बुधवार, 18 दिसंबर 2024

जिला बदर आदेश के उल्लघंन पर सूरजपुर पुलिस ने किया त्वरित कार्यवाही। आरोपी के विरूद्ध जारी 3 स्थाई वारंट में गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में किया पेश।

 

सूरजपुर। जिले की पुलिस के द्वारा जिला बदर का आरोपी जो तयशुदा वक्त से पहले जिले में आने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्यवाही करते हुए उसे दबिश देकर पकड़ा और आगे की कार्यवाही की जा रही है तो वहीं आरोपी के विरूद्ध 3 स्थाई वारंट भी माननीय न्यायालय से जारी था जिसके तहत् उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
               जिला दण्डाधिकारी सूरजपुर के द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 व 5 के तहत दिनांक 08.04.2024 को आदतन अपराधी राजेश साहू पिता राम नारायण साहू निवासी ग्राम खड़गवां चौकी बसदेई को 1 वर्ष के लिए जिला बदर का आदेश जारी किया था जिसमें जिला सूरजपुर तथा सीमावर्ती राजस्व जिला सरगुजा, कोरबा, कोरिया, बलरामपुर, रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़, सिंगरौली जिला क्षेत्र से एक वर्ष के लिए बाहर चले जाने का आदेश था। लेकिन जिला दण्डाधिकारी के आदेशों का उल्लघंन कर आरोपी राजेश साहू दिनांक 17.12.2024 को ग्राम खड़गवां व बंजा में देखे जाने की सूचना चौकी बसदेई पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम बंजा में दबिश देकर जिला बदर आरोपी राजेश साहू को पकड़ा।
         आरोपी के विरूद्ध माननीय न्यायालय से जारी मारपीट, झूठा साक्ष्य सहित अन्य धाराओं में 3 स्थाई वारंट जारी हुआ था, आरोपी राजेश साहू को गिरफ्तार कर स्थाई वारंट के परिपालन में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। आरोपी जिला बदर होने के बाद भी बिना वैध अनुमति के जिले में प्रवेश करने पर अग्रिम कार्यवाही किया जा रहा है।

महिला स्व सहायता समूह का अधिकारी बताकर 41 हजार रूपये की धोखाधड़ी करने वाले 2 आरोपियों को थाना चांदनी पुलिस ने गुना मध्यप्रदेश से किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। ग्राम नवगई चांदनी निवासी चन्द्रकला जायसवाल ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि यह महामाया महिला स्व सहायता समूह में कार्य करती है, दिनांक 13.05.2024 को एक मोबाईल नंबर से इसे फोन आया और वह अपने को शिवराम यादव महिला स्व सहायता समूह का अधिकारी बोल रहा हॅू कहते हुए बोला कि तुम लोग समूह की एक्टिव महिला हो तुम लोगों को आगे बढ़ना है, पैसा डालो और पैसा कमाओ कहकर झांसे में लेकर फोन पे के माध्यम से तीन किस्तों में 41 हजार रूपये पैसा लेकर धोखाधड़ी करते हुए ऑनलाईन ठगी कर लिया है। प्रार्थियां की रिपोर्ट अपराध क्रमांक 47/24 धारा 420 भादवि व 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
              वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुराने लंबित मामलों की समीक्षा कर त्वरित निराकरण करने की दिशा में आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी की पुलिस आधुनिक तकनीक की मदद से आरोपियों को गुना मध्यप्रदेश में होने की पुष्टि के बाद विधिवत् रवाना होकर गुना जिला मध्यप्रदेश में दबिश देकर आरोपी शिवराम सिंह यादव पिता हटे सिंह यादव उम्र 45 वर्ष ग्राम अमरपुरा, थाना आरेन, जिला गुना मध्यप्रदेश एवं धनपाल पिता लीलम सिंह उम्र 19 वर्ष ग्राम झाझौन, थाना आरोन जिला गुना को पकड़ा। पूछताछ पर आरोपियों ने धोखाधड़ी को अंजाम देना स्वीकार किया जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।
             इस घटना को अंजाम देने में एक अन्य आरोपी भी शामील है जिसके विरूद्ध थाना अरोन में 6 प्रकरण चोरी, अनाचार, धोखाधड़ी, जबरन वसूली, गंभीर आघात पहुंचाने की धमकी देकर जबरन वसूली करने का अपराध दर्ज है जो वर्तमान में जिला जेल गुना में निरूद्ध है, जिसकी विधिवत् अनुमति प्राप्त कर गिरफ्तारी किया जाना है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चांदनी रूपेश कुंतल, एएसआई सुप्रियन टोप्पो, प्रधान आरक्षक पवन सिंह, इशित बेहरा, आरक्षक कुलदीप तिग्गा व आलोक सिंह सक्रिय रहे।

बंधक बनाकर मारपीट करने व एसिड से जलाने के मामले में थाना जयनगर पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 11.12.2024 को ग्राम कमलपुर निवासी शंख प्रसाद अगरिया ने थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि पिता का अचानक निधन होने पर दशगात्र व अन्य शोक कार्यक्रम होने के बाद दिनांक 01.12.2024 को पहली पत्नी कामेश्वरी, बहन कुन्ती, रीमा, दामाद जोगेश्वर, जयप्रकाश मिलकर पिता के क्रियाक्रम के लिए पैसों की जरूर होने से पिता के नाम का 80 डिसमिल जमीन को गिरवी रखने की बात को लेकर सभी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर लोहे के हुक, हथौड़ी व हाथ मुक्का से मारपीट किए तथा दिनांक 1 दिसम्बर से 11 दिसम्बर 2024 तक बंधक बनाकर रखे थे आज मौका पाकर पड़ोस में गया और मोबाईल से दूसरी पत्नी को घटना के बारे में बताया तब वह आई और इलाज कराने विश्रामपुर और सूरजपुर अस्पताल लेकर गई जहां से अम्बिकापुर रेफर कर दिए। जयप्रकाश गले में कोई ज्वलनशील पदार्थ एसिड को डालकर जला दिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 255/24 धारा 124(1), 296, 351(3), 115(2), 191(2), 191(3), 127(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
              मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना जयनगर पुलिस ने विवेचना कर दबिश देकर आरोपी (1) कामेश्वरी पति शंख प्रसाद अगरिया उम्र 40 वर्ष (2) कुन्ती पति जोगेन्दर वर्मा उम्र 32 वर्ष (3) रीमा अगरिया पति जयप्रकाश उम्र 24 वर्ष (4) जोगेन्दर वर्मा उर्फ जोगेश्वर पिता रामरूप वर्मा उम्र 35 वर्ष (5) जयप्रकाश पिता शिवराम अगरिया उम्र 32 साल सभी निवासी ग्राम कमलपुर थाना जयनगर को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने जुर्म कबूल किया जिनके निशानदेही पर घटना में लोहे का पंजा व रॉड जप्त कर पांचों आरोपियेां को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी जयनगर नरेन्द्र सिंह, एएसआई रघुवशं सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, भुवनेश्वर सिंह, महिला आरक्षक शर्मिला पैंकरा, प्रमिला कुजूर सक्रिय रहे।

अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने वाले युवक को थाना प्रतापपुर पुलिस ने नागपुर महाराष्ट्र से पकड़ा।

सूरजपुर। दिनांक 11.11.2021 को प्रतापपुर क्षेत्र अन्तर्गत एक पीड़िता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उसकी फोटो को एडिट कर अश्लील बनाकर उसे वाटसएप पर भेजते हुए सोशल मीडिया में डालने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध धारा 509 भादसं, 66(डी), 67(ए) आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
              वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुराने लंबित मामलों की समीक्षा कर प्रभारियों को फरार आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार कर विधिसंगत निकाल करने के निर्देश दिए थे। थाना प्रतापपुर पुलिस विवेचना के दौरान नई तकनीक की मदद से आरोपी को नागपुर महाराष्ट्र में होने की पुख्ता जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर महाराष्ट्र विधिवत रवाना हुई और वहां दबिश देकर आरोपी सत्यपाल सिंह पिता श्रीपति सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम पिदावली, पो. बीलोनी, चौकी चपावली, थाना कंचनपुर, जिला धौलपुर राजस्थान, हाल निवासी कोण्डाली जिला नागपुर महाराष्ट्र को पकड़ा। पूछताछ पर उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया जिसे गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एसआई संदीप सिंह, एएसआई हरिशंकर तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज केरकेट्टा, आरक्षक अवधेश कुशवाहा व अपील चौधरी सक्रिय रहे।

सूरजपुर पुलिस का नशा के विरूद्ध जन जागरूकता हेतु ‘‘नवजीवन’’ अभियान का हुआ शुभारंभ।

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले में नशे के विरूद्ध जन जागरूकता का महा अभियान का शुभारंभ कलेक्टर सूरजपुर श्री एस जयवर्धन के सहयोग से किया है जिसका नाम ‘‘नवजीवन’’ है। स्थानीय रेवती रमण मिश्रा महाविद्यालय में इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार, 10 दिसम्बर 2024 को कलेक्टर सूरजपुर श्री एस जयवर्धन, एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, सीईओ कमलेश नंदिनी साहू व प्राचार्य एच.एन.मिश्र की मौजूदगी में हुआ जहां एसएसपी ने शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के कुरीति के प्रति जागरूक किया और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। नशे के विरूद्ध कार्यवाही व जागरूकता के लिए ‘‘नवजीवन’’ महा अभियान प्रारंभ किया गया है ताकि जनता के बीच पुलिस का बेहतर समन्वय बने, लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़े, छात्र-छात्राओं व आम लोगों से यह अपील भी की गई है कि आप अपने आसपास कोई भी घटना या नशे की अवैध खरीदी बिक्री देखें तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। सूरजपुर पुलिस आपके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
               नवजीवन अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर सूरजपुर श्री एस जयवर्धन ने कहा कि नशे के विरूद्ध अभियान ‘‘नवजीवन’’ एसएसपी सूरजपुर ने प्रारंभ कराया है जिसका जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। नशे से बचाव के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि हमेशा खुश रहने के लिए हैपी हार्मोन्स बहुत जरूरी है इसके निर्माण के लिए खुश रहने के अलावा वर्कआउर करें एवं अच्छे माहौल में पढ़ाई करें। नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर कहा कि आपसी सहयोग से समाज में नशे के प्रभाव को कम किया जा सकता है। समाज में कई लोग ऐसे होते हैं जो नशे की लत पाल कर पूरी तरह नशे के आदी हो जाते हैं, उनके लिए वापस लौटना और जिदगी की नई शुरुआत करना मुश्किल होता है। नशे के कारण उनमें इतना मनोबल भी नहीं होता कि नशा छोड़ने के लिए संकल्प ले सकें। इसलिए जरूरी है कि उनकी काउंसलिग कर उन्हें नशा छोड़ने के प्रति प्रेरित करें।
          इस अवसर पर एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि नशे के विरुद्ध संगठित और प्रभावी प्रयास पुलिस के द्वारा लगातार किया जा रहा है। वर्तमान में नशे के जाल में लगातार लोग फंसते जा रहे हैं, समाज के युवा और बच्चे जो तेजी से नशे के शिकार हो रहे हैं, जिस तेजी से फैल रहे बीमारी रूपी नशे को खत्म करने के लिए सूरजपुर पुलिस एक विशेष अभियान लेकर आई है, जिसका नाम है ‘‘नवजीवन’’। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कहा कि नशे के विरूद्ध अभियान में आपकी भागीदारी मिल का पत्थर साबित होगी। हमें अपने समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रति सजग रहना होगा। एसएसपी ने छात्र-छात्राओं को कहा कि आप देश की धरोहर हो, आज मैं और कलेक्टर साहब यहां बैठे है, कल यहां आप बैठेंगे, नशा मुक्त रहकर बेहतर भविष्य में बुनियाद मजबूती से बनाए। नशा बहुत ही घातक है, नशा करने वाला व्यक्ति अपने मॉ-पिता को परेशान करने से बाज नहीं आते जबकि माता-पिता धरती पर भगवान का रूप है। नशे में फंसे व्यक्ति का मनोबल बढ़ाने तथा इलाज के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही यह प्रवृत्ति इनको अपराध घटित करने के लिए भी प्रेरित करती है। आने वाले पीढ़ी को नशे से दूर कर एक सुनहरा भारत बनाने के लिए सूरजपुर पुलिस ने यह पहल की है। नशे के विरूद्ध पुलिस की इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम को सीईओ जिला पंचायत श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू व प्राचार्य एच.एन.दुबे ने भी संबोधित किया।

पुलिस के ‘‘नवजीवन’’ अभियान का मुख्य उद्देश्य।
           एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा पर प्रभावी और संगठित कार्यवाही करना है, प्रत्येक थाना क्षेत्र के अत्यधिक नशे से प्रभावित गांवों को चिन्हांकित कर वहां नशा के अवैध बिक्री को पूर्ण रूप से समाप्त करना, धीरे-धीरे इसका विस्तार पूरे जिले में किया जाएगा। गांव के लोगों को पुलिस के अभियान से जोड़ने के लिए गांव में महिलाओं और पुरुषों को संगठित कर प्रत्येक गांव में ग्राम रक्षा समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति की ओर से नशा के तस्करों और सप्लायरों का संगठात्मक विरोध किया जाएगा और विशेष अभियान चला कर पुलिस की ओर से रेड की कार्रवाई की जाएगी। नशे के विकेताओं के खिलाफ सूचना देने के लिए एक मोबाइल नम्बर 9479193999 जारी किया गया, इस मोबाइल नम्बर पर सूचना देने वाले की जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा। सूचना के आधार पर संबंधित थाने की टीम और सायबर सेल की टीम की ओर से कार्रवाई किया जाएगा। कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को नशे के जाल से बचाने के लिए वृहद रूप से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इस अवसर पर थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, निरीक्षक जावेद मियादाद, महाविद्यालय के शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

सूरजपुर पुलिस ने रेकी करने के लिए बदला भेष, एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर की गठित टीम ने चिटफंड कंपनी के 4 डायरेक्टरों को भीलवाड़ा राजस्थान से किया गिरफ्तार, धोखाधड़ी किए गए रकम से खरीदी गई एक्सयूव्ही कार जप्त, पुलिस टीम किए जायेंगे पुरस्कृत।

सूरजपुर। एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर थाना विश्रामपुर पुलिस ने आमजनता के साथ धोखाधड़ी करने वाले चिटफण्ड कंपनी के डायरेक्टरों का 4 दिनों तक लगातार भीलवाड़ा में कैम्प कर वहां का रहवासी-मजदूर बनकर, कम्बल बेचने एवं ठेला चलाकर उनके गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर बनाकर सूझबूझ का परिचय देते हुए चिटफंड कंपनी के 4 आरोपी डायरेक्टरों को गिरफ्तारी करने में सफलता हासिल की है।
               अप्रैल 2023 में एसडीएम सूरजपुर के द्वारा अभिपवा प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड भीलवाड़ा राजस्थान के द्वारा सूरजपुर जिले के 29 निवेशकों को 2-3 गुना अधिक राशि देने का प्रलोभन देकर 17 लाख 28 हजार 366 रूपये की ठगी किये जाने संबंधी प्रतिवेदन कलेक्टर सूरजपुर के माध्यम से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को भेजा गया जिस पर उन्होंने थाना विश्रामपुर पुलिस को सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध करने हेतु निर्देशित किये जाने पर थाना विश्रामपुर में दिनांक 28.08.2023 को आरोपी कपिल जैन, महेश कुमार सेन निवासी भीलवाड़ा राजस्थान एवं अन्य के विरूद्ध अपराध क्रमांक 149/23 धारा 420, 34 भादवि, ईनामी चिटफंड धन परिचालन स्कीम (पाबंदी) की धारा 4, 5, 6 एवं छत्तीसगढ़ के निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
              एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने आमजनता के साथ किए गए ठगी के मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी विश्रामपुर अलरिक लकड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर भीलवाड़ा राजस्थान के लिए रवाना किया।
सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम द्वारा नई तकनीक एवं निवेशकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए भीलवाड़ा राजस्थान विधिवत् रवाना हुई। पुलिस टीम भीलवाड़ा राजस्थान में लगातार 4 दिनों तक कभी वहां का रहवासी-मजदूर बनकर तो कभी कम्बल बेचने एवं ठेला चलाकर उनके गतिविधियों पर नजर रखी गई और आरोपियों की प्रकरण में संलिप्तता की पुख्ता जानकारी के आधार पर भीलवाड़ा में दबिश देकर चिटफंड कंपनी के 4 आरोपी डायरेक्टरों को पकड़ा गया और पूछताछ किया गया। 2 आरोपियों के द्वारा धोखाधड़ी किए गए रकम को खर्च कर देना एवं 2 आरोपियों के द्वारा ठगी की रकम से एक्सयूव्ही कार खरीदने की बात कबूली जिस पर आरोपी दिनेन्द्र दधीच के कब्जे से महिन्द्रा कंपनी का एक्सयूव्ही 700 क्रमांक आरजे 06 यूसी 6669 जप्त कर माननीय न्यायालय भीलवाड़ा से चारों आरोपियों का ट्रान्जिट रिमाण्ड प्राप्त कर थाना विश्रामपुर लाया गया।
              आरोपियों ने पूछताछ पर बताया कि अनंत दधीच का साला सुनील ब्यास के साथ दिनेन्द्र दधीच, कपिल जैन, महेश कुमार सेन व अन्य लोगों के द्वारा मिलकर वर्ष 2013 में अभिपवा प्रोडुसर कंपनी लिमिटेड नाम से फर्जी कंपनी बनाए जिसमें इन चारों के अलावा अन्य व्यक्ति भी डायरेक्टर थे और करीब 29 लोगों से 17,28,366/- रूपये राशि 1 वर्ष बाद 3 गुना करने का झांसा देकर राशि जमा कराकर और बाउण्ड पेपर देकर धोखाधड़ी कर कंपनी बंद कर दिए। पकड़े गए चारों आरोपियों के द्वारा धोखाधड़ी को अंजाम देना स्वीकार किए जिन्हें विधिवत् गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में एक आरोपी सुनील ब्यास की मृत्यु हो गई है। मामले में पुलिस टीम आगे की विवेचना में लगी हुई है।

पुरस्कृत होंगे पुलिस टीम। एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने दिगर राज्य जाकर सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तत्परतापूर्वक की है इस हेतु पुलिस टीम के प्रभारी व जवानों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा।

जप्ती - महिन्द्रा कंपनी का एक्सयूव्ही 700 क्रमांक आरजे 06 यूसी 6669 कीमत करीब 21 लाख रूपये।

गिरफ्तार आरोपीगण।
1. दिनेन्द्र कुमार दधीच पिता स्व. रामचन्दर जी शास्त्री उम्र 65 वर्ष निवासी चित्रकुटनगर, थाना सुभाषनगर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान
2. अनंत दधीच पिता दिनेन्द्र कुमार दधीच उम्र 36 वर्ष निवासी चित्रकुटनगर, थाना सुभाषनगर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान
3. कपिल जैन पिता दिनेश जेन उम्र 35 वर्ष निवासी चंद्रशेखर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान
4. महेश कुमार सेन पिता रामचन्दर सेन उम्र 35 वर्ष निवासी बापूनगर, थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान

कार्यवाही में शामील पुलिस टीम  इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर अलरिक लकड़ा, एएसआई शशि शेखर तिवारी, अविनाश सिंह, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, रविशंकर पाण्डेय, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, रौशन सिंह, युवराज यादव, शिवकुमार राजवाड़े व अजय प्रताप राव सक्रिय रहे।

चकाचौंध वाली लाइटें लगाने व यातायात नियमों के उल्लघंन पर 30 वाहन चालकों के खिलाफ चौकी खड़गवां पुलिस की सख्त कार्रवाई।

 

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों को अनाधिकृत चकाचौंध वाली लाइटें लगाने वाले, अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लघंन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे ताकि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम की जा सके।
             चकाचौंध वाली लाइटें, चाईनीज लाईटें लगाकर अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाना भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण में से एक है, क्योंकि ये लाइटें सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों में सीधे पड़ती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी के मद्देनजर शनिवार की रात्रि में चौकी खड़गवां पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई, जिसमें 30 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही कर अनाधिकृत लाईटें निकलवाई गई। चौकी खड़गवा पुलिस के द्वारा सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए सभी स्टॉपरों की साफ-सफाई कराते हुए रेडियम पट्टी भी लगवाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस अभियान को और सख्ती से जारी रखा जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

नशीली दवा प्रदाय करने व परिवहन के मामले में थाना प्रतापपुर पुलिस ने 2 विधि विरूद्ध संषर्घरत् बालक सहित 3 को किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े निर्देश के बाद से ही थाना-चौकी की पुलिस के द्वारा अवैध कार्यो में लिप्त लोगों की लगातार धरपकड़ का अभियान जारी है। यहीं नहीं नशे की सामग्री जप्ती के बाद उसके विक्रेता और क्रेता की भी गिरफ्तारी की जा रही है ताकि नशे की सप्लाई चैन को तोड़ा जा सके। थाना प्रतापपुर पुलिस के द्वारा नशीली दवाईयों के परिवहन की सूचना पर दबिश देकर मोटर सायकल सहित 2 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालकों को पकड़ा और पूछताछ के आधार पर नशीली दवाई सप्लायर एक व्यक्ति को भी धर दबोचा है।
              दिनांक 06/12/2024 को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि दो व्यक्ति बजाज प्लेटिना मोटर सायकल क्रमांक सीजी 15 डीई 0102 से अवैध नशीली दवाई लेकर जरही से प्रतापपुर की ओर आने वाले है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम केंवरा में घेराबंदी लगाया जहां उक्त मोटर सायकल में 2 व्यक्ति आते दिखे जिन्हें घेराबंदी कर रोकते हुए मोटर सायकल सहित दो विधि विरूद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया जिनके कब्जे से 30 नग नशीली कफ सिरप, 48 नग कैप्सूल एवं 60 नग टेबलेट जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 15 हजार रूपये है। पूछताछ पर दोनों ने बताया कि नशीली दवाईयों को नमनाकला अम्बिकापुर निवासी निमिष गुप्ता से खरीदकर लाए है जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी निमिष गुप्ता पिता मोहनलाल गुप्ता, उम्र 44 वर्ष निवासी केशवगंज, थाना- सागर, जिला-सागर मध्यप्रदेश, वर्तमान निवासी नमनाकला थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा (छ.ग.) को पकड़ा। पूछताछ पर उसने नशीली दवाई की सप्लाई करना स्वीकार किया। मामले में नशीली दवाई व परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत् कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मामले के 2 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालकों को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे व उनकी टीम सक्रिय रही।

एसएसपी सूरजपुर ने रात्रि गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा। पुलिसकर्मियों को अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश।

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाने की दिशा में मजबूती से कार्य कर रहे है। जिला मुख्यालय से निगरानी के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में दिन और रात्रि के वक्त लगातार भ्रमण, रात्रि गश्त और औचक निरीक्षण में लगे हुए है। बुधवार रात को पुलिस कितनी मुस्तैदी से गश्त करती है, इसका खुद एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने जायजा लिया। देर रात थाना कोतवाली और चौकी बसदेई के क्षेत्रों में रात्रि गश्त पॉइंट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, गुंडा बदमाशों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
              इस दौरान रात्रि गश्त पाईंटों पर तैनात अधिकारी कर्मचारियों को सतर्क रहकर गश्त करने, थाना-चौकी क्षेत्र के गुंडा बदमाशों पर कड़ी नजर रखने, रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों की चेकिंग करने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान पुलिस के जवानों को आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। रात्रि के वक्त चौकी बसदेई के रिकार्ड का अवलोकन किया और निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि गश्त, जनता की शिकायतों, अपराध विवेचना में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

गुरुवार, 5 दिसंबर 2024

एसएसपी सूरजपुर का निर्देश, निर्धारित प्रोटोकाल के साथ पूर्ण सजगता से करें रात्रि गश्त, पुलिस की रात्रि गश्त से आमजनता में बनी रहती है सुरक्षा की भावना इसे कायम रखने सतर्कता से करें रात्रि गश्त।

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर जिले में बेहतर पुलिसिंग कराने, अधिकारी व जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित करने और लापरवाहों पर सख्ती बरतने के साथ-साथ प्रत्येक थाना-चौकी के कार्यो की सूक्ष्मता से जायजा ले रहे है। इसी कड़ी में मंगलवार की रात्रि में एसएसपी सूरजपुर के द्वारा थाना रामानुजनगर व चौकी तारा का औचक निरीक्षण कर रात्रि गश्त का हाल जाना। एसएसपी के अनाचक रात्रि गश्त चेक करने पहुंचने पर पुलिस अधिकारी व जवान चौक गए।
          इस दौरान उन्होंने अधिकारी व जवानों को कहा कि पुलिस की रात्रि गश्त करने से आमजनता अपने घरों/दुकानों को लेकर सुरक्षित महसूस करती है, आमजनता के इस भरोसे का कायम रखने के लिए पूर्ण सजगता के साथ निर्धारित प्रोटोकाल का पालन करते हुए रात्रि गश्त करें। उन्होंने समझाईश देने के साथ ही कड़े स्वर में कहा कि पुलिसिंग में लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है, लापरवाही परिलक्षित होने पर ऐसे लापरवाहों के विरूद्ध सख्ती बरती जायेगी। एसएसपी ने रात्रि गश्त चेक के दौरान ड्यूटी में तैनात जवानों से चर्चा कर उनके रूटिन कार्यो के बारे में जानकारी ली और उन्हें ठंड से बचाव को लिए एहतियात बरतने के निर्देश दिए। थाना-चौकी प्रभारियों को पुलिस गश्त व्यवस्था को और मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण के निर्देश भी दिए।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।