सोमवार, 6 सितंबर 2021

माननीय विशेष सत्र न्यायाधीश ने हत्या के आरोपी को दी आजीवन कारावास की सजा.................

सूरजपुर: दिनांक 27.07.19 को मृतिका अपने सहेलियों के साथ जल लेकर कैलाशगुफा गई थी जो बतौली में सभी अलग-अलग हो गये थे, 29 जुलाई 2019 को एक गवाह ने मृतिका को आरोपी के साथ बांस झाड़ जंगल में मोटर सायकल से आते देखा था। मृतका के घर 2-3 दिन नहीं आने पर आस-पड़ोस में पतासाजी करने पर पता नहीं चलने से मृतिका के परिवार वाले चौकी मणिपुर जाकर घटना के बारे में बताने पर घटना बतौली का होने से मृतिका के माता के द्वारा 9 अगस्त 2019 को रिपोर्ट करने पर गुम इंसान कायम कर पतासाजी किया जा रहा था। दिनांक 05/08/19 को पण्डोनगर में अज्ञात लाश मिलने की सूचना पर थाना जयनगर में मर्ग क्रमांक 81/19 कायम कर जांच में लिया गया, डॉक्टर के द्वारा पीएम रिपोर्ट के ओपेनियन में किसी धारदार हथियार से गर्दन में पहुंचाये गए चोट से मौत होना लेख किए जाने पर दिनांक 01.09.19 को थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 215/19 धारा 302, 201 भादवि का अपराध पंजीबद्ध विवेचना में लिया गया। थाना बतौली के पुलिस द्वारा मृतिका के परिवार वालों को 02.09.19 को फोन करके बताए कि लड़की का पता चल गया है। थाना जयनगर पहुंचे परिजन ने मृतिका के शव से जप्त किए कपड़े को निकाल कर दिखाने पर पहचान लिए तब आरोपी सलमान खान निवासी लक्ष्मीपुर, थाना अम्बिकापुर द्वारा अपराध घटित करना कबूल करने पर विवेचक थाना प्रभारी जयनगर दीपक पासवान द्वारा मेमोरण्डम तैयार कर घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त किए एवं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया। प्रकरण में एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा 3(2-5) जोड़े जाने से अग्रिम विवेचना हेतु थाना अजाक डायरी भेजी गई। प्रकरण में गवाहों का कथन लिया जाकर जप्त हड्डी का डीएनए जांच हेतु भेजा जाकर विवेचना पूर्ण होने पर भली भांति अपराध सबूत पाए जाने पर अभियोग पत्र समीक्षा बाद न्यायालय में पेश किया गया।
          इस मामले की सुनवाई विद्धान न्यायाधीश श्री हेमंत सराफ, माननीय विशेष सत्र न्यायाधीश सूरजपुर के यहां हुई। माननीय न्यायालय ने मामले की सुनवाई पूर्ण करते हुये गवाहों के कथन, डॉक्टर के पीएम रिपोर्ट तथा डॉक्टर के कथन एवं समस्त डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के विरूद्व अपराध सिद्ध पाए जाने पर आरोपी सलमान खान को धारा 302 भादवि में आजीवन कारावास, 500 रूपये अर्थदण्ड, धारा 201 भादवि में पांच वर्ष कठोर कारावास, 500 रूपये अर्थदण्ड एवं धारा 3(2)(व्ही) एक्ट्रोसिटी एक्ट में आजीवन कारावास व 500 रूपये अर्थदण्ड से दंडित किया है।

सूरजपुर में शिक्षक दिवस विशेष पर शिक्षात्मक वेबिनार का हुआ आयोजन....................





सुपर 30 के संस्थापक श्री आनंद कुमार ने शिक्षकों व पुलिस परिवार के बच्चों का किया मार्गदर्शन।

जिले में ऑनलाईन शिक्षात्मक क्लासेस के लिए सुमीत फाउंडेशन देगा 30 डिवाईसेस।

संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े ऑनलाईन वेबिनार से जुड़ शिक्षक दिवस की दी बधाई।

सूरजपुर: 05 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में शिक्षक दिवस विशेष के तहत ऑनलाईन शिक्षात्मक बेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भटगांव विधायक व संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े भी ऑनलाईन जुड़े और सभी को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए जिला व पुलिस प्रशासन के इस पहल को बेहतर शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होने की बात कही।
          कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल देव ने विशेष पहल करते हुए जिले के शिक्षकों, मेघावी छात्रों व पुलिस परिवार के अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा कैसे हासिल की जाए इस उद्धेश्य को लेकर यह ऑनलाईन वेबिनार का आयोजन कराया जिसमें सुपर 30 के संस्थापक, एस. रामानुजन व मौलाना अब्दुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित श्री आनंद कुमार, सुमीत फाउंडेशन के संस्थापक श्रीमती मोना पुरी, राष्ट्रपति अवार्ड से पुरस्कृत शिक्षक श्री देवेन्द्र दुबे ने शिक्षकों, मेघावी छात्रों तथा पुलिस परिवार के अध्ययनरत बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल करने मार्गदर्शन दिया। इस वेबिनार में एक हजार से अधिक शिक्षक, मेघावी छात्र व पुलिस परिवार के अध्ययनरत बच्चे व अधिकारी-कर्मचारी जुड़े।
          इस बेबिनार में  सुपर 30 के संस्थापक श्री आनंद कुमार  ने कहा कि कमजोर तबके के छात्र जिनमें शिक्षा हासिल करने का जज्बा होता है वह सफल जरूर होते है। उन्होंने बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा में सार्थक पहल करते हुए विशेष आयोजन पर कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण मंत्र बताए जिसमें प्रबल प्रयास, सकरात्मक सोच, कठिन प्रयास, धौर्य बनाए रखने के साथ ही अच्छी किताबे पढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मछली बिना पानी के नहीं रह सकती ठीक उसी प्रकार छात्रों में शिक्षा के प्रति रूचि होनी चाहिए और जब तक सफलता हासिल न हो तब तक हार नहीं मानने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र यदि ऑनलाईन क्लासेस नियमित चलाई जाती है तो समयानुसार क्लासेस अटेंड करने की बात कही। श्री आनंद कुमार ने जिला व पुलिस प्रशासन के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि जल्द ही जिले में आयेंगे और जिले के छात्रों व पुलिस परिवार के अध्ययनरत बच्चों को प्रत्यक्ष रूप से मार्गदर्शन देने की बात कही।
           सुमीत फाउंडेशन के संस्थापक श्रीमती मोना पुरी  ने कहा कि छात्रों में कुछ अच्छा कर गुजरने की सदैव ख्वाहिश रहता है उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे भी श्री आनंद कुमार से शिक्षा के क्षेत्र में कई वर्षो जुड़ी हुई है और उनके मार्गदर्शन में निरंतर अच्छी शिक्षा दिलाने को लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने जिले के छात्रों को ऑनलाईन बेहतर शिक्षा के लिए 30 डिवाईस देने की बात कही। राष्ट्रपति अवार्ड से पुरस्कृत शिक्षक श्री देवेन्द्र दुबे ने अच्छी शिक्षा को लेकर शिक्षकों एवं छात्रों को मार्गदर्शन किया।
           कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने जिले के शिक्षक व छात्रों के लिए कीमती समय निकालने पर सुपर 30 के संस्थापन श्री आनंद कुमार, सुमित फाउंडेशन के संस्थापक श्रीमती मोना पुरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके मार्गदर्शन से निश्चित तौर पर शिक्षक व बच्चों में बेहतर शिक्षा के प्रति रूझान आया है और बच्चें इस कार्यक्रम से प्रोत्साहित होकर सफलता की ओर अग्रसर होंगे।
          पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता  ने कहा कि जिले के छात्रों सहित पुलिस परिवार के अध्ययनरत बच्चों को अच्छी प्रेरणादायक शिक्षा की ओर अग्रसर करने का विचार आया और कम समय में जिला व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से छात्रों में शिक्षा के लिए काफी प्रेरणा मिली है। सुपर 30 संस्थान के प्रति छात्रों में काफी रूझान होना बताया और आज उनके संस्थापक श्री आनंद कुमार को वर्चुअल माध्यम से अपने बीच पाकर बच्चें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित हुए है। पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम से जुड़े सभी का आभार व्यक्त किया।
          जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल देव  ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुपर 30 संस्थान अपने आप में विशेष ख्याति है। इस संस्थान से काफी छात्र अपने मुकाम को हासिल कर चुके है और अच्छे पदों पर आसीन है। इस वर्चुअल शिक्षात्मक वेबिनार से शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव आयेंगी और जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा की ओर अग्रसर होगी।

श्री आनंद कुमार ने अपने जीवन से जुड़ी बाते की साझा।

          शिक्षात्मक बेबिनार के आयोजन के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आग्रह पर श्री आनंद कुमार ने कैसे कठिनाईयों से लड़ते हुए शिक्षा हासिल किया, आर्थिक चुनौतियों से डरे नहीं, कभी हार नहीं मानी। उन्होंने बताया कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है, दृढ इच्छा शक्ति के बल पर सब संभव है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के दम पर ही आज इस उपलब्धि को हासिल किया है।

शिक्षकों व छात्रों को किया मार्गदर्शन।

          सुपर 30 के संस्थापक श्री आनंद कुमार ने इस ऑनलाईन बेबिनार में जुड़े जिले के शिक्षकों व छात्रों से चर्चा कर उनके सवालों को सुना और कहा कि गणित विषय से भागे नहीं, यह अच्छा विषय है, निरंतर प्रयास करने से हर सवाल हल हो जाते है। उन्होंने शिक्षकों को अच्छे पढ़ने और पढ़ाने प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि उपलब्धि के दम से ही अपना जीवन को बदला जा सकता है और समाज व देश के लिए अच्छा कार्य किया जा सकता है। वर्चुअल कार्यक्रम का संचालन अशोक उपाध्याय के द्वारा किया गया।

बुधवार, 1 सितंबर 2021

5 किलो गांजा सहित 1 आरोपी गिरफ्तार, संयुक्त पुलिस टीम की कार्यवाही।.......

सूरजपुर। अवैध कार्यो के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर निरंतर कार्यवाही जारी है। मंगलवार, 31 अगस्त को पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबीर की सूचना पर रामानुजनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर प्रेमनगर निवासी 30 वर्षीय पंकज साहू को पकड़ा जिसके कब्जे से 5 किलो मादक पदार्थ गांजा कीमत 75 हजार रूपये का जप्त किया गया। मामले में गांजा जप्त करते हुए आरोपी के विरूद्व धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है।
          इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर विपिन लकड़ा, चौकी प्रभारी लटोरी, सुनील सिंह, एएसआई माधव सिंह, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, आरक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह, ललन सिंह, रामकुमार नायक, विकास पटेल, अजय प्रताव राव, विश्वजीत सिंह, उदय सिंह व मुकेश साहू सक्रिय रहे

सूरजपुर पुलिस के समर्पण अभियान का हुआ भव्य वर्चुअल शुभारंभ.....................






शिक्षामंत्री, संसदीय सचिव, सविप्रा अध्यक्ष, आईजी सरगुजा ने किया समर्पण अभियान का वर्चुअल शुभारंभ।

वरिष्ठ नागरिकों को पुलिस से जोड़ने, देखभाल व समस्या निराकरण करना है उद्धेश्य।

सूरजपुर: जिले की पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को पुलिस के सीधे सम्पर्क में लाने, देखभाल एवं प्रत्येक सप्ताह पुलिस मैत्री बन उनके घर-द्वार जाकर उनकी समस्याओं का जानते हुए संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने के उद्धेश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने विशेष पहल करते हुए समर्पण अभियान की रूपरेखा तैयार की थी जिसका मंगलवार, 31 अगस्त को विधिवत वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ माननीय शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य, संसदीय सचिव छ.ग. शासन श्री पारसनाथ राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खेलसाय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज श्री रतनलाल डांगी व अन्य जनप्रतिनिधियों के विशिष्ट आतिथ्य में किया गया।
          इस दौरान शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा व समस्या के जल्द निराकरण को लेकर समर्पण अभियान के तहत सीनियर सीटीजन को पुलिस से जोड़ना अच्छी शुरूवात, सराहनीय पहल है इससे पुलिस संवेदनशील होकर कार्य करेगी जिसके जरिए आमजनों में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति उनके सम्मान को बनाए रखने के लिए जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सहित अन्य कार्यो में लगी रहती है जिसके बावजूद भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह अभियान प्रारंभ किया जाना उनके लिए काफी मददगार साबित होगा।
          विधायक, भटगांव व संसदीय सचिव श्री पारसनाथ राजवाड़े ने कहा कि लोगों के सुविधा को ध्यान में रखते हुए समर्पण अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान से हमारे वरिष्ठ नागरिक के घर पुलिस के अधिकारी पहुंचेंगे और उनका कुशलक्षेम जानते हुए यदि उन्हें कोई समस्या अथवा आवश्यकता है तो उसका निराकरण करेंगे।
         वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक प्रेमनगर व सरगुजा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री खेलसाय सिंह ने कहा कि आज के दौर में वरिष्ठ नागरिकों का ध्यान रखने की आवश्यकता है, वे छोटे-मोटे काम को लेकर जिला मुख्यालय तक पहुंचते है ऐसे में पुलिस के द्वारा समय-समय पर उनके घर जाकर मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानते हुए निराकरण कराया जायेगा जिससे उन्हें काफी सहुलियत होगी और वे पुलिस से जुड़े भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों के हित व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसा आयोजन किया जाना सराहनीय है।
          वर्चुअल शुभारंभ के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज श्री रतन लाल डांगी ने कहा कि पारिवारिक जीवन में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान दें, इनके लिए सही दिशा में चले, सही सोंचे, सहीं करें। बुजुर्गों एवं वृद्धों के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने के साथ-साथ समाज में उनको उचित स्थान देने की कोशिश करें ताकि उम्र के उस पड़ाव पर जब उन्हें प्यार और देखभाल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो वो जिंदगी का पूरा आनंद ले सके। आईजी श्री डांगी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव का लाभ ले, उनके अनुभव बहुत उपयोगी होते है, समर्पण अभियान के जरिए पुलिस वरिष्ठ नागरिकों के करीब पहुंचकर उनकी समस्या जान निराकरण कराने के इस अभियान को बेहद खास बताया, उन्होंने कहा कि अच्छी सोच को लेकर कार्य करने पर सूरजपुर पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के समस्त वरिष्ठ नागरिकों का बायोडाटा अपडेट रखा जाए और बीच-बीच में मोबाईल के माध्यम से भी उनसे सम्पर्क कर उनका कुशलक्षेम जाना जाए ताकि उन्हें अकेलेपन का एहसास ना हो।
          इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कहा पिछले 2 महिने से समर्पण अभियान को लेकर मुहिम चलाई गई थी और जिलेभर के 470 वरिष्ठ नागरिकों को इससे जोड़ा गया है। जिले की पुलिस अभियान के तहत संवेदनशीलता और तत्परता से वरिष्ठ नागरिकों की समस्या-शिकायतों का निराकरण करेगी। उन्होंने बताया कि माननीय पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ के निर्देश पर 4 बड़े व 1 छोटे जिलों में समर्पण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें हमारा जिला भी शामिल है। जिले के विभिन्न थाना-चौकी में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों को समर्पण अभियान से जोड़ा गया है इस अभियान के मॉनिटरिंग के लिए थाना-चौकी स्तर पर एक एएसआई को नोडल बनाया गया है। प्रत्येक सप्ताह पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सीनियर सीटीजन के घर-द्धार में जाकर उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानते हुए यदि उन्हें कोई समस्या है तो उसका निराकरण करेगी। मंच का संचालन व आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के द्वारा किया गया।
          पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष लालचंद अग्रवाल की मौजूदगी में रामबिलास मित्तल सहित कई अन्य वरिष्ठ नागरिकों को समर्पण अभियान का पहचान पत्र प्रदाय कर सम्मानित किया। मंगलवार को जिले के समस्त थाना-चौकी क्षेत्र के 5-5 वरिष्ठ नागरिकगण समर्पण अभियान के वर्चुअल शुभारंभ में सम्मिलित हुए। जिले के थाना-चौकी प्रभारियों ने समर्पण अभियान के तहत 400 वरिष्ठ नागरिकों को पहचान पत्र एवं छाता प्रदाय किया है।
          इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी शिव भजन मरावी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती भगवती राजवाड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष के.के.अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज गुप्ता, कंचन सोनी, आशिष यादव, कंचन सोनी, उपाध्यक्ष आलोक साहू, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, सभी थाना-चौकी प्रभारीगण वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे। साथ ही एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, थाना प्रभारी सूरजपुर धर्मानंद शुक्ला, वरिष्ठ नागरिक संघ के अनिल गोयल, रविशंकर मिश्रा, मोतीलाल गुप्ता, सुशील कुमार अग्रवाल, शिवशंकर तिवारी, बांकेबिहारी अग्रवाल, हरिदास अग्रवाल, विष्णुराम अग्रवाल, रामबिलास मित्तल, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित पत्रकारगण मौजूद रहे।

सोमवार, 30 अगस्त 2021

सूरजपुर पुलिस ने 1 साइबर ठग को जामताड़ा के भेलवाडीह करमाटांड से किया गिरफ्तार........


*बीएसएनएल ब्राडबैंड की जानकारी दे टीम व्यूअर एप्स डाउनलोड करा दी थी ठगी को अंजाम।*

सूरजपुर। दिनांक 20.07.2021 को हास्पिटल कालोनी विश्रामपुर निवासी महेन्द्र लाण्डेय ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 18 जुलाई को इसके मोबाईल पर अज्ञात मोबाईल नंबर धारक के द्वारा फोन कर मोबाईल में टीम व्यूअर एप्स डाउनलोड कराकर नेट बैंकिंग के माध्यम से 2,04,411/- रूपये की ठगी किया गया है प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 420 भादवि व 66, 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान प्रार्थी के खाते से ठगी किए गए राशि के बारे में जानकारी निकाली गई जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को पकड़ने थाना विश्रामपुर व जयनगर की संयुक्त पुलिस टीम को झारखंड भेजा। 
          अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में झारखण्ड पहुंची पुलिस टीम ने नई तकनीक की मदद से मामले के आरोपी मरगोड़ी पंचायत, दासडीह, थाना जाण्डेय, जिला गिरीडीह झारखण्ड निवासी 33 वर्षीय आरोपी जगदीश मण्डल को 28 अगस्त को जामताड़ा झारखण्ड में घेराबंदी कर पकड़ा और उसे गिरफ्तार कर विश्रामपुर लाया गया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वर्ष 2013 से ठगी का काम मोबाईल के माध्यम से अपने 1 साथी के साथ मिलकर करता है और नए-नए मोबाईल नंबरों पर फोन कर ठगी करने का प्रयास करने के दौरान दिनांक 18 जुलाई को प्रार्थी के मोबाईल नंबर पर फोन कर बीएसएनएल ब्राड बैंड के संबंध में बताते हुए कम्प्यूटर का जानकार साथी के साथ मिलकर प्रार्थी के मोबाईल में टीम व्यूअर एप्स डाउनलोड कराकर 2 लाख 4 हजार 411 रूपये ट्रांसफर कर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाईल को आरोपी की निशानदेही पर जप्त किया है। आरोपी के द्वारा छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों के लोगों को भी टीम व्यूअर के जरिए ठगी का शिकार बनाने की जानकारी मिली है जिसके संबंध में अन्य राज्यों की पुलिस को अवगत कराया जा रहा है। मामले में 1 अन्य आरोपी की संलिप्तता पाई गई है जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। प्रकरण में ठगी कर पैसा ऑनलाईन विभिन्न खातों में ट्रान्सफर किया गया है जिसके संबंध में तफ्तीश की जा रही है।
          इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर दीपक पासवान, थाना प्रभारी विश्रामपुर सुभाष कुजूर, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, तालिब शेख, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, अकरम मोहम्मद, युवराज यादव व रौशन सिंह सक्रिय रहे।

शनिवार, 28 अगस्त 2021

07 जुआड़ियों को थाना चंदौरा पुलिस ने जुआ खेलते पकड़ा, 10290 रूपये जप्त..........

सूरजपुर। अवैध कार्यो के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर लगातार कार्यवाही जारी है। इसी बीच मुखबीर की सूचना पर थाना चंदौरा की पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात्रि में परमेश्वरपुर के एक घर के बाहर लगे बल्व की रौशनी में जुआ खेलते 07 लोगों हरिहरपुर थाना चंदौरा निवासी रविशंकर साडिल्य, रनसाय चेरवा, परमेश्वरपुर निवासी सोनसाय देवांगन, सुखलाल देवांगन, मटिगड़ा निवासी संतोष पैंकरा, अशोक पैंकरा व भैंसामुण्डा थाना प्रतापपुर निवासी एजाज मोहम्मद को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने जुआ फड़ से 10,290 रूपये, 03 नग मोबाईल एवं 02 मोटर सायकल जप्त कर इन जुआड़ियों के विरूद्व धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदौरा बाजीलाल सिंह, एएसआई रामसिंह, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक अखिलेश दुबे, मनमोहन विश्वकर्मा, महेन्द्र सिंह व रूपम साय सक्रिय रहे।

पुलिस की तत्परता से 2 घंटे के भीतर अपहरण का आरोपी हुआ गिरफ्तार......

सूरजपुर: पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा जिले में नाबालिग बालक, बालिकाओं के विरूद्ध घटित मामलों में शीघ्रता से कार्यवाही करने हेतु अधीनस्थों को लगातार दिये जा रहे। बीते 27 अगस्त को चौकी बसदेई क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने चौकी रिपोर्ट दर्ज कराया कि 26 अगस्त को इसकी नाबालिक पुत्री घर से बिना बताए कही चली गई है, किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर भगाकर ले गया है रिपोर्ट पर धारा 363, 366 भादवि के तहत मामला पंजीबद्व किया गया।
          अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में चौकी बसदेई की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रकरण की अपहृत बालिका को दस्तयाब करने एवं अपहरणकर्ता आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार के लिए कई जगहों पर दबिश दी गई। इसी बीच मुखबीर की सूचना व नई तकनीक की मदद से अन्यत्र स्थान पर बालिका को लेकर जाने के फिराक के दौरान ऊंचडीह में घेराबंदी कर आरोपी कुंवर साय राजवाड़े को पकड़ा गया जिसके कब्जे से नाबालिक बालिका को बरामद कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
          इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी बसदेई संजय सिंह, प्रधान आरक्षक वरूण तिवारी, महेन्द्र यादव, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, देवदत्त दुबे, अमरेन्द्र दुबे व प्रदीप साहू सक्रिय रहे।

पुलिस के संवाद नंबर 7999161672 के प्रति लोगों में बढ़ी जागरूकता...........

केतका में जनसंवाद व संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन।

प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुन, किया निराकरण।

समर्पण, हिम्मत कार्यक्रम के बारे दी गई जानकारी।

सूरजपुर। जिला प्रशासन व पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम केतका में जनसंवाद व संवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार 28 अगस्त को किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता व जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल देव ने जरूरतमंद लोगोें को हेलमेट वितरण किया है साथ ही लोगों की शिकायतों को सुनकर उसका निराकरण भी किया।
           इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने हेलमेट की उपयोगिता के बारे में बताते हुए कहा कि सफर के दौरान बाईक चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने क्योंकि दुर्घटना के दौरान यदि आपने हेलमेट पहना है तो हेड इंजूरी से बच सकते है, व्यक्ति की जान बहुत कीमती है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी सुरक्षा के प्रति खुद सचेत रहे और नियमों का पालन कर सुरक्षित रहे।
          पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नागरिकों में संवाद नंबर 7999161672 के प्रति जागरूकता बढ़ी है, लोग अपनी शिकायत-समस्या से हमें अवगत करा रहे है, पुलिस के द्वारा प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण में लगी हुई है। हिम्मत कार्यक्रम के तहत महिला-बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि आज महिला-बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के लिए सशक्त बनने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में वरिष्ठ नागरिकगण भी मौजूद थे जिन्हें समर्पण कार्यक्रम से जुड़ने को कहा ताकि वे पुलिस के सीधे सम्पर्क में आ सके। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्धेश्य सीनीयर सिटीजन के घर-द्वार जाकर उनकी शिकायत अथवा समस्या का फौरन निराकरण किया जाना है।
          इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, जिला पंचायत सदस्य बिहारी कुलदीप, इस्माईल खान, एसआई बीडी यादव, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

शनिवार, 21 अगस्त 2021

सूरजपुर पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, 1 आरोपी गिरफ्तार........

सूरजपुर। दिनांक 17.08.2021 को प्रतापपुर के ग्राम अमनदोन निवासी विफल राम प्रजापति ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसकी पत्नी धनियो प्रजापति 15 अगस्त के शाम 4 बजे घर से बस्ती तरफ गई थी जो रात तक वापस नहीं लौटी, कभी कभार शराब सेवन कर 1-2 दिन घर नहीं आती थी इसी कारण उसकी खोजबीन नहीं किया। 17 अगस्त के सुबह पता कर रहा था और खोजते खोजते घर के पीछे पुटुस झाड़ी के पास पहुंचा तो पत्नी की लाश पड़ा मिला सिर के पीछे एवं दाहिने आंख के पास चोट का निशान है, सूचना पर थाना प्रतापपुर में मर्ग कायम कर शव पंचनामा बाद पीएम कराया गया जो डॉक्टर के द्वारा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक लेख करने पर अज्ञात आरोपी के विरूद्व धारा 302, 201 भादवि के तहत मामला पंजीबद्व किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने थाना प्रभारी प्रतापपुर को गंभीरतापूर्वक जांच कर आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
          एसडीओपी प्रतापपुर अमोलन सिंह के मार्गदर्शन में प्रतापपुर की पुलिस जांच कर रही थी इसी दौरान प्रार्थी ने संदेह व्यक्त किया कि इसकी पत्नी शराब पीकर पड़ोस में रहने वाले अपने देवर गेंदाराम के परिवार को गाली-गलौज करती थी जिस कारण कई वर्षो से बातचीत एवं घर आना-जाना बंद है। संदेह के आधार पर गेंदाराम के लड़के बालक प्रजापति से घटना के बारे में हिकमत अमली से पूछताछ करने पर उसने धनियो बाई की हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि 15 अगस्त के रात्रि करीब 8 बजे यह अपने घर जा रहा था इसी दौरान मृतिका अपने घर के पीछे से गाली-गलौज कर रही थी जिसे समझाने गया, समझाने के बाद भी नहीं मानी तब यह उत्तेजित होकर आंगन में पड़े लोहे का रॉड (सब्बल) को उठाकर धनियो बाई के सिर में प्रहार किया चोट लगने से वह जमीन पर गिर गई इसके बाद पुनः 1 प्रहार और किया जिस कारण धनियो की मौके पर ही मृत्यु हो गई, घटना के बाद शव को छुपाने के उद्धेश्य से कुछ दूरी पर स्थित पुटुश झाड़ी में शव छिपा दिया। आरोपी बालक प्रजापति की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड (सब्बल) व आलाजरब जप्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
          इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर विकेश तिवारी, एसआई नवल किशोर दुबे, एएसआई राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, लखेश साहू, आरक्षक अभय तिवारी, इन्द्रजीत सिंह, मिथलेश गुप्ता, कौशलेन्द्र सिंह, दलसाय कोराम, राजीव लोचन व महिला आरक्षक आशा लकड़ा सक्रिय रहे।

सूरजपुर पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले 1 आरोपी को किया गिरफ्तार। भारी मात्रा में नशीली इंजेक्शन किया जप्त........

सूरजपुर: पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने नशे के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए है। इसी तारतम्य में बुधवार, 18 अगस्त को मुखबीर की सूचना पर बड़कापारा सूरजपुर निवासी दिव्यदीप सिंह को पचिरा तिराहा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया जिसके कब्जे से रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 200 नग व एविल इंजेक्शन 100 नग जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 75 हजार रूपये है। मामले में आरोपी के विरूद्व थाना सूरजपुर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विधिवत् गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी पतासाजी पुलिस के द्वारा की जा रही है।
          इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, बिसुनदेव पैंकरा, रामकुमार नायक, महेन्द्र सिंह, अजय प्रताप राव, जितेन्द्र पटेल, उदय सिंह व अमरेन्द्र दुबे सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।