बुधवार, 11 मई 2022

चाचा की हत्या करने वाले आरोपी भतीजे को चौकी रेवटी पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूरजपुर। दिनांक 11/05/ 22 को ग्राम नरोला चौकी रेवटी निवासी प्रेमसाय सिंह ने चौकी में सूचना दिया कि 10 मई के रात्रि में इसके पिता रामवृक्ष घर के सामने पंडाल में सोया था रात्रि करीब 11 बजे मृतक का बड़ा भाई का लड़का देव प्रकाश वहां आया और सोए अवस्था में फावड़ा से प्रहार कर इसके पिता रामवृक्ष की हत्या कर दिया। सूचना पर मर्ग कायम कर पुलिस मौके पर पहुंची जहां शव पंचनामा करने के उपरान्त धारा 302 भादस का मामला पंजीबद्व किया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने आरोपी की जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश चौकी प्रभारी को दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चौकी रेवटी की पुलिस ने आरोपी देवप्रकाश पिता रामजीत सिंह को उसके गांव से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि घर में झाड़-फुंक देवारी कराने की बात को लेकर मृतक के द्वारा आपत्ति किये जाने से क्षुब्ध होकर फावड़ा से प्रहार कर चाचा रामवृक्ष की हत्या कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा जप्त कर आरोपी देवप्रकाश पिता रामजीत सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम नरोला, चौकी रेवटी को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाही में चौकी प्रभारी रेवटी के.डी.बनर्जी, प्रधान आरक्षक केश्वर मरावी, रामकुमार पैंकरा, आरक्षक अनिरूद पैंकरा, शैलू सिंह, शक्ति इलेवन एक्का व बलिन्दर खलखो सक्रिय रहे।

रविवार, 8 मई 2022

पत्नी की हत्या करने वाले हत्यारे पति को थाना झिलमिली पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूरजपुर। रविवार को ग्राम बोझा थाना प्रतापपुर निवासी विजय सारथी ने थाना झिलमिली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका ससुर सीताराम 7 मई को पूजा पाठ करने के लिए दोनों बेटी दामाद को बुलाया था दोनों बेटी दामाद जब ग्राम भांडी अपने ससुर के यहां आये तो घर में ताला लगा हुआ था, ससुर को खोजने लगे तो नया घर से कुछ दूरी पर मिला जिससे सास के बारे में पूछने पर घर में है कहकर जंगल तरफ ले जाने लगा और बात को घुमाने लगा और बताया कि अनिता को मार दिया हॅू जिसके बाद नये घर जाकर देखे तो अनिता मृत अवस्था में मिली। सूचना पर मर्ग कायम कर पुलिस मौके पर पहुंची, मृतिका को धारदार हथियार टांगी से मारकर हत्या करना पाए जाने पर अपराध क्रमांक 66/2022 धारा 302, 201 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने आरोपी की जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना झिलमिली पुलिस को दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना झिलमिली की पुलिस ने आरोपी सीताराम सारथी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि चरित्र शंका को लेकर पत्नी को टांगी से प्रहार कर हत्या कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त कर उसे विधिवत् गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई पास्कल लकड़ा, प्रधान आरक्षक अलबिनुस तिर्की, हेमन्त सोनवानी, आरक्षक चंद्रदेव मरावी, आरक्षक रामाकुमार, रामदयाल राठिया, दिलपाल कसेरा, झुम्मुक लाल व महिला आरक्षक प्रफुल्ला मिंज सक्रिय रहे।

गुरुवार, 5 मई 2022

छेड़छाड़ मामले का फरार प्राचार्य हुआ गिरफ्तार, थाना झिलमिली को मिली सफलता

सूरजपुर। छेड़छाड मामले में फरार प्राचार्य को झिलमिली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने जिले का कार्यभार संभालने के बाद थाना-चौकी प्रभारियों को आपराधिक प्रकरण में फरार आरोपियों की पतासाजी करते हुए जल्द से जल्द गिरफ्तार करने कड़े निर्देश दिए थे। छात्रा के साथ छेड़खानी मामले में चन्द्रमेढ़ा स्कूल के प्राचार्य अरूण पाण्डेय के विरूद्ध थाना झिलमिली में धारा 354(क)(1)(2), 509 भादवि व 3(2)(व्ही)(आई) एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज किया गया था जिसके बाद से ही आरोपी प्राचार्य फरार था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में गुरूवार को थाना झिलमिली की पुलिस ने फरार प्राचार्य को जरही में घेराबंदी कर पकड़ा और विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रूपये ईनाम की उदघोषणा भी किया था। मामले की विवेचना एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के द्वारा की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने कोतवाली व अजाक थाने का किया औचक निरीक्षण दिए निर्देश

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने गुरूवार को कोतवाली व अजाक थाने व पुलिस कन्ट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मी मुस्तैद पाए गए। पुलिस अधीक्षक ने प्रभारियों से थाना में लंबित अपराध व शिकायतों के बारे में जानकारी ली और जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने को कहा कि थाना में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुने और तत्काल वैधानिक कार्यवाही करें। पुलिस अधिकारी व जवानों को ईमानदारी के साथ ड्यूटी करने निर्देश दिए। थाना के रिकार्ड, सीसीटीएनएस में ऑनलाईन दर्ज होने वाले एफआईआर की जानकारी ली और तयशुदा वक्त में सभी जानकारियों को अपलोड करने कहा। किसी भी विपरीत परिस्थितियों से निपटने को लेकर पुलिसकर्मियों को सजगता बरतनेे का निर्देश दिये। कन्ट्रोल रूम प्रभारी को संचार व्यवस्था बेहतर बनाए रखने संबंधी निर्देश दिए। 

माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के दौरा कार्यक्रम को लेकर सूरजपुर पुलिस एलर्ट, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने अधिकारी व जवानों को सजगतापूर्वक सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी करने दिया निर्देश

सूरजपुर। माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का विधानसभावार दौरा प्रारंभ हो गया है वे 6 मई से लेकर 8 मई 2022 तक सूरजपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों में दौरा करेंगे जिसे दृष्टिगत रखते हुए गुरूवार को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने पुलिस लाईन में व्हीव्हीआईपी सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी में लगे अधिकारी, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधिकारी व जवानों को माननीय मुख्यमंत्री का जिले में दौरे के दौरान पूर्ण सजगता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था निर्मित न हो सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को तयशुदा दौरा के अवाला संभावित दौरे को लेकर भी पुलिस जवानों को एलर्ट रहकर मुस्तैदी के साथ तत्परतापूर्वक व्हीव्हीआईपी सुरक्षा ड्यूटी करने एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर जरूरी निर्देश दिए है। पुलिस अधीक्षक ने प्रभारियों को ड्यूटी में लगे जवानों के ठहरने व खाने की व्यवस्था के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

बुधवार, 4 मई 2022

1 लाख 20 हजार कीमत के गांजा सहित 2 गिरफ्तार, थाना चांदनी पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करनेे के कड़े निर्देश दिए थे जिसके बाद से ही थाना-चौकी की पुलिस नशीली पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है। इसी बीच मुखबीर की सूचना पर चांदनी पुलिस ने एक मोटर सायकल सहित दो व्यक्ति को पकड़ा जिनके कब्जे से 6 किलो गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही किया है।
    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में मंगलवार को चांदनी पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम ठाढपाथर में घेराबंदी कर हीरो ग्लेमर मोटर सायकल सहित श्याम बाबु जायसवाल पिता मोहन जायसवाल उम्र 24 वर्ष एवं इन्द्रकुमार जायसवाल पिता तुलसीदास जायसवाल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम नवाटोला, थाना चांदनी को पकड़ा जिनके कब्जे से 6 किलो मादक पदार्थ गांजा कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रूपये का जप्त किया। मामले में गांजा व परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर दोनों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चांदनी के.पी.चौहान, एसआई बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक मनोज वर्मा, आरक्षक संत पैंकरा, अनिल साकेत, अंष, अर्जुन व रौशन सिंह सक्रिय रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने महिला की फरियाद सुनकर थाना प्रभारी को दिए वैधानक कार्यवाही करने के निर्देश, आरोपियों के विरूद्व आत्महत्या का दुष्प्रेरण का मामला हुआ पंजीबद्ध

सूरजपुर। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के समक्ष ग्राम राजापुर निवासी उर्मिला प्रजापति फरियाद लेकर पहुंची और बताई कि उसका पति रामपुकार प्रजापति राजापुर गांव का उपसरपंच है जिसने दिनांक 11/10/2021 को कीटनाषक का सेवन कर लिया था जिसे उपचार के लिए किम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी दिनांक 19.10.2021 को मृत्यु हो गई। फरियादी ने बताया कि उसके पति को गांव के सरपंच व गांव के पटेल के द्वारा प्रताड़ित किया गया था जिसकी वजह से उसने कीटनाशक का सेवन किया था। महिला की फरियाद सुनकर संवेदनशील पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारी जयनगर को तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देश के परिपालन में थाना प्रभारी जयनगर के द्वारा तत्काल मामले में सियम्बर सिंह व कंचन प्रजापति के विरूद्ध अपराध क्रमांक 120/22 धारा 306, 34 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया जाकर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। 

मंगलवार, 3 मई 2022

हत्या के प्रयास मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, चौकी बसदेई पुलिस की कार्यवाही



सूरजपुर। दिनांक 12.03.2022 को ग्राम रजौलीपारा निवासी धर्मेन्द्र रवि को गांव के 5 व्यक्ति ने मिलकर जमीन कब्जा करने की बात को लेकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देकर लाडी डण्डे से प्राणघातक हमला किए थे जिससे प्रार्थी को सिर में गंभीर चोट आया था। मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने आरोपियों के विरूद्व धारा 294, 506, 323, 147, 148, 307 भा.दं.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारियों की बैठक लेकर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की पतासाजी तत्परता से करते हुए जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी परिपेक्ष्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी के मार्गदर्शन में चौकी बसदेई की पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच नई तकनीक व मुखबीर की सूचना पर प्रकरण में 4 आरोपी विजय मिंज, हरिप्रसाद मिंज, रामू मिंज एवं अनिल मिंज को मंगलवार को जिला कोरिया के कंचनपुर एवं सरगुजा जिला के बेलगांव में घेराबंदी कर पकड़ा गया और विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई संजय सिंह, एएसआई मानिक दास, प्रधान आरक्षक महेंद्र यादव, आरक्षक महेंद्र सिंह, सुरेश साहू, अमित सिंह, निलेश जायसवाल, देवदत्त दुबे सक्रिय रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के निर्देश पर ट्रेनी आईपीएस ने निगरानी, माफी बदमाशों व होटल-लॉज को किया चेक, चोरी मामले में फरार निगरानी बदमाश पुलिस की गिरफ्त में



सूरजपुर। माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के प्रवास को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारियों को क्षेत्र के निगरानी, माफी व गुण्डा बदमाशों तथा होटल-लॉज की चेकिंग करने के निर्देश दिए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विश्रामपुर ट्रेनी आईपीएस संदीप पटेल ने अभियान चलाकर क्षेत्र के निगरानी, माफी एवं गुण्डा बदमाशों को चेक किया और उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। थाने में पंजीबद्ध एक चोरी मामले में फरार आरोपी निगरानी बदमाश मनी गंडा को विश्रामपुर में चोरी की एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में घुमने के दौरान धरदबोचा गया। ट्रेनी आईपीएस ने व्हीव्हीआईपी दौरा को लेकर शहर के होटल-लॉज की चेकिंग कर संचालक व मैनेजर को होटल-लॉज में रूकने वाले सभी व्यक्तियों का आईडी, मोबाईल नंबर सहित जरूरी जानकारी रजिस्टर में इंद्राज करने की हिदायत दिया। इस दौरान एसआई शिवकुमार खुटे व थाना विश्रामपुर की पुलिस सक्रिय रही।

रविवार, 1 मई 2022

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर प्रतिदिन लग रहा पुलिस का ग्राम चौपाल, आमजनता में हर्ष व्याप्त, ग्राम चौपाल में शिकायतों का पुलिस अधिकारी कर रहे मौके पर ही निराकरण

सूरजपुर। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू के द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने हेतु ग्रामों में चलित थाना व ग्राम चौपाल लगाकर आमजनता की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर यथासंभव उसका मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है। इसी परिपेक्ष्य में रविवार 01 मई 2022 को थाना विश्रामपुर के द्वारा ग्राम रामनगर व थाना रामानुजनगर के द्वारा ग्राम सुमेरपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल के द्वारा ग्रामीणों को कानून, साइबर क्राईम, वर्तमान में हो रहे धोखाधड़ी से जागरूक रहने की जानकारी देते हुए उनकी शिकायत-समस्याएं को सुना और निराकरण किया। सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु ने चलित थाना में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर गांव की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को कानून की जानकारी देते हुए अपराध से बचने की समझाईश दी और वर्तमान दौर में किए जा रहे फ्राड जिनमें बैंक एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने तथा बैंक का अधिकारी अथवा कर्मचारी बनकर मोबाइल से आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर बैंक खातों से रकम पार करने की घटित हो रही घटनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को देते हुए ठगी का शिकार होने से बचने की सलाह दी। ग्राम सुमेरपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण किया। ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उसका पालन करने की अपील की। पुलिस के द्वारा लगाए जा रहे ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान होने पर उनमें हर्ष व्याप्त है। इस दौरान थाना प्रभारी शिवकुमार खुटे, एसआई सुनीता भारद्वाज, एएसआई सोहन सिंह, हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, सहित काफी संख्या में दोनों ग्रामों के ग्रामीणजन मौजूद रहे। 

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।