सूरजपुर। सड़क हादसों में कमी लाने, यातायात नियमों का पालन कराने तथा साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता के लिए बुधवार, 14 सितम्बर को सूरजपुर जिले के यातायात व साइबर सेल प्रभारी के द्वारा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर में यातायात जागरूकता तथा साइबर की पाठशाला के तहत साइबर अपराध एवं उससे बचाव की जानकारी से स्कूली छात्रों को अवगत कराया गया। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया गया। साइबर सेल प्रभारी नीलाम्बर मिश्रा ने छात्रों को साइबर अपराध एवं सुरक्षा व सावधानी को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान युग में एंड्रॉयड मोबाइल के माध्यम से साइबर अपराधों में बढ़ोत्तरी हुई हैं, लेकिन जागरूक नागरिक इन अपराधों से बच सकता है। वह अपनी जानकारियों को किसी अंजान व्यक्ति से साझा नहीं करे। आपको किसी अन्य व्यक्ति के फोन आने पर वह डरा धमकाकर अथवा लॉटरी लगने के नाम पर आपसे जानकारी लेता है, तो आप बिल्कुल उसे कोई जानकारी ना दें। इसकी शिकायत पुलिस में करें। किसी भी तरह के लोभ-लालच या प्रलोभन के मैसेज को पूरी तरह नजर अंदाज करें। वर्तमान में घटित हो रहे सायबर अपराध से छात्रों को अवगत कराया। इस मौके पर छात्रों ने भी संवाद किया और सायबर अपराध को लेकर सवाल जवाब किए। यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय के द्वारा छात्रों को बताया कि यदि वाहन को नियंत्रित गति से चलाएं और यातायात नियमों का पूरी मजबूती के साथ पालन करें, तो सड़क हादसों पर काफी हद तक अंकुश पाया जा सकता है। युवाओं की जिम्मेदारी है कि मार्ग हादसों पर रोक लाने के लिए न सिर्फ स्वयं जागरूक हों, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करें। वाहन चलाते समय तनिक सी लापरवाही सड़क हादसे को न्यौता देता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्ति हेलमेट लगाएं और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाए। यातायात नियमों के पालन से दुर्घटना की संभावना लगभग न के बराबर होती है। यातायात के नियमों के पालन से वाहन चालक खुद के साथ दूसरों की भी जिदगियां बचा सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से यातायात के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। यातायात आरक्षक सुशील मिश्रा के द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े संकेतों का डेमो के माध्यम से जानकारी दिया।
गुरुवार, 15 सितंबर 2022
मंगलवार, 13 सितंबर 2022
एसडीओपी ने जन चौपाल लगाकर लोगों की सुनी समस्या, साइबर क्राईम, धोखाधड़ी से बचने नागरिकों को किया जागरूक
सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू के द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने हेतु पुलिस जन चौपाल लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में महिलाओं-छात्राओं को अवगत कराते हुए ऐप के इस्तेमाल को लेकर जागरूक करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। इसी परिपेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में बीते दिन चौकी उमेश्वरपुर की पुलिस की मौजूदगी में एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी ने ग्राम बकालो में जन चौपाल लगाकर लोगों समस्याओं को सुना और कईयों का मौके पर ही निराकरण किया। महिला सुरक्षा संबंधी अभिव्यक्ति ऐप, साईबर अपराध, यातायात नियम, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने कानूनों, विधिक जानकारियों से अवगत कराते हुए कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है, किसी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराए। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के कल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया। इस दौरान चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर देवनाथ चौधरी, जनपद सदस्य सावित्री सिंह, ग्राम बकालो सरपंच विद्यावती लकड़ा, जनप्रतिनिधिगण सहित काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरूष मौजूद रहे।
रामानुजनगर पुलिस स्कूली छात्राओं को बीच पहुंच दी कई जानकारियां। महिला सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप इस्तेमाल करने का बताया तरीका।
सूरजपुर। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। इसके अलावा इस एप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी अपनी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी। प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे ने छात्राओं को बताया गया कि वे महिला सुरक्षा एप से तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार, 12 सितम्बर को थाना रामानुजनगर की पुलिस ने अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के बारे में प्रचार-प्रसार एवं उसके इस्तेमाल को लेकर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर स्कूल पहुंचे और स्कूली छात्राओं को शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में इसके बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया। प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे ने बताया कि इस एप के इस्तमाल के लिए सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है, अपना मोबाइल नंबर डालना है, ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है, केवायसी अपडेट करना है, जिसके बाद महिलाएं कभी भी इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है। उन्होंने बताया कि इस एप में महिला सुरक्षा से जुड़े कई अहम जानकारियां मौजूद है जिसे जरूर अध्ययन करें। सदैव जागरूक रहने और घटना घटित होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने अपील किया। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी ने छात्राओं को यातायात नियमों और बाल सुरक्षा और पास्को एक्ट सहित अनेक जानकारी देते हुए बताया की किसी भी घटना दुर्घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने, सड़क पर चलते हुए किसी दुर्घटना पर बिना धैर्य खोए स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने, किसी भी तरह की कोई परेशानी होती हैं तो पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस बनाए वाहन न चलाने आदि कई जानकारी दी गई। थाना प्रभारी रामानुजनगर रूपेश कुंतल ने छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलु हिंसा से बचाव, नशा मुक्ति समेत कानून के विविध प्रावधानों के प्रति जागरूक कर मानसिक रूप से सशक्त बनाना।
रविवार, 11 सितंबर 2022
चोरी के माल सहित 1 गिरफ्तार, थाना सूरजपुर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। बीते शनिवार को ग्राम भुवनेश्वरपुर निवासी मिथलेश प्रजापति ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि जिला अस्पताल सूरजपुर के एमसीएच विंग के कन्ट्रोल रूम में रखा एक पीतल का अग्नि शमक यंत्र में लगने वाला वाटर सप्लाई नोजल को किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर धारा 380 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी के मार्गदर्शन में आरोपी की पतासाजी करने के दौरान थाना सूरजपुर पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी में जेलपारा सूरजपुर निवासी फुकुलुस खेस पिता स्व. सैनाथ खेस उम्र 25 वर्ष का हाथ है जिसके बाद उसे पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर चोरी किए गए नोजल कीमत करीब 12 हजार रूपये को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर व उनकी टीम सक्रिय रही।
नशे के अवैध कारोबार पर सूरजपुर पुलिस की निरंतर कार्यवाही जारी।52 नग नशीली इंजेक्शन के साथ 1 गिरफ्तार, थाना जयनगर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश के बाद अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्ध पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना जयनगर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम संजयनगर में एक व्यक्ति मोटर सायकल सहित वहां पहुंचा है और नशीली दवाईयों रखा है और बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में रविवार को जयनगर पुलिस की टीम ने ग्राम संजयनगर में घेराबंदी कर मोटर सायकल सहित अविनाश विश्वास पिता नरेश विश्वास उम्र 28 वर्ष निवासी डिगमा, थाना गांधीनगर को पकड़ा जिसके कब्जे से नशीली एविल इंजेक्शन 28 नग, टीजेसिक इंजेक्शन 20 नग, लिजेसिक इंजेक्शन 4 नग कुल 52 नग नशीली इंजेक्शन जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 26 हजार रूपये है। मामले में नशीली इंजेक्शन एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर सुभाष कुजूर, एसआई दिनेश राजवाड़े, एएसआई प्रवीण राठौर, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, बृजकिशोर ध्रुवा, आरक्षक राजकुमार पासवान, विकास मिश्रा व सैनिक जहांगीर आलम सक्रिय रहे।
शनिवार, 10 सितंबर 2022
चोरी के सामान व नगदी रकम सहित 2 गिरफ्तार, चौकी उमेश्वरपुर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। दिनांक 09.09.22 को ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी रमेश साहू ने चौकी उमेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 4 सितम्बर को दोपहर में खाना खाने घर गया था इसी दौरान गांव के ही ओमकरण सिंह ने दुकान का शटर लॉक तोड़कर अंदर घुसकर सामान व नगदी की चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर धारा 457, 380 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में आरोपी ओमकरण सिंह पिता लालसाय उम्र 19 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा गया, पूछताछ पर उसने बताया कि ग्राम डुमरभवना अनंतपुर के छोटेया के साथ मिलकर दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है, जिसके बाद पुलिस टीम ने छोटेया पिता चंदरसाय उम्र 32 वर्ष को भी पकड़ा। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का सामान एवं नगद रकम कुल 13660 रूपये का जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर देवनाथ चौधरी, आरक्षक विक्रम सिंह, राकेश सिंह, शिवशंकर सिंह व मनोज जायसवाल सक्रिय रहे।
शुक्रवार, 9 सितंबर 2022
जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में राज्य स्तरीय एथलेटिक एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता का पुलिस अधीक्षक ने किया शुभारंभ। खेल व्यक्तित्व विकास की अहम सीढ़ी- पुलिस अधीक्षक
सूरजपुर। खेल व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेल व्यक्ति को ऊर्जावान बनाए रखता है। खेल के प्रति लगन से व्यक्ति अपने कॅरियर और जीवन में सफलता की सीढ़ियां चढ़ता है। यह बात सूरजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही। शुभारंभ अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल के लिए समय दें, खेल व्यक्ति को फिट रखता है। खिलाड़ी की दिनचर्या अच्छी रहती है। खेल आज बेहतर खिलाड़ियों के लिए कॅरियर के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि अपने सपने बड़े रखें, कठिन परिश्रम करें, तब तक नहीं रुकें जब तक लक्ष्य नहीं मिल जाता। जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में दिनांक 09.09.22 से 10.09.22 तक दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के सौजन्य से कराया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 19 जवाहर नवोदय विद्यालय के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने भाग ले रहे है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन बेला में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से किया। सम्माननीय मुख्य अतिथि, मार्गरक्षी शिक्षकों, सूरजपुर के विभिन्न विद्यालयों से पधारे हुए खेल विशेषज्ञ शिक्षकों, विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से पधारे हुए खिलाड़ी विद्यार्थियों एवं उपस्थित समस्त संभ्रांत जनों के सम्मान में विद्यालय प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से छात्र- छात्राओं को अपनी प्रतिभाओं को निखारने का बहुत अच्छा आधार मिलता है। इन दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ खेल व खेल भावना का प्रदर्शन करने हेतु खिलाड़ी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री लोकेश कूर्म के निर्देशन में कक्षा दसवीं की छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। साथ ही लोक संस्कृति से सराबोर लोक नृत्य कर्मा की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि के द्वारा खेल झंडे को फ़हराकर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। विभिन्न विद्यालयों से पधारे हुए खिलाड़ी विद्यार्थियों के द्वारा मुख्य अतिथि के सम्मान में मार्च पास्ट कर सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यालय के दूसरे क्रीड़ा मैदान में चल रहे तीरंदाजी प्रतियोगिता का भी उनके द्वारा निरीक्षण किया गया और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई किया। इस कार्यक्रम का संचालन काउंसलर रमेश साहू और पीजीटी हिंदी चितरंजन कुमार चौहान ने किया। इस दौरान चौकी प्रभारी बसदेई बृजेश यादव, मेजबान शिक्षकों में नवोदय विद्यालय सूरजपुर के वरिष्ठ विद्वान शिक्षक श्री सिद्दीकी, डी आर कंवर ,अमित होरो, श्री पीके सिंह, आरके धनगुन, एके मीणा, श्री शत्रुघ्न, उमेश कुमार, सुश्री शिखा सुरेला, रामगोपाल पटेल एवं विद्यालय के सभी कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कोयला चोरी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, चौकी खड़गवां पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। बीते दिनों चौकी खड़गवां की पुलिस ने ग्राम पम्पापुर में चोरी का कोयला सहित 2 ट्रक, 1 पिकअप व 1 ट्रेक्टर वाहन पकडते हुए 40 टन कोयला कीमत 2 लाख का रूपये को जप्त कर धारा 41(1-4)जा.फौ./379 भादस के तहत कार्यवाही की गई थी, आरोपी चालकगण अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने मामले में आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश चौकी प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चौकी खड़गवां की पुलिस आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर प्रकरण में संलिप्त आरोपी नारायण अग्रवाल उर्फ डाकू पिता रोशन लाल अग्रवाल उम्र 40 वर्ष निवासी प्रतापपुर, सलीम खान उर्फ सोनू पिता अमानुल्लाह उम्र 30 वर्ष साकिन प्रतापपुर एवं राजेश्वर पिता मंगलसाय उम्र 36 वर्ष निवासी चौरा, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी खड़गवां संजय सिंह, प्रधान आरक्षक शिवलोचन पैंकरा, संजय यादव, आरक्षक श्याम सिंह, विमल तिर्की, संजीव कुजूर सक्रिय रहे।
गुरुवार, 8 सितंबर 2022
पीढ़ा में थाना सूरजपुर पुलिस ने लगाया जन चौपाल, मौके पर ही किया शिकायतों का निराकरण।
सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जनता और पुलिस के बीच की दूरियों को कम करने, ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण मौके पर हो इसलिए गांव-गांव में पुलिस जन चौपाल का आयोजन करने एवं छत्तीसगढ़ शासन के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को अवगत करा लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है। इसी तारतम्य में गुरूवार को थाना सूरजपुर की पुलिस ने ग्राम पीढ़ा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया। ग्राम सरपंच की मौजूदगी पुलिस के द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और स्वच्छ वातावरण में मौके पर ही शिकायतों का निराकरण किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने पुलिस से संवाद स्थापित कर कानूनी प्रावधान के बारे में जानकारी हासिल किया। पुलिस के द्वारा ग्रामीणों को साइबर क्राईम एवं उससे बचाव, ऑनलाईन फ्राड, यातायात के नियमों की जानकारी देकर उसका पालन करने कहा। महिलाओं की सुरक्षा संबंधी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में बताया।
चौपाल में पुलिस ने छत्तीसगढ़ शासन के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में दी जानकारी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौपाल में एएसआई रघुवंश सिंह ने छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराते हुए योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, पौनी पसारी योजना, छत्तीसगढ़ सार्वभौम पीडीएस, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, प्राकृतिक आपदा क्षतिपूर्ति योजना के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों से योजना से जुडे़ लाभ के बारे में चर्चा किया। अवैध कारोबार व नशे के विरूद्ध सूरजपुर पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे अभियान में अवैध कार्यो में लिप्त लोगों की सूचना देने की अपील किया। इस अवसर पर एएसआई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक हरेन्द्र सिंह, इसित बेहरा सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
बुधवार, 7 सितंबर 2022
आमगांव खुली खदान से चोरी किए गए 9 टन कोयला सहित 1 आरोपी गिरफ्तार, थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। दिनांक 07.09.22 को आमगांव कोयला खदान के सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक पवन शर्मा ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि आमगांव खुली खदान में कोयला उत्खनन कर भण्डारण किया गया है, बीते 6 सितम्बर के रात्रि में अज्ञात व्यक्ति के द्वारा खदान से करीब 9 टन कोयला को चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर धारा 379 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी को कोयला चोर की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चोरों की पतासाजी की जा रही थी इसी बीच मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम साल्ही निवासी बादल लकड़ा ओपन कास्ट खदान आमगांव से कोयला चोरी कर अपने घर में रखा है जिसके बाद पुलिस ने उसे तलब कर हिकमत अमली से पूछताछ करने पर खदान कोयला चोरी करना स्वीकार कर बताया कि चोरी किए कोयले को घर में छुपाकर रखा है। पुलिस ने विधिवत् आरोपी के निशानदेही पर चोरी का 9 टन कोयला कीमत 90 हजार रूपये को जप्त कर आरोपी बाल लकड़ा पिता सिंगर साय उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम साल्ही, थाना रामानुजनगर को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, एसआई मनीप्रसाद राजवाड़े, प्रधान आरक्षक हंसराम कनेडिया, आरक्षक रूपदेव सिंह, सैनिक देवचंद पाण्डेय, रजनीश पटेल व मानसाय सिंह सक्रिय रहे।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।
















