सूरजपुर। दिनांक 02.01.2022 को ग्राम सलका निवासी आजाद सिंह ने चौकी उमेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि सलका में रोड़ निर्माण का काम चलने के दौरान दिनांक 10-28 दिसम्बर 2021 के मध्य पानी के टैंकर गाड़ी से 4 नग बैट्री को आसनदास, मनोज, करन साहू व जयसिंह के द्वारा चोरी किया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी उमेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 2/22 धारा 379 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया और पुलिस टीम ने मुखबीर की सूचना पर आरोपी मनोज, करन साहू व जयसिंह को पकड़ा जिनके कब्जे से 3 नग बैट्री बरामद कर तीनों को 17 जनवरी 2022 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। मामले में फरार आरोपी आसनदास की पतासाजी सरगर्मी से की जा रही थी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने गंभीर अपराधों, चोरी सहित अन्य मामलों के आरोपियों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चौकी उमेश्वरपुर की पुलिस मामले में आरोपी की पतासाजी में लगी थी इसी बीच शनिवार, 12 फरवरी को मुखबीर की सूचना पर ग्राम सलका में घेराबंदी कर आरोपी आसनदास पिता जयलाल दास को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि बैट्री चोरी की घटना में वह भी संलिप्त था और अपने हिस्से की बैट्री को गांव के जंगल में फेंक दिया जिसे काफी खोजबीन करने पर नहीं मिला। आरोपी ने यह भी बताया कि वह चोरी किए गए होण्डा साईन मोटर सायकल से बैट्री चोरी करने गया था जिसके बाद उक्त मोटर सायकल को उसके घर से जप्त कर आरोपी आसनदास को विधिवत् गिरफ्तार किया गया। शनिवार को इसी मामले की विवेचना के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम सलका का पनेर सिंह एवं मनबोध सिंह चोरी की मोटर सायकल बेचने की फिराक में है जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा। पनेर सिंह के घर से चोरी के 2 मोटर सायकल होण्डा साईन, स्पेन्डर प्लस एवं मनबोध सिंह के घर से 1 मोटर सायकल एचएफ डिलक्स को बरामद किया गया। इसी बीच सूचना मिली कि चौकी मोरगा क्षेत्र के 2 व्यक्ति मोटर सायकल बेचने की फिराक में ग्राम सलका में ग्राहक की तलाश कर रहे है जिसके बाद पुलिस ने खासपारा में घेराबंदी कर ग्राम पतुरिहाडांड, चौकी मोरगा निवासी खेलसाय कंवर एवं ग्राम गिदमिड़ी, चौकी मोरगा, थाना बांगो निवासी कौशल प्रसाद कंवर को यामहा मोटर सायकल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ पर दोनों ने बताया कि चोरी की यामहा मोटर सायकल बेचने आए थे। चौकी उमेश्वरपुर की पुलिस ने 5 आरोपियों से 5 नग मोटर सायकल कीमत 2 लाख 40 हजार रूपये का बरामद किया है। प्रकरण में आरोपी पनेर सिंह, मनबोध सिंह, खेलसाय कंवर, कौशल प्रसाद कंवर के विरूद्ध धारा 41(1-4) जा.फौ./379 भादवि के तहत कार्यवाही करते हुए विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर विपिन लकड़ा, चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर महेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक कपिल सिंह, आरक्षक विक्रम सिंह, सुरेन्द्र सिंह, युवराज यादव, रोशन सिंह, विनोद सारथी, शिवशंकर सिंह, मंगलमूर्ति नेताम, धनंजय राजवाड़े, संदीप खाखा व सैनिक रविन्द्र सिंह सक्रिय रहे।
सोमवार, 14 फ़रवरी 2022
रविवार, 13 फ़रवरी 2022
24 घंटे में 63 स्थाई वारंट तामिल, 23 वर्ष पुराना स्थाई वारंट हुआ तामिल
- पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस की कार्यवाही
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाया गया अभियान
- जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी व पूरा अमला अभियान में शामिल
- सर्वाधिक 13 वारंट थाना कोतवाली द्वारा किया गया तामिल
- एनडीपीएस एक्ट, महिला उत्पीड़न आदि प्रकरणों के है ये आरोपी
- सभी अधिकारी-कर्मचारियों को किया जायेगा पुरस्कृत
सूरजपुर। पुलिस मुख्यालय रायपुर एवं रेंज मुख्यालय के निर्देश पर जिले में स्थाई वारंट की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के नेतृत्व में स्थाई वारंट तामीली के लिए चलाए गए इस अभियान में सभी राजपत्रित अधिकारी व थाना-चौकी प्रभारी व उनकी टीम ने 24 घंटे में 63 स्थाई वारंट तामिल किया जो अब तक एक ही दिन में बड़ी संख्या में स्थाई वारंट तामिल किया गया है। इस अभियान में सर्वाधिक 13 स्थाई वारंटी थाना सूरजपुर के द्वारा तामिल की गई इसके अलावा थाना रामानुजनगर ने 09, प्रेमनगर 2, चंदौरा 4, रमकोला 2, भटगांव 5, प्रतापपुर 1, झिलमिली 2, चांदनी 2, ओड़गी 1, विश्रामपुर 7, जयनगर 12 एवं चौकी बसदेई 1, रेवटी 1 तथा चौकी लटोरी ने 1 कुल 63 स्थाई वारंट तामिल किया है। पुलिस अधीक्षक ने स्थाई वारंटी तामिल के इस अभियान में शामिल सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। चोरी के मामले में पिछले 23 वर्ष से फरार वारंटी को भी पकड़ा गया, वहीं 5 वर्षाे से एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों के स्थाई वारंटी तामिल किए गए है। जिले के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में वारंटियों की तामिली हेतु थाना-चौकी प्रभारी व उनकी पुलिस टीम लगी हुई थी, लम्बे समय से फरार वारंटियों के लुकछिप कर रहने की जानकारी मिली। कई शातिर आरोपी जिले के अपराध में संलग्न होने से न्यायालय द्वारा वारंट जारी किये जाने पर पहचान छिपाकर सीमावर्ती जिलों में रहने लगे थे। वारंटियों का मुलाहिजा के साथ-साथ कोविड टेस्ट कराया गया जो सभी निगेटिव पाए गए जिन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
शनिवार, 12 फ़रवरी 2022
नशीली दवाइयों के साथ सरगना गिरफ्तार, थाना रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। अवैध कारोबार के विरूद्ध प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कार्यवाही जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 11 फरवरी को मुखबीर की सूचना पर थाना रामानुजनगर की पुलिस ने ग्राम पंडरीपानी उमापुर निवासी सरगना खिलेश्वर साहू पिता तेजाराम को उसके गांव में घेराबंदी कर पकड़ा जिसके कब्जे से 100 नग रेक्सोंजेसिक इंजेक्शन एवं 75 नग एविल इंजेक्शन कीमत 4435 रूपये का जप्त किया गया। मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर विकेश तिवारी, एसआई सुनीता भारद्वाज, एएसआई विशन देव पैकरा, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश कुजुर, आरक्षक जयप्रकाश कुजूर, गणेश, अनुज यादव, वेद प्रकाश राजवाड़े, महिला आरक्षक झमिता, सैनिक दिनेश यादव व देवचंद पांडे सक्रिय रहे।
शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2022
प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने ली जनरल परेड की सलामी
- अच्छे वेशभूषा व परेड पर कई पुलिस कर्मियों को दिया ईनाम
- कर्मचारियों की सुनी समस्या, किया निराकरण
- पुलिस के अधिकारी व जवानों ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास
- शस्त्रागार, कैन्टीन, सामुदायिक भवन का लिया जायजा
सूरजपुर। पुलिस लाईन सूरजपुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड का प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्न आउट का निरीक्षण किया तत्पश्चात् थाना प्रभारियों से टोलीवार स्कवार्ड ड्रिल करवाया। अच्छे वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस कर्मियों को उत्साहवर्धन हेतु ईनाम दिए। शासकीय वाहनों का जायजा लेकर कमियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। डाग स्क्वार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी लेकर डाग को बेहतर प्रशिक्षण देने पर डाग हेंडलर को ईनाम दिया।
- कर्मचारियों की सुनी समस्या, किया निराकरण
पुलिस अधीक्षक ने रक्षित केन्द्र में पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और उसका निराकरण किया। उन्होंने जवानों को कहा कि जब आप फिट रहेंगे तभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन अच्छे से कर सकेंगे इसके लिए चुस्त-दुरूस्त रहना आवश्यक है, इस हेतु पुलिस के जवानों को अपने फिटनेश पर विशेष ध्यान देने को कहा। ड्यूटी के दौरान अच्छे वेश-भूषा धारण करने, सौंपे गए कार्याे को पूरी ईनामदारी एवं लगन से करने, आमजन से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
बलवा सहित अन्य घटनाओं से निपटने व नियंत्रित करने बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया। इसके लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में बलवा ड्रिल का आयोजन हुआ इसके लिए अलग-अलग टीम बनाई गई जो बलवा ड्रिल के साजो-सामान व उपकरणों से लैस थी। बलवाईयों को तितर-बितर करने वाटर केनन का भी उपयोग किया गया। बलवा ड्रिल का अच्छा अभ्यास के लिए पुलिस कर्मिंयो की सराहना करते हुए उनके द्वारा बलवा ड्रिल संबंधी कार्यवाही एवं सावधानियों के बारे में बताया और ऐसी स्थिति निर्मित होने पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
- शस्त्रागार, कैन्टीन, सामुदायिक भवन का लिया जायजा
जनरल परेड़ के उपरान्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाईन के शस्त्रागार का निरीक्षण कर आर्म्स एम्युनेशन के रख-रखाव एवं उसके रिकार्ड का बेहतर तरीके से संधारण करने के निर्देश दिए। अधिकारी व जवानों की सुविधा के लिए खोले गए पुलिस कल्याण कैन्टीन का जायजा लिया। सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर साफ-सफाई बनाए रखने कहा। पुलिस के नव आरक्षकों के मेस का निरीक्षण कर रक्षित निरीक्षक को पौष्टिक भोजन बनवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एएसपी मुख्यालय पी.एस.महिलाने, ट्रेनी आईपीएस संदीप कुमार पटेल, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी, डीएसपी नंदिनी ठाकुर, डीएसपी अजाक पी.डी. कुजूर, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुर्रे, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित रक्षित केन्द्र व विभिन्न थाना चौकी के अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
बुधवार, 9 फ़रवरी 2022
सूरजपुर पुलिस के द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत् काफी समय से परिवार से दूर कुल 27 गुम इंसानों की दस्तयाबी करने में की सफलता हासिल
- माह जनवरी 2022 में परिवार से बिछड़े को परिवार से मिलाने सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष अभियान
- एक माह में कुल 27 गुम इंसान जिनमें 06 पुरूष, 16 महिला व 05 बालिका किए गए दस्तयाब
सूरजपुर। जिले केे द्वारा चलाए जा रहे ‘आपरेशन मुस्कान’ के तहत् गुम इंसान की दस्तयाबी के लिए एक महीने तक विशेष अभियान चलाया गया। दिनांक 01.01.2022 से 31.01.2022 तक अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्र के कुल 27 गुम इंसान जिसमें 06 पुरूष, 16 महिला, 05 बालिका की पतासाजी कर दस्तयाब करते हुये उनके परिजनों/वारिसानों को सौंपा गया। पुलिस के इस अभियान से अपनों के गुम होने से परेशान परिजनों के चेहरे की खोई खुशी लौट गई। लंबे समस से उनकी तलाश के लिए परिजन परेशान रहते थे लेकिन पुलिस के सामने जानकारी आने के बाद उसे गंभीरता से लेते हुए 'ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत उनकी परेशानियों को दूर करने का यह विशेष अभियान चलाया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देश पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस ने अभियान चलाकर दिगर राज्य, जिला व थाना क्षेत्रों से गुम इंसानों को दस्तयाब किया गया। गुम इंसान की खोजबीन के लिए मजबूत सूचना तंत्र के साथ-साथ नई तकनीकी की भी मदद ली गई। जिले की पुलिस के द्वारा गुम इंसान की लगातार पतासाजी कर दस्तयाबी कार्यवाही की जा रही है। गुम इंसान की शिकायत मिलने पर तत्काल उसे ढूंढकर परिजनों तक पहुंचाने के लिए सूरजपुर पुलिस तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
सोमवार, 7 फ़रवरी 2022
'महिला सुरक्षा ऐप -अभिव्यक्ति' की उपयोगिता से अवगत कराने सूरजपुर पुलिस का अभियान
- अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता के प्रति करें महिला-छात्राओं को जागरूक करने किया अपील
- छात्रा ने किया अभिव्यक्ति ऐप का ट्रायल रन
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने महिलाओं, बच्चियों की सुरक्षा और शिकायतों का समाधान करने के लिए बेहद उपयोगी ऐप बनाया है जिसमें 2 फीचर्स से लैस इस ऐप का नाम ‘‘अभिव्यक्ति’’ है। लोकेशन के हिसाब से एसओएस का बटन दबाते ही यूजर के पास तुरंत पुलिस सहायता पहुंचेगी। ऐप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी। महिलाओं-छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से बनाए गए इस अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी से अवगत कराने व इसके प्रचार-प्रसार को लेकर सूरजपुर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत टीम रक्षक के साथ डीएसपी नंदिनी ठाकुर व एसडीओपी गीता वाधवानी स्कूलों में जाकर छात्राओं को इसके बारे में जागरूक कर विपरित परिस्थितियों, कठिनाईयों अथवा किसी प्रकार की समस्या पर कैसे इसका इस्तेमाल कर तत्काल पुलिस की सहायता ली जा सकती है उसकी जानकारी से अवगत कराया। सोमवार, 07 फरवरी को प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देश पर डीएसपी नंदिनी ठाकुर, एसडीओपी गीता वाधवानी व टीम रक्षक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर पहुंची जहां उन्होंने छात्राओं को ‘‘अभिव्यक्ति’’ ऐप के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता के प्रति महिला-छात्राओं को जागरूक करने किया अपील
डीएसपी नंदिनी ठाकुर ने स्कूली छात्राओं को कहा कि इस एप के इस्तमाल के लिए सबसे पहले महिला-बालिकाओं को अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षाा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है, अपना मोबाइल नंबर डालना है, ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है, केवायसी अपडेट करना है, जिसके बाद महिलाएं कभी भी इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है। एसडीओपी गीता वाधवानी ने शिक्षकों व छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि यह ऐप महिला सुरक्षा के लिए बनाया गया है इसकी उपयोगिता की जानकारी से दूसरे छात्रों, रिश्तेदारों, आसपड़ोस के महिलाओं को जरूर अवगत कराए ताकि वे किसी कठिनाई के समय इस अभिव्यक्ति ऐप का उपयोग कर पुलिस सहायता ले सके।
छात्रा ने किया अभिव्यक्ति ऐप का ट्रायल रन
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्कूल की एक छात्रा ने अभिव्यक्ति ऐप को अपने मोबाईल पर इंस्टाल करते हुए ऐप में अपनी जानकारियां अंकित करने के बाद ऐप का ट्रायल रन के लिए उसने एसओएस बटन दबाया जिसके फौरन बाद छात्रा के पास पुलिस मुख्यालय से फोन आया। इस दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अन्नू काण्डे, शिक्षक शिल्पा ओझा, अरूण चौबे, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी वर्मा, टीम रक्षक सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्कूली छात्राएं मौजूद रहे।
रविवार, 6 फ़रवरी 2022
चिमनी ईंट भट्ठा से 1 टन अवैध कोयला जप्त, रामानुजनगर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। दिनांक 6 फरवरी को रामानुजनगर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम साल्ही स्थित मनोज साहू के चिमनी ईंट भट्ठा में अवैध रूप से कोयला खपाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्यवाही के लिए रवाना हुए। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में रामानुजनगर की पुलिस टीम चिमनी ईंट भट्ठा पहुंची, मौके पर भट्ठा संचालक एवं मुंशी नहीं मिले। ईंट भट्टा में अवैध रूप से 1 टन कोयला कीमत करीब 10 हजार रूपये का पाया गया जिसे जप्त कर धारा 102 जा.फौ. के तहत कार्यवाही किया गया।
शुक्रवार, 4 फ़रवरी 2022
'महिला सुरक्षा एप-अभिव्यक्ति’ की जानकारी स्कूली छात्राओं को दी गई,
- अभिव्यक्ति एप में महिला सुरक्षा संबंधी दी गई है कई महत्वपूर्ण जानकारियां
- टीम रक्षक ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को अभिव्यक्ति एप के बारे में कराया अवगत
सूरजपुर। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इस अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। यूजर की लोकेशन के हिसाब से एसओएस बटन दबाते ही यूजर के पास त्वरित पुलिस सहायता पहुंचेगी। इसके अलावा इस एप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी अपनी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी। डीएसपी नंदनी पैंकरा ने छात्राओं को बताया गया कि वे महिला सुरक्षा एप से तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देश पर शुक्रवार, 04 फरवरी को डीएसपी नंदनी पैंकरा ने अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के बारे में प्रचार-प्रसार एवं उसके इस्तेमाल को लेकर सूरजपुर पुलिस की टीम रक्षक के साथ स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पहुंची जहां वे स्कूली छात्राओं को शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में इसके बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस एप के इस्तमाल के लिए सबसे पहले महिला-बालिकाओं को अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षाा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है, अपना मोबाइल नंबर डालना है, ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है, केवायसी अपडेट करना है, जिसके बाद महिलाएं कभी भी इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है और कानून के संबंध में किसी प्रकार के असमंजस की स्थिति में पुलिस अधिकारी से जानकारी लेने खुद अपना मोबाईल नंबर से छात्राओं को अवगत कराया। एसडीओपी सूरजपुर गीता वाधवानी ने शुक्रवार को पुलिस लाईन में पुलिस परिवार के परिजनों को महिला सुरक्षा के लिए बने ‘‘अभिव्यक्ति’’ एप के बारे में जानकारी देते हुए एप के इस्तेमाल के बारे में अवगत कराया।
अभिव्यक्ति एप में महिला सुरक्षा संबंधी दी गई है कई महत्वपूर्ण जानकारियां
डीएसपी श्रीमती पैंकरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस की अभिव्यक्ति एप में महिला सुरक्षा से जुड़े कई अहम जानकारियां मौजूद है जिसे जरूर अध्ययन करें। उन्होंने सदैव जागरूक रहने और घटना घटित होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने अपील की गई। साथ ही टीम रक्षक के द्वारा सेल्फ डिफेंस के बारे में प्रैक्टिकली कर असामाजिक तत्वों से बचने के लिए स्वयं की सुरक्षाा करने के अलग-अलग तरीके बताए गए ।
भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को अभिव्यक्ति एप के बारे में कराया गया अवगत
सूरजपुर पुलिस की टीम रक्षक ने सूरजपुर नगर के भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस की अभिव्यक्ति एप के बारे में अवगत कराया। टीम के महिला पुलिसकर्मी ने महिलाओं को कहा कि कहीं आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की समस्या अथवा परेशानी होने पर एप का इस्तेमाल कर पुलिस को अवगत कराए यथासंभव पुलिस जल्द आप तक पहुंचेगी और पुलिस सहायता उपलब्ध होगी। इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के प्राचार्य कैलाश यादव, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी वर्मा, टीम रक्षक सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्कूली छात्राएं मौजूद रहे।
बुधवार, 2 फ़रवरी 2022
अपहरण व लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रतापपुर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। आपराधिक षडयंत्र एवं अपहरण के आरोपियों का तत्काल हुआ पर्दाफाश थाना प्रतापपुर के प्रकरण में ग्राम रैसरा चौकी चेन्द्रा निवासी प्रार्थी मिलन गिरी पुराने जमाने का महंगे कीमत में बिकने वाले कांच के बोतल की तलाश में था जो आरोपी कैलास विश्वकर्मा कटईपारा निवासी राजेश पण्डो के पास बोतल होने की जानकारी मिलन गिरी को दिया था । कैलास विश्वकर्मा अपने सत्तीपारा निवासी इन्द्रदेव राजवाडे से इस बावत चर्चा कर बताया था कि जब मिलन गिरी को कटईपारा बोतल दिखाने ले जायेंगे उसी समय खबर दुंगा तब मौके पर पहुंचकर मारपीट करना डर कर मिलन गिरी के पिता एसईसीएल नौकरी से रिटायर हुआ है जिससे मिलन गिरी अपने पास बहुत पैसा रखा है जो हमें 4-5 लाख रुपये आसानी से दे देगा। कैलास विश्वकर्मा इन्द्रदेव राजवाडे के साथ आपराधिक षडयंत्र कर घटना दिनांक 20.01.2022 के दोपहर मिलन गिरी के कार क्रमांक सीजी 15 डीई 2420 को पलमा से केरता जाने के लिए बुकिंग किया और मिलन गिरी के कार में मिलन एवं संदीप के साथ शाम को पलमा से केरता जाने निकला एवं इसकी सूचना इन्द्रदेव को देता रहा। कैलास विश्वकर्मा बोतल दिखाने के बहाने मिलन एवं संदीप को पोड़ी के पण्डोपारा सुनसान जगह में ले गया तथा राजेश पण्डो से मोबाईल के माध्यम से सम्पर्क कर कांच के बोतल को मंगाकर मिलन तथा संदीप को दिखाने लगा उसी समय योजना अनुरुप इन्द्रदेव राजवाडे अपने बिना नम्बर के बोलेरो में अपने साथी राजकुमार एवं भुपेन्द्र राजवाडे के साथ मौके पर पहुंचकर मिलन एवं संदीप को गाली गुप्तार कर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए कार की चाभी एवं मिलन का मोबाईल तथा राजेश पण्डो से बोतल लूट लिये। मौका पाकर राजेश पण्डो वहां से भाग गया, इन्द्रदेव एवं राजकुमार दोनों मिलन एवं संदीप को कैलास विश्वकर्मा के सहयोग से जबरन बोलेरो में बैठा लिये तथा अपहरण कर जरही की ओर ले जाने लगे। भुपेन्द्र कार को चलाकर पीछे-पीछे चलने लगा। ग्राम मरहट्टा में दवाई खाने का बहाना बनाकर मिलन एवं संदीप आरोपियों के चंगुल से भाग निकले। आरोपीगण डर से बाद में मिलन के मोबाईल को क्षतिग्रस्त कर कार में डालकर कार सहित मरहट्टा में छोड़कर भाग गये। कार में रखा 2 हजार रुपये आरोपी भूपेन्द्र ले लिया तथा कार में रखे खाली चेक को आरोपी कैलाश विश्वकर्मा रख लिया जिसे बाद में कैलास विश्वकर्मा चरचा ले जाकर एसबीआई के ब्रांच से 3,06,000 रुपये राशि अंकित कर अपने रिश्ते के जीजा के खाते में पैसा ट्रांसफर करा दिया। घटना के तीन दिन बाद कार ग्राम मरहट्टा में पड़े होने की जानकारी प्रार्थी को मिलने पर कार को लाया।
प्रार्थी मिलन गिरी द्वारा दिनांक 31 जनवरी को घटना की लिखित रिपोर्ट थाना प्रतापपुर में किए जाने पर अपराध क्रमांक 22/22 धारा 294, 506, 323, 392, 394, 365, 120बी, 34 भादवि का पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को मामले की गंभीरतापूर्वक जांच कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में मामले की गंभीरतापूर्वक बारीकी से विवेचना की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी के पेश करने पर लूट के बाद छोडे गये डटसन रेडी गो कार कीमती करीब 02 लाख रुपये एवं मोबाईल कीमती करीब 12000 रुपये को जप्त किया गया और मुखबीर की सूचना व नई तकनीक की मदद से बुधवार को आरोपीगण 1. कैलाश विश्वकर्मा उर्फ खरखरी पिता सोनसाय उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पलमा चौकी चेन्द्रा 2. इन्द्रदेव राजवाडे पिता गीता प्रसाद राजवाडे उम्र 28 वर्ष, 3. भुपेन्द्र कुमार पिता जीवधन राजवाडे जाति रजवार उम्र 23 वर्ष एवं 4. राजकुमार पिता बन्ठू उम्र 30 वर्ष तीनों निवासी ग्राम सत्तीपारा, थाना चन्दौरा को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने उपरोक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर का बोलेरो वाहन कीमत 5 लाख रूपये, लूट का रकम 1000 रूपये एवं कांच का पुराना बोतल जप्त कर चारों को विधिवत् गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, एसआई राजेश तिवारी, नवल किशोर दुबे, प्रधान आरक्षक मनोज केरकेट्टा, महेन्द्र पटेल, आरक्षक मिथलेश गुप्ता, अवधेश कुशवाहा, अभय तिवारी व अखिलेश दुबे सक्रिय रहे।
मंगलवार, 1 फ़रवरी 2022
हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चौकी उमेश्वरपुर पुलिस की कार्यवाही
सूरजपुर। मंगलवार 01 फरवरी को ग्राम पार्वतीपुर निवासी देवसाय बिंझवार ने चौकी उमेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि गांव के सोहन बिंझिया के द्वारा घर का गंदा पानी इसके घर आंगन-बाड़ी से निकालता था जिसे मना करने पर सोमवार की रात्रि में झगड़ा विवाद करते हुए इसकी पत्नी शामकुंवर को लकड़ी के गेड़ा से सिर में प्राणघातक हमला कर हत्या कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 302 भादवि का मामला पंजीबद्ध किया गया। हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने चौकी प्रभारी को दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में चौकी उमेश्वरपुर की पुलिस ने आरोपी सोहन बिंझिया पिता नंदु बिंझिया उम्र 25 वर्ष को उसके गांव में घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का गेड़ा जप्त कर उसे विधिवत् गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रेमनगर विपिन लकड़ा, चौकी प्रभारी उमेश्वरपुर महेश्वर सिंह, एसआई निर्मल राजवाड़े, प्रधान आरक्षक कपिल सिंह, आरक्षक राकेश पोर्ते, विक्रम सिंह, शिवशंकर, सुरेन्द्र सिंह, सोहन सिंह व चन्द्रकांत बिजनेर सक्रिय रहे।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।





