गुरुवार, 14 अप्रैल 2022

सूरजपुर पुलिस ने किया साईबर क्राईम जागरूकता पर कार्यशाला का आयोजन,

* सायबर की पाठशाला से वेटनरी पॉलिटेक्निक कालेज सूरजपुर के छात्र-छात्राएं हुए लाभान्वित

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों के द्वारा साईबर क्राईम जागरूकता पर कार्यशाला का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को साईबर अपराध से बचने के तरीके के साथ ही साईबर फ्राड होने पर किस प्रकार हानि से बचा जा सकता है इसके बारे में अवगत कराया जा रहा है। बीते 13 अप्रैल को एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, थाना प्रभारी सूरजपुर दीपक पासवान, साईबर सेल प्रभारी एसआई नीलाम्बर मिश्रा व सायबर सेल के रोशन सिंह के द्वारा वेटनरी पॉलिटेक्निक कालेज सूरजपुर में साईबर क्राईम जागरूकता हेतु सायबर की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीओपी सूरजपुर ने छात्र-छात्राओं को कहा कि वर्तमान दौर में समाज में जैसे जैसे तकनीक का उपयोग दैनिक जीवन में बढ़ रहा है वैसे वैसे नये अपराध समाज में बढ़ रहे हैं। जिनमें आर्थिक और सामाजिक अपराध और उनमें कम्प्यूटर, मोबाइल व इंटरनेट का प्रयोग करके अपराधी प्रवृत्ति के लोग नागरिकों की जीवन भर की कमाई लूट रहे हैं। महिलाओं को परेशान करने व अपमानित करने के लिए भी असामजिक तत्व सोशल मिडिया का प्रयोग कर रहें हैं। फर्जी नंबरों से फोन काल, नकली बैंक अधिकारी बन लोन फ्राड, केवाईसी सत्यापन के नाम पर आनलाइन ठगी जैसे अपराध घटित हो रहे है। इन सभी अपराधों के मूल में पीड़ित की अज्ञानता अथवा लालच ही पहला चरण होता है। उन्होंने कहा कि हमें किसी लालच में नहीं आना है, झांसे में आकर किसी प्रकार की ओटीपी, एटीएम कार्ड पिन नंबर की जानकारी किसी के साथ झांसा नहीं करना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को लगन व निष्ठा के साथ पढ़ाई करने की समझाईश भी दी। थाना प्रभारी सूरजपुर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी अभिव्यक्ति ऐप के बारे में अवगत कराया बल्कि छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप मोबाईल में डाउनलोड भी करवाया और अनुशासित ढंग से पढ़ाई करने इत्यादि के संबंध में जानकारी देकर आवश्यक समझाईश दिया गया। इस दौरान एसआई नीलाम्बर मिश्रा ने सायबर स्पेस व सायबर क्राइम के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को बताया कि जब तक हम किसी प्रकार की गलती नहीं करते, तब तक ठगी से बचे रहते है, किसी प्रकार के लालच में आकर वाटसएप अथवा टेक्सट मैसेज में भेजे गई लिंक पर टच करते है हमारे साथ ठगी हो जाता है, ऐसी ठगी न हो इसके बारे में महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। यातायात नियम, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने कानूनों, विधिक जानकारियों से अवगत कराते हुए कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है, किसी प्रकार की समस्या होने पर अवगत कराए। 
                सूरजपुर पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे सायबर की पाठशाला के बारे में छात्रों को अवगत कराया एवं सायबर सुरक्षा के लिए सूरजपुर पुलिस द्वारा प्रकाशित पाम्पलेट "क्या करें और क्या न करें" भी प्रतिभागियों को वितरित किया गया। ठगी होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, cybercrime.gov.in अथवा हेल्पलाईन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की विधि से अवगत कराया गया।

ट्रेनी आईपीएस ने चलित थाना का आयोजन कर लोगों की शिकायते सुन किया निराकरण * ग्राम रक्षा समिति को क्रियाशील व मजबूत करने पर जोर * महिला सुरक्षा के लिए उपयोगी अभिव्यक्ति ऐप की दी जानकारी


सूरजपुर । पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल के द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, नागरिकों की समस्या-शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करने के लिए ग्रामों तथा साप्ताहिक बाजार में चलित थाना लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में महिलाओं-छात्राओं को अवगत कराते हुए ऐप के इस्तेमाल को लेकर जागरूक करने के निर्देश जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में बुधवार 14 अप्रैल 2022 को ट्रेनी आईपीएस थाना प्रभारी विश्रामपुर संदीप कुमार पटेल के द्वारा ग्राम रामनगर में चलित थाना का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रेनी आईपीएस श्री पटेल ने ग्रामीणों की शिकायतों का सुना और कईयों का मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने ग्रामीणों को कानून की जानकारी देते हुए अपराध से बचने की समझाईश दी। वर्तमान दौर में किए जा रहे फ्राड जिनमें बैंक एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने तथा बैंक का अधिकारी अथवा कर्मचारी बनकर मोबाइल से आधार कार्ड एवं एटीएम कार्ड की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर बैंक खातों से रकम पार करने की घटित हो रही घटनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को देते हुए ठगी का शिकार होने से बचने की सलाह दी। इसी क्रम में नशा न करने की समझाईश देते हुए नशे से होने वाली आर्थिक, सामाजिक एवं शारीरिक हानियों के बारे में अवगत कराया, ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उसका पालन करने की अपील की। महिलाओं की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार किए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में मौजूद महिलाओं-पुरूष को अवगत कराया। चलित थाना के दौरान ग्राम रक्षा समिति के कार्यो, गांव की गतिविधियों के बारे में जानकारी देने तथा सूचना तंत्र को और मजबूत करने को लेकर चर्चा कर सुझाव लिए गए। इस दौरान थाना प्रभारी विश्रामपुर शिवकुमार खुटे, एएएसआई सोहन सिंह, सरपंच धर्मेन्द्र सिंह, सचिव भूपेश, ग्राम रक्षा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह, महिला सहायता समूह के पुष्पा व उनकी टीम सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

पत्नी का हत्यारा पति गिरफ्तार, महुआ बिनने की बात को लेकर किया था मारपीट, थाना प्रेमनगर पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। बीते 08 अप्रैल के रात्रि में ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अमलेश्वर सिंह महुआ बिनने की बात को लेकर अपनी पत्नी कलावती सिंह को डण्डा व लात से सिर में मारपीट कर चोट पहुंचाया था जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सूरजपुर लाया गया जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कालेज अम्बिकापुर में भेजा गया जहां ईलाज के दौरान दिनांक 10.04.2022 के शाम को कलावती की मृत्यु हो गई। पुलिस सहायता केन्द्र अम्बिकापुर से द्वारा शून्य में मर्ग कायम कर पंचनामा करते हुए शव का पीएम कराया गया। 13 अप्रैल को थाना प्रेमनगर में बिना नंबरी मर्ग डायरी प्राप्त होने पर नंबरी पर मर्ग कायम करते हुए तस्दीक उपरान्त आरोपी के विरूद्व अपराध क्रमांक 51/22 धारा 302 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रेमनगर की पुलिस के द्वारा आरोपी अमलेश्वर सिंह पिता गोविन्द सिंह उम्र 27 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा और उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त कर विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर विपिन लकड़ा, एसआई निर्मल राजवाड़े, आरक्षक राकेश सिंह, विक्रम सिंह, शिवशंकर सिंह व धनंजय राजवाड़े सक्रिय रहे। 

बुधवार, 13 अप्रैल 2022

मानव तस्करी व अनाचार के मामले में फरार 1 आरोपी गिरफ्तार, थाना चांदनी पुलिस की कार्यवाही, मामले में 2 आरोपियों की पूर्व में हो चुकी है गिरफ्तारी

सूरजपुर। दिनांक 25.11.2021 को चांदनी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना में सूचना दिया कि इसकी पत्नी बिना बताये घर से कही चली गई है सूचना पर गुम इंसान 9/21 कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान 9 मार्च को गुम महिला को उसका पति थाना लेकर आया जहां उसे विधिवत दस्तयाब किया गया। गुमशुदा महिला से पूछताछ करने पर उसने बताया कि अपने पति को बिना बताए श्यामाबाई जायसवाल के घर घुमने गई थी जहां उसने कई प्रकार का लालच देकर बहला फुसलाकर अपने पति सागर सिंह की मदद से गांव मलुडीपुरा, थाना खिलचीपुर जिला राजगढ़ मध्यप्रदेश निवासी प्रेम सिंह के पास 1 लाख 50 हजार रूपये में बेच दी। इस बीच प्रेम सिंह ने गुमशुदा के साथ अनाचार भी किया, गुमशुदा अपने घर पति के पास आने की जिद करने लगी तब उस व्यक्ति ने श्यामाबाई को फोन कर बुलाया, श्यामाबाई और गुमशुदा दोनों मलुडीपुरा से सूरजपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे जहां उसे श्यामाबाई छोड़कर चली गई। गुमशुदा किसी प्रकार अपने घर ग्राम महुली पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताई। प्रकरण मानव तस्करी एवं अनाचार का होने पर आरोपियों के विरूद्ध थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 18/22 धारा 370, 376(2)(एन) भादवि का पंजीबद्ध करते हुए 2 आरोपी श्यामाबाई जायसवाल एवं सागर सिंह को दिनांक 11.03.22 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था मामले में एक आरोपी फरार था। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने फरार आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी की पुलिस ने नई तकनीक की मदद से आरोपी प्रेम सिंह तंवर पिता रामलाल कंवर को ग्राम जोलपा, थाना पनवाड़ जिला झालवाड़ा राजस्थान में घेराबंदी कर पकड़ा और ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर थाना चांदनी लाया और विधिवत् गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में एएसआई आर.डी.सिंह, आरक्षक रविराज पाण्डेय, आरक्षक राजकुमार आर्मो, अनिल कुमार, युवराज यादव, रोशन सिंह सक्रिय रहे।

मंगलवार, 5 अप्रैल 2022

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने जनदर्शन में आमजनता की सुनी समस्या, जनदर्शन में पहुंची महिला की फरियाद पर पुलिस अधीक्षक ने फौरन अपराध दर्ज करने थाना प्रभारी को दिए निर्देश

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ शासन व पुलिस महानिदेशक द्वारा आमजनता की समस्याओं को सुनने एवं उसके निराकरण के लिए पुलिस जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए है जिसके परिप्रेक्ष्य में सोमवार, 04 अप्रैल 2022 को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने जिला पुलिस कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। जनदर्शन में विश्रामपुर निवासी एक महिला ने घर में आग लगा देने, झिलमिली निवासी व्यक्ति ने गांव के एक व्यक्ति पर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने एवं भटगांव निवासी एक महिला ने दुर्घटना के मामले में फरार आरोपी को पकड़ने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों का शिकायतों का जल्द से जल्द कार्यवाही कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के जनदर्शन में विश्रामपुर निवासी एक महिला फरियाद लेकर पहुंची। उसने बताया कि झिलमिली निवासी एक व्यक्ति ने अम्बिकापुर में शादी का झांसा देकर अनाचार करते रहा जिससे उसकी 2 माह की बच्ची भी है और अब वह इसे रखने को तैयार नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी विश्रामपुर को शून्य में अनाचार का मामला पंजीबद्व करते हुए प्रकरण की डायरी को अग्रिम विवेचना हेतु कोतवाली थाना भेजने के निर्देश दिए। निर्देश के फौरन बाद पीड़िता की रिपोर्ट थाना विश्रामपुर में शून्य में अनाचार का मामला दर्ज किया गया और डायरी अग्रिम विवेचना भेज दी गई। जनदर्शन में 22 लोगों के चरित्र सत्यापन की जांच कर प्रमाण पत्र जारी किए गए, 14 व्यक्तियों के पासपोर्ट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूर्ण की गई एवं 07 प्रकरणों में राहत प्रकरण हेतु अंतिम जांच प्रतिवेदन जारी किया गया। इस दौरान एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

सोमवार, 4 अप्रैल 2022

कबाड़ लोड़ पिकअप वाहन सहित 2 गिरफ्तार, थाना ओड़गी पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। दिनांक 03.04.2022 को थाना प्रभारी ओड़गी को मुखबीर से सूचना मिली कि भैयाथान की ओर से अवैध कबाड़ लोड पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 डीएफ 4998 वाहन ओड़गी की ओर जा रहा है, जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल को अवगत कराने पर उन्होंने तत्काल घेराबंदी कर पकड़ने के निर्देश दिए।
        अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना ओड़गी की पुलिस ने डुण्डी चौक में घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोकवाया, वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लोहे का कबाड़ लोड़ होना पाया, वाहन चालक श्याम सुन्दर एवं सुदामा ताम्रकार से कबाड़ के संबंध में दस्तावेज की मांग किए जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जो चोरी का होने के पूर्ण अंदेशा पर धारा 41(1-4) जा.फौ./379 भादवि के तहत कार्यवाही करते हुए 1 टन कबाड़ कीमत 25 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जप्त कर आरोपी श्याम सुन्दर ताम्रकार पिता गौरीशंकर उम्र 24 वर्ष व सुदामा ताम्रकार पिता गौरीशंकर उम्र 22 वर्ष निवासी इन्दरपुर, थाना ओड़गी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी ओड़गी रामसाय पैंकरा, एएसआई गुड्डु कुशवाहा, प्रधान आरक्षक सोहर लाल पावले, आरक्षक जीतलाल व सैनिक विष्णु यादव सक्रिय रहे।

अपहरण व अनाचार का आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रेमनगर पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। दिनांक 01.04.2022 को प्रेमनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक महिला ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी नीरज सोनी ने उसे बहला फुसलाकर शादी का झांसा देकर भगाकर ले गया और जबरन उसके साथ अनाचार किया। पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना प्रेमनगर में धारा 363, 366, 376(2)(ढ) भादवि, 6 पास्को एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्यवाही व आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रेमनगर की पुलिस फरार आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी नीरज सोनी को ग्राम सोहगा, थाना दरिमा में घेराबंदी कर पकड़ा और विधिवत् गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बिपिन लकड़ा, एएसआई हरिराम टंडन, आरक्षक चंद्रकांत बिजनेर, बेंचू सोलंकी, महिला आरक्षक सिंधु व सैनिक तुफान सिंह सक्रिय रहे।

कुख्यात चोर से 2 लाख 15 हजार रूपये कीमत के चोरी किए गए 6 मोटर सायकल किया जप्त, चौकी रेवटी पुलिस की कार्यवाही


आरोपी मोटर सायकलों को बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चाम्पा व कोरबा से किया था चोरी 

सूरजपुर।  रेवटी चौकी की पुलिस ने एक कुख्यात चोर से विभिन्न जिलों से चोरी किए गए 6 मोटर सायकल जप्त कर गिरफ्तार किया है जिसकी कीमत 3 लाख 15 हजार रूपये है। दिनांक 04.04.2022 को चौकी प्रभारी रेवटी के.डी.बनर्जी को मुखबीर से सूचना मिली कि रामपुर में एक व्यक्ति चोरी की मोटर सायकल बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल को अवगत कराने पर उन्होंने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ने के निर्देश दिए।
            अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में चौकी रेवटी की पुलिस ग्राम रामपुर पहुंची और संदिग्ध एक व्यक्ति को फैशन प्रो मोटर सायकल सहित पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम महेन्द्र उर्फ मोनू पिता श्याम रतन उम्र 26 वर्ष निवासी सिरमीना चौकी कोरबी, थाना पसान जिला कोरबा का रहने वाला बताया जिससे मोटर सायकल के संबंध में दस्तावेज की मांग करने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। हिकमत अमली से पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्ति ने 5 और मोटर सायकल चोरी कर छुपाकर रखना बताया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर फैशन प्रो, होण्डा ड्रीम योगा, होण्डा सीबी साईन डीएक्स, हीरो स्पेलेन्डर व हीरो होण्डा साईन मोटर सायकल बरामद किया जो चोरी का होने के पूर्ण अंदेशा पर कुल 6 नग मोटर सायकल कीमत 3 लाख 15 हजार रूपये का जप्त कर इस्तगाशा क्रमांक 01/22 धारा 41(1-4) जा.फौ./379 भादवि के तहत कार्यवाही कर आरोपी महेन्द्र उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ पर आरोपी ने इन मोटर सायकलों को बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चाम्पा एवं कोरबा से चोरी करना बताया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी रेवटी के.डी.बनर्जी, प्रधान आरक्षक रामकुमार पैंकरा, अखिलेश यादव, आरक्षक रविन्द्र साय सैनिक रामा सक्रिय रहे।

रविवार, 3 अप्रैल 2022

24 हजार रूपये कीमत के गांजा सहित 2 गिरफ्तार, चौकी बसदेई पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करनेे के निर्देश दिए थे जिसके बाद से ही थाना-चौकी की पुलिस नशीली पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है। इसी बीच मुखबीर की सूचना पर बसदेई पुलिस ने दो लोगों को 2 मोटर सायकल सहित पकड़ा जिनके कब्जे से गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। 
        अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी के मार्गदर्शन में शनिवार को बसदेई पुलिस न मुखबीर की सूचना पर ग्राम बंजा में घेराबंदी कर दो मोटर सायकल सहित 2 व्यक्ति राम चौधरी पिता गुलाब चौधरी उम्र 24 वर्ष एवं सत्य नारायण चौधरी पिता लालसाय चौधरी उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम महेशपुर, चौकी लटोरी का पकड़ा गया जिनके कब्जे से 2 किलो 60 ग्राम गांजा कीमत 24 हजार रूपये का जप्त किया गया। मामले में गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त दोनों मोटर सायकल जप्त करते हुए आरोपियों के विरूद्ध धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई संजय सिंह, एएसआई मानिकदास, प्रधान आरक्षक महेन्द्र यादव, आरक्षक निलेश जायसवाल, सुरेश साहू, देवदत्त दुबे, बाबुनाथ पोर्ते, महेन्द्र प्रताप सिंह सक्रिय रहे। 

शुक्रवार, 1 अप्रैल 2022

सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एएसआई के सेवानिवृत्ति पर हुआ विदाई सम्मान समारोह,

  • सेवा के अंतिम दिन एएसआई को फिटनेश व रोबदार मूछ के लिए पुलिस अधीक्षक ने 500 रूपये नगद पुरस्कार दिया
  • एएसपी 38 वर्ष तथा एएसआई 41 वर्षो तक पुलिस विभाग में दी अपनी सेवाएं

सूरजपुर।  पुलिस विभाग में लगातार 38 तथा 41 वर्षो तक सेवा देकर गुरूवार 31 मार्च 2022 को सेवा निवृत्त हुये सूरजपुर जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी.एस.महिलाने व पुलिस लाईन में पदस्थ एएसआई सुखदेव राम भगत के सेवानिवृत्ति पर विदाई सम्मान समारोह का आयोजन होटल आदित्य में किया गया। जहां पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने दोनों को साल-श्रीफल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर सेवानिवृत्त हो रहे दोनों ही अधिकारियों के परिजन भी मौजूद रहे।
        इस दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा कि एएसपी पी.एस.महिलाने 38 वर्ष 10 दिन व एएसआई सुखदेव राम 41 वर्षो तक पुलिस विभाग में लगन व तत्परता के साथ नौकरी करते हुए आमजनता की सेवा और बेहतरी के लिए कार्य करते रहे जिसका नजीता यह है कि दोनों स्वस्थ्य और फिट है। उन्होंने कहा कि सेना और पुलिस की सेवा को वेतन से नहीं तौल सकते ये दोनों विभाग में अधिकारी व जवान जान हथेली पर लेकर घर से निकलते है और काफी विषम परिस्थितियों का सामना डटकर करते है। सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों के स्वस्थ्य, सुखमय पारिवारिक जीवन जीने और दीर्घायु होने की कामना की।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारी पुलिस की नौकरी से विदा हो रहे है, यह सत्य है कि हम सभी को इस दौर से गुजरना है, एएसपी पी.एस.महिलाने के साथ पूर्व तथा वर्तमान में किए कार्यो के अनुभव के बारे में बताया। दोनों अधिकारियों को सदैव अपने कार्यो के प्रति जवाबदेह रहकर अधिनस्थों को सहयोग व मार्गदर्शन देते हुए कर्तव्य निष्ठ रहते हुए अनुशासन को बनाए रखा। जिले में बेहतर कार्य किये, सदैव मार्गदर्शी रहे और अपने अधिनस्थों को बेहतर कार्य के प्रति प्रोत्साहित करते रहे। सेवानिवृत्त हो रहे एएसआई सुखदेव राम भगत की फिटनेश एवं उनके रोबदार मुछ के लिए उन्हें सेवा के अंतिम दिन पुलिस अधीक्षक ने 500/- रूपये का नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। सीईओ जिला पंचायत श्री राहुल देव ने कहा कि श्री महिलाने सुदुर ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों की समस्या, शिकायतों, अपराधों की जांच में तत्परतापूर्वक कार्य किए, सेवा के अंतिम पडाव में भी पुलिस व प्रशासन की शिविर के अलावा कई अवसरों पर ऊर्जा के साथ मौजूद रहकर सौंपे गए कार्यो को पूरा किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद के नये जीवन के पड़ाव की बधाई दी। पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि दोनों ही अधिकारियों का व्यवहार काफी उत्तम है, स्वभाव से सरल व मृदभाषी है, 38 व 41 वर्षो तक अपनी सेवा पुलिस विभाग में दी है जो काफी लम्बा समय रहा, दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, डीएफओ मनीश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के द्वारा किया गया। विदाई सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पी.एस.महिलाने व एएसआई सुखदेव राम भगत को पुलिस व प्रशासन की ओर से उपहार भेंट किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ए.के.जोशी, सीएसपी. जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, रक्षित निरीक्षक भुपेन्द्र कुर्रे, थाना प्रभारी दीपक पासवान, शिवकुमार खुटे, किशोर केंवट, विकेश तिवारी, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा, अखिलेश सिंह, अग्रिमा मिश्रा, दशरथ पैंकरा, चौकी प्रभारी सी.पी.तिवारी, सुनील सिंह, संजय गोस्वामी, वरिष्ठ नागरिक रामबिलास मित्तल सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।