शुक्रवार, 6 जनवरी 2023

आईजी सरगुजा के ऑपरेशन ईगल अभियान में सूरजपुर पुलिस की मिली बड़ी सफलता

  • सूरजपुर पुलिस के द्वारा 36 स्थाई वारंट किया गया तामील
  • सर्वाधिक 12 वारंट थाना सूरजपुर द्वारा किया गया तामील
  • छेड़छाड़, मारपीट, चोरी, आबकारी एक्ट आदि प्रकरणों के है ये आरोपी
  • सभी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को किया जायेगा पुरस्कृत

सूरजपुर। आईजी सरगुजा रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने फरार स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए दिनांक 4 से 20 जनवरी 2023 तक आपरेशन ईगल चलाने के निर्देश दिए थे जिसके बाद से अब तक सूरजपुर पुलिस के द्वारा जिले सहित दिगर जिलों से 36 स्थाई वारंटियों को धर दबोचा। बीते दिन पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ऑपरेशन ईगल अभियान के स्थाई वारंटियों का पूरा ब्यौरा थाना प्रभारियों से लेते हुए उन्हें कड़े शब्दों में वारंट की तामीली करने के निर्देश देते हुए पुलिस राजपत्रित अधिकारियों को इसकी मॉनिटरिंग के लिए लगाया था। पुलिस अधीक्षक ने स्थाई वारंटी तामील के इस अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। 
                पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन एवं जिले के सभी पुलिस राजत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्थाई वारंट तामीली के लिए चलाए गए इस अभियान में थाना-चौकी प्रभारी व उनकी टीम ने बीते 2 दिन में 36 स्थाई वारंट तामिल किया जो अब तक दो दिन में बड़ी संख्या में स्थाई वारंट तामील किया गया है।
                स्थाई वारंटी की धरपकड़ के लिए चलाए गए ऑपरेशन ईगल में सर्वाधिक 12 स्थाई वारंटी थाना सूरजपुर के द्वारा तामिल की गई इसके अलावा थाना विश्रामपुर ने 4, प्रतापपुर 2, चांदनी 2, प्रेमनगर 3, ओड़गी 1, झिलमिली 1, रमकोला 1, जयनगर 2, भटगांव 4 व थाना रामानुजनगर ने 4 कुल 36 स्थाई वारंट तामील किया है। छेड़छाड़, मारपीट, चोरी, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न मामलों में वर्षो से फरार स्थाई वारंटियों को पकड़ा गया। जिले के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के द्वारा लगातार इस अभियान की मॉनिटरिंग की गई। वारंटियों की तामिली हेतु थाना-चौकी प्रभारी व उनकी पुलिस टीम लगी हुई थी, लम्बे समय से फरार वारंटियों के लुकछिप कर रहने की जानकारी मिली। कई शातिर आरोपी जिले के अपराध में संलग्न होने से न्यायालय द्वारा वारंट जारी किये जाने पर पहचान छिपाकर सीमावर्ती जिलों में रहने लगे थे। पुलिस ने पकड़े गए सभी वारंटियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

सूरजपुर में साढे पांच साल का नन्हा सिपाही, पिता की मृत्यु के बाद पुलिस विभाग में दी गई बाल आरक्षक की नौकरी

  • आईजी सरगुजा ने पुलिस अधीक्षक को अनुकम्पा नियुक्त की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने दिए थे निर्देश।
  • पुलिस अधीक्षक ने नए वर्ष में बच्चे को दी अनुकम्पा नियुक्ति की सौगात।

सूरजपुर। जिले की पुलिस विभाग में महज साढे पांच वर्ष के बच्चे को नियुक्ति दी गई है। बाल आरक्षक के रुप में भर्ती किए गए बच्चे के पिता की असामयिक निधन के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। अपनी मां के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे बच्चे को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने नए वर्ष पर सौगात देते हुए नियुक्ति का आदेश प्रदाय किया। पुलिस अधीक्षक ने नियुक्ति आदेश के साथ बच्चों की पसंदीदा चॉकलेट भी प्रदाय किया। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने बताया कि हरेन्द्र सिंह पैंकरा को बाल आरक्षक के पद पर नियुक्ति दी गई है। इनके पिता हरि प्रसाद पैंकरा उप निरीक्षक (अ) के पद पर जिला कोरिया में पदस्थ थे। नौकरी के दौरान आकस्मिक मृत्यु होने पर आईजी सरगुजा रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के द्वारा अनुकम्पा नियुक्त के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी सभी कार्रवाई जल्द पूरी करते हुए अनुकम्पा नियुक्ति दिए जाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को सभी प्रक्रिया पूर्ण होने पर हरेन्द्र सिंह पैंकरा को पुलिस विभाग में बाल आरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर आरक्षक के पद पर पदस्थ किया जाएगा। इस दौरान स्टेनो अखिलेश सिंह, दशरथ पैंकरा, स्थापना प्रभारी पंकज नेमा,  निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, एसआई नीलाम्बर मिश्रा मौजूद रहे।

हत्यारे बेटे को थाना रामानुजनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूरजपुर। दिनांक 03.01.2023 को ग्राम सागरपुर निवासी श्रीबाई पति रामलखन सिंह को उसका पुत्र बनारसी सिंह के द्वारा डण्डे से मारपीट किया गया जिसे उपचार हेतु मेडिकल कालेज अम्बिकापुर ले जाकर भर्ती किए थे जहां उपचार के दौरान श्रीबाई की मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस सहायता केन्द्र मेडिकल कालेज अम्बिकापुर में शून्य में मर्ग कायमी उपरान्त जांच हेतु थाना रामानुजनगर को भेजा गया। मर्ग जांच पर आरोपी बनारसी सिंह के विरूद्ध धारा 302 भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी रामानुजनगर को दिए थे। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर पुलिस के द्वारा दबिश देकर आरोपी बनारसी सिंह उम्र 28 वर्ष को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि उसकी मॉ के द्वारा काम नहीं करते हो कहकर डाट फटकार लगाई थी जिससे नाराज होकर डण्डे से अपनी मॉ के सिर में मारकर चोट पहुंचाया था जो उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डण्डा को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर विपिन लकड़ा, एएसआई बिसुनदेव पैंकरा, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश कुजूर, आरक्षक धनंजय साहू, रवि साहू, नगर सैनिक देवचंद पाण्डेय, रजनीश पटेल व नरेन्द्र साहू सक्रिय रहे। 

गुरुवार, 5 जनवरी 2023

हत्यारे बेटे-बहु को थाना चंदौरा पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 04.01.23 को ग्राम पहिया निवासी रामचन्दर पण्डो ने थाना चंदौरा में सूचना दिया कि उसके पिता हीरालाल को 1 जनवरी के रात्रि में जीतराम व उसकी पत्नी सुखमनिया के द्वारा घर में आकर गाली-गलौज कर जमीन में पटककर हाथ मुक्का व लात से मारपीट किए और जान से मारने की नियत से गला को दबाए, हल्ला सुनकर एक व्यक्ति के आने पर वहां से भाग गए जिसके बाद से हीरालाल चल फिर, खाना-पीना व बोल नहीं पाता था, सांस चलती थी पर कोई हरकत नहीं कर पाता था और दिनांक 04.01.23 की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस फौरन मौके पर पहुंची, जहां शव पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। डॉक्टर के द्वारा शार्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु का कारण हत्यात्मक लेख किए जाने पर धारा 302, 34 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में थाना चंदौरा की पुलिस ने आरोपी जीतराम पण्डो पिता स्व. हीरालाल उम्र 35 वर्ष व सुखमनिया पण्डो पति जीतराम पण्डो उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम पहिया, थाना चंदौरा को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि नया साल पर घर में मुर्गा बना था, हीरालाल को खाने के लिए नहीं बुलाए थे इस बात को लेकर हीरालाल के द्वारा इसे व इसकी पत्नी को डाट फटकार किया था, इसी बात से नाराज होकर दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया जो मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदौरा शिवकुमार खुटे, एएसआई अतुल सिंह, कमला राम केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक रामकुमार पैकरा, शिव बेक, आरक्षक प्रवीण जायसवाल, प्रवीण मिश्रा, विनय कुमार, नरेंद्र निकुंज सक्रिय रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने विभिन्न शाखाओं का किया औचक निरीक्षण

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने गुरूवार को जिला पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का  औचक निरीक्षण कर यह जाना कि शाखाओं में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा सभी कार्यो को व्यवस्थित रूप से समय पर किया जा रहा है अथवा नहीं। इस दौरान उन्होंने डीएसबी, डीसीआरबी, रीडर, ओएम, स्टोर, वेतन, साईबर सेल एवं  एसी-1 शाखा के कार्यो को बारीकी से अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक ने प्राकृतिक आपदा से जुड़े मामलों में परिजनों को जल्द अंतिम प्रतिवेदन देने, जांच हेतु प्राप्त होने वाले शिकायतों का समय सीमा में संबंधित थाना-चौकी से जांच पूर्ण कराने, नियमित रूप से समय पर संबंधितों के पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने, साइबर सेल में ऑनलाईन प्राप्त होने वाले शिकायतों को देखा और पुलिस थाने में चल रहे निर्माण कार्यो की प्रगति से अवगत हुए। उन्होंने शाखा में पदस्थ पुलिस अधिकारी व जवानों को कहा कि आप सभी ने टीमवर्क से वर्ष 2022 में अच्छा कार्य किया है किन्तु सजगता के साथ इस नए वर्ष में बीते वर्ष से और बेहतर कार्य करते हुए जनता की सेवा हेतु प्रोत्साहित किया। औचक निरीक्षण में अभिलेखों की स्थिति एवंशाखाओं के कार्यो को उत्कृष्ट पाए जाने प्रसन्नता व्यक्त कर सभी शाखाओं के पुलिस अधिकारी व जवानों को पुरस्कृत करने की बात कही। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा, स्टेनो अखिलेश सिंह, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, जावेद मियादाद सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। 

आईजी सरगुजा रेंज के निर्देश पर थाना के शासकीय सम्पत्ति व जप्ती माल का भौतिक सत्यापन का कार्य हुआ प्रारंभ

  • एसडीओपी ने थाना सूरजपुर के शासकीय सम्पत्ति व समस्त जप्ती माल का किया भौतिक सत्यापन

सूरजपुर। सुरक्षा की दृष्टि से शासकीय संपत्तियों एवं आपराधिक प्रकरणों में जप्त किए गए वस्तुओं का मालखाने में उचित सत्यापन आवश्यक है जिसे गंभीरता से लेते हुए आईजी सरगुजा रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने थाना-चौकी के शासकीय सम्पत्ति एवं जप्ती माल का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए है। निर्देश प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके अधिनस्थ थाना-चौकी के समस्त शासकीय सम्पत्ति व मालखाने में रखे गए सभी जप्ती माल का भौतिक सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। निर्देश के परिपालन में बुधवार को एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी के द्वारा थाना सूरजपुर के शासकीय सम्पत्ति एवं समस्त जप्ती मालों का जायजा लेते हुए उसका भौतिक सत्यापन किया गया। एसडीओपी नेे जप्त माल में जप्ती का विवरण स्पष्ट नहीं होने पर अपनी मौजूदगी में नया विवरण लिखवाकर उसमें चिपकवाया। थाना के समस्त जप्ती माल को एक-एक कर बारीकी से रिकार्ड के अनुसार मिलान किया और उसे वापस सुरक्षित मालखाना में रखने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, थाना विवेचक, प्रधान आरक्षक मोहर्रिर व मददगार मौजूद रहे। 

बुधवार, 4 जनवरी 2023

आपरेशन ईगल के तहत सूरजपुर पुलिस ने प्रारंभ किया स्थाई वारंट तामीली का अभियान

सूरजपुर। अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज सरगुजा श्री रामगोपाल गर्ग ने दिनांक 04.01.2023 से 20.01.2023 तक ‘‘ऑपरेशन ईगल’’ के तहत स्थाई वारंट तामील कराने के निर्देश दिए है। इसी परिप्रेक्ष्य में बुधवार को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने जिले पुलिस राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में समस्त थाना-चौकी प्रभारियों की वर्चुअल मीटिंग लेकर पूरे जिले में ऑपरेशन ईगल के तहत प्राथमिकता के आधार पर स्थाई वारंटी की जानकारी हासिल कर वारंट तामील करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारियों को कड़े शब्दों में कहा कि स्थाई वारंट तामीली में लापरवाही नहीं होनी चाहिए, वारंटी वर्तमान में कहां उसकी जानकारी निकाले, अब तक स्थाई वारंट की तामीली क्यों नहीं की गई उसकी अद्यतन स्थिति से बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के द्वारा स्थाई वारंट तामीली की मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी, साथ ही तामीली में लापरवाही बरतने वाले प्रभारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। स्थाई वारंट तामीली के लिए थाना-चौकी प्रभारी स्वयं भी जाए, पुलिस अधिकारी व जवानों को तामीली के लिए भेजने से पहले उन्हें ब्रीफ करें और उन्हें हिदायत दें कि अपने पूर्ण अनुभव का इस्तेमाल करते हुए वारंट को तामील करें। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ल मौजूद रहे।

सेवा निवृत्त हुए एसआई श्रृद्धा सिंह व एएसआई ढोलानाथ पैंकरा को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने किया सम्मानित; एसआई ने 33 वर्ष तथा एएसआई ने 41 वर्ष तक दी विभाग में अपनी सेवाएं

सूरजपुर। पुलिस विभाग में पदस्थ रहे एसआई श्रृद्धा सिंह ने 33 वर्ष 4 माह तथा एएसआई ढोलानाथ पैंकरा 41 वर्षो तक लगातार अपनी सेवा देकर 31 दिसम्बर 2022 को सेवा निवृत्त हुये। मंगलवार को जिले के दोनों पुलिस अधिकारियों को पुलिस कार्यालय में एक सादे समारोह में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू सहित पुलिस अधिकारियों ने साल-श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सेवानिवृत्त हुए दोनों पुलिस अधिकारियों के परिजन भी मौजूद रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने कहा कि एसआई व एएसआई 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त हुए। इन्होंने पुलिस विभाग में लम्बी अवधि तक अपनी सेवाएं दी है इस दौरान सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों में बेहतर कार्य सम्पादित किए। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी सदैव अपने कार्यो के प्रति जवाबदेह रहे, अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर तरीके से करते हुए लोगों की सेवा की। अधिनस्थों को सहयोग व मार्गदर्शन देते हुए कर्तव्य निष्ठ रहते हुए अनुशासन को बनाए रखा। पुलिस विभाग की सेवा से सेवानिवृत्त हुए एसआई व एएसआई को पुलिस अधीक्षक ने साल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित कर पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदाय किया और बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में सेवानिवृत्त हुए एसआई श्रृद्धा सिंह व एएसआई ढोलानाथ पैंकरा ने पुलिस विभाग में दी गई अपनी सेवा के अनुभवों के बारे में बताया। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, जावेद मियांदाद, स्थापना प्रभारी पंकज नेमा, आनंद पैंकरा, अमिताभ, सुलेमान लकड़ा, दशरथ पैंकरा, रोपन राम, विराट विशी, सहित कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

नशे के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को दिनांक 4 से 10 जनवरी 2023 तक अभियान चलाकर अवैध शराब, नशीले मादक पदार्थ की बिक्री करने एवं पीने वालों के खिलाफ तथा सड़क दुर्घटना न हो इसे ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जिसके बाद से ही पुलिस की सख्ती देखी जा रही है। मादक पदार्थ एवं नशीली दवाईयों के विरूद्ध कार्यवाही के साथ ही नियमों की अनदेखी करने वाले बीड़ी सिगरेट व बीड़ी पत्ती की बिक्री करने वाले दुकानदार के विरूद्ध संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कोटपा के तहत चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को गांव शहर में जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्या-शिकायतों का समाधान करने, नशे से होने वाले हानियों के बारे में जनजागरूकता अभियान चलाने, साइबर अपराध के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक करने एवं साइबर प्रहरी कार्यक्रम से जुड़ने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए है। बीते दिन जिले की पुलिस विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग कर वाहन चालक शराब का सेवन किए है अथवा नहीं इसकी बारीकी से जांच करते दिखी। वहीं थाना झिलमिली पुलिस ने ग्राम दर्रीपारा में 20 पाव अंग्रेजी शराब सहित रामफल गुप्ता निवासी चपदा, थाना ओड़गी को पकड़ा है जिसके विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।  

सोमवार, 2 जनवरी 2023

हत्यारे पुत्र को थाना विश्रामपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूरजपुर। दिनांक 01.01.2023 को ग्राम सरस्वतीपुर निवासी सर्जुन सिंह ने थाना विश्रामपुर में सूचना दिया कि दिनांक 31 दिसम्बर के शाम को गांव का ठाकुर उर्फ देवनाथ इसके घर पर आकर बताया कि इसके पिता फेंकू सिंह के घर के आंगन में इसका बड़ा भाई अर्जून सिंह के द्वारा पिता फेंकू सिंह से मारपीट किया है जिस कारण वे बेहोश आंगन में पड़ा है। दोस्त व परिजन के साथ जाकर देखे तो फेंकू सिंह पीठ के बल चित्त हालत में पड़ा था जिसे यह छुकर देखा तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बारे में पूछने पर बताया कि यह तथा अर्जुन, फेंकू सिंह व 1 अन्य व्यक्ति चारों फेंकू सिंह के आंगन में बैठकर शराब पी रहे थे। फेंकू के द्वारा एक लोटा शराब निकाला जिसे अर्जुन के द्वारा पूरा पी लिया गया तब फेंकू के द्वारा अर्जुन को कहा गया कि पूरा शराब पीना था तो दोनों को लेकर क्यों आए हो, कहकर घर से आधा लोटा शराब लाया जिसे ठाकुर, फेंकू व 1 अन्य व्यक्ति के द्वारा सेवन कर लिये अर्जुन को पीने को नहीं दिए जिस कारण अर्जुन नाराज होकर अपने पिता से शराब की मांग कर शराब खत्म होने की बात पर अपने पिता फेंकू सिंह को हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए अधजले लकड़ी व दरवाजा के हटका से मारपीट कर हत्या कर दिया। सूचना पर मर्ग कायमी उपरान्त अपराध क्रमांक 2/23 धारा 302 भादस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने प्रकरण के आरोपी की अविलम्ब गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में थाना विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह पिता स्व. फेंकू सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी सरस्वतीपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ पर आरोपी ने अपने पिता की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब जप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर के.डी.बनर्जी, एएसआई अरूण गुप्ता, सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक इन्द्रजीत सिंह, अविनाश सिंह, विकास सिंह, आरक्षक रविशंकर पाण्डेय, राकेश यादव, प्यारे राजवाड़े, मनोज शर्मा, विजय साहू, मुकेश साहू, अभिमन्यु पैंकरा, खेलसाय व योगेश्वर पैंकरा सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।