शनिवार, 12 जनवरी 2019
शुक्रवार, 11 जनवरी 2019
चांदनी बिहारपुर में हुये चोरी का खुलासा पुलिस ने किया
* 5 आरोपियों से 01 किलो चांदी के जेवरात व 8 हजार रूपये नगद किया बरामद
* सभी आरोपीगण जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश के है निवासी
सूरजपुर।पिछले वर्ष 13 सितम्बर को बिहारपुर चांदनी निवासी राजेन्द्र सिंह थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 13 सितम्बर 2018 की दरम्यिानी रात अज्ञात चारों द्वारा दिवाल फांद कर घर के दरवाजा को खोलकर आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात, एक आईटेल कंपनी का मोबाईल एवं 60 हजार रूपये नगदी समेत 665100 रूपये का चोरी कर ले गये जिसकी रिपोर्ट पर थाना चांदनी में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्व अपराध क्रमांक 51/18 धारा 457, 380 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया।
वनाचंल क्षेत्र में बड़ी चोरी की घटना के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करने, मुखबीर तंत्र सक्रिय कर जानकारी हासिल करने एवं बार्डर क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों से पूछताछ करने के निर्देश दिये थे। चांदनी की पुलिस टीम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर एवं एसडीओपी ओड़गी डाॅ. धुर्वेश जायसवाल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जांच पतासाजी कर रही थी इसी बीच थाना बैढन, जिला सिंगरौली (म.प्र.) में भी 10-12 स्थानों पर लगातार चोरी होने से दोनों स्थानों की पुलिस टीम संयुक्त रूप से अज्ञात चोर का पता तलाश किया जा रहा था।
बैढन पुलिस द्वारा अपने क्षेत्र में हुये आपराधिक प्रकरण में आरोपी ग्राम बुधेला, थाना बैढन निवासी 30 वर्षीय रामकुमार बसोर उर्फ मझला पिता शंलाल बसोर, 34 वर्षीय गोविन्द बसोर उर्फ सेठ पिता रामप्रसाद बसोर, ग्राम लमीदह, थाना सरई निवासी 28 वर्षीय सिपाही लाल उर्फ रामवृक्ष पिता जनकलाल बसोर, 34 वर्षीय बहादूर बसोर पिता जनकलाल बसोर एवं ग्राम बरहवाटोला, थाना बरगवा जिला सिंगरौली निवासी 35 वर्षीय रामजम बसोर पिता रामधारी बसोर को पकड़ा जिनसे पूछताछ के दौरान उक्त आरोपीगण द्वारा चांदनी क्षेत्र में चोरी करना स्वीकार किये जिसकी सूचना थाना प्रभारी चांदनी को दी गई। जिस पर चांदनी पुलिस ने माननीय न्यायालय सूरजपुर से प्रोडक्शन वारंट जारी कराकर आरोपियों को न्यायालय के पेश कर पुलिस रिमाण्ड लेकर आरोपीगणों से पूछताछ करने पर उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किये एवं चोरी किये गये सोने के आभूषणों को गजरा बहरा, जिला सिंगरौली के बाजार के साप्ताहिक बाजार में बिक्री करना एवं बेचे गये रकम से कुछ चांदी के आभूषण खरीदना बताये जिसे घरों में छिपाकर रखना बताये। पुलिस टीम आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के अनुसार आरोपीगणों से चांदी के आभूषण लगभग 01 किलो तथा नगदी रकम 8 हजार रूपये बरामद कर जप्ती कार्यवाही कर पुलिस ने आरोपीगणों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। मामले में जप्ती चोरी गये मशरूका में से 44 हजार 6 सौ 40 रूपये वाजाप्ता सुमार किया है।
इस कार्यवाही में एसडीओपी ओडगी डाॅ. धुर्वेश जायसवाल के नेतृत्व में थाना प्रभारी चांदनी विकेश तिवारी, एसआई एस.पी.सिंह, प्रधान आरक्षक रामलगन, आरक्षक महेन्द्र तिवारी, राम सिंह, निर्मल राजवाड़े एवं अशोक कुजूर सक्रिय रहे।
थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही : 5 हजार कीमत के 1 टन कोयले के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर।गत् 10 जनवरी को नवपदस्थ थाना प्रभारी रामानुजनगर दीपक भारद्वाज को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम साल्ही आमगांव एसईसीएल खदान की ओर से एक सफेद रंग का महेन्द्रा पीकप वाहन में अवैध रूप से कोयला भरकर गणेशपुर की ओर ले जा रहा है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल को अवगत कराए जाने पर एसपी श्री जायसवाल ने तत्काल नाकाबंदी करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंभुरकर व एसडीओपी प्रेमनगर चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामानुजनगर पुलिस टीम के साथ ग्राम छिन्दिया चौक के पास घेराबंदी किया गया जो मुखबीर के बताये अनुसार पीकप वाहन को रुकवाकर तलाशी लिये जाने पर पीकप वाहन क्रमांक सीजी 15 डीबी 4002 में 1 टन कोयला लोड होना पाया वाहन चालक से पूछताछ करने पर अपना नाम रामजीत सिंह पिता अमोल सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पवनपुर, थाना रामानुजनगर को होना बताया जिससे कोयला के संबंध में दस्तावेज की मांग किये जाने पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। वाहन चालक से कड़ाई से पूछताछ करने पर वह बताया कि साल्ही आमगांव एसईसीएल खदान की ओर से ईंट के लिये कोयला ले जाना बताया जिसके विरूद्ध धारा 41(1-4) जा.फौ. 379 भादवि के तहत् कार्यवाही करते हुये 1 टन कोयला कीमत 5 हजार रूपये एवं पीकप वाहन विधिवत् जप्त किया गया एवं वाहन चालक रामजीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर दीपक भारद्वाज, एएसआई हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक अकरम मोहम्मद, गणेश सिंह, रामेश्वर एवं जगनायक सक्रिय रहे।
गुरुवार, 10 जनवरी 2019
उमेश्वरपुर में खुलेगी पुलिस चौकी, ग्रामीणों की मांग पर एसपी ने दिलाया भरोसा
* प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश
*एसपी पहुंचे उमेश्वरपुर ग्रामीणों व छात्र/छात्राओं से की मुलाकात।
सूरजपुर।उमेश्वरपुर की भौगोलिक स्थिति व प्रेमनगर व रामानुजनगर थाने से दूरी को ध्यान में रखते हुये उमेश्वरपुर में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना के लिये जरूरत महसूस की जा रही है इसके लिये पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने साकारात्मक पहल की है। गुरूवार को जिले के पुलिस अधीक्षक जी.एस.जायसवाल प्रेमनगर ब्लाक के दुरस्थ अंचल ग्राम उमेश्वरपुर के दौरे पर पहुंचे थे जहां ग्राामीणों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और अपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते हुये ग्रामीणों से कहा कि गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधियों की जानकारी लगने पर तत्काल नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें, उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिले की पुलिस आपकी सुरक्षा के लिये है इस बात को ध्यान में रखते हुये पुलिस की मदद् के लिये सामने आंए ताकि अपराधों पर रोकथाम लगाई जा सके। इस दौरान ग्रामीणों ने रामानुजनगर व प्रेमनगर थाने से उमेश्वरपुर की दूरी को इंगित करते हुए उमेश्वरपुर में चौकी खोले जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पुलिस चौकी के लिये तत्काल में भवन भी उपलब्ध है ग्रामीणों के अनुसार यहां नया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण कराया गया है जिससे पुराना भवन खाली है जिसका उपयोग पुलिस चौकी हेतु किया जा सकता है। जिस पर पुलिस अधीक्षक जी.एस.जायसवाल ने गंभीरता से लेते हुये तत्काल इसके लिये पहल करने का न केवल भरोसा दिलाया है बल्कि प्र्रेमनगर एसडीओपी चंचल तिवारी को इसके लिये तत्काल प्रस्ताव भेजने को कहा है। ग्रामीणों से मुलाकात के बाद पुलिस अधीक्षक श्री जायसवाल उमेश्वरपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर छात्र/छात्राओं से मुलाकात कर स्मार्ट पुलिसिंग के तहत् कराए जा रहे निबंध प्रतियोगिता की जानकारी देते हुये इसमें बढ़-चढकर हिस्सा लेने का आव्हान किया, उन्होंने इस मौके पर छात्र/छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिये प्रेरित किया और कहा कि पूरी तन्मयता से अपने भविष्य के प्रति ध्यान रखें इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सामुदायिक पुलिसिंग के लिए छात्र/छात्राओं से सुझाव भी मांगे।
कोतवाली एवं विश्रामपुर पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था दुरस्त करवाई
सूरजपुर/ कोतवाली। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल निर्देशानुसार नवपदस्थ कोतवाली प्रभारी ए.टोप्पो के द्वारा पदभार ग्रहण कर नगर की यातायात व्यवस्था दुरस्त कराने नगर का भ्रमण किया। कोतवाली प्रभारी ने भैयाथान रोड़, बस स्टैण्ड एवं गोलू स्वीट्स के सामने खड़े अव्यवस्थित वाहनों को दुरूस्त कराया और वाहन चालकों को सड़क पर वाहन न खड़े करने की कड़ी हिदायत दी। बस स्टैण्ड के सड़क किनारे खड़े टैक्सी चालकों को निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने, आम नागरिकगण जो वाहन में सफर करते है उनसे शालिनतापूर्वक व्यवहार करने, बस स्टैण्ड से रवाना होने पर भीड़-भाड़ वाले स्थान पर वाहनों को अनावश्यक खड़ा न करने की समझाईश दी गई।
* स्कूल लगने के समय अनावश्यक घुमने वाले लड़कों को दी सख्त समझाईश
सूरजपुर/विश्रामपुर ।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के द्वारा बेहतर यातायात व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश थाना प्रभारियों एवं यातायात प्रभारी को दिए थे ताकि आम नागरिकगण को सफर के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसी परिप्रेक्ष्य में गुरूवार 10 जनवरी को नवपदस्थ थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिल देव पाण्डेय के द्वारा पुलिस टीम के साथ विश्रामपुर बस स्टैण्ड में अव्यवस्थित रूप से खड़े टैक्सी वाहन चालकों को सख्त निर्देश देते निर्धारित स्थान पर वाहन खड़े करने हेतु कहा गया साथ ही नगर में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था दुरूस्त कराई। बस स्टैण्ड के पास स्थित स्कूल के छात्र/छात्राओं के शालेय समय पर अकारण स्कूल के आसपास घुमने वाले लड़कों को अनावश्यक न घुमने की समझाईश एवं हिदायत दी गई।
भटगांव पुलिस ने स्कूली बच्चों को कानूनी जानकारी देकर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री जी.एस.जायसवाल के निर्देशानुसार थाना प्रभारी भटगांव किशोर केंवट के द्वारा गुरूवार 10 जनवरी को भटगांव स्थित एडी जुबली इंग्लिश मिडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल के शिक्षकों की उपस्थिति में स्कूली छात्र/छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्कूल आते-जाते समय यातायात नियमों का पालन करने हेतु कहा गया, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, जेजे एक्ट के कानूनी प्रावधानों को विस्तृत से बताया गया। गुड टच एवं बैड टच, एवं चिटफण्ड कंपनी के झांसे में अभिभावक न आये इस हेतु आवश्यक जानकारी दी गई तथा सूरजपुर पुलिस द्वारा कराये जा रहे स्मार्ट पुलिसिंग निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लेने हेतु प्रेरित किया।
इस दौरान थाना प्रभारी किशोर केंवट ने स्कूल बच्चों से पुलिस से क्या अपेक्षा करते है पूछे जाने पर बच्चों ने कहा कि विवाद अथवा घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस पहुंचकर उचित कार्यवाही करें। थाना प्रभारी के द्वारा स्कूली छात्र/छात्राओं से फेसबुक, वाट्स एप चलाने की जानकारी लिये जाने पर अत्यधिक बच्चों के द्वारा इसका उपयोग किये जाने पर उन्हें इन सोशल मिडिया का इस्तेमाल न के बराकर करने यदि आवश्यकता हो तो फेसबुक एवं वाट्स एप सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने एवं उसके दुष्प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कई स्कूली बच्चों के द्वारा थाना प्रभारी से कहा कि यहां की पुलिस स्कूल लगने एवं छूटने के समय नियमित पेट्रोलिंग करती है जिससे हम अपने आप को सुरक्षित महसूस करते है।
नवागत थाना/चौकी प्रभारियों से सीएसपी ने की मुलाकात
सूरजपुर।गुरूवार को सीएसपी डी.के.सिंह ने अनुविभाग सूरजपुर के नये थाना/चौकी प्रभारियों को नवीन पदस्थापना की शुभकामनाएं देते हुये पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुये स्मार्ट पुलिसिंग के तहत् कार्य करने, अधिकारी/कर्मचारियों में बेहतर अनुशासन बनाये रखने एवं क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग कर आमजनता की बीच मधुर संबंध स्थापित करने, नगर में यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने व मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के लिये आवष्यक निर्देष दिये है। इस दौरान थाना प्रभारी सूरजपुर ए.टोप्पो, थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिल देव पाण्डेय, चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह एवं चौकी प्रभारी करंजी प्रमोद पाण्डेय उपस्थित रहे।
बुधवार, 9 जनवरी 2019
शनिवार, 5 जनवरी 2019
बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए 30 दिवसीय ताइक्वांडो व मार्शल आर्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ
* पढ़ेगी बिटिया, अन्याय से लड़ेगी बिटिया, तभी तो आगे बढ़ेगा इंडिया......
* विवाह से न संघर्षों का अंत होता है और न सपनों का....
* मिलता है लक्ष्य ... सच होते हैं सपने ... उड़ना कभी न छोड़ना
सूरजपुर। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के द्वारा आज थाना जयनगर क्षेत्रांतर्गत स्थित करवां शास. माध्यमिक शाला में स्कूली छात्राओं के लिए 30 दिवसीय ताइक्वांडो व मार्शल आर्ट प्रशिक्षण कार्यशाला का जिला सूरजपुर पुलिस की ओर से उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती निमिषा पाण्डेय द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से बोलते हुए श्रीमती पाण्डेय ने विद्यालय प्रबंधन व आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ बालक/ बालिकाओं के सर्वांगिण विकास की अभिकल्पना को साकार किया जा रहा है। इस आयोजन में जिस तरह से पालकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बढ़ चढ़ कर सहयोग किया जा रहा है उसके लिये सभी साधुवाद के पात्र हैं। यह आयोजन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के साथ ही सुरक्षित और शक्तिशाली समाज के निर्माण में योगदान देगा। देश के सुखद और समृद्धशाली भविष्य के निर्माण के लिए स्त्री शक्ति का शिक्षित और स्वयं व समाज की रक्षा के लिए शक्तिशाली होना समय की मांग है। आज के समय में आत्मरक्षा की कलाओं में पारंगत होना बहुत जरूरी है। ताइक्वांडो व मार्शल आर्ट की जानकारी होने से बिना हथियारों के भी खुद की और दूसरों की सुरक्षा व सहायता की जा सकती है।आगे उन्होंने पोक्सो कानून के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कानून बालक बालिकाओं में भेद न करते हुए सभी बच्चों को उत्पीड़न व शोषण से संरक्षण एवं उनके लिये न्याय की पहुँच सुनिश्चित करता है।
बच्चों द्वारा पुलिस में राजपत्रित अधिकारी बनने के संबंध में जिज्ञासा जाहिर करने पर श्रीमती पाण्डेय द्वारा लोक सेवा आयोग के लिए स्वयं की तैयारी का उदाहरण देते हुए कहा कि विवाह हो जाने के बाद भी प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विवाह सामाजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव तो हो सकता है परंतु पांव की बेड़ी कभी नहीं बन सकता। महिलाओं के आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होेने से परिवार व देश का आर्थिक विकास में मदद मिलती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री गुप्ता व विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएँ व ग्राम करंवा व आस-पास के गांवों के सरपंच व जनप्रतिनिधि व बच्चों के पालक बड़ी संख्या में मौजूद थे।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।


























