सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) व पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार 12 से 26 जून 2022 तक नशे से आजादी पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 23.06.2022 को थाना जयनगर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम संजयनगर महावीरपुर में दो युवती भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बिक्री करने हेतु ग्राहक की तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु के मार्गदर्शन में थाना जयनगर की पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर ग्राम संजयनगर महाबीरपुर में घेराबंदी कर अंजु पैंकरा पिता संतराम उम्र 27 वर्ष एवं योगिता पैंकरा पिता संतराम पैंकरा उम्र 23 वर्ष निवासी कोतबा सुकवासीपारा, चौकी कोतबा, थाना बागबहरा जिला जशपुर को पकड़ा जिनके कब्जे से 10 किलो मादक पदार्थ गांजा जप्त किया है, जप्त गांजा की बाजारू कीमत करीब 2 लाख रूपये है। मामले में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर सुभाष कुजूर, एसआई दिनेश राजवाड़े, एएसआई वरूण तिवारी, प्रवीण राठौर, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, अशोक साहू, आरक्षक विकास मिश्रा, दीपक सिंह, रमेश कसेरा, महिला आरक्षक प्रमिला कुजूर व सैनिक नोहर राजवाड़े सक्रिय रहे।
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।
