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद होने लगा इसी दौरान आरोपी सलमान ने चाकू से रीना का गला रेतकर हत्या कर दिया और चाकू को घटना स्थल के पास झाड़ी में छिपाया है। आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू को घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों के पास से बरामद किया गया। आरोपी सलमान खान उर्फ सोनू पिता मुबारक खान उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, चैकी मणीपुर, थाना कोतवाली अम्बिकापुर के विरूद्व अपराध घटित करना सबूत पाए जाने पर विधिवत् गिरफ्तार किया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर दीपक पासवान, एसआई विनित पाण्डेय, सुनीता भारद्वाज, एएसआई नवलकिशोर दुबे, राजाराम राठिया, आरक्षक दीपक दुबे, ललन सिंह, रवि पाण्डेय, जितेन्द्र सिंह, राजूरंजन सोनी एवं कृष्णा सिंह सक्रिय रहे।

शनिवार, 31 अगस्त 2019

निगरानी व गुण्डा बदमाशों को पुलिस ने दी अपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के सख्त हिदायत...........


 
सूरजपुर। आगामी गणेश चर्तुथी एवं दशहरा पर्व को दृष्टिगत् रखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु निगरानी व गुण्डा बदमाश को सख्त हिदायत देने के निर्देश प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री डी.आर.आंचला ने राजपत्रित अधिकारियों को दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में प्रभारी सीएसपी मंजूलता बाज ने शनिवार 31 अगस्त को अनुविभाग सूरजपुर के थाना सूरजपुर, विश्रामपुर, जयनगर, चौकी बसदेई, करंजी व लटोरी क्षेत्र केे निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों को कोतवाली सूरजपुर में तलब किया और उनको आगामी त्यौहार के मद्देनजर समझाईश दी कि समाज से मुख्य धारा से जुड़कर जीवन यापन करें, साथ ही चेतावनी भी दी कि किसी प्रकार के आपराधिक प्रकरण में संलिप्त न रहे, संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
प्रभारी सीएसपी सूरजपुर मंजूलता बाज द्वारा एक-एक कर सभी निगरानी व गुण्डा बदमाशों के पूर्व आपराधिक इतिहास एवं वर्तमान में इनकी अपराधों में सक्रियता तथा इनके जीविका उपार्जन के साधनों की जानकारी ली और उन्हें सख्त हिदायत दी कि आपराधिक गतिविधि में संलिप्ता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। सुश्री बाज ने थाना प्रभारियों को बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए है। इस दौरान उपस्थित एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के द्वारा भी बदमाशों को सुधरने की समझाईस देकर चेतावनी दी गई।
इस दौरान एसआई गणेश राम चैहान, हिम्मत सिंह शेखावत, प्रधान आरक्षक हंसराम कनेडिया, कुसुमकांता सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।

थाना-चौकी प्रभारियों ने शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की....




सूरजपुर - आगामी गणेश चतुर्थी एवं मोहर्रम त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने थाना-चौकी प्रभारियों ने शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री डी.आर.आंचला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में जिले के थाना-चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने थाना-चौकी में गणेश पूजा समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस मित्र, पंच-सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक ली। इस दौरान पुलिस ने गणेश पूजा, मुहर्रम त्यौहार शांतिपूर्वक मनाने, एक-दूसरे के प्रति धार्मिक सौहार्द बनाए रखने, गणेश विसर्जन के दौरान नशे से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने गणमान्य नागरिकों से अपील की है इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के आने-जाने की सूचना पुलिस को तत्काल देने दें।

बुधवार, 28 अगस्त 2019

स्कूली वाहनों में सुरक्षा के उपकरण रखे मौजूद अन्यथा होगी सख्त कार्यवाही.............


सूरजपुर। स्कूली बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों हेतु माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा गाईड लाईन निर्धारित किया गया है। गाईड लाईन का पालन स्कूल बस के संचालकों एवं स्कूली बस चालकों के द्वारा की जा रही है अथवा नहीं यह सुनिश्चित कराने मंगलवार 27 अगस्त को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर की अध्यक्षता में जिला परिवहन अधिकारी अतुल अतइया की उपस्थिति में जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई। जिसमें साधुराम विद्या मंदिर, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, सहित कई स्कूल के संचालक एवं स्कूली वाहन चलाने वाले वाहन चालकगण उपस्थित रहे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने स्कूल संचालकों से उनके स्कूल में संचालित स्कूल बसों एवं स्कूली वाहनों लगे सुरक्षा उपकरण की जानकारी ली। स्कूल संचालक एवं वाहन चालकों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के गाईड लाईन का कड़ाई से पालन करने की समझईश दी। उन्होंने स्कूली वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने, वाहन में स्पीड गवर्नर, सीसीटीव्ही कैमरा, फस्टेड बाक्स, फायर सेफ्टी, सहित अन्य उपकरण लगाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में आटो चालक भी उपस्थित थे जिन्हें क्षमता से अधिक सवारी व सवारी वाहन में माल नहीं ढोने, सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहनों को खड़ा न करने की समझाईश दी। उन्होंने स्कूली बसों हेतु जारी गाईड लाईन का पालन नहीं किए जाने पर पुलिस एवं परिवहन विभाग के द्वारा आगामी दिनों में नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने की बात कही।
इस दौरान यातायात प्रभारी रमेश चंद्र राय, एसआई परवीन धुर्वे, प्रधान आरक्षक बालमुकुन्द पाण्डेय, आरक्षक मोरिस खाखा सहित स्कूल एवं आटो चालकगण उपस्थित रहे।

मंगलवार, 27 अगस्त 2019

महिला सेल व कोतवाली पुलिस ने स्कूली छात्राओं की सुरक्षा का लिया जायजा...............


सूरजपुर। महिला एवं बालिकाओं के विरूद्व होने वाले अपराधों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में मंगलवार को महिला सेल एवं कोतवाली पुलिस की टीम ने नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्राओं की छुट्टी होने के दौरान महिला पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी सिविल डेस में छात्राओं से चर्चा करते नजर आए। 
इस दौरान पुलिस ने छात्राओं से आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के बारे में पूछा तथा छात्राओं को कहा कि आपके आने-जाने के दौरान कोई परेशानी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें साथ ही दूसरों पर किसी प्रकार का कोई अपराध होने पर भी पुलिस को अवगत करावें। आपकी सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्यवाही करेंगी। 
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने बताया कि बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सजग है। कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी स्कूल लगने एवं छुट्टी होने के दौरान लगातार पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए हुए है साथ ही स्कूलों के बाहर एवं कई स्थानों पर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को सादे डेस में तैनात किया गया है। 
इस दौरान कोतवाली प्रभारी विकेश तिवारी, एसआई हिम्मत सिंह शेखावत, एएसआई मंजू सिंह, महिला आरक्षक उर्मिला राजवाड़े, अगाथा लकड़ा, आरक्षक शिवेन्द्र सिंह परिहार सहित अन्य पुलिस कर्मचारीगण सक्रिय रहे।

गुरुवार, 22 अगस्त 2019

थाना विश्रामपुर चाईल्ड फ्रेन्डली पुलिस स्टेशन घोषित..........



सूरजपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिले में चार थाने विश्रामपुर, प्रतापपुर, झिलमिली व रामानुजनगर को बाल हितैषी थाना (चाईल्ड फे्न्डली पुलिस स्टेशन) घोषित किया है। जिसके तहत थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिलदेव पाण्डेय के द्वारा थाना के दीवारों पर आकर्षक रंग रोगन, ब्लून, पोस्टर व ज्ञानवर्धन कलाकृति बनवाया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने बताया कि जिले में चार थाने को चाईल्ड फे्न्डली पुलिस स्टेशन घोषित किया गया है जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं वातावरण निर्मित करना है ताकि बच्चों के मन का संकोच दूर हो, किशोर बालक-बालिका अपनी मन की बात पुलिस को सरलता से व्यक्त कर सके। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में स्कूली छात्र-छात्राओं को चाईल्ड फे्न्डली पुलिस स्टेशनों का भ्रमण किराया जाएगा और उन्हें पुलिस थाने के कार्यो की जानकारी दी जाएगी।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।