शनिवार, 6 अप्रैल 2024

सोनवाही जंगल में स्कूटी सवार दो महिलाओं से लूट करने वाले 1 आरोपी को चौकी लटोरी पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

सूरजपुर। दिनांक 28.03.24 को ग्राम गजाधरपुर निवासी कांती देवी ने चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 28 मार्च को अपनी लड़की के साथ स्कूटी से गांधीनगर अम्बिकापुर पकड़ा दुकान गए थे जहां से खरीददारी कर वापस घर गजाधरपुर आ रहे थे दोपहर में सोनवाही जंगल के पास पहुंचे थे कि इन लोगों के पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति मोटर सायकल में आए और बोले कि रूको, तब डरकर यह रूक गए उसी दौरान दोनों व्यक्ति बोले कि झोला चेक कराओ क्या है इसमें कहते हुए झोला छीन लिए तथा झोला में रखा 2 नग पर्स जिसमें 4200 रूपये थे उसे छीनकर मोटर सायकल से दोनों अम्बिकापुर की ओर भाग गए, लड़की अम्बिकापुर की ओर सड़क पर स्कूटी से पीछा भी की जो दोनों भाग निकले। प्रार्थियां की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 392, 34 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
              मामले की सूचना मिलते ही उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने अज्ञात आरोपियों की गंभीरतापूर्वक पतासाजी कर पकड़ने पुलिस टीम को लगाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में चौकी लटोरी पुलिस अज्ञात आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर संदेही शहजोर अली पिता अयुब अली उम्र 32 वर्ष निवासी ईरानी मोहल्ला अम्बिकापुर थाना कोतवाली को पकड़ा गया जिसके बाद कार्यपालिक दण्डाधिकारी लटोरी से शिनाख्ती की कार्यवाही कराने पर प्रार्थियां ने पहचान किया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक के दोपहर में हीरो स्पेलडर प्लस मोटर सायकल क्रमांक सीजी 15 सीएस 7142 में एक अन्य व्यक्ति के साथ ग्राम करवां जा रहे थे, अम्बिकापुर बनारस रोड़ में ग्राम सोनवाही जंगल पहुंचे थे तब सामने दो महिला स्कूटी से जा रहे थे जिन्हें आवाज देकर रोकते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिये और लूट की रकम में से 400 रूपये का पेट्रोल डलवाए और शेष राशि को आपस में बाट लिए गया। आरोपी के निशानदेही पर लूट की रकम 1000 रूपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर आरोपी शहजोर अली को गिरफ्तार किया गया। मामले में 1 अन्य आरोपी फरार है जिसकी पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लटोरी धनंजय पाठक, प्रधान आरक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक अम्बिका मरावी, नंदकिशोर राजवाड़े, उमेश सिंह व महिला आरक्षक मुनेश्री पैंकरा सक्रिय रहे।

ढ़ाबा से 17 किलो मादक पदार्थ डोडा, 66 लीटर महुआ शराब व 12 पाव अंग्रेजी शराब जप्त कर थाना चंदौरा पुलिस ने 1 आरोपी को किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना-चौकी की पुलिस नशे के कोराबार से जुड़े लोगों के विरूद्ध लगातार कड़ी कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी परिप्रेक्ष्य में दिनांक 28.03.2024 को थाना चंदौरा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि काबेरी ढ़ाबा के संचालक अजय कुमार ग्राम घाट पेण्डारी अपने ढ़ाबा स्टोर रूम और काउन्टर टेबल के पास अवैध मादक पदार्थ डोडा एवं शराब रखकर ढ़ाबा में आने-जाने वालों को बिक्री कर रहा है।
              सूचना मिलने के फौरन बाद थाना चंदौरा पुलिस काबेरी ढ़ाबा पहुंची जहां विधि के अनुसार मुस्तैदी से ढ़ाबा की घेराबंदी कर ढ़ाबा की तलाशी ली गई जहां से 17 किलो मादक पदार्थ डोडा जिसकी बाजारू कीमत करीब 1 लाख रूपये, पानी बॉटल व प्लास्टिक के जरकिन में रखा 66 लीटर महुआ शराब कीमत 9900 रूपये तथा 12 पाव गोवा विस्की अंग्रेजी शराब कीमत 1440 रूपये कुल कीमत 1 लाख 11 हजार 340 रूपये का जप्त कर धारा 15 एनडीपीएस एक्ट तथा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपी अजय कुमार पिता रामाशंकर यादव उम्र 42 वर्ष निवासी घाटपेण्डारी थाना चंदौरा को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंदौरा प्रदीप सिदार, एएसआई हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, राहुल गुप्ता, रामाधीन श्यामले, अनिल कुजूर, महेन्द्र पटेल, उदय सिंह, आरक्षक सोहर सिंह, प्रवीण मिश्रा, रविन्द्र जायसवाल व अनिरूद्ध पैंकरा सक्रिय रहे।

चुनाव की तैयारी। अंतरर्राज्यीय बॉर्डर में हुई छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की मीटिंग।

सूरजपुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री अंकित गर्ग (भा.पु.से.) ने छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में आगामी लोकसभा चुनाव के बेहतर प्रबंधन के लिए बार्डर मीटिंग करने के निर्देश दिए थे। उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) के निर्देशन में गुरूवार, 28 मार्च 2024 को थाना चांदनी में छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों सहित सरहर्दी क्षेत्र में स्थित थाना-चौकी प्रभारियों की बार्डर मीटिंग हुई।
              बैठक में एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आपराधिक गतिविधियों के रोकथाम के लिए बेहतर सहयोग और समन्वय, सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून, सुरक्षा व्यवस्था एवं अपराधियों की धरपकड़ को लेकर आवश्यक चर्चा की। सीमावर्ती चौकियों पर बेहतर तालमेल बनाते हुए नशीली सामग्रियों व अवैध वस्तुओं के आवागमन को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति पर चर्चा की और निगरानी, गुण्डा बदमाशों की गतिविधियों पर सतत् निगाह रखते हुए जानकारी साझा करने कहा। मध्यप्रदेश राज्य के जिला सिंगरौली के बैढ़न एसडीओपी श्रीजन वर्मा ने दोनों राज्यों की सीमाओं पर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी को और प्रभावी तथा सुदृण बनाने तथा सूचनाओं का आदान प्रदान करने व अवैध नशीली सामग्रियों तथा वारंटियों की धरपकड़ व असामाजिक तत्वों के बारे में जानकारी साझा करने के अलावे अन्य विषयों को लेकर रणनीति के तहत कार्य करने की बात कही।
            बैठक में एसडीएम भैयाथान सागर सिंह, तहसीलदार बिहारपुर संजय शर्मा, थाना प्रभारी चांदनी मनोज सिंह, चौकी प्रभारी बलंगी विजय दुबे, चौकी प्रभारी मोहरसोप कमलेश पाठक, नगर पुलिस अधीक्षक विध्यनगर जिला सिंगरौली पी.एस.परस्ते, चौकी प्रभारी शासन थाना बैढ़न संदीप नामदेव सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।

महिला से फोन-पे के माध्यम से जबरन रकम ट्रांसफर कराने, मोबाईल लूटने व छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को थाना प्रतापपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। दिनांक 27.03.2024 को थाना प्रतापपुर क्षेत्र अन्तर्गत एक महिला ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 26.03.24 के दोपहर में बस स्टैण्ड अम्बिकापुर में डुमरखोला-कोचली जाने के लिए साधन पता कर रही थी तभी एक अज्ञात व्यक्ति मिला जो मैं डवरा-कोचली का हॅू वहीं जा रहा हॅू साथ ले चलूंगा बोलकर महिला को अपने बिना नंबर के हीरो पैसन प्रो मोटर सायकल में बैठा लिया जो रास्ता में रूककर महिला को बोलने लगा कि कोचली में मेरा किराना का दुकान है मुझे लेबर लोगों को ऑनलाईन पैसा पेमेंट करना है आप अपने फोन से पैसा ट्रांसफर कर दीजिये मैं कोचली पहुंचकर आपको नगद पैसा दे दूंगा तो महिला उसकी बातों पर विश्वास कर फोन पे से 5 हजार रूपये ट्रांसफर कर दी। ग्राम धरमपुर पार होने के बाद वह मेन रोड़ छोड़कर जंगल की ओर कच्चा रास्ता में मोटर सायकल को मोड दिया जिस पर महिला बोली कि इधर कहां ले जा रहे है ये गलत रास्ता है तो वह बोलने लगा कि यह शॉटकट रास्ता है जल्दी पहुंच जायेंगे, फिर कुछ दूर जंगल में ले जाकर मोटर सायकल रोककर प्रार्थियां के साथ छेड़छाड़ करने लगा, विरोध करने पर हाथ मुक्का से मारपीट किया और डरा धमका कर 15 हजार रूपये अपने फोन-पे नंबर पर ट्रांसफर करा लिया तथा महिला का वन प्लस मोबाईल को जबरदस्ती लूट लिया, महिला किसी तरह दौड़कर वहां से भागी है। महिला की रिपोर्ट पर थाना प्रतापपुर में धारा 384, 392, 354 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
              मामले की सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने गंभीरतापूर्वक प्रकरण की विवेचना करते हुए घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना प्रतापपुर पुलिस के द्वारा बैंक से प्राप्त जानकारी व तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए संदेही शिवशंकर उर्फ भोला का घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर उसने इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके बाद कार्यपालिक दण्डाधिकारी की मौजूदगी में पहचान कार्यवाही भी कराई गई। आरोपी के निशानदेही पर महिला से ट्रांसफर कराए गए पैसा में निकाले गए पैसा 10 हजार रूपये नगद, लूट का वन प्लस मोबाईल कीमत 15 हजार रूपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जप्त कर आरोपी शिवशंकर उर्फ भोला पिता धनेश्वर गोस्वामी उम्र 44 वर्ष ग्राम रामपुर, थाना प्रतापपुर को गिरफ्तार किया गया।
           कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई हीरालाल साहू, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, विनोद परीड़ा, रामाधीन श्यामले, आनंद एक्का, आरक्षक इन्द्रजीत सिंह, अवधेश कुशवाहा, शशिकांत मिश्रा, विरेन्द्र कुजूर, अभिमन्यू पैंकरा, निरंजन एक्का सक्रिय रहे।

हत्या के आरोपी को थाना रामानुजनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सूरजपुर। ग्राम दुर्गापुर रामानुजनगर निवासी भगमनिया ने थाना रामानुजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 25.03.2024 को होली के त्यौहार में पड़ोसी रिश्ते के काका जगलाल सिंह के बुलावे पर शाम को अपने पति मोतीलाल के साथ गई थी जहां जगलाल व उसके परिजन खा पी रहे थे। जहां से यह अपने घर आ गई कुछ समय बाद इसका लड़का पिताजी को बुलाकर लाता हॅू कहकर जगलाल के घर गया जहां से दौडते हुए आया और बताया कि पिताजी को टांगा से कोई मार दिया है जिसके बाद सभी वहां पहुंचे। जगलाल की पत्नी बताई कि मामा-भांजा किसी पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगे और जगलाल घर से टंगिया/टांगा निकाल कर मोतीलाल को मारकर हत्या कर दिया। प्रार्थियां की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 60/24 धारा 302 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार था।
उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने फरार आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर की पुलिस मामले की विवेचना करते हुए आरोपी की खोजबीन में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर आरोपी जगलाल सिंह पिता स्व. अतिबल उम्र 58 वर्ष ग्राम दुर्गापुर, थाना रामानुजनगर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगा जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर प्रकाश राठौर, एएसआई मनोज पोर्ते व अन्य सक्रिय रहे।

18 हजार रूपये के अंग्रेजी शराब सहित 1 गिरफ्तार, चौकी खड़गवां पुलिस की कार्यवाही।

सूरजपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) निर्देशन में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की पुलिस के द्वारा अंतरराज्जीय सीमा सहित जिले के सभी बार्डर में 24 घंटे लगातार कड़ी चेकिंग की कार्यवाही की जा रही है तथा सजगता बरती जा रही है।
         इसी क्रम में दिनांक 23.03.24 को चौकी खड़गवा के चेकपोस्ट में वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कॉपियों वाहन की चेकिंग के दौरान अवैध ब्लैक डॉग अंग्रेजी शराब 7 लीटर 500 ग्राम कीमत 18 हजार रूपये का पाया गया। मामले में वाहन चालक आरोपी आईएपम पिता सेतु उम्र 27 वर्ष निवासी परजी पेटई तमिलनाडु, हाल मुकाम चेन्नई राधा कंपनी जगरनाथपुर महान-2 खदान के विरूद्व धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही कर अंग्रेजी शराब व परिवहन में प्रयुक्त स्कॉपियों वाहन क्रमांक सीजी 15 ईए 3128 को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

108 एम्बुलेंस को आग लगाकर जला देने वाले व्यक्ति को थाना सूरजपुर पुलिस ने पकड़ा।

 

सूरजपुर। दिनांक 18.02.24 को शाहनवाज आलम ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसके बाबू गैरेज चंदरपुर ढुंढरा के सामने बनने के लिए खड़ी 108 एम्बुलेंस में कोई अज्ञात व्यक्ति 17.02.24 के रात करीब 11 बजे आग लगा दिया है जिससे एम्बुलेंस जल गई है और नुकसान हुआ है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आगजनी का मामला कायम कर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 435 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
           मामले की सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने आरोपी की पतासाजी कर पकड़ने के निर्देश दिए। थाना सूरजपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पल्लेदार तिलधारी उर्फ सोरी पिता मनबोध उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम देवनगर हाल निवासी पुराना बस स्टैण्ड सूरजपुर को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने 108 एम्बुलेंस को आग लगाना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा लोक सम्पत्ति को नुकसान करने पर लोक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(2) जोड़ी जाकर उसके विरूद्ध कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, प्रधान आरक्षक विवेकानंद सिंह व अन्य सक्रिय रहे।

बकरा चोरी करने वाले एक विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक सहित 4 पकड़ाए, परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियों वाहन हुई जप्त।

सूरजपुर। दिनांक 22.03.24 को ग्राम श्यामनगर भटगांव निवासी सपुरन राजवाड़े ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराया कि बकरा-बकरी को घास चराने के बाद घर के बाहर बांधकर रखा था, सुबह 10 बजे लोग हल्ला करने लगे कि बकरा को चोरी कर सफेद रंग के स्कार्पियों गाड़ी में लेकर भाग रहे है तब यह और इसकी पत्नी देखे कि स्कार्पियों वाहन क्रमांक सीजी 15 बी 4101 में चार व्यक्ति बकरा चोरी कर भाग रहे थे जिसे हल्ला करते हुए पीछा कर पकड़ा गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्व धारा 379, 34 भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
          थाना भटगांव पुलिस ने बकरा चोरी करने वाले आरोपी रहिम अंसारी पिता रहमदिल उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम करवां थाना जयनगर, तुलेश्वर यादव पिता आलम साय उम्र 19 वर्ष व प्यारसाय यादव पिता सीताराम उम्र 19 वर्ष ग्राम महेशपुर, थाना जयनगर तथा 1 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक को पकड़ा गया। जिनके निशानदेही पर चोरी का बकरा कीमत 6 हजार रूपये व परिवहन में प्रयुक्त स्कॉपियों वाहन जप्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक के विरूद्ध विधि अनुसार कार्यवाही की गई। कार्यवाही में थाना प्रभारी भटगांव राजेन्द्र साहू, एएसआई लालचंद कुजूर, प्रधान आरक्षक पूरनचंद राजवाड़े, हीरालाल बखला, रविनंद सिंह, आरक्षक संतोष जायसवाल, राधेश्याम साहू, विष्णुदत्त यादव सक्रिय रहे।

सूरजपुर पुलिस ने लिया शांति समिति की बैठक। होली त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

सूरजपुर। होली, ईद व गुड फ्राइडे पर्व को दृष्टिगत् रखते हुए प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में सर्व समुदाय के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों की शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में थाना-चौकी प्रभारियों के द्वारा होली त्यौहार की शांति समिति की बैठक आयोजित किया गया। बैठक में गणमान्य नागरिकगण, जनप्रतिनिधि, समाज के जनप्रतिनिधयों से इस संबंध में आवश्यक सुझाव भी आमंत्रित किए गए। साथ ही कहा गया कि इन त्योहारों पर किसी भी प्रकार का विवाद ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और लगातार पेट्रोलिंग पार्टी गश्त करते रहेगी।
            बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लगा हुआ है जिसका पालन करते हुए होली पर्व को आपसी भाईचारा एवं सौहाद्रपूर्ण ढंग से मनाए। होली में नशीले पदार्थ का सेवन न करें, किसी के ऊपर जबरन रंग न लगावें, ग्रीस एवं कांच युक्त रंगों का प्रयोग न करें, कोई भी अशोभनीय हरकत एवं शब्दों का प्रयोग न करें, यातायात नियमों का पालन करें, दो पहिया वाहन में तीन सवारी न चलने, शराब का सेवन न करने, हुडदंग, शोर शराबा न करने, किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करें, शहर/गांव में गाड़ियों में तेज आवाज में म्यूजिक चलाकर हुडदंग न करें एवं परिवर्तित दोपहिया वाहन साइलेंसर (तेज आवाज निकलने वाले फटाके की तरह) का प्रयोग न करें। वर्तमान में बोर्ड परीक्षाए चल रही है साउंड सिस्टम का उपयोग बिना अनुमति के न किया जाए तथा अनुमति प्राप्त होने पर धीमे आवाज में बजाया जाए। बैठक में दुपहिया वाहन में तीन सवारी, तेज चलाने वाले बाइकर्स, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ऊपर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। सुरक्षा में लगें सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें, होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर करें, इलेक्ट्रिक खंबों एवं तारों का ध्यान रखें एवं एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। बैठक में सभी ने भरोसा दिया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

उमनि/एसएसपी सूरजपुर ली क्राईम मीटिंग, इंटरस्टेट व नाकाबंदी प्वाईट पर 24 घंटे कड़े निगरानी रखने दिए निर्देश। थाना-चौकी प्रभारियों को लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश। उत्कृष्ट कार्य पर थाना प्रभारी किए गए पुरस्कृत।

 

सूरजपुर। उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री एम.आर.आहिरे (भा.पु.से.) ने अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने, आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, निर्विग्न, निष्पक्ष व शांतीपूर्वक चुनाव कराने, थानों के कार्यो, लंबित अपराध व शिकायतों की समीक्षा करने बुधवार, 20 मार्च को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों व थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक ली।
              इस दौरान उमनि/एसएसपी श्री आहिरे ने लोक सभा चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सम्पूर्ण जिले के नाकाबंदी प्वाईट तथा इंटर स्टेट बार्डर चेक प्वाईट पर 24 घंटे कड़े निगरानी रखकर पूर्ण सजगता के साथ आने-जाने वाले सभी वाहनों की बारीकी से चेकिंग की जाए, गिरफ्तारी व स्थाई वारंटी तामीली के लिए विशेष अभियान चलाए, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में बढ़ोत्तरी करते हुए अनिवार्य रूप से बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही कराए, एफएसटी टीम के बारे में पूरी जानकारी रखने एवं टीम से निरंतर सम्पर्क रहने के निर्देश दिए। सूचनाओं के आदान-प्रदान, अपराधियों की धरपकड़ व समन्वय के साथ कार्य करने अंतर्राज्जीय बार्डर मीटिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में थाना-चौकी में लंबित सभी अपराधों, लंबित चालानों व शिकायतों की विस्तृत जानकारी लेकर प्रभारियों को समय-सीमा में निराकरण करने, किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार पर सख्त कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए। लोकसभा चुनाव में बूथों में सुरक्षा, वहां मौजूद सुविधाएं, बाहर से आने वाले सुरक्षाबलों के ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था में लगे लाइसेंसी हथियारों को छोड़कर शेष सभी लायसेंसी हथियारों को थाना में जमा कराने, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सूचना तंत्र को और मजबूत करने को लेकर निर्देश दिए। आगामी होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए थाना स्तर पर की जाने वाली कार्यवाहियों, शांती समिति की बैठक लेने के निर्देश दिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके।

लंबित मामलों की लगातार करें समीक्षा। बैठक में उमनि/एसएसपी श्री एम.आर.आहिरे ने थाना-चौकी प्रभारियों को कहा कि अपराध पंजीबद्ध होने अथवा शिकायत जांच हेतु प्राप्त होने पर उसके निराकरण की दिशा में तेजी से कार्य करें, प्रत्येक दिवस विवेचक व जांचकर्ता विवेचकों से लंबित मामलों की प्रगति ले और जरूरी निर्देश देकर समय-सीमा में निराकरण करावें, थाना में अपनी फरियाद लेकर आने वालों को गंभीरतापूर्वक सुने और त्वरित वैधानिक कार्यवाही करें।

उत्कृष्ट कार्य पर थाना प्रभारी किए गए पुरस्कृत। लंबित शिकायतों की समीक्षा पर थाना विश्रामपुर में शिकायतों की संख्या निरंक होने पर उमनि/एसएसपी ने थाना प्रभारी विश्रामपुर अलरिक लकड़ा को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
            इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर, डीएसपी रितेश चौधरी, परिवीक्षाधीन डीएसपी स्निग्धा सलामे, जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।