बुधवार, 12 अक्टूबर 2022

रेलवे स्टेशन में खड़ी लोड़ गाड़ी से तिरपाल चोरी मामले में 3 आरोपियों को थाना सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूरजपुर। अदानी के सिक्यूरिटी अधिकारी अजीत सिंह ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 26 जून को सोनपुर रेलवे स्टेशन में खड़ी लोड़ गाड़ी में बंधा तिरपाल को हरिप्रसाद, छोटू एवं बुद्धू के द्वारा चोरी किया गया है। मामले की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 379, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की पुलिस आरोपियों की पतासाजी में लगी थी इसी बीच मुखबीर की सूचना पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले हरिप्रसाद यादव पिता रमभीर यादव उम्र 45 वर्ष, निलेश प्रताप सिंह उर्फ छोटू पिता रविन्द्र प्रताप उम्र 22 वर्ष व बुद्धू राम यादव पिता जगर देव उम्र 35 वर्ष निवासी सोनपुर, थाना सूरजपुर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का 9 नग तिरपाल कीमत करीब 5 हजार रूपये का जप्त कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, प्रधान आरक्षक ऐसन पाल, आरक्षक रवि पाण्डेय व राजूरंजन सक्रिय रहे।

भटगांव पुलिस ने जुआ खेल रहे 9 जुआड़ियों को पकड़ा, 5300 रूपये किया बरामद

सूरजपुर। अवैध शराब, जुआ, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है। इसी परिप्रेक्ष्य में भटगांव पुलिस ने ग्राम तेलगवां में हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेलने के दो मामले में 09 जुआड़ियों को रंगे हाथों पकड़ जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। बीती रात्रि को थाना प्रभारी भटगांव को मुखबीर ने सूचना दिया कि ग्राम तेलगवां में कुछ जुआडियान रूपये पैसे की हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जुआ खेल रहे 09 व्यक्ति विकास राजवाड़े उम्र 30 वर्ष, फलेश्वर राजवाड़े उम्र 32 वर्ष, सीताराम राजवाड़े उम्र 20 वर्ष, रामाधार चौधरी उम्र 35 वर्ष, भोले राजवाड़े उम्र 20, लालमन राजवाड़े उम्र 32 वर्ष, जीवन ज्योति राजवाड़े उम्र 28 वर्ष, शिवनारायण राजवाड़े उम्र 33 वर्ष, नवीन राजवाड़े उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम तेलगवां, थाना भटगांव को पकड़ा जिनके कब्जे व जुआ फड से 5300 रूपये जप्त कर इनके विरूद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा, एसआई सी.पी.तिवारी, प्रधान आरक्षक संजय चौहान, आरक्षक रजनीश पटेल, कमलेश सिंह, प्रकाश साहू, भोला राजवाड़े व गिरजा शंकर सक्रिय रहे। 

सोमवार, 10 अक्टूबर 2022

सूरजपुर पुलिस वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंच उन्हें कर रहा सम्मानित। सीनियर सिटीजन अपने बीच पुलिस अधिकारियों को पाकर दिखे प्रसन्नचित

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर जिले की पुलिस के द्वारा समर्पण अभियान से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों के घर उनके बीच पहुंचकर उन्हें साल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, पुलिस की इस पहल तथा पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर सीनियर सिटिजन प्रसन्नचित दिखे और अपने दैनिक दिनचर्या तथा कुशलक्षेम से पुलिस को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस के अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर बड़े आत्मीयता के साथ उनसे मुलाकात कर कुशलक्षेम की जानकारी लेते हुए साल-श्रीफल देकर सम्मानित किया और उन्हें पुलिस मुख्यालय में संचालित सीनियर सिटीजन सेल के हेल्पलाईन नंबर 94791-91536, टोलफ्री नंबर 1800-180-1253 तथा हेल्प लाईन नंबर 0771-2511253 से अवगत कराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल अवगत कराए पुलिस सदैव आपकी सेवा एवं सहयोग के लिए तत्पर है। पुलिस के इस कार्य से वरिष्ठ नागरिक काफी खुश नजर आए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में समर्पण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा गया है ताकि वे पुलिस के सीधे सम्पर्क में आ सके और उनकी समस्या, शिकायत का त्वरित निराकरण के साथ देखभाल की जा सके। इस अभियान में पुलिस के अधिकारी प्रत्येक सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनके कुशलक्षेम से भी अवगत हो रहे है। 

गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022

देशी कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ 1 गिरफ्तार, थाना भटगांव पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। गुरूवार, 06 अक्टूबर को थाना प्रभारी भटगांव को मुखबीर से सूचना मिला कि एक व्यक्ति देशी कट्टा एवं कारतुस लेकर भटगांव से जरही की ओर जा रहा है। सूचना से पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू को अवगत कराया गया जो उन्होंने तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में थाना भटगांव की पुलिस टीम के द्वारा भटगांव मिशन चौक पर घेराबंदी कर दिनकर सिंह पिता स्व. कामेश्वर सिंह निवासी वार्ड क्रमांक 10 भटगांव को पकड़ा गया जिसके कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर एवं जिंदा कारतुस 06 नग जप्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा, एसआई सी.पी.तिवारी, प्रधान आरक्षक संजय कुमार, आरक्षक रजनीश पटेल, मनोज जायसवाल, कमलेश्वर सिंह, मिथलेश गुप्ता, प्रहलाद पैंकरा, प्रकाश साहू व मोहम्मद नौशाद सक्रिय रहे।

सूरजपुर में आयोजित दशहरा उत्सव में हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप का बड़े पैमाने पर किया गया प्रचार-प्रसार

  • उत्सव में सूरजपुर पुलिस का हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप का सेल्फी प्वाईन्ट रहा आकर्षण का केन्द्र
  • महिला सुरक्षा के लिए सूरजपुर पुलिस सजगता से कर रहा कार्य

सूरजपुर। दशहरा उत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का हमर बेटी हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप का खूब प्रचार किया गया। इस ऐप का सेल्फी पॉइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां महिलाएं व बालिकाओं ने खूब सेल्फी ली। दशहरा उत्सव के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक व सविप्रा अध्यक्ष श्री खेलसाय सिंह, कलेक्टर सुश्री इफफ्त आरा, पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए सेल्फी भी ली।
                महिला-बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्धेश्य से माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री भूपेश बघेल के द्वारा हमर बेटी-हमर मान अभियान का शुरूआत की है साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के द्वारा महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए अभिव्यक्ति ऐप बनाया है। इन अभियानों को लेकर सूरजपुर पुलिस के द्वारा दशहरा पर्व पर जिला मुख्यालय में आयोजित दशहरा उत्सव में खासा प्रचार-प्रसार किया है जहां महिला-बालिकाओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिस के अधिकारीगण, दशहरा उत्सव में भगवान राम की झाकी के द्वारा भी हमर बेटी-हमर मान एवं अभिव्यक्ति ऐप को लेकर बनाए गए सेल्फी प्वाईन्ट के माध्यम से जनसमुदाय को महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे इन अभियानों से जुड़ने का संदेश दिया।
            बुधवार, 05 अक्टूबर को जिला मुख्यालय सूरजपुर में आयोजित दशहरा उत्सव में करीब 10 हजार लोग पहुंचे थे। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान हमर बेटी-हमर मान एवं अभिव्यक्ति ऐप के प्रचार-प्रसार एवं उपयोग को लेकर थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर के द्वारा आकर्षक सेल्फी प्वाईन्ट बनाया गया था जिसके माध्यम से महिला-बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के लिए जागरूक करते हुए विभिन्न प्रकार की जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा के लिए बने अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग के बारे में बताया गया और काफी संख्या में महिलाओं को ऐप डाउनलोड कराया गया। दशहरा उत्सव में राम रावण युद्ध का मंचन किया गया इसके पश्चात मेघनाथ कुंभकरण रावण के पुतले का दहन किया गया, दशहरा उत्सव के समाप्ति के पश्चात अतिथियों ने पुलिस के सेल्फी प्वाइंट में फोटो खिंचवाकर पुलिस की इस अभियान की जमकर तारीफ की और लोगों से अपील किया कि पुलिस की जरूरत पड़े तो इस ऐप का अवश्य उपयोग करें।

जिले में जोरो से जारी है महिला सुरक्षा को लेकर अभियान

जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के समस्त थाना-चौकी की पुलिस के द्वारा हमर बेटी-हमर मान एवं अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार प्रसार व्यापक रूप से किया जा रहा है। पुलिस के द्वारा हमर बेटी-हमर मान के तहत महिलाओं को गुड टच-बैड टच और महिला संबंधी अपराध के संबंध में उनके कानूनी अधिकारों के लिए जागरूक किया जा रहा है तो वहीं अभिव्यक्ति ऐप के प्रचार-प्रसार एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक कर अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है।

बुधवार, 5 अक्टूबर 2022

विजयादशमी पर्व पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने किया पुलिस लाईन में शस्त्र पूजन

सूरजपुर। विजयादशमी पर्व पर पुलिस लाईन, थाना-चौकी में शस्त्र पूजन की गई। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने बुधवार, 05 अक्टूबर को विजय दशमी पर्व पर अपनी परम्परा के अनुसार पुलिस लाईन पर्री में विधि विधान से शस्त्र पूजन करते हुये मॉ दुर्गा की आरती की। पूजा के उपरान्त पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाईन के आवासगृह का जायजा भी लिया। आज विजयादशमी के दिन सूरजपुर जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों के द्वारा भी हथियारों पर पुष्प और कंकु लगाकर मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजा सम्पन्न करवाई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी, डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, थाना प्रभारी विश्रामपुर के.डी.बनर्जी, चौकी प्रभारी बसदेई बृजेश यादव, आरमोरर सिप्रियन टोप्पो सहित पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मंगलवार, 4 अक्टूबर 2022

चोरी के 30 टन लोहे की सरिया सहित 2 गिरफ्तार, थाना चंदौरा पुलिस की कार्यवाही

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। इसी परिप्रेक्ष्य में थाना चंदौरा की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर 20 लाख 50 हजार रूपये कीमत के चोरी की 30 टन लोहे की सरिया व परिवहन में प्रयुक्त ट्रक जप्त कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिनांक 02.10.22 को थाना प्रभारी चंदौरा को मुखबीर से सूचना मिला कि ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीक्यू 9251 में अवैध लोहे का सरिया अंबिकापुर से सिंगरौली मध्यप्रदेश की ओर जा रही है। सूचना से पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू को अवगत कराने पर उन्होंने नाकाबंदी लगाते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में थाना चंदौरा की पुलिस ने थाना के सामने नाकाबंदी लगाकर उक्त ट्रक को रूकवाया जिसकी तलाशी लेने पर उसमें लोहे का सरिया लोड़ होना पाया। वाहन चालक लवकुश प्रसाद साहू पिता स्व. छविनाथ उम्र 32 वर्ष तथा उसके साथी सन्यासी ऋषि पिता दशरथ प्रसाद साहू उम्र 19 वर्ष निवासी सखौहा, थाना माड़ा मध्यप्रदेश से वाहन में लोड लोहे की सरिया के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग किए जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जो लोहे की सरिया चोरी का होने के संदेह पर धारा 41(1-4)/379 भादसं के तहत कार्यवाही कर 30 टन लोहे का सरिया कीमत 20 लाख 50 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त ट्रक जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदौरा शिवकुमार खुटे, प्रधान आरक्षक उदय सिंह, प्रमोद लकड़ा, आरक्षक प्रवीण मिश्रा, ओमप्रकाश, विनय कुजूर, सेलबेस्टर लकड़ा व ज्वाला सिंह सक्रिय रहे।

हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप के सेल्फी जोन को लेकर सूरजपुर जिले के महिलाओं में खासा उत्साह

सूरजपुर पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति सजगता से कर रहा कार्य

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर जिले में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने एवं महिला सुरक्षा के लिए हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार-प्रसार जोरो से किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना-चौकी की पुलिस के द्वारा सफर कर रही महिलाओं, स्वास्थ्य केन्द्र, गांव में चल रही बैठकों, मॉ बागेश्वरी धाम कुदरगढ़, दुर्गा पण्डालों में आए महिला श्रद्धालुओं, घर, दुकान एवं बस स्टैण्ड में मौजूद महिला-बालिकाओं को हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप के बारे में जानकारी देते हुए अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है। पुलिस के इस अभियान से खासकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ पुलिस की सतत मौजूदगी भी देखी जा रही है। जिले की पुलिस के द्वारा हमर बेटी-हमर मान के तहत महिलाओं को गुड टच-बैड टच और महिला संबंधी अपराध के संबंध में उनके कानूनी अधिकारों के लिए जागरूक किया जा रहा है तो वहीं अभिव्यक्ति ऐप के प्रचार-प्रसार एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता को लेकर इन दोनों अभियानों से संबंधित सेल्फी जोन बनाया गया है जिसके प्रति महिलाओं में खासा उत्साह है।

सोमवार, 3 अक्टूबर 2022

सूरजपुर पुलिस के द्वारा हमर बेटी-हमर मान व अभिव्यक्ति ऐप का किया जा रहा व्यापक प्रचार-प्रसार। ऐप के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को मिलेगी सुरक्षा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राज्य की बेटियों को सशक्त और सुरक्षित करने के उद्देश्य से हमर बेटी- हमर मान नाम के अभियान की शुरुआत की है तो वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस के द्वारा महिला सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप विकसित कराया है। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में पूरे जिले की पुलिस लगातार महिला एवं बालिकाओं को हमर बेटी-हमर मान एवं अभिव्यक्ति एप के संबंध में प्रचार प्रसार कर जागरूक किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के दौरान सूरजपुर जिले के थाना-चौकी की पुलिस के द्वारा दुर्गा पण्डालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, गांव में चल रही महिलाओं की बैठकों सहित जहां भी महिलाओं-छात्राओं की मौजूदगी बनी हुई है वहां पहुंचकर महिला सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी देकर ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने अभिव्यक्ति ऐप से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। ऐप एसओएस फीचर या पैनिक बटन से लैस है, बटन दबाते ही यूजर को पुलिस सहायता पहुंचेगी। अभिव्यक्ति ऐप के जरिए पुलिस के पास महिलाएं कहीं से भी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। इस बीच महिलाओं को पुलिस सहायता के नियम संबंधी पॉम्पलेट भी बांटा जा रहा है, ताकि उन्हें कानून की जानकारी हो सके। यह ऐप महिलाओं की जागरूकता और उनकी शिकायतों को सुनने के लिए बनाया गया है। पुलिस के द्वारा बताया जा रहा है कि सबसे पहले प्लेस्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप साइन इन और मोबाइल नंबर से डाउनलोड किया जा सकता है, प्रक्रिया पूरी करने के बाद ओटीपी आएगा, ओटीपी से ऐप वेरिफाई होगा। जिले में हमर बेटी-हमर मान तथा अभिव्यक्ति ऐप के बारे में व्यापक रूप से महिलाओं को जागरूक करते हुए महिला संबंधी अपराध के बारे में बताया, कि किस तरह महिला अपराध होने पर अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से समाधान किया जा सकेगा, यह ऐप बहुत ही अच्छा है। इसकी जानकारी हम दूसरों को भी देंगे, ताकि महिला संबंधी होने वाले अपराध का तुरंत समाधान हो सके। 

शनिवार, 1 अक्टूबर 2022

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने थाना प्रभारियों की ली अपराध समीक्षा बैठक, महिला सुरक्षा व विजिबल पुलिसिंग पर दिया जोर

  • सक्रिय पेट्रोलिंग कर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश
  • आपराधिक मामलों में आरोपियों की फौरन हो गिरफ्तारी

सूरजपुर। जिले में विजिबल पुलिसिंग, महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्य, नवरात्रि-दशहरा पर्व के मद्देनजर सक्रियता के साथ पेट्रोलिंग, दुरूस्त यातायात व्यवस्था, लंबित अपराध, शिकायतों का तेजी से निराकरण कराने, अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने, फरियादियों की समस्याएं संवेदना पूर्वक सुनने कहा। थाना के कार्यो को बेहतर रूप से संचालित नहीं करने वाले प्रभारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के लिए चेताया। यह निर्देश पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने शनिवार, 01 अक्टूबर को जिला पुलिस कार्यालय सभागार में अपराधों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। वे सख्त तेवर में नजर आए और हर हाल में बेहतर पुलिसिंग व अच्छी कार्यवाही के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने प्रभारियों को कहा कि जिले में विजिबल पुलिसिंग के तहत संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दिखनी चाहिए, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाए, अपराधिक घटना की सूचना पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को फौरन गिरफ्तार करें, अवैध कारोबार को पनपने न दे, क्षेत्र में सूचना तंत्र को मजबूत कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करें। यातायात व्यवस्था को दुरूस्त बनाए रखे और इसके लिए जरूरी कदम उठाए, सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए बड़े-छोटे वाहनों में आगे और पीछे रेडियम लगाने के लिए वाहन मालिकों को निर्देश करने कहा। पीड़ित क्षतिपूर्ति के तहत राहत प्रकरण तैयार कर शीघ्र भेजने, लंबित अपराधों को जल्द से जल्द निराकरण करने, लंबित शिकायत, चिटफंड मामलों में विशेष रुचि लेकर निराकरण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सायबर से संबंधित मामलों में सतकर्ता बरतने तथा थाना क्षेत्र के लोगों को सतर्क रखने एवं गुम बालक बालिकाओं के प्रकरणों में तत्काल टीम गठित कर खोजबीन करने हेतु सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

विजिबल पुलिसिंग पर रहेगा जोर

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने विजिबल पुलिसिंग पर जोर देते हुए प्रभारियों को कहा कि बेटियों को सशक्त और सुरक्षित करने के लिए व्यापक रूप से हमर बेटी-हमर मान का आयोजन कर बच्चों के लिए निडर वातावरण, उन्हें अपराधों से बचने के उपाय बताए, कुछ होने पर पुलिस को आसानी से सम्पर्क करने प्रेरित करें, स्कूल-कालेजों में संवेदनशीलता के साथ पेट्रोलिंग कराए साथ ही महिला संबंधी अपराधों की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर महिला विवेचकों से ही करवाए और यह सुनिश्चित करें कि अपराधों की विवेचना निर्धारित समय में पूरी होकर चालान पेश हो जाए। महिला सुरक्षा के लिए बने अभिव्यक्ति ऐप उपयोगिता के बारे में महिलाओं-छात्राओं को बताए और उसे अधिक से अधिक डाउनलोड कराए।

सक्रिय पेट्रोलिंग कर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नवरात्र व दशहरा पर्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होती है जिसे दृष्टिगत रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। थाना-चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के दुर्गा पण्डालों, विभिन्न आयोजनों के साथ ही भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखे तथा सतर्कता के साथ पेट्रोलिंग कर संदिग्धों पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।