शनिवार, 15 फ़रवरी 2025

सूरजपुर पुलिस ने पीएसीएल चिटफण्ड कंपनी के 2 और डायरेक्टरों को किया गिरफ्तार।

 

सूरजपुर। चिटफण्ड कंपनी के विरूद्व लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने दिए थे। इसी परिपेक्ष्य में थाना सूरजपुर पुलिस ने धोखाधड़ी व चिटफण्ड के धाराओं के तहत पंजीबद्ध 2 प्रकरणों में कंपनी के 2 डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है।
               वर्ष 2016 में ग्राम केतका निवासी कमल सिंह केराम एवं ग्राम गंगोटी, चौकी बसदेई निवासी रनमेत बाई ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि पीएसीएल कंपनी के डायरेक्ट एवं अन्य लोगों के द्वारा पैसा दोगुना करने का प्रलोभन देकर रूपया जमा कराया गया जो मैच्यूरिटी अवधि पूर्ण होने पर भी पैसा वापस नहीं कर धोखाधड़ी किया गया। दोनों ही मामलों की रिपोर्ट पर थाना सूरजपुर में क्रमशः अपराध क्रमांक 96/16 व अपराध क्रमांक 182/16 धारा 420, 120बी भादसं., 4,5,6 ईनामी चिट और धन परिचालन अधिनियम 1978, छ.ग. निक्षेपकों के हितों की संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। पूर्व में कंपनी के डायरेक्टर निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह व जोगेन्दर टाईगर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
              डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चिटफण्ड के प्रकरणों में फरार आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने पुलिस टीम को लगाया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में मामले की विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि पीएसीएल कंपनी का डायरेक्टर दिल्ली में है जिसके बाद थाना सूरजपुर की पुलिस ने दबिश देकर कंपनी के डायरेक्टर आरोपी सुब्रोत भट्ठाचार्य पिता स्व. बिरेश्वर उम्र 64 वर्ष निवासी एफ-19 साउथ सिटी-1 गुरूग्राम, थाना सेक्टर 40 जिला गुरूग्राम हरियाणा तथा गुरमीत पिता स्व. कुलवंत सिंह उम्र 60 वर्ष निवासी डीपी 9 मौर्या इलक्लेव प्रितमपुरा थाना मौर्या इनक्लेव दिल्ली नार्थ वेस्ट को पकड़ा। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि पीएसीएल कंपनी का डायरेक्टर थे और अन्य डायरेक्टर के साथ मिलकर निवेशकों के राशि को डबल करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करते हुए सूरजपुर जिले के हजारों निवेशकों से करोड़ों रूपये की धोखाधड़ी किये है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एसआई गंगासाय पैंकरा, एएसआई संजय सिंह, मनोज द्धिवेदी, नंदलाल सिंह, आरक्षक राजेश्वर सिंह व रविराज पाण्डेय सक्रिय रहे।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव। डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी के प्रभारियों की ली बैठक। शिकायत या समस्या पर रिस्पांश टाईम में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को पहुंचने के दिए निर्देश।

 

सूरजपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने गुरूवार, 13 फरवरी 2025 को जिला पुलिस कार्यालय के सभागार में सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी व पंचायत चुनाव के दौरान लगाए गए सभी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
             डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान जिले में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की तैनाती किस प्रकार की गई है, संख्याबल क्या है, पेट्रोलिंग कितने मतदान केन्द्रों को कंवर करेंगी, रूटचार्ट क्या है उसे मैप और पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक बताया और कुशलतापूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोलिंग पार्टी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूर्ण सावधानी के साथ मतदान दल को मतदान केन्द्र तक पहुंचाए और मतदान उपरान्त सुरक्षित वापसी कराये, चुनाव के दौरान वायरलेस सेट के माध्यम से पुलिस कन्ट्रोल रूम के सम्पर्क रहे और सजगता के साथ नियमित रूप से मतदान केन्द्रों का जायजा लेते रहे, किसी प्रकार की शिकायत या समस्या होने पर रिस्पांश टाईम में मौके पर पहुंचे और जरूरी कदम उठाए और व्यवस्था का सुचारू बनाए रखे।
          उन्होंने थाना प्रभारियों को कहा कि मतदान केन्द्र में लगा पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान मतदान केन्द्र पर क्या करें, क्या न करें उसके बारे अवगत कराए और जिले में शांतीपूर्ण तरीके से मतदान कराने को लेकर जरूरी निर्देश दिए। जिले में अंतरर्राज्जीय, सहित सीमावर्ती सरहदी क्षेत्रों में 12 स्थापित नाकों पर जिला पुलिस अलर्ट मोड पर रहे तथा संदिग्ध व वाहनों की दुरुस्त चेकिंग की जाए ताकि किसी प्रकार से अवैध वस्तुओं की तस्करी न हो सके।
            इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस.पैंकरा, एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, एसडीओपी प्रतापपुर सौरभ उईके, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अजाक पीडी कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी रितेश चौधरी, अनूप एक्का, जिले के थाना-चौकी प्रभारी, जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी व सभी पेट्रोलिंग पार्टी के अधिकारीगण मौजूद रहे।

कलेक्टर व डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

 

सूरजपुर। नगरीय निकाय चुनाव हेतु जिले में बनाए गए 5 स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का सोमवार को कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन व डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने निरीक्षण कर मतगणना की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों के द्वारा मतगणना के बेहतर संचालन और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
            निरीक्षण के दौरान कलेक्टर व डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना कक्ष, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, मीडियाकर्मियों की बैठक व्यवस्था, राउंडवार उद्घोषणा की व्यवस्था, अभ्यर्थियों के मतगणना एजेंट का प्रवेश एवं उनकी बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी व्यवस्था, पर्याप्त बिजली व्यवस्था, पार्किंग, आगमन, निर्गमन, पेयजल सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मतगणना ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पूर्व मतगणना स्थल पहुंचने, सौपें गए दायित्वों का पूर्ण सतर्कता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। मतगणना के दौरान भारी संख्या में पुलिस के अधिकारी व जवानों की तैनाती होगी, इस दिन वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।
          डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने स्ट्रॉन्ग रूम में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश ना कर सके इसलिए स्ट्रॉन्ग रूम के चारों तरफ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यहां सशस्त्र पुलिस के अधिकारी-जवानों की सुरक्षा इंतजाम है। इस दौरान डीएफओ श्री पंकज कमल, सहित प्रशासन व पुलिस के अधिकारीगण मौजूद रहे।

कलेक्टर एवं डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने मतदान केन्द्रों पर जाकर मतदान दल को किया चेक।

 

सूरजपुर। जिले में नगरीय निकाय चुनाव जिनमें 1 नगर पालिका व 4 नगर पंचायत के 78 मतदान दलों को कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार, 10 फरवरी 2025 को आईटीआई भवन सूरजपुर से मतदान सामग्री व ईवीएम के साथ मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया है। मतदान केन्द्र पहुंचे मतदान दलों को कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन व डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चेक किया और निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ चुनाव कार्य सम्पादित करने व मतदान कराने की सभी तैयारियों को समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी व जवानों को सर्तकता के साथ ड्यूटी करने, नागरिकों को कतारबद्ध होकर मतदान केन्द्रों में जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के अधिकारीगण मौजूद रहे।

चिटफण्ड कंपनी के एक और डायरेक्टर को थाना विश्रामपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, पूर्व में चार आरोपी डायरेक्टों की हो चुकी है गिरफ्तारी।

 

सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के माध्यम से जन सामान्य निवेशकांे से चिडफंड से संबंधित प्राप्त आवेदनो पर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु आवेदन प्राप्त होने पर अभिपवा प्रोडियूसर कंपनी लिमि. ब्रांच आफिस 5-1-29 आर सी व्यास कालोनी भिलवाडा 311001 (राजस्थान) पीएच नं. 01412297521 कंपनी में आवेदकांे के द्वारा जमा राशि कंपनी द्वारा वापस नहीं करने के संबध में प्राप्त आवेदनों की जांच अनुविभागीय दंण्डाधिकारी सूरजपुर से कराने पर अनुविभागीय दण्डाधिकरी सूरजपुर के पत्र दिनांक 02.04.2023 से प्राप्त जांच प्रतिवेदन आवेदक के कथनानुसार आवेदकगण के द्वारा निवेश राशि का एक वर्ष बाद तीन गुना राशि वापस किये जाने का प्रलोभन दिये जाने के झांसे में आकर अभिपवा प्रोडियूसर कंपनी लिमि. भिलवाडा (राजस्थान) कंपनी में राशि निवेश किया गया है किंतु उक्त कंपनी के द्वारा आवेदकों को निवेश की गई राशि को वापस नहीं किया गया है। इस प्रकार कंपनी के द्वारा छ.ग. के छत्तीसगढ़ के निक्षेपको के हितो का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 7(1) के अनुसार कपटपूर्ण तरिके से व्यक्तिकम किया जाना पाया गया। इसी प्रकार उक्त कंपनी/वित्तीय स्थापना द्वारा छ.ग. के निक्षेपकांे के हितो के संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 1 में उल्लेखित किया गया है अधिनियम की धारा 6, 1 के अनुसार उक्त कंपनी/वित्तीय स्थापना को अपने कारोबार के बारे में सक्षम प्रधिकारी को सूचना दिया जाना था किन्तु कंपनी को सूरजपुर जिले में सक्षम प्राधिकारी जिला मजिस्ट्रेट को कोई भी सूचना नहीं दी गई और व्यवसाय किया जाता रहा। जिसकी पुष्टि आवेदकों के साथ संलग्न कंपनी के दस्तावेज से हुई है और कंपनी द्वारा धारा 6, (1), 6(2) का भी उलंघन किया है। जांच पर अभिपवा कंपनी लिमिटेड के डायरेक्टर दिनेद्र कुमार दधीच, अनंत दधीच, कपिल जैन, महेश कुमार सेन, विनोदचन्द्र सोमचन्द शाह व अन्य निवासी व्यास कालोनी भिलवाडा राजस्थान के द्वारा जिले के 29 निवेशकों को 2-3 गुना अधिक राशि देने का प्रलोभन देकर 17 लाख 28 हजार 366 रूपये की ठगी कर धारा 420, 34 भा.द.सं, इनामी चिटफंड और धन परिचालन चिट स्कीम अधिनियम 19 बरा 4,5,6 एवं छत्तीसगढ़ के निक्षेपको के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 के अन्तर्गत अपराध घटित करना पाये जाने से थाना विश्रामपुर में अपराध क्रमांक 149/2023 धारा 420, 34 भा.द.सं, इनामी चिटफंड और धन परिचालन चिट स्कीम अधिनियम 1978 की धारा 4,5,6 एवं छत्तीसगढ के निक्षेपको के हितो का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इस मामले में 4 आरोपी डायरेक्टर दिनेद्र कुमार दधीच, अनंत दधीच, कपिल जैन, महेश कुमार सेन को पूर्व में गिरफ्तार कर महिन्द्रा कंपनी का एक्सयूव्ही 700 क्रमांक आरजे 06 यूसी 6669 कीमत करीब 21 लाख रूपये का जप्त किया था।
            डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने आमजनता के साथ किए गए ठगी के  मामले को गंभीरता से लिया और प्रकरण के फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना विश्रामपुर पुलिस को निर्देशित किया। एएसपी संतोष महतो के मार्गदर्शन में विवेचना के दौरान प्रकरण के आरोपी विनोदचन्द्र सोमचन्द शाह पिता विनोदचद्र शाह उम्र 70 वर्ष निवासी 3-27 अभिलाशा डिपार्टमेन्ट नियर व्यासवाडी नवाबाडेज अहमदाबाद गुजरात को दिये गये पते पर जाकर आरोपी के मिलने पर आरोपी को विवेचना में सहयोग करने हेतु नोटिस दिया गया जो जिसके आज थाना आने पर उसे विधिवत् गिरफ्तार किया गया है।

सूरजपुर में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य पुलिस अधिकारी व जवानों ने किया फ्लैग मार्च।

 

सूरजपुर। जिले में 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता में विश्वास जगाने के लिए आज नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला गया।
           जिला मुख्यालय में सीएसपी एस.एस.पैंकरा के नेतृत्व में थाना सूरजपुर से फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अनूप एक्का, थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, थाना प्रभारी विश्रामपुर अलरिक लकड़ा और थाना व पुलिस लाईन के बल शामिल रहा। पैदल पेट्रोलिंग के जरिए पुलिस बल ने पूरे शहर में भ्रमण कर आमजन को आश्वस्त किया कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और किसी भी तरह के डर या प्रभाव में न आएं। नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र में पुलिस ने रहवासियों को फ्लैग मार्च के जरिए शांति और सुरक्षा का अहसास कराया। यह फ्लैग मार्च थाना सूरजपुर से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क रोड़, भैयाथान रोड़, मनेन्द्रगढ़ रोड़ सहित सभी वार्डो तथा थाना विश्रामपुर में मुख्य मार्ग, एसईसीएल कालोनी क्षेत्र सहित सभी वार्डो में फ्लैग मार्च किया गया।
           एसडीओपी प्रतापपुर सौरभ उईके व एसडीएम ललिता भगत के नेतृत्व में फ्लैग मार्च एसडीएम कार्यालय प्रतापपुर से प्रारंभ हुआ जिसमें थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे सहित पुलिस अधिकारी व जवानों के द्वारा थाना चौक, राजघराना चौक, पुराना बस स्टेण्ड, बाबापारा, कालेज चौक, कदमपारा, शांतीनगर में फ्लैग मार्च किया गया। इसी प्रकार डीएसपी रितेश चौधरी के नेतृत्व में थाना भटगांव क्षेत्र व जरही क्षेत्र में थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी सहित पुलिस के अधिकारी व जवानों के द्वारा भटगांव, जरही के मुख्य मार्ग, उर्जानगर, शक्तिनगर में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस की इस सख्त उपस्थिति ने मतदाताओं को निडर होकर मतदान करने का संदेश दिया और अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन की इस व्यापक रणनीति से जिले में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है, पुलिस हर गतिविधियों पर निगाह रखे हुए है, कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जावेगी।

यातायात पुलिस सूरजपुर द्वारा सड़क पर गलत तरीके से खड़ी वाहनों पर की कार्यवाही, यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने में सहयोग करने की अपील।

 

सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर यातायात पुलिस के द्वारा चेम्बर ऑफ कार्मस के अध्यक्ष, गणमान्य नागरिकों की बैठक लेकर शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने, गलत एवं लापरवाही पूर्वक गाड़ियों को सड़कों पर खड़ा न करने की समझाईश दी गई थी। किन्तु लोगों के द्वारा लापरवाही पूर्वक गलत तरीके से एनएच पर कार व अन्य वाहनों को खड़ा कर यातायात को बाधित करने पर वाहन चालकों को समझाईश के साथ ही उनके विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है।
                यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय के द्वारा शहर में लगातार पेट्रोलिंग कर ट्रैफिक सुगम बनाने पूरे अमले के साथ लगे हुए है। शुक्रवार को एनएच-43 पर कई वाहन चालकों के द्वारा लापरवाही पूर्वक गलत तरीके से कार व अन्य वाहनों को खड़ा कर दिया था जिस पर यातायात पुलिस के द्वारा वाहनों में लॉक लगाई गई और वाहन चालकों को समझाईश दी गई साथ ही एमव्ही एक्ट के तहत कार्यवाही भी की गई है।
        यातायात पुलिस सूरजपुर लगातार गलत पार्किंग कर मार्ग अवरूद्ध करने वालों वाहन चालकों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करेगी। यातायात प्रभारी ने नागरिकों से अपील किया है कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हुए यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर लापरवाही पूर्वक वाहनों को खड़ा न करें।

सूरजपुर पुलिस ने 5 लाख कीमत के 1000 नशीली कफ सिरप के साथ 1 अपचारी सहित 4 गिरफ्तार, चौकी लटोरी पुलिस की कार्यवाही।

 

सूरजपुर। जिले की पुलिस ने नशीली दवाओं के विक्रेताओं को नशे की सामग्री खपाने के पहले ही धरदबोचा है, आरोपियों से कब्जे से 5 लाख कीमत के 1000 नग नशीली कफ सिरप बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े तेवर के बाद से ही जिले की पुलिस निरंतर अवैध कारोबार व सूखा नशा के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही में लगी हुई है। इसी क्रम में दिनांक 07.02.2025 को चौकी लटोरी पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि तुलसीनाला के पास चार व्यक्ति बनारस की ओर से आने वाले बस से उतरे है जो अपने पास अवैध नशीली दवाई कफ सिरप रखे है और बिक्री करने के लिए या अन्यत्र कहीं ले जाने के लिए साधन व ग्राहक की तलाश कर रहे है।
          चौकी लटोरी पुलिस सूचना की तस्दीक व कार्यवाही के लिए फौरन ग्राम तुलसी नाला पर पहुंची और घेराबंदी कर विकास सिंह राणा पिता विजय सिंह राणा उम्र 30 वर्ष, सूरज सिंह पिता धनेश्वर सिंह उम्र 20 वर्ष व आशीष सिंह उर्फ गोलू पिता गोकुल सिंह उम्र 30 वर्ष ग्राम केनाबांध, थाना कोतवाली अम्बिकापुर तथा 1 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक को पकड़ा जिनके कब्जे से ऑनरेक्स कफ सिरप 1000 नग जप्त किया गया जिसकी बाजारू कीमत करीब 5 लाख रूपये है। मामले में नशीली कफ सिरप जप्त कर धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले के 1 विधि विरूद्व संघर्षरत् बालकों को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लटोरी अरूण गुप्ता, प्रधान आरक्षक रविशंकर किण्डो, आरक्षक अम्बिका मरावी, शोभनाथ कुशवाहा, सुनील एक्का, मनोज सिरदार, भोला केरकेट्टा सक्रिय रहे।

शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025

डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हेतु बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का किया निरीक्षण।

 

सूरजपुर। नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने शुक्रवार, 07 फरवरी 2025 को नगरीय निकाय चुनाव के लिए भटगांव के हाईस्कूल, जरही के मैत्री भवन एवं प्रतापपुर के कन्या हाईस्कूल तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बालक हाईस्कूल स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिये। सभी स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल का निरीक्षण किया और 24 घंटे कड़ी सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए। भटगांव के हाईस्कूल स्ट्रांग रूम में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने के कार्य सहित सभी तैयारियों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। मतगणना के दिन वाहनों की पार्किंग स्थल का जायजा लिया और सुव्यवस्थित प्रबंध करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए। इस दौरान थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, सीएमओ सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

चोरी के 10 मोटर सायकल के साथ 2 अपचारी सहित 3 को थाना सूरजपुर पुलिस ने पकड़ा। बरामद किए मोटर सायकल की कीमत 12 लाख रूपये, आरोपीगण शातीराना अंदाज में करते थे बाईक चोरी।


सूरजपुर। सतपता विश्रामपुर निवासी शिवशंकर रवि ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 23.01.2025 के रात्रि में अपने मोटर सायकल क्रमांक सीजी 29 एजी 5917 से साधुराम सेवाकुंज सूरजपुर शादी कार्यक्रम में आया था वहीं परिसर में अपनी बाईक खड़ी कर शादी हाल में चला गया और वापस आया तो देखा कि मोटर सायकल वहां नहीं है कोई अज्ञात चोर मोटर सायकल को चोरी कर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 56/2025 धारा 303(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
         डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। थाना सूरजपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान चोरी की मोटर सायकल को लावारिश हालत में स्टेडियम ग्राउण्ड से जप्त किया। विवेचना के दौरान प्रार्थी ने बताया कि चोरी की मोटर सायकल को मानपुर का राजा सोनवानी चला रहा था, पुलिस टीम ने दबिश देकर राजा सोनवानी को पकड़ा।
            पूछताछ पर उसने बताया कि अपने 2 विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक के साथ मिलकर प्रार्थी की मोटर सायकल को चोरी कर चला रहा था, इसके अलावा अच्छी कीमत वाली मोटर सायकल खासकर पल्सर बाईक की रेकी कर अम्बिकापुर से 2, अजिरमा से 1, नमदगिरी से 1, मानपुर से 1, शिवपार्क से 1, तुरियापारा से 1, चंदरपुर से 1 व स्टेडियम ग्राउण्ड से 2 मोटर सायकल कुल 10 मोटर सायकल को चोरी किये थे। आरोपियों के निशानदेही पर मोटर सायकलों को बरामद किया गया जिसकी कीमत करीब 12 लाख रूपये है। चोरी के अलावा मामले में बरामद मोटर सायकल चोरी का होने के पूर्ण अंदेशा पर धारा 35(1)(3) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस के तहत इस्तगाशा के तहत भी कार्यवाही कर आरोपी राजा सोनवानी पिता नरेश सोनवानी उम्र 20 वर्ष निवासी मानपुर, थाना सूरजपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं मामले के 2 विधि विरूद्व संघर्षरत् बालकों को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एएसआई विरेन्द्र यादव, संजय यादव, नंदलाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, योगेन्द्र भगत, आरक्षक प्रेमसागर साहू, गणेश सिंह, रविराज पाण्डेय, कामेश्वर नेताम व महिला आरक्षक पदमावती सक्रिय रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।