बुधवार, 9 मार्च 2022

अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं-छात्राओं को किया सम्मानित

अभिव्यक्ति महिला जागरूकता सप्ताह का हुआ शुभारंभ 



सूरजपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला सूरजपुर के यातायात शाखा परिसर में विश्व महिला दिवस का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मरावी, विशिष्ट अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती भगवती राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उषा सिंह, श्री शिवभजन मरावी, जिला पंचायत सदस्य श्री कुलदीप बिहारी, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल के द्वारा मॉ सरस्वती की प्रतिमा में दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नारी शक्ति एवं पुलिस परिवार के मेघावी छात्राओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
        इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने नारी शक्ति को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन महिलाओं की सांस्कृतिक, राजनीतिक और सामाजिक आर्थिक उपलब्धियों को लेकर विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, नारी समाज की सशक्त रीढ़ है। हमारे देश की बेटियां पुरुषों से आगे निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में देश-दुनिया में अपना परचम फैला रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले की पुलिस तत्परता से कार्य करते हुए उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करने अभियान चला रहा है। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं को सृष्टि की जननी बताते हुए कहा कि सृष्टि के प्रत्येक प्राणी की जननी स्त्री ही है। प्रत्येक पुरुष को स्त्री की सम्मान करने के लिए आगे आना चाहिए।
            जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मरावी ने कहा कि आज हमारी महिला बहने किसी से कम नहीं है, पुरूष के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही है और पूर्ण निष्ठा के साथ विभिन्न दायित्वों को निभा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती भगवती राजवाड़े ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में आज कमजोर नहीं है, अपने बुलंद हौसले के दम पर सफलता हासिल कर रही है। कार्यक्रम को श्री शिवभजन मरावी व जिला पंचायत सदस्य श्री कुलदीप बिहारी ने भी संबोधित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के द्वारा आभार एवं मंच का संचालन एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के द्वारा किया गया।

महिला पुलिसकर्मी व प्रतिभाशाली छात्राओं को किया गया सम्मान

अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग में सक्रियतापूर्वक आमजनता की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महिला एएसआई नीलकुसुम बेक, महिला आरक्षक निक्की मिश्रा, सोना साहू, विमला खलखो, पिंकी सोनवानी व पार्वती सिंह तथा पुलिस परिवार के मेघावी छात्रा सुमन सिंह, लक्ष्मी सिंह, खुशी राजवाड़े, पायल राठिया, खुशबू साहू, निहारिका सोनवानी, सुरूचि व प्रियंका कुजूर को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अभिव्यक्ति महिला जागरूकता सप्ताह का हुआ शुभारंभ

पुलिस अधीक्षक ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘अभिव्यक्ति कार्यक्रम के तहत महिला जागरूकता सप्ताह का भी शुभारंभ किया है जिसके माध्यम से पूरे सप्ताह अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा के बारे में जिले की पुलिस स्कूल-कालेजों सहित अन्य स्थानों पर जाकर जागरूकता अभियान चलायेगा।
            इस अवसर पर ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, डीएसपी ए.के.जोशी, कार्यालय अधीक्षक संतोष वर्मा, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुर्रे, थाना प्रभारी सूरजपुर दीपक पासवान, थाना प्रभारी विश्रामपुर शिवकुमार खुटे, चौकी प्रभारी चेन्द्रा आराधना बनोदे, यातायात प्रभारी आर.सी.राय, स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह, अग्रिमा मिश्रा, महिला पुलिसकर्मी सहित आसपास के महिलाएं उपस्थित रहे।

रविवार, 6 मार्च 2022

5 लाख 50 हजार रूपये कीमत के 35 मोबाईल व स्मार्ट वॉच जप्त, 5 आरोपी गिरफ्तार; आरोपियों ने चोरी की मोबाईल को ईंट भट्ठा के पास रखा था छुपाकर


थाना झिलमिली पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। बीते 03 मार्च को ओड़गी निवासी हिमांशु गुप्ता ने थाना झिलमिली में रिपोर्ट दर्ज कराया कि भैयाथान-ओड़गी रोड में उसका आशु इलेक्ट्रानिक्स का दुकान है, जहां 3 मार्च की दरमियानी रात में उसके दुकान से 44 नग मोबाईल, 5 नग स्मार्ट वॉच और 1 इयर बड्स कीमत 6 लाख 50 हजार रूपये का अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया है रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 34/22 धारा 457, 380 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को चोरी के मामले का जल्द खुलासा करते हुए चोर को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना झिलमिली की पुलिस नई तकनीक की मदद से अज्ञात चोर की पतासाजी में लगी थी इसी दौरान मुखबीर ने सूचना दिया कि ग्राम करकोटी में एक व्यक्ति चोरी का मोबाईल बेचने की फिराक में है जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ा। पूछताछ पर कमल उर्फ राहुल ने बताया कि दिनांक 03.03.2022 को अपने साथी मुकेश बंजारे, ओमप्रकाश व 2 अन्य के साथ आशु इलेक्ट्रानिक्स की दुकान का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे मोबाईल, स्मार्ट वॉच, इयर बड्स को चोरी करके करकोटी स्थित अपने ईंट भट्ठा के पास छुपाकर रखे थे। आरोपी के निशानदेही पर 34 नग मोबाईल, 03 नग स्मार्ट वॉच कुल कीमत 5 लाख 50 हजार रूपये एवं घटना में प्रयुक्त ताला तोड़ने का सब्बल जप्त कर आरोपी कमल उर्फ राहुल पिता अर्जुन राम उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम करकोटी, मुकेश बंजारे पिता गनी राम उम्र 21 वर्ष सा. लखनपुर, थाना झिलमिली एवं ओमप्रकाश पिता लालसाय उम्र 19 वर्ष सा. केवरा, थाना झिलमिली को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मोबाईल को बेचने के लिए जसपाल उर्फ बंटी पिता करमचंद उम्र 19 वर्ष सा0 केशवनगर एवं उमाशंकर पिता महेश लाल उम्र 19 वर्ष सा0 तिलसिवां को दिए थे पुलिस ने चोरी का 1 नग मोबाईल जप्त कर इन दोनों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों आरोपियों ने चोरी के पूरे मोबाईल को बेचने का जिम्मा लिया था। मामले में 2 अन्य आरोपी फरार है जिनकी पतासाजी की जा रही है।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई धनेश्वर कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हेमन्त सोनवानी, हितेश्वर राजवाड़े, आरक्षक दिनेश ठाकुर, दिलपाल कसेरा, युवराज यादव, रोशन सिंह, चंद्रदेव मरावी, अचल गुप्ता, महेश सिदार, रामदयाल राठिया व सैनिक नरेन्द्र मरावी सक्रिय रहे।

शनिवार, 5 मार्च 2022

पैसा मांगने की बात को लेकर माँ की हत्या करने वाला आरोपी लड़का गिरफ्तार, थाना प्रतापपुर पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। दिनांक 03.03.2022 को बाबापारा निवासी जीवधन जायसवाल ने थाना प्रतापपुर में सूचना दिया कि ग्राम सरहरी निवासी 55 वर्षीय सुखमनिया पति स्व. रामसूरत का शव संदिग्ध अवस्था में उसके घर के पलंग में पड़ा हुआ है सूचना पर शव पंचनामा बाद मर्ग कायम किया गया। मर्ग जांच के दौरान डॉक्टर के द्वारा पीएम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु का कारण हत्यात्मक होना लेख किए जाने पर अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध अपराध क्रमांक 49/22 धारा 302 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को घटना से जुड़े सभी बिन्दुओं पर बारीकी से जांच करते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रतापपुर की पुलिस अज्ञात आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी इसी बीच जानकारी मिली कि मृतिका का लड़का राजेश बछोर को घटना से पूर्व सुखमनिया के साथ देखा गया था तथा च्वाईस सेंटर के पास पैसे की बात पर झगड़ा करने की जानकारी मिली जिसके बाद संदेही राजेश को पकड़ा गया जिससे पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि माँ से पैसा मांगने पर नहीं देने की बात पर गुस्सा होकर अपनी माँ को हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए पलंग में पटक कर चेहरा को बिस्तर में दबा कर श्वास अवरूद्ध करते हुए हत्या कर दिया। मामले में आरोपी राजेश बंछोर पिता स्व. रामसूरत बंछोर उम्र 26 वर्ष निवासी अमनदोन को विधिवत् गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में एसआई नवल किशोर दुबे, एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक भागवत एक्का, रामाधीन श्यामले, आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, कौशलेन्द्र सिंह व निरंजन एक्का सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 4 मार्च 2022

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने जिले के थाना व चौकी प्रभारियों की ली क्राईम मीटिंग, महिला सुरक्षा व लोगों को धोखाधड़ी से बचाने सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर

  • आदतन अपराधियों का निगरानी हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश
  • बिना अनुमति कार्यस्थल न छोड़ने दी सख्त हिदायत


सूरजपुर। थानों में लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग, शिकायतों की विस्तृत जानकारी लेकर उनके निराकरण में तेजी लाने, जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराध पर अंकुश लगाने, समंस वारंट की तामिली का स्तर में बढ़ोत्तरी, अवैध कार्यो के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राईम मीटिंग शुक्रवार 04 मार्च 2022 को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने थाना चौकी प्रभारियों से पुराने लंबित सभी अपराधों की विस्तृत जानकारी ली और थाना प्रभारियों को उनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये इसी प्रकार उन्होंने लंबित चालान एवं शिकायतों की विधिसम्मत जांच समय पर करते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। थाना-चौकी प्रभारियों को कहा कि संज्ञेय अपराध की सूचना पर त्वरित एफआईआर दर्ज करें इसमें किसी प्रकार की कोताही ना बरते साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द सुनिश्चित करें, जुआ-शराब, अवैध कार्यो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करने, चोरी-नकबजनी सहित अन्य मामलों की रोकथाम व ऐसे लोगों पर बारीकी से निगाह रखने के लिए आदतन अपराधियों का निगरानी हिस्ट्रीशीट जल्द खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों को निकाल जल्द करने, पुलिस राजपत्रित अधिकारियों को प्रतिदिन थाना-चौकी का आकस्मिक निरीक्षण करने, अधीनस्थों को अच्छे कार्यों हेतु प्रोत्साहित कर बेहतर कार्य लिए जाने एवं उनसे नियमित तौर पर दिनचर्या के कार्यों, उनकी समस्या से अवगत हो निराकरण हेतु अवगत करानेे के निर्देश दिए। उन्होंने थाना-चौकी प्रभारियों को कहा कि सदैव अच्छे कार्यो हेतु तत्पर रहे और उसे करते रहें, बैंकों की नियमित चेकिंग एवं उसके आसपास पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखे, बैंक के शाखा प्रबंधकों से मुलाकात कर बैंक की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराए, निगरानी बदमाशों की नियमित जांच किए जाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा नियमित व प्रभावी रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये है। बैठक में कई मामलों के फरार आरोपी दिगर राज्य के होने की जानकारी पर उन्होंने नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर पुलिस टीम को जल्द रवाना किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने विशेष तौर पर कहा कि आगामी दिनों में विधान सभा सत्र के मद्देनजर सभी थाना-चौकी प्रभारी अपना मुख्यालय बिना अनुमति के नहीं छोडेंगे, चाही गई जानकारी समय पर उपलब्ध कराते हुए क्षेत्र में एलर्ट रहेंगे, आम जनता पुलिस से आशा करती है कि उनके समस्याओं का निराकरण समय पर हो इसलिये सभी आवश्यक कार्य करें, महिला सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति एप के प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों को ठगी से बचाने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर दिया जाए, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में धोखाधड़ी से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ ही क्षेत्र में कड़ी निगाह बनाए रखने, अवैध नशीली दवाओं तथा मादक पदार्थ के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने हेतु सार्थक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, डीएसपी ए.के.जोशी, जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी, जिले के थाना चौकी प्रभारी सहित पुलिस के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सोमवार, 28 फ़रवरी 2022

4 चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी निगरानी बदमाश सहित 2 गिरफ्तार

  • घर के बाहर रखे छड़ तथा दुकान से नगदी रकम व कपड़ो को किया था चोरी
  • 54 हजार कीमत के 8 बण्डल छड़, परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन व कपड़ा बरामद
  • थाना जयनगर पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। बीते 26 फरवरी को ग्राम सिलफिली निवासी आशीष कुशवाहा ने थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि अपने निर्माणाधीन मकान के ढलाई के लिए 24 फरवरी को छड़ खरीद कर लाया था और मकान के बाहर रखा था 24.02.2022 के दरम्यिानी रात्रि में अज्ञात चोर के द्वारा 8 बण्डल छड़ को चोरी कर लिया गया, रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 61/22 धारा 379 भादवि का पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने निगरानी बदमाशों, इस प्रकार की वारदात को पूर्व में अंजाम देने वाले लोगों से सूक्ष्मता से पूछताछ करने एवं मामले में आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में थाना जयनगर की पुलिस आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी इसी दौरान सोमवार को सूत्र से जानकारी मिला कि गणेशपुर निवासी गौरा उर्फ गौरांग वर्मन कुछ दिनों से रात्रि में 2-3 लोगों के साथ अपने पिकप वाहन में घुम-फिर रहा है जिसके बाद पुलिस ने संदेही गौरा उर्फ गौरांग को हिरासत में लिया। पूछताछ पर उसने बताया कि अपने साथी रामबली राजवाड़े निवासी कनकपुर व 1 अन्य साथी के साथ मिलकर 24 फरवरी की रात्रि में निर्माणाधीन मकान के पास से छड़ को चोरी कर अपने पिकप वाहन में लोड़ कर रखना बताया, जिसके बाद आरोपी रामबली को हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों से बारीकी से पूछताछ करने पर बताया कि सिलफिली मेन रोड़ स्थित शिवम कलेक्शन से कपड़ा व नगदी रकम, सिलफिली कुशवाहापारा लटोरी रोड़ स्थित पिंकू कुशवाहा के किराना दुकान में रखे गल्ला से नगदी रकम व किराना सामान तथा लटोरी बनारस रोड़ स्थित बनभौरी ट्रेडर्स के बाहर से करीब 2 माह पूर्व रात्रि में 46 बण्डल छड सरिया को पिकप वाहन से चोरी करना बताया। आरोपियों के निशानदेही पर आशीष कुशवाहा के चोरी हुए 8 बण्डल छड़ कीमत 54 हजार रूपये एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 29 एई 5506 कीमत 6 लाख रूपये, शिवल कलेक्शन से चोरी किया जींस कपड़ा जप्त कर आरोपी गौरा उर्फ गौरांग वर्मन पिता स्व. रतन वर्मन उम्र 52 वर्ष निवासी गणेशपुर एवं रामबली राजवाडे पिता रामबरन राजवाडे उम्र 19 वर्ष निवासी कनकपुर थाना जयनगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम को खर्च कर दिए है। प्रकरण का आरोपी गौरा उर्फ गौरांग वर्मन थाना जयनगर क्षेत्र का निगरानी बदमाश है जो पूर्व में चोरी, नकबजनी, मारपीट सहित कई अन्य मामलों में गिरफ्तार होकर जेल में निरूद्ध रहा है। मामले में 2 आरोपी फरार है जिनकी पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर सुभाष कुजूर, एसआई दिनेश राजवाडे, एएसआई वरुण तिवारी, राकेश यादव, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, आरक्षक विकाश मिश्रा, रवि पाण्डेय, दीपक दुबे, जितेन्द्र सिंह, मितेश मिश्रा, जयप्रकाश यादव, नीरज झा व अविनाश कुजूर सक्रिय रहे। 

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने पुलिस जनदर्शन में आमजनता की सुनी समस्या

समस्याओं के तत्काल निराकरण हेतु एसडीओपी, थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ शासन व पुलिस महानिदेशक द्वारा आमजनता की समस्याओं को सुनने एवं उसके निराकरण के लिए पुलिस जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए है जिसके परिप्रेक्ष्य में सोमवार, 28 फरवरी 2022 को जिला स्तर पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने जिला पुलिस कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। जनदर्शन में जिला कोरिया निवासी एक महिला ने भरण-पोषण की राशि के लिए पति के विरूद्ध हाल ही में वारंट जारी होने की जानकारी दी जिस पर पुलिस अधीक्षक ने जनदर्शन में मौजूद एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी को पीड़िता की शिकायत की जांच करने व वारंट की तामीली तत्काल कराने के निर्देश दिए। वहीं सूरजपुर निवासी एक महिला ने जमीन संबंधी विवाद, ग्राम केरता निवासी महिला ने घरेलू विवाद को लेकर परिजनों के द्वारा मारपीट करने की शिकायत दिया जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों का शिकायतों का जल्द से जल्द जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में 18 लोगों के चरित्र सत्यापन की जांच कर प्रमाण पत्र जारी किए गए, 12 व्यक्तियों के पासपोर्ट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूर्ण की गई एवं 12 प्रकरणों में राहत प्रकरण हेतु अंतिम जांच प्रतिवेदन जारी किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, डीएसपी ए.के.जोशी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

रविवार, 27 फ़रवरी 2022

फसल बीमा की राशि फर्जी तरीके से आहरित करने के मामले में मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक गिरफ्तार, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भैयाथान का मामला,थाना झिलमिली पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। दिनांक 28.09.2021 को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भैयाथान में कृषकों के खाते में जमा फसल बीमा की राशि कृषकों के फर्जी हस्ताक्षर कर आहरित कर करीब 34 लाख रूपये गबन करने के मामले में थाना झिलमिली में अपराध क्रमांक 117/21 धारा 420, 467, 468, 471, 120बी, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। पूर्व में पुलिस ने 2 आरोपी सुबेदार सिंह एवं सुनील यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा था। धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक जगदीश कुशवाहा मामला पंजीबद्ध होने के बाद से ही फरार था। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल ने सूचना तंत्र मजबूत करते हुए प्रकरण में मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की पतासाजी लगातार की जा रही थी इसी बीच रविवार को मुखबीर की सूचना पर सूरजपुर में प्रकरण का मुख्य आरोपी जगदीश कुशवाहा पिता रामबिलास कुशवाहा निवासी चंदरपुर, थाना भटगांव को घेराबंदी कर पकड़ा गया जिसे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी झिलमिली बसंत खलखो, एएसआई धनेश्वर कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हेमन्त सोनवानी, आरक्षक विश्वजीत सिंह, निलेश जायसवाल व दिनेश ठाकुर सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 25 फ़रवरी 2022

सूरजपुर पुलिस की सायबर पाठशाला-2, सायबर अपराधों से बचने सतर्कता बरतने की अपील

सूरजपुर। सायबर अपराध से नागरिकों को बचाने, सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल, ऑनलाईन ठगी का शिकार नागरिक न हो उन्हें सायबर अपराध की जानकारी व इससे बचने के उपाए से अवगत कराने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने एक विशेष मुहिम चलाया है जिसका नाम सायबर की पाठशाला है। इस मुहिम के तहत सायबर सेल की टीम व जिले की पुलिस नागरिकों को सायबर से संबंधित विषयों पर जागरूक करने में लगा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में बीते दिन सायबर पाठशाला-2 का जागरूकता पोस्टर जारी किया गया जिसमें फर्जी ई-मेल से किए जाने वाले ठगी के बारे में बताया गया है। इसमें ठग/अपराधी पीड़ित को एक बहुत बड़ी अविश्वसनीय रकम की लाटरी लगने, बहुत अधिक मुनाफे का लालच दिखाकर पैसे निवेश कराने, सस्ते ब्याज या 0 प्रतिशत ब्याज पर लोन का वादा करके या ट्रेक्टर या अन्य कोई एजेंसी कम कमीशन पर दिलाने के नाम पर ठगी की शुरूआत करता है और पीड़ित की बैंक खाते की जानकारी उसी से लेकर या धोखेबाज सीधे अपने ही बैंक या वैलेट अकाउंट में रुपये ट्रांसफर करवा लेता है। इस प्रकार के फर्जीवाड़े से नागरिकों को बचाने सूरजपुर पुलिस के द्वारा प्रभावी कद उठाते हुए लगातार साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूता संदेश तथा पोस्टर जारी किया जायेगा। 


सूरजपुर पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लघंन पर 604 वाहन चालकों के विरूद्व किया एमव्ही एक्ट की कार्यवाही


सूरजपुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा श्री अजय कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने गुरूवार, 24 फरवरी को जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को यातायात नियमों के उल्लघंन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही का अभियान चलवाया। पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों की मौजूदगी में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 604 वाहन चालकों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में गुरूवार को पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 604 वाहन चालक जो बिना हेलमेट, बिना लायसेंस, बिना सीटबेल्ड, दो पहिया वाहन में तीन सवारी व बिना दस्तावेज एवं यातायात नियमों का उल्लघंन करने पर उनके विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् कार्यवाही कर 1 लाख 36 हजार 8 सौ रूपये का समन शुल्क अर्जित कर शासन के कोष में जमा किया है। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाईश भी दिया।

22 हजार रूपये कीमत के गांजा सहित 1 गिरफ्तार, थाना चांदनी पुलिस की कार्यवाही


सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करते एवं क्षेत्र में सक्रिय मुखबीर का जाल फैलाने के निर्देश दिए थे जिसके बाद से ही जिले की पुलिस नशीली पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है। इसी बीच मुखबीर की सूचना पर चांदनी पुलिस ने एक व्यक्ति से 2 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ पकड़ उसके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बुधवार को चांदनी पुलिस की टीम ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम नवाटोला में घेराबंदी कर ग्राम गौरा, थाना सरई, जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश निवासी शास्त्री प्रसाद जायसवाल उर्फ दादू पिता लल्लू प्रसाद को पकड़ा जिसके कब्जे से 2 किलो 200 ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमत 22 हजार रूपये का जप्त किया गया। मामले में गांजा जप्त करते हुए आरोपी के विरूद्ध धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चांदनी के.पी.चौहान, एसआई बृजेश यादव, आरक्षक रविराज पाण्डेय, शिवकुमार बिंझवार, मुरलीधर नायक, शंकर सिंह, अनिल कुमार व चेतन राजवाड़े सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।