गुरुवार, 5 दिसंबर 2024

नशे की सप्लाई चेन पर सूरजपुर पुलिस का कड़ा प्रहार, नशीली सामग्री के मुख्य तस्कर क्रेता को किया गया गिरफ्तार।

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर थाना-चौकी की पुलिस द्वारा नशा तस्करों, नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और इस धंधे में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए थाना रामानुजनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की सामग्री के मुख्य तस्कर क्रेता को पकड़ा है।
          बीते दिनांक 30.11.24 को एसडीओपी प्रेमनगर के द्वारा ट्रक सहित नशीली मादक पदार्थ अफीम एवं डोडा चूरा सहित 2 व्यक्ति रवि कुमार नेताम व लोकेश को पकड़ते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही किया था वहीं दोनों से पूछताछ के बाद अफीम व डोडा चूरा विक्रेता झारखंड निवासी महेश कुमार साहू को भी दबिश देकर पकड़ा गया था। इस मामले में नशीली सामग्री के क्रेता/खरीददार फरार था जिसकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही थी।
              एसडीओपी प्रेमनगर व थाना रामानुजनगर की पुलिस फरार आरोपी की लगातार पतासाजी में लगी थी और नई तकनीक की मदद एवं प्राप्त सूचना के आधार पर नशीली सामग्री के मुख्य तस्कर क्रेता/खरीददार राजीव लाल चुरेन्द्र उर्फ राजू पिता फागु राम चुरेन्द्र उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम कहगांव, थाना मानपुर, जिला मोहला मानपुर को दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया जिसके विरूद्व धारा 17(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर विधिवत् गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, थाना प्रभारी रामानुजनगर राजेन्द्र साहू, एएसआई मनोज पोर्ते, आरक्षक युवराज यादव, गजेन्द्र सिंह व दीपक यादव सक्रिय रहे।

अवैध कोयला ईट भट्ठा में खपाने की सूचना पर पुलिस की कड़ी कारवाई, 2 टन कोयला सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार।*

सूरजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने अवैध कारोबार पर शत्-प्रतिशत अंकुश लगाने के सख्त निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए थे जिसके बाद से ही पुलिस सक्रियता के साथ कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी परिप्रेक्ष्य में दिनांक 04.12.2024 को थाना रामानुजनगर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम तिवरागुड़ी चोरकीपानी के प्रियांशु गुप्ता के ईट भट्ठा में अवैध रूप से आमगांव साल्ही खदान से कोयला चोरी कर ईट भट्ठा में खपाने हेतु रखा है। एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच रेड कार्यवाही कर प्रियांशु गुप्ता पिता विमल किशोर गुप्ता उम्र 22 वर्ष ग्राम तिवरागुड़ी व शरद रात्रे पिता स्व. दुलारे रात्रे उम्र 40 वर्ष ग्राम टेहुलाडीह, थाना तखतपुर जिला बिलासपुर के कब्जे से अवैध कोयला 2 टन कीमत 14700 रूपये का जप्त किया है। मामले में धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर राजेन्द्र साहू व उनकी टीम सक्रिय रही।

उचित मूल्य से चावल व शक्कर चोरी के मामले में थाना चंदौरा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार।


सूरजपुर  दिनांक 04.12.24 को ग्राम सत्तीपारा निवासी उदित नारायण ने थाना चंदौरा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 03-04 नवम्बर 2024 के दरम्यिानी रात्रि में अज्ञात चोर के द्वारा ग्राम पंचायत सत्तीपारा में स्थित उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर 11 बोरी चावल व 4-5 बोरी शक्कर को चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
            थाना चंदौरा पुलिस ने विवेचना के दौरान संदेही कौशल राजवाड़े को पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि अपने साथी भुपेन्द्र व रामविशाल के साथ मिलकर उचित मूल्य की दुकान से चावल व शक्कर चोरी किए है। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का सम्पूर्ण चावल व शक्कर कीमत 15400 रूपये का जप्त कर आरोपी कौशल राजवाड़े पिता आशा प्रसाद उम्र 27 वर्ष, रामविशाल उर्फ भगत पिता उमाशंकर उम्र 20 वर्ष व भुपेन्द्र कुमार पिता जीवधन राजवाड़े उम्र 24 वर्ष तीनों निवासी ग्राम सत्तीपारा, थाना चंदौरा को गिरफ्तार किया है।

सूरजपुर में बारह साल का नन्हा सिपाही, पिता की मृत्यु के बाद पुलिस विभाग में दी गई बाल आरक्षक की नौकरी, एसएसपी सूरजपुर ने बाल आरक्षक को सौंपी नियुक्ति आदेश।

सूरजपुर। जिले की पुलिस विभाग में बारह वर्ष के बच्चे को नियुक्ति दी गई है। बाल आरक्षक के रुप में भर्ती किए गए बच्चे के पिता की असामयिक निधन के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। अपनी मां व छोटे भाई के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे बच्चे को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने नियुक्ति का आदेश प्रदाय किया। एसएसपी ने नियुक्ति आदेश के साथ बच्चों की पसंदीदा चॉकलेट भी प्रदाय किया और बाल आरक्षक को बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा मे उसकी मॉ को मार्गदर्शन दिया।
          एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि दिव्यांश जायसवाल को बाल आरक्षक के पद पर नियुक्ति दी गई है। इनके पिता मुन्ना प्रसाद आरक्षक के पद पर जिला सूरजपुर में पदस्थ थे। नौकरी के दौरान आकस्मिक मृत्यु होने पर अनुकम्पा नियुक्त के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी सभी कार्रवाई पूरी करते हुए अनुकम्पा नियुक्ति दिया गया है। बुधवार, 04 दिसम्बर 2024 को सभी प्रक्रिया पूर्ण होने पर दिव्यांश जायसवाल को पुलिस विभाग में बाल आरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर आरक्षक के पद पर पदस्थ किया जाएगा। इस दौरान स्टेनो अखिलेश सिंह, बाल आरक्षक की मॉ व छोटा भाई मौजूद रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के निर्देश पर हुई गुम इंसान की त्वरित पतासाजी, 28 घरों की लौटाई गई खुशियां।


सूरजपुर। जिले की पुलिस ने गुम इंसान की जांच को पूरी संवेदनशीलता के साथ करते हुए 28 गुम इंसान को दस्तयाब कर सुरक्षित परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा गुम बालक, बालिका एवं गुम इंसान के मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित पतासाजी करने के लिए सभी थाना-चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए थे। उन्होंने गुम इंसान की जांच करने वाले विवेचकों को पूर्ण गंभीरता के साथ गुम इंसान को दस्तयाब करने सक्रियता से कार्य करने निर्देशित भी किया था।
           जिस पर सभी थाना चौकी प्रभारियों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पतासाजी की कार्यवाही की गई। जिले में माह नवम्बर 2024 में 1 बालक, 3 बालिका, 8 पुरूष व 14 महिला कुल 26 गुम हुए थे। एक माह में अब तक 02 बालिका, 14 पुरूष एवं 12 महिला कुल 28 गुम इंसान की पतासाजी कर दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया है। जिसमें से पूर्व के भी 02 गुम इंसान भी शामील है। संवेदनशीलता के साथ गुम इंसान की पतासाजी कर 28 लोगों के घरों में सूरजपुर पुलिस ने खुशियां लौटाई है।

11 जुआड़ियों को चौकी बसदई पुलिस ने जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा।

सूरजपुर। एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने अवैध कार्यो पर पूरी तरीके से अंकुश लगाने और  ऐसे कृत्य में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। इसी तारतम्य में दिनांक 03.12.2024 को चौकी बसदेई पुलिस ने मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम खड़गवां में घेराबंदी कर जुआ खेलते विष्णु देवांगन, संजू उर्फ चांदी, अब्दुल, संदीप साहू, शुभम नाई, समयलाल, मोनू राजवाड़े, गोपाल यादव, सदन साहू, दीप नारायण साहू व राजकुमार को रंगे हाथों पकड़ा जिनके पास व जुआ फड़ से 8200 रूपये जप्त कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही किया है।

स्कूल में एयर गन लेकर शिक्षिका को धमकी देने के मामले पर पुलिस ने लिया त्वरित संज्ञान, आरोपी प्रधान पाठक हुआ गिरफ्तार।


 सूरजपुर। एक प्रधान पाठक के द्वारा स्कूल में बंदूक ले जाकर शिक्षिका को धमकी देने संबंधी न्यूज सोशल एवं वेब मीडिया में वायरल होने पर इसे त्वरित संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रतापपुर ने बीईओ प्रतापपुर से लिखित रिपोर्ट प्राप्त कर आरोपी प्रधान पाठक सुशील कुमार कौशिक के विरूद्ध धारा 221, 351(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर प्रधान पाठक को गिरफ्तार किया है।

         दरसल प्राथमिक शाला बरबसपुर का प्रधान पाठक सुशील कुमार कौशिक दिनांक 21/11/24 को नशे की हालत में बंदूक के साथ शासकीय हाई स्कूल बरबसपुर में घुसकर वहां के संकुल प्राचार्य को दिनांक 20.11.24 को अनुपस्थित क्यों किये हो कहकर गोली मारने की धमकी दिया उसके शाला आने से बच्चों पर बुरा असर पड़ा है।

रकम डबल करने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी पिता-पुत्र को सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

सूरजपुर। दिनांक 08.10.2024 को स्थानीय केतका रोड़ निवासी विशाल गुप्ता ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि माह 6/24 में असफाक उल्ला के द्वारा रकम 35 दिन में डबल करने का झांसा दिया जिसके बहकावे में आकर उसे 10 लाख रूपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किया जिसके एवज में असफाक के द्वारा 10 लाख रूपये का चेक दिया गया। काफी समय बीतने के बाद भी असफाक के द्वारा पैसा वापस न कर टालमटोल करने पर प्रार्थी के द्वारा इसकी रिपोर्ट थाना सूरजपुर में करने पर दिनांक 08/10/2024 को आरोपी असफाक उल्ला, उसका पिता जरीफ उल्ला और जीजा के विरूद्व अपराध क्र. 558/24 धारा 420, 506, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
      वहीं दूसरे मामले में दिनांक 28.11.2024 को मानपुर निवासी मोहम्मद अल्ताफ ने थाना सूरजपर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 15.05.24 से 23.05.24 के बीच ग्राम सोनपुर का असफाक उल्लाह, जरीफ उल्लाह व अन्य 5 लोगों के द्वारा 52 दिनों में पैसा डबल करने के नाम पर 10 लाख रूपये का धोखाधड़ी किए है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 650/24 धारा 420, 506, 34 भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
      वहीं तीसरे मामले में मानपुर सूरजपुर निवासी फरहत नाज ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 20/02/2024 को ग्राम सोनपुर का असफाक उल्लाह, जरिफ उल्लाह व उसका जीजा के द्वारा 60 दिनों में पैसा डबल करने के नाम पर कुल 54 लाख रूपये का धोखाधड़ी किए है। प्रार्थियां की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 651/24 धारा 420, 506, 34 भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
         आमजनता के लाखों की धनराशि लेकर धोखाधड़ी करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर लगाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम के द्वारा नई तकनीक की मदद व प्राप्त मुखबीर सूचना के आधार पर आरोपी असफाक उल्ला व उसके पिता जरीफ उल्ला को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के द्वारा वारदात को अंजाम देना पाए जाने पर उक्त तीनों प्रकरणों में आरोपी असफाक उल्ला पिता जरीफ उल्ला उम्र 23 वर्ष एवं जरीफ उल्ला अंसारी पिता अब्दुल रहीम उम्र 53 वर्ष ग्राम सानपुर, चौकी बसदेई को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया और आरोपी असफाक उल्लाह का 05 दिनों का पुलिस रिमाण्ड लिया गया है और आगे की विवेचना की जा रही है। आरोपी के विरूद्ध थाना अम्बिकापुर में भी अपराध पंजीबद्ध होने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी अम्बिकापुर पुलिस को दी जा रही है। 


पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को चौकी खड़गवां पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

सूरजपुर। दिनांक 28.11.2024 को ग्राम डुबी बड़कापारा, थाना राजपुर निवासी भगवान दास सांडिल्य ने चौकी खड़गवां में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसकी लड़की पूनम टेकाम को दिनांक 27.11.2024 के शाम को मुर्गा सब्जी नहीं बाने की बात पर नाराज होकर उसका पति हीरालाल उर्फ भेंटल सिंह के द्वारा चूल्हा के जलते लकड़ी एवं हाथ मुक्का से मारपीट किया है जिससे उसकी मृत्यु हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मर्ग कायमी उपरान्त धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर चौकी खड़गवां पुलिस, एसडीओपी प्रतापपुर और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
            मामले की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने हत्या के आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। चौकी खड़गवां की पुलिस के द्वारा घेराबंदी कर आरोपी हीरालाल उर्फ भेंटल सिंह पिता केंदाराम उम्र 48 वर्ष निवासी जगन्नाथपुर खपरापारा चौकी खड़गवां को पकड़ा। पूछताछ पर उसने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी खड़गवां योगेन्द्र जायसवाल व उनकी टीम सक्रिय रही।

एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने ली क्राईम मीटिंग, आदतन अपराधी, गुंडे एवं बदमाश प्रवृति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश। जांच-विवेचना में नहीं चलेगी लापरवाही, प्रभारियों को लगाई कड़ी फटकार।

 

सूरजपुर। अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने व लंबित मामलों के निराकरण की स्थिति जानने और निकाल के निर्देश देने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में गुरूवार, 28 नवम्बर 2024 को क्राईम मीटिंग ली और थाना-चौकी प्रभारियों को सख्ती से कहा कि अवैध कबाड़ सहित प्रत्येक अवैध कार्य पर रोक लगाई जावे कहीं भी अवैध गतिविधियां नहीं होनी चाहिए, ऐसी कोई सूचना मिलने पर दूसरे थाना की टीम से कार्यवाही होने की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाए, थाना प्रभारी रात्रि गश्त को अपनी मौजूदगी में हिदायत देकर रवाना करें और इसकी औचक चेकिंग हेतु राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया। साईबर क्राईम मामले में फौरन एक्शन ले ताकि ठग अपने मकसद में कामयाब न हो सके और ठगी की रकम को होल्ड कराकर पीड़ित को राहत दिलाया जा सके।
             इस दौरान उन्होंने अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने, बेहतर और विजुअल पुलिसिंग करने सहित कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए साथ ही कहा कि आदतन अपराधी, गुंडे एवं बदमाश प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखे, असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ बनाए रखने तथा सुगम यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने एवं नियमित रूप से पैदल गश्त व पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए।

जांच-विवेचना में नहीं चलेगी लापरवाही, प्रभारियों को लगाई कड़ी फटकार।
           एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने बैठक में प्रत्येक प्रभारियों से मामला पंजीबद्ध होने, गुम इंसान व मर्ग कायमी एवं शिकायत प्राप्त होने के बाद उसके विवेचना, जांच और निराकरण के क्या-क्या प्रयास किए गए है उसकी जानकारी ली और सुस्त कार्यप्रणाली बरतने वाले प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई और सख्त हिदायत दी कि जल्द और विधिवत् मामलों का निराकरण कर अवगत कराए। उन्होंने प्रभारियों को कहा कि गुम इंसान व मर्ग जांच को पूर्ण गंभीरता व संवेदनशीलता से जांच करें। निगरानी, गुण्डा बदमाशों सहित असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर लगातार बनाए रखे, पूर्ण सजगता के साथ आने-जाने वाले सभी वाहनों की बारीकी से चेकिंग की जाए, गिरफ्तारी व स्थाई वारंटी तामीली के लिए विशेष अभियान चलाए, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में बढ़ोत्तरी करते हुए अनिवार्य रूप से बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही कराए, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सूचना तंत्र को और मजबूत करने को लेकर निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर नंदिनी ठाकुर, डीएसपी रितेश चौधरी, जिले थाना-चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।