गुरुवार, 7 नवंबर 2019

7 वर्षो से धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार.........

सूरजपुर। 24 अगस्त को ग्राम केते, चौकी तारा निवासी भजन राम ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उदयपुर निवासी भजन राम व अन्य 4 व्यक्तियों ने इसे डेढ एकड़ जमीन दिलाने के नाम पर इससे धोखाधड़ी कर 20 लाख 10 हजार रूपये ले लिए और दूसरा जमीन दिखाकर किसी और जमीन का रजिस्ट्री करा रहे है जिसकी रिपोर्ट पर पुलिस धारा 420, 34 भा.दं.स. का अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण के अन्य 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान माननीय न्यायालय में पेश किया गया था। प्रकरण में आरोपी भजन पिता स्व. लक्ष्मण यादव जाति अहीर उम्र 27 वर्ष ग्राम झिरमिट्टी, थाना उदयपुर, जिला सरगुजा घटना के बाद से ही सन् 2012 से फरार था जिस पर पुलिस धारा 173(8) जा.फौ. के तहत् जांच कर रही थी।
विगत दिनों पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने जिन मामलों में आरोपी फरार है उन्हें उन मामलों को बारीकी से जांच करते हुए फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में मुखबीर की सूचना पर थाना प्रेमनगर व चौकी तारा की संयुक्त पुलिस टीम के द्वारा 7 अक्टूबर को मामले के फरार आरोपी भजन यादव को ग्राम झिरमिट्टी, थाना उदयपुर में घेराबंदी कर पकड़ा और विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर ओ.पी.कुजूर, चौकी प्रभारी तारा राजेश तिवारी, आरक्षक राकेश पोर्ते, सोहर लाल पावले, सुरेन्द्र सिंह व अमर सिंह सक्रिय रहे।

2 दिनों के भीतर नशीली दवाईयों के विरूद्व विश्रामपुर पुलिस की दूसरी बड़ी कार्यवाही......

60 हजार कीमत के नशीली दवाईयों के साथ 2 गिरफ्तार

परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल भी किया जप्त

सूरजपुर। 5 नवम्बर को विश्रामपुर पुलिस ने लाखों की नशीली दवाईयों के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया था और 2 दिनों के भीतर ही नशीली दवाईयों के विरूद्व विश्रामपुर पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्यवाही की है।
जिले की कमान संभालने के बाद से ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने नशीली दवाईयों के धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्व सख्त कार्यवाही करने हेतु थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था। इसी तारतम्य में विश्रामपुर पुलिस ने पुनः बड़ी सफलता हासिल करते हुए 60 हजार कीमत के नशीली दवाईयों एवं परिवहन में प्रयुक्त एक मोटर सायकल सहित 2 लोगों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशे के कारोबार को समाप्त करने की मुहिम के तहत् मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि एक मोटर सायकल में दो व्यक्ति नशीली दवाई बिक्री करने हेतु रेड़ नदी के समीप हनुमान मंदिर कुरूवां मेन रोड़ एनएच 43 के पास ग्राहक की तलाश कर रहे है जिसकी जानकारी से थाना प्रभारी विश्रामपुर ने पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जिस पर उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में विश्रामपुर की पुलिस टीम ने मुखबीर के बताए स्थान पर पहुंची जो बजाज सीटी 100 मोटर सायकल में सवार दोनों व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगी जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा। बजाज सीटी 100 मोटर सायकल क्रमांक सीजी 16 सीएफ 6157 में सवार दो लोगों को पकड़कर पूछताछ किया गया जो वाहन चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम जितेन्द्र कुमार केंवट पिता स्व. राजमन केंवट उम्र 35 वर्ष ग्राम कोचिला थाना पटना जिला कोरिया व उसके पीछे बैठा व्यक्ति अपना नाम रामलाल सोनवानी पिता स्व. रामप्रसाद सोनवानी उम्र 53 वर्ष निवासी ग्राम चन्दरपुर थाना सूरजपुर का होना बताए।
पुलिस टीम ने जितेन्द्र कुमार केंवट के मोटर सायकल के डिग्गी में एक बाजारू झोले के अंदर के प्लास्टिक में 70 एविल इंजेक्शन तथा एक प्लास्टिक में 70 नग रेक्सोजेसिक तथा आरोपी रामलाल सोनवानी की जामा तलाशी लिए जाने पर उसके दाहिने हाथ में रखे एक बाजारू पालिथिन में 50 नग एविल इंजेक्शन व एक प्लास्टिक में 50 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन कुल 240 नग इंजेक्शन कीमत 60 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल कीमत 40 हजार रूपये कुल 1 लाख रूपये का जप्त कर दोनों आरोपियों के विरूद्व धारा 21सी एनडीपीएस एक्ट के तहत् कार्यवाही करते हुए विधिवत् गिरफ्तार किया है। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि नशीली दवाईयों को रीवा तथा कटनी से लाकर सूरजपुर, कोरिया व सरगुजा जिले के नशेडियों को वास्तविक कीमत से 25 गुना अधिक दर पर बेचकर लाभ अर्जित करते थे।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिल देव पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, इन्द्रजीत सिंह, आरक्षक राजीव तिवारी, अजय सिंह, अखिलेश पाण्डेय, उदय सिंह, संदीप शर्मा, रविशंकर पाण्डेय, पूरनचंद राजवाड़े महिला आरक्षक कमला सिंह व अंजली कश्यप सक्रिय रहे।

रेंज स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले की टीम ने किया उन्दा प्रदर्शन..........

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने 11 गोल्ड, 5 सिल्वर व 8 ब्रांज मेडल जीती

11 गोल्ड मेडल जीतकर सूरजपुर जिले की पुलिस रही अव्वल

सूरजपुर। 4 से 6 अक्टूबर तक रेंज स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन रक्षित केन्द्र मैदान अम्बिकापुर में किया गया था जिसमें सूरजपुर जिले के 65 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। जिले की टीम ने 11 गोल्ड, 5 सिल्वर व 8 ब्रांज मेडल जीतकर जिले को गौरवान्वित किया है। यह पहला अवसर है कि सूरजपुर जिले की पुलिस टीम रेंज में उन्दा प्रदर्शन कर सबसे अधिक गोल्ड मेडल अर्जित करने में सफलता हासिल की है। पुलिस खिलाड़ियों के खेल के प्रति लगन व परिश्रम के देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने सभी खिलाड़ियों को ईनाम देने की घोषणा की है।
रेंज स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान कलेक्टर सूरजपुर श्री दीपक सोनी ने पुलिस लाईन अम्बिकापुर पहुंचकर खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सफलता अर्जित करने हेतु प्रोत्साहित किया।
ज्ञात हो कि रेंज स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में व्यापक तैयारियां की गई थी जिन्होंने पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को खेल में उत्कृष्ट प्रर्दशन कर जिले को गौरवान्वित करने कहा था। जिले की पुलिस खिलाड़ियों को खेल में उन्दा का प्रदर्शन करते रक्षित केन्द्र अम्बिकापुर के ग्राउण्ड में देखा गया। आरक्षक जयनंदन खेस ने तीन इवेंट 5000, 1500 व 800 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने पर आईजी सरगुजा श्री के.सी.अग्रवाल ने 2 हजार रूपये ईनाम देने की घोषणा की है।

गोल्ड मेडल के विजेता: सूरजपुर जिले की पुलिस टीम ने इस प्रतियोगिता में 11 गोल्ड मेडल जीते है जिनमें बैडमिंटन के एकल में पुलिस अधिकारी अखिलेश सिंह, युगल में अखिलेश सिंह व हरेन्द्र सिंह की जोड़ी, कैरम डबल्स में प्रधान आरक्षक आलोक सोनी व आरक्षक कृष्णकांत पाण्डेय की जोड़ी, गोला व तवा फेंक में महिला आरक्षक अंजिता तिर्की, हैमर थ्रो में आरक्षक अमरधन, 5000, 1500 व 800 मीटर की दौड़ में आरक्षक जयनंदन खेस ने गोल्ड मेडल जीते वहीं कबड्डी, हाकी सहित अन्य खेलों में भी जिले के पुलिस कर्मचारियों ने गोल्ड मेडल जीते है।

सिल्वर मेडल के विजेता: जिले की टीम ने 5 सिल्वर मेडल जीते है जिसमें पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने फुटबाल, भाला फेंक, शतरंज, महिला वर्ग में तवा फेंक, 400 मीटर दौड शामील है।

ब्रांज मेडल के विजेता: सूरजपुर जिले की पुलिस टीम ने पुरूष वर्ग में 5000 मीटर, 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद, ट्रिपल जम्प, तवा फेंक, भाला फेंक, हैमर थ्रो एवं महिला वर्ग ने तवा फेंक में 8 ब्रांस मेटल जीते है।

बुधवार, 6 नवंबर 2019

पुलिस स्कूली छात्राओं को सुरक्षा के प्रति कर रही जागरूक......


महिला एसआई ने छात्राओं से 1 टू 1 बातचीत कर उनके जिज्ञासाओं का किया समाधान

असुरक्षा व असहजता पर तत्काल पुलिस को दे सूचना

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस लगातार किसी न किसी स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को उनकी सुरक्षा, उनके हितों में बने कानूनी प्रावधान, वर्तमान परिदृष्य में हो रहे धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दे रही है।
06 नवम्बर को थाना भटगांव के एसआई आराधना बनोदे ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पहुंची और स्कूली छात्राओं से आव्हान किया कि वे समाज में निर्भीक होकर रहे तथा जब भी उन्हें किसी भी क्षण असुरक्षा व असहजता के आभास हो तो वे नजदीकी पुलिस थाना की मदद ले। उन्होंने अपना तथा थाना प्रभारी को मोबाईल नंबर छात्राओं को नोट कराया। उन्होंने ने छात्राओं से वन टू वन बातचीत करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और कहा कि पुलिस सबकी मदद करती है पुलिस की छवि सहयोगात्मक रवैए की है, छात्राएं जब भी मदद मांगेगी तो पुलिस अधिकारी तत्परता से सहयोग करेगी।
इस दौरान पुलिस ने छात्राओं को गुड टच व बैड टच, साईबर से संबंधित अपराध, वर्तमान में हो रहे आनलाईन खरीदी, एटीएम फ्राड, लाटरी के नाम किए जा रहे धोखाधड़ी से सावधान रहने की समझाईश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें और नियमों की जानकारी से अपने अभिभावकों को अवगत कराने हेतु कहा। सखी वन स्टाप सेंटर, महिला हेल्प लाईन नंबर 181 तथा सेल्फ डिफेंस की जानकारी दी।
इस दौरान स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण सहित काफी संख्या में स्कूली छात्राएं उपस्थित रही।

मंगलवार, 5 नवंबर 2019

पुलिस अधीक्षक की पहल पर महाविद्यालय में ड्राईविंग लायसेंस बनाने लगी कैम्प...........

3 सौ से अधिक छात्र-छात्राओं की ने ड्राईविंग लायसेंस बनवाने जमा किए दस्तावेज

सूरजपुर। विगत् 16 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के द्वारा स्थानीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय में रोड सेफ्टी, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसमें छात्र-छात्राओं के द्वारा ड्राईविंग लायसेंस बनवाने हेतु महाविद्यालय में कैम्प लगाने की बात कही थी जिस पर एसपी ने जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या को लायसेंस बनाने हेतु कैम्प लगाने के निर्देश दिए थे।
जागरूकता अभियान के द्वितीय चरण में पुलिस अधीक्षक की पहल पर 05 नवम्बर को यातायात प्रभारी आर.सी.राय की उपस्थिति में आरटीओ एसआई पी.के.धुर्वे व उनकी टीम के द्वारा महाविद्यालय में बच्चों के ड्राईविंग लायसेंस बनाने हेतु विशेष कैम्प का आयोजन किया। आरटीओ के द्वारा 3 सौ से अधिक छात्र-छात्राओं के लायसेंस बनाने हेतु दस्तावेज प्राप्त कर आॅनलाईन फार्म भरी है जिन छात्र-छात्राओं ने ड्राईविंग लायसेंस हेतु अप्लाई किया है उन्हें 2-3 दिनों के भीतर लरनिंग लायसेंस उपलब्ध करा दी जाएगी।

इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य एस.एस.अग्रवाल, उप प्राचार्य एच.एन.दुबे, आरटीओ प्रधान आरक्षक ए.टी.दिवेद्वी, आरक्षक विनय पाल, महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

सोमवार, 4 नवंबर 2019

7 लाख 66 हजार 8 सौ रूपये कीमत के 5 टेलर कोयला जप्त, 6 आरोपी गिरफ्तार..........

सूरजपुर। गत् 1 नवम्बर को कोतवाली पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि टेलर वाहन क्रमशः क्रमांक सीजी 15 एसी 4708, सीजी 15 एसी 4465, सीजी 15 एसी 4423, सीजी 15 एसी 4697 एवं सीजी 15 एसी 4424 में महान-2 कोयला खदान से कोयला लोड़ होकर रायगढ़ के लिए निकली है जिसका फर्जी कागजात तैयार कर नयनपुर औद्योगिक क्षेत्र फैक्ट्री में कोयला खपाने ले जा रहे है कि इसकी से कोतवाली प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराया जिस पर उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को कार्यवाही हेतु मौके पर रवाना किया।
कोतवाली पुलिस नयनपुर औद्यौगिक क्षेत्र इंदिरा पावर प्लांट चौक के पास पहुंचकर सूचना के अनुसार वाहनों की चेकिंग कर रही थी इसी दौरान 5 टेलर वाहन पहुंचे जिन्हें रोकवाकर चेकिंग करने पर सभी वाहनों में कोयला लोड पाया गया, इन ट्रेलरों के चालकों से पूछताछ करने पर महान-2 कोयला खदान से कोयला लोड करना बताए परन्तु उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में बटवाही से नयनपुर के लिए कोयला लोड अंकित होना पाया गया जो ट्रेलर वाहनों में लोड कोयला संदिग्ध व संज्ञेय अपराध से संबंधित होने के पूर्ण अंदेशा पर पांचों टेलर में लोड कुल 153.36 एमटी कोयला कीमत 7 लाख 66 हजार 8 सौ रूपये को गवाहों के समक्ष विधिवत् धारा 102 जा.फौ. के तहत जप्त किया गया।

फर्जी कागजात के जरिए कोयला को तय स्थान पर न ले जाकर अवैध रूप से दूसरे जगह ले जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच किए जाने के निर्देश कोतवाली प्रभारी विकेश तिवारी को दिए थे।

कोतवाली पुलिस ने जप्त कोयला की जांच किए जाने पर पाया कि टेलर में लोड कोयला ओ.सी.एम. खदान महान-2 से डियो होल्डर एनआर इस्पात एण्ड पावर लिमिटेड ग्राम गौरमुड़ी नियर गेरवानी रायगढ़ हेतु डीओ जारी था, पांचों टेलर महान-2 खदान से कोयला लोड कर रायगढ़ के लिए दिनांक 01/11/19 को निकला था परन्तु अम्बिकापुर से फर्जी दस्तावेज तैयार कर इन्द्रा पावर प्लांट नयनपुर में अवैध लाभ अर्जित करने के लिए लाया गया था।

पुलिस ने जांच पर पाया कि महान 2 खदान से रायगढ़ जाने वाले कोयला को फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से कोयला के फर्जी दस्तावेज को असली दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत कर इंद्रा पावर प्लांट नयनपुर भेजा जाना पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471, 34 के तहत् मामला पंजीबद्व करते हुए वाहन चालक ग्राम कुरूवा, थाना विश्रामपुर निवासी जगदेव पिता परदेशी कुजूर, हर्रापारा थाना जयनगर निवासी रामदुलार पिता प्राणसाय देवांगन, रामपुर-ठाकुरपारा, थाना पटना कोरिया निवासी दिलेश्वर प्रसाद यादव, कन्दरई, थाना जयनगर निवासी चंदन राम पिता हरिनंदन देवांगन, बरौधी थाना भटगांव निवासी छत्रधारी यादव पिता मोहरलाल एवं कुरूवा थाना विश्रामपुर निवासी सुखराम राजवाड़े पिता पुरषोत्तम को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है। मामले में वाहन स्वामी, लिफ्टर एवं फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर विकेश तिवारी, यातायात प्रभारी आर.सी.राय, एएसआई बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक अदीप प्रताप सिंह, आरक्षक रावेन्द्र पाल, कैलाश यादव, जयप्रकाश तिवारी सक्रिय रहे।

रविवार, 3 नवंबर 2019

मुद्रा व होम लोन की राशि को दूसरे व्यक्ति के खाते में किया हस्तान्तरण..........


मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक को रामानुजनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी शाखा प्रबंधक अपने सहयोगी बैंक कर्मियों को साथ मिलाकर धोखाधड़ी को दिया अंजाम

पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस की 2 टीमों को सौंपी थी जांच का जिम्मा

सेन्ट्रल बैंक रामानुजनगर का है मामला

सूरजपुर। गत् 19 अक्टूबर को रामानुजनगर निवासी राधेश्याम सिंह ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि मुद्रा लोन प्राप्त करने हेतु सेन्ट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक आलोक गुप्ता को फार्म भरकर दिया था व लोन स्वीकृत होने के संबंध में पूछने पर आलोक गुप्ता द्वारा टाल-मटोल कर लोन स्वीकृत नहीं हुई है कहते रहा।
01 मार्च 2019 को राधेश्याम का मुद्रा लोन स्वीकृत कर उसी दिन लोन की रकम अली अहमद, करन सिंह, अकबर एवं मनोज पात्रे एवं 02 मार्च 2019 को धन सिंह के खाते में हस्तान्तरण करके रूपया गबन करने के आधार पर थाना रामानुजनगर में अपराध क्रमांक 156/19 धारा 420, 409, 467, 468, 471, 120बी भा.द.सं. का मामला पंजीबद्व किया गया। इसी प्रकार रामानुजनगर निवासी डाॅक्टर दिनेश विश्वकर्मा के द्वारा 19 अक्टूबर को लिखित रिपोर्ट दिया कि इसे 20 लाख रूपये होम लोन स्वीकृत किया गया था जिसमें से 5 लाख रूपये इसी वर्ष 27 मई को राजेश शंकर दास के खाता में डेबिट करते हुए उसी दिन मिथलेश कुशवाहा ग्राम बरहोल के लोन को जमा किया गया है की रिपोर्ट पर थाना रामानुजनगर में अपराध क्रमांक 157/19 धारा 420, 409, 467, 468, 471, 120बी भा.द.सं. का मामला पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस की 2 टीमों को सौंपी थी जांच का जिम्मा।


बैंक के ग्राहकों के साथ बैंक प्रबंधन द्वारा होम लोन एवं मुद्रा लोन की राशि स्वीकृत कर उस राशि को दूसरों के खाते में हस्तान्तरण कर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा ने तत्परता बरतते हुए पुलिस टीम को जांच सतर्कता के साथ बारीकी से करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए और एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के नेतृत्व में पुलिस की 2 टीमें गठित किया। इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री के.सी.अग्रवाल ने भी मार्गदर्शन दिए थे।
जांच हेतु गठित पुलिस टीम के द्वारा अपराध क्रमांक 156/19 के आरोपी ग्राम मदनपुर थाना जयनगर निवासी बैंक के लिपिक अभिषेक मण्डल पिता जयबंधु मण्डल को विगत् 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा था। प्रकरण के तत्कालीन शाखा प्रबंधक आलोक गुप्ता व अन्य आरोपियों के फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक ने इन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने प्रकरण के मुख्य आरोपी ग्राम जक्कनपुर, थाना गर्दनीबाग, थाना पटना निवासी आलोक गुप्ता पिता स्व. अजय कुमार गुप्ता की पतासाजी कर गढ़वा झारखण्ड से पकड़ा एवं पूछताछ के बाद विधिवत् गिरफ्तार किया है। मामले के मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक को भगाने में सहयोग करने पर पुलिस ने आलोक शुक्ला एवं रफीक खान को भी गिरफ्तार किया है।

प्रकरण के मुख्य आरोपी ने बताया कि अपने परिचितों को लाभ पहुंचाने के लिए बैंक के कर्मचारियों को अपने साथ मिलाकर उनका पासवर्ड व आईडी के माध्यम से खाता धारक के पैसा को किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रान्सफर कर लाभ पहुंचाता था।

कई अन्य लोगों के द्वारा बैंक से रूपया आहरण कर लिए जाने के संबंध में आवेदन दी गई है जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस के द्वारा किए गए तत्परतापूर्वक कार्यवाही से खाता धारकों सहित आमजनों ने काफी सराहना की है।

बिना जानकारी के 56 लाख 37 हजार 886 रूपये निकालने 15 लोगों ने दी आवेदन।

पंजीबद्व दोनों मामले की जानकारी प्रकाश में आने के बाद 15 खाता धारकों ने अपने बैंक खाता से बिना जानकारी के पैसा आहरित करने संबंधी पुलिस को आवेदन दिए है। पुलिस ने इन खाता धारकों की जानकारी अविलम्ब उपलब्ध कराने बैंक प्रबंधन को निर्देशित किया है साथ ही पुलिस मामले पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है जिन लोगों की भी संलिप्तता पाई जाएगी उनके विरूद्व सुसंगत धाराओं के तहत् कार्यवाही की जाएगी।

इन लोगों ने दी बिना जानकारी के पैसा आहरित संबंधी करने आवेदन।

1. गुलाब स्वयं सहायता समूल शिवपुर के द्वारा 1 लाख 90 हजार रूपये बैंक द्वारा बिना समूह के जानकारी के आहरित करने।
2. नारी सबल स्वयं सहायता समूल शिवपुर के द्वारा 3 लाख 45 हजार रूपये
3. गुलशन स्वयं सहायता सकूल शिवपुर के द्वारा 2 लाख 63 हजार 386 रूपये।
4. जयलक्ष्मी स्वयं सहायता समूह तिवरागुड़ी के द्वारा 1 लाख रूपये।
5. हंशवाहिनी स्वयं सहायता समूल भुवनेश्वरपुर के द्वारा 2 लाख 40 हजार रूपये।
6. राजेश शंकर दास रामानुजनगर द्वारा 9 लाख रूपये।
7. रोशन लाल राजवाड़े ग्राम कृष्णपुर द्वारा 3 लाख 45 हजार रूपये।
8. जय सिंह ग्राम कृष्णपुर द्वारा 3 लाख 66 हजार 5 सौ रूपये।
9. शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बद्रिकाआश्रम के प्रधान पाठक द्वारा 16 हजार रूपये।
10. बसंती साहू ग्राम द्वारिकापुर द्वारा 1 लाख रूपये।
11. भानूमति शुक्ला ग्राम पतरापाली द्वारा 23 लाख रूपये।
12. विवेक साहू पिता प्रवीण साहू द्वारा 1 लाख 50 हजार रूपये।
13. राकेश प्रसाद शुक्ला ग्राम रामानुजनगर द्वारा 2 लाख 50 हजार रूपये।
14. इन्द्रकुंवर राजवाड़े रामानुजनगर द्वारा 22 हजार रूपये।
15 शालू उपाध्याय रामानुजनगर द्वारा 50 हजार रूपये।

जांच में शामिल रहे ये पुलिस अधिकारी-कर्मचारी।

एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी रामानुजनगर गोपाल धुर्वे, एसआई बी.डी.यादव, चौकी प्रभारी तारा राजेश तिवारी, एएसआई बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक देवनारायण यादव, आरक्षक युवराज यादव, मोहम्मद अकर, अमलेश्वर कुमार, वेदप्रकाश राजवाड़े, संतोष ठाकुर, गणेश सिंह एवं संजय सिंह सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 1 नवंबर 2019

गांव पहुंच थाना प्रभारी ने ली ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की बैठक........


सूरजपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था लागू किये जाने एवं अपराध नियंत्रण हेतु ग्रामीण जनता का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है, इस हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में सतत् भ्रमण एवं ग्राम रक्षा समिति एक प्रभावी माध्यम है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के निर्देशानुसार जिले के थाना-चैकी क्षेत्रों के ऐसे ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग के लिए ग्राम रक्षा समिति का गठन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री कुकरेजा ने थाना प्रभारियों को ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की बैठक उनके गांवों में लेने के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में गुरूवार 31 अक्टूबर को थाना प्रभारी विश्रामपुर कपिलदेव पाण्डेय ने ग्राम कुम्दा बस्ती एवं रामनगर के ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की बैठक उनके गांव में ली। बैठक में थाना प्रभारी ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को वर्तमान अपराध ए.टी.एम. फ्राॅड, चिटफण्ड फ्राॅड, मानव तस्करी, सोशल मीडिया से होने वाली धोखाधड़ी, अंधविश्वास आदि की विस्तार से जानकारी दी और इस जानकारी से और लोगों को अवगत कराने हेतु कहा ताकि ग्रामीणजन इन सब के झांसे में न आए। सामाजिक बुराईयों, अवैध शराब, सट्टा, जुआ, अवैध गांजा विक्रय की सूचना देने हेतु कहा ताकि अवैध कार्यो में लिप्त लोगों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा सके। थाना प्रभारी विश्रामपुर श्री पाण्डेय ने गांव के बाहरी व्यक्ति के आकर रूकने, किराए में रहने वाले लोगों एवं घटना दुर्घटना की जानकारी तत्काल देने हेतु कहा।
बैठक में एएसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक इन्द्रजीत सिंह, आनंद सिंह, ग्राम कुम्दा बस्ती एवं रामनगर के ग्राम रक्षा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

स्पीड रडार गन से अधिक रफ्तार वाले वाहनों को पकड़ेगी पुलिस..



सूरजपुर। कई सड़क दुर्घटनाएं वाहनों के रफ्तार में चलने की वजह से होता है, सड़क पर रफ्तार अधिक होने से मोड़ आने या किसी वाहन के अचानक सामने की ओर आने से चालक नियंत्रण खो देता है जिस कारण सड़क दुर्घटनाएं होती है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिले की यातायात पुलिस को पुलिस मुख्यालय से स्पीड रडार गन मिला है जिसे यातायात पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन में लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में राजपत्रित अधिकारी व यातायात पुलिस की संयुक्त टीम हाईवे समेत मुख्य मार्गो पर उक्त वाहन में पेट्रोलिंग कर स्पीड रडार गन से वाहनों की रफ्तार पकड़ेगी और कार्यवाही करेगी।

यातायात के पेट्रोलिंग गाड़ी में लगी स्पीड रडार गन, वाहनों की वीडियो रिकार्डिंग भी होगी

स्पीड रडार गन का इस्तेमाल पेट्रोलिंग वाहन में किया जाएगा। इसमें रडार गन को लगाया गया है। पेट्रोलिंग वाहन जहां खड़ा रहेगा उसके सामने की दिशा से आ रही वाहन की रफ्तार 5 सौ मीटर दूर से ही पता चल जाएगा, क्योंकि स्पीड रडार हाईटेक है। दूर से रफ्तार के साथ ही वाहनों की वीडियो रिकार्डिंग हो जाएगी। इसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी ।

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर रश्मि परेड का हुआ आयोजन........

सूरजपुर। जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय व अन्य कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता का संकल्प दिलाया गया। देश को एकता एवं अखंडता के सूत्र में बांधने वाले भारत में लौहपुरूष के नाम से चर्चित सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर रश्मि परेड का आयोजन पुलिस लाईन में किया गया। पुलिस के अधिकारियों ने जहां उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंली दी और नमन किया।
जिला पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि देश सरदार वल्लभ भाई पटेल के समर्पण भाव और इसके लिये उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकता। सूरजपुर जिले के थाना-चौकी प्रभारियों ने भी अपने अधिनस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय एकता दिवस का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पी.एस.महिलाने सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।