सोमवार, 8 दिसंबर 2025

बिना पिट पास परमिट के रेत परिवहन पर हाईवा वाहन चालक व मालिक को माननीय न्यायालय ने 36300 रूपये का लगाया जुर्माना।

 

सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले की पुलिस सड़क दुर्घटना रोकने एवं आमजनों को यातायात नियमों से अवगत कराने लगातार अभियान चला रही है साथ ही वाहन चेकिंग प्वाईंट लगाकर लापरवाहों पर सख्ती भी बरतने के अलावे अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 17.11.2025 को थाना चंदौरा पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान हाईवा क्रमांक सीजी 15 डीएच 8125 प्रतापपुर से चंदौरा बिना पिट पास के परमिट शर्तो को उल्लघंन करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन जप्त कर एमव्ही एक्ट की धारा 113/194(1), 39/192, 146/196, 56/192, 130(3)/177 के तहत कार्यवाही कर इस्तगाशा माननीय न्यायालय प्रतापपुर में पेश किया। माननीय न्यायालय द्वारा वाहन चालक श्याम बरन राजवाड़े निवासी मयुरधक्की को 26300 रूपये एवं वाहन स्वामी कंचन प्रसाद सोनी निवासी प्रतापपुर को 10000 रूपये का जुर्माना लगाया है।

सूरजपुर पुलिस परिवार के बच्चों ने खेलों में हासिल किया गोल्ड मेडल, जूडो व रिले रेस प्रतियोगिता के नेशनल में बनाई जगह, डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने किया सम्मानित।

 

सूरजपुर। जिले के पुलिस परिवार के बच्चों ने जुड़ो और रिले रेस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर नोयडा में आयोजित होने वाले नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। गोल्ड मेडल विजेता छात्रों ने डीएव्ही पब्लिक स्कूल विश्रामपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। बुधवार, 19 नवम्बर 2025 को डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट विशी के पुत्री अन्नपूर्णा विशी, पुत्र विजय विशी जिन्होंने जुडो में गोल्ड मेडल एवं चौकी प्रभारी खड़गवां रघुवंश सिंह के पुत्र आदित्य सिंह ने रिले रेस में गोल्ड मेडल अर्जित कर पुलिस परिवार का मान बढ़ाने पर तीनों विजेताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया है।
इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने पुलिस परिवार के बच्चों के उत्कृष्ट खेल की सराहना की और कहा कि सम्मान करने का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचान देना, उनके आत्म विश्वास को बढ़ाना और उन्हें आगामी तैयारियों के लिए प्रोत्साहित करना है। छात्राओं ने न केवल विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया है, बल्कि सूरजपुर पुलिस का भी मान बढ़ाया है। इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट विशि, चौकी प्रभारी खड़गवां रघुवंश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

दसवी वाहिनी छसबल सिलफिली सूरजपुर 17 से 19 नवम्बर 2025 तक होंगे आरक्षक ट्रेड चालक, कुक एवं वाटर कैरियर की होगी ट्रेड टेस्ट।

 सूरजपुर। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023-24 के अंतर्गत सरगुजा रेंज के जिला/इकाई सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में रिक्त आरक्षक ट्रेड संवर्ग के पदों की पूर्ति हेतु लिखित परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों का ट्रेड टेस्ट 10वीं वाहिनी, छसबल, सिलफिली, जिला-सूरजपुर के ग्राउण्ड में दिनांक 17.11.2025 से आयोजित होगी।

           भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों हेतु निम्न निर्देश हैं। (1) वहीं अभ्यर्थी ट्रेड टेस्ट में सम्मिलित होंगे, जो व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में उपस्थित हुये हैं। लिखित परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थी ट्रेड टेस्ट हेतु पात्र नहीं हैं। अभ्यर्थी अपने साथ लिखित परीक्षा हेतु व्यापम द्वारा जारी एडमिट कार्ड के साथ स्वयं के पहचान पत्र हेतु एक पहचान पत्र होना चाहिए, इसके आधार पर ही अभ्यर्थी को भर्ती ग्राउण्ड में प्रवेश दिया जायेगा। (2) भर्ती प्रक्रिया के दौरान ग्राउण्ड के अंदर अभ्यर्थी का मोबाईल लाना या उपयोग करना सर्वथा वर्जित है। (3) भर्ती केन्द्र में अभ्यर्थी के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति/रिश्तेदार का उपस्थित रहना पूर्णतः वर्जित है। (4) अभ्यर्थी ट्रेडवार निम्नानुसार उल्लेखित निर्धारित तिथि को ही आयें।
      दिनांक एवं ट्रेड का नाम (सरगुजा रेंज जिला/इकाई):- दिनांक 17.11.2025- आरक्षक ट्रेड (चालक) के अभ्यर्थी, दिनांक 18.11.2025 - आरक्षक ट्रेड (कुक एवं वाटर कैरियर) के अभ्यर्थी एवं दिनांक 19.11.2025 - शेष अन्य विज्ञापित आरक्षक ट्रेड के अभ्यर्थी।
(5) अभ्यर्थी ट्रेडवार निर्धारित तिथि को प्रातः 07.00 बजे तक अनिवार्य रूप से भर्ती ग्राउण्ड (10वीं वाहिनी छसबल सिलफिली, जिला-सूरजपुर) में उपस्थित होना सुनिश्चित करें, विलंब से आने पर प्रवेश नहीं दिया जावेगा। ट्रेड टेस्ट में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थी चयन हेतु स्वयंमेव अपात्र होंगे। (6) अभ्यर्थी अपने साथ अपनी सुविधा हेतु ट्रेड से संबंधित सामग्री ला सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष है। अभ्यर्थी किसी व्यक्ति के जालसाजी, धोखाधड़ी या लेन-देन से दूर रहें। यदि भर्ती स्थल पर कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर किसी प्रकार का प्रलोभन देता है तो तत्काल उसी सूचना चयन समिति को दें। कोई भी व्यक्ति अगर भर्ती केन्द्र के पास भर्ती के नाम पर प्रलोभन देते हुये पाये जाने पर उसके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला सरगुजा एवं अध्यक्ष चयन समिति, सरगुजा रेंज।

देर रात तक बजा रहे थे तेज आवाज में साउण्ड सिस्टम, सूरजपुर पुलिस ने जब्त किया साउण्ड बाक्स व एम्पलीफायर, साउण्ड सिस्टम संचालक व तेज आवाज में साउण्ड सिस्टम बजाने वाले पर हुई कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई। डीजे, लाउड स्पीकर व साउण्ड बाक्स में तय मानकों का उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई। बिना अनुमति व तय वक्त के बाद तेज ध्वनि से डीजे बजाने की सूचना पुलिस कन्ट्रोल रूम को दे।

 

सूरजपुर। जिले में देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे और साउण्ड बाक्स बजाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते रात विश्रामपुर थाना क्षेत्र में बिना अनुमति के तेज आवाज में साउण्ड बाक्स बजाने की सूचना पर पुलिस ने साउण्ड बाक्स और एम्पलीफायर को जब्त कर साउण्ड सिस्टम संचालक एवं तेज ध्वनि से साउण्ड बाक्स बजाने वाले के विरूद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही किया है।
         डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाना प्रभारियों को डीजे संचालकों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक लेकर डीजे व साउण्ड सिस्टम का उपयोग के लिए अनुमति लेने एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग से आमजनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो यह सुनिश्चित कराने तथा निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। इसी परिप्रेक्ष्य में बीते दिन थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर के द्वारा क्षेत्र के डीजे संचालकों व गणमान्य नागरिकों की बैठक लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जनहित में ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए सख्त हिदायत दी थी कि विधिवत् अनुमति लेकर और तय वक्त में ही डीजे और साउण्ड बाक्स का उपयोग किया जाए और किसी भी स्थिति में तय वक्त के बाद तेज ध्वनी से डीजे व साउण्ड बाक्स न बजाने की हिदायत दी थी।
        दिनांक 15-16 नवम्बर 2025 की दरम्यिानी रात्रि में थाना विश्रामपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी इसी बीच सूचना मिली कि ग्राम तलवापारा में तेज ध्वनि से साउण्ड बाक्स बजाया जा रहा है जिससे आमजनों को काफी परेशानी हो रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना अनुमति के तेज आवाज से साउण्ड बाक्स बजाते पाए जाने पर 2 नग साउण्ड बाक्स व 1 नग एम्पलीफायर जप्त कर गुड्डू खुलेखीन देवांगन उम्र 46 वर्ष निवासी तलवापारा तथा साउण्ड सिस्टम संचालक विशाल गुप्ता उम्र 22 वर्ष निवासी शिवनंदनपुर थाना विश्रामपुर के विरूद्ध धारा 4, 5, 15(1) कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही किया है।

तेज ध्वनि से डीजे बजाने की दे सूचना।
         सूरजपुर पुलिस ने लोगों से अपील किया है कि डीजे बजाने के पूर्व विधिवित् अनुमति लेकर तय वक्त तक ही डीजे व साउण्ड बाक्स का उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन कर बिना अनुमति, तय वक्त के बाद तेज गति से डीजे बजाने वालों, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का दुरूपयोग कर तेज साउण्ड का उपयोग करने वालों की सूचना पुलिस कन्ट्रोल रूम सूरजपुर के मोबाईल नंबर 9479193999 पर दे ताकि ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने ली जनरल परेड की सलामी, जनता की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति निष्ठा व सजगता से कार्य करने के दिए निर्देश।

सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस लाइन में साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण भी किया। शुक्रवार, 14 नवम्बर 2025 को आयोजित जनरल परेड में पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों से परेड़ करवाई गई। अच्छी वेशभूषा धारण करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया तो वहीं खराब टर्न आउट पर कड़ी चेतावनी दी।
                डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस बल को जनता की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति पूरी निष्ठा के साथ सजगता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अनुशासन और सतर्कता ही एक जिम्मेदार पुलिस बल की पहचान होती है। अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए ड्रिल अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने टर्नआउट मेंटेन रखने और सभी पुलिसकर्मी को साफ-सुथरी और स्वच्छ वर्दीं पहनने के निर्देश दिए। जवानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना और निराकरण का आश्वासन दिया। अस्वस्थ कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का देखभाल करने की समझाईश दी गई। इस दौरान सीएसपी एस.एस.पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित विभिन्न थाना-चौकी के पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

सूरजपुर पुलिस ने गाया वंदे मातरम। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्र सेवा का संकल्प।

 

सूरजपुर। पुलिस लाईन में शुक्रवार, 14 नवम्बर 2025 को राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम’’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया और राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया।
              इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा पुलिस का पहला धर्म है। उन्होंने देश, संविधान और राष्ट्रीय सम्मान के प्रति समर्पण की भावना को हृदय में जीवित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आत्मा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। पुलिस बल में सामूहिक अनुशासन और राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा देने वाली एक प्रेरक पहल है।
                 पुलिस लाईन देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा, जिससे उपस्थित सभी में ऊर्जा और गौरव की भावना भर गई। पुलिसकर्मियों ने एक स्वर में वंदे मातरम गाकर देश की अखंडता, एकता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान सीएसपी एस.एस.पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित विभिन्न थाना-चौकी के पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

सूरजपुर पुलिस का साइबर सुरक्षा संवाद अभियान। बनाए लालच से दूरी तो बनी रहेगी साइबर फ्राड से दूरी। साइबर अपराध होने पर साइबर हेल्प लाईन नंबर 1930 व स्थानीय पुलिस से करें सम्पर्क।

 

सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन पर साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम के तहत् शुक्रवार, 07 नवम्बर 2025 को सिलफिली महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां साइबर सुरक्षा और ऑनलाईन धोखाधड़ी जोखिमों को कम के टिप्स पुलिस अधिकारियों ने बताए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कई छात्रों द्वारा साइबर अपराध एवं बचाव संबंधी अपने प्रश्नों को रखा जिसका समाधान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरजपुर द्वारा किया गया। कई साइबर फ्राड पीड़ितों ने अपने एवं परिजनों के साथ हुए साइबर फ्राड के बारे में जानकारी शेयर किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता को प्राथमिकता में लेते हुए जिले के शत्-प्रतिशत स्कूलों-कालेजों एवं सभी ग्रामों में साइबर जन जागरूकता के आयोजन हो इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। स्कूल में पढ़ने वाले किसी भी छात्र से आप पूछे कि साइबर अपराध क्या है और उसके बचाव के क्या उपाय है तब आप उनके जवाब सुनकर चौंक जायेंगे आपको पता चलेगा कि पुलिस साइबर अपराध रोकने के लिए कितनी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि लालच से दूरी बनाकर रखेंगे, सतर्कता अपनायेंगे तो साइबर फ्राड़ से दूर रहेंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नेट बैकिंग से लेन-देन, सोशल मीडिया के लिए मजबूत पासवर्ड बनाने और नियमित पासवर्ड अपडेट करने, वाटसएप, टैक्स मैसेज, ईमेल में संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी को ऑनलाइन साझा करने से सावधान रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट तुरंत पुलिस से करनी चाहिए। जिले की पुलिस के द्वारा साइबर अपराध से बचाव के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महत्वपूर्ण जानकारियों को समाहित कर ज्ञानवर्धक शॉट विडियों ‘‘सूरजपुर जिला पुलिस’’ के फेसबुक आईडी नियमित अपलोड किया जाता है जिसे देखकर अपने परिचित के लोगों से साझा कर साइबर अपराध को रोकने में सहयोग करने कहा।
जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव एवं सरपंच पहाड़गांव भोला सिंह ने कहा कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी, जैसे कि घर का पता, फोन नंबर, और बैंक खाते की जानकारी को ऑनलाइन साझा करने से बचना चाहिए। इस जानकारी का उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा आपकी ऑनलाईन साइबर फ्राड के लिए किया जा सकता है। इस दौरान थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुंतल, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

सूरजपुर में साइबर सुरक्षा संवाद अभियान। डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर ने साइबर फ्राड व ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए, बोले- सजगता ही सुरक्षा है। साइबर फ्राड पीड़ित ने खुद के साथ हुए फ्राड से कराया अवगत, सावधानी बरतने दी समझाईश।

 

सूरजपुर। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने एवं बचाव के उपाय से अवगत कराने के लिए सूरजपुर पुलिस ने साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 06 नवम्बर 2025 को जरही के मनोरंजन गृह में साइबर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, जीएम भटगांव श्री माधव बोबडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, मंत्री प्रतिनिधि श्री ठाकुर प्रसाद राजवाड़े ने साइबर फ्राड से बचाव के उपाए बताए तो वहीं साइबर फ्राड के पीड़ितों ने भी अपनी आपबीती शेयर कर लोगों को साइबर ठग के झांसे में न आने के लिए जागरूक किया।
               इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा जरिया सतर्कता और सावधानी है, आप समझे कि आपको फोन पर लोन दिलाने या लाटरी लगने के नाम पर फोन कर कोई व्यक्ति पैसा मांगता है तो वह साइबर फ्राड है, ऐसी किसी भी जाल में न फंसे। साइबर अपराधी आजकल फोन कॉल, ईमेल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और फर्जी लिंक के माध्यम से लोगों की बैंक डिटेल्स, ओटीपी या निजी जानकारी हासिल कर ठगी करते हैं इनसे बचे। उन्होंने बैंक खाते या एटीएम से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज की शिकायत तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करने को कहा।
           जीएम भटगांव श्री माधव बोबडने इस बात पर जोर दिया कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिजनों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करें। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा और मंत्री प्रतिनिधि श्री ठाकुर प्रसाद राजवाडे़ ने बताया कि ऐसे अभियानों को लगातार सहयोग दें ताकि हर नागरिक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपना सके।
              जीएम पर्यावरण मनोज अग्रवाल, जेसीसी मेंबर विष्णु साहू ने बताया कि उन्हें भी साइबर फ्राड ठगी का शिकार बनाने की कोशिश किया किन्तु सतर्कता और सूझबूझ से वे ठग के झांसे में आने से बच गए। कार्यक्रम में साइबर फ्राड पीड़ितों ने साइबर फ्राड के अपने अनुभवों को साझा किया और संदेश दिया कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी निजी/वित्तीय जानकारी साझा न करें। यदि धोखाधड़ी होती है तो राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराए।
                इस जागरूकता कार्यक्रम में नप अध्यक्ष भटगांव परमेश्वरी राजवाड़े, नप अध्यक्ष जरही पूरन राजवाड़े, थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, मण्डल अध्यक्ष रमेश गुप्ता, बीडीसी नंद राजवाड़े, दशरथ राजवाड़े, मनोहर राजवाड़े, पार्षदगण, ग्राम सरपंच, काफी संख्या में नागरिकगण व स्कूली छात्र मौजूद रहे।

मंगलवार, 2 दिसंबर 2025

यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए करें उसका पालन, सड़क सुरक्षा के उपायों को जीवनशैली में करें शामील- डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर। जनता के सहयोग व जन जागरूकता से सड़क दुर्घटना में मृत्यु दर में आई कमी। सड़क दुर्घटना पीड़ितों ने बताए आप बीती, बोले जीवन सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का जरूर करें पालन। सफर के दौरान न करें जल्दबाजी, सिर की सुरक्षा के लिए लगाए हेलमेट।

 

सूरजपुर। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर सुगम सफर अभियान के तहत् जिले में यातायात सुरक्षा जन जागरूकता का महाअभियान 1 से 15 नवम्बर 2025 तक चलाया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में गुरूवार, 06 नवम्बर 2025 को बस स्टैण्ड विश्रामपुर में यातायात जन जागरूकता का आयोजन किया गया जहां सड़क दुर्घटना के पीड़ित परिवार व जनप्रतिनिधियों ने सड़क हादसों में अपनों को खोने की पीड़ा क्या होती है उसे साझा करते हुए लोगों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। डीआईजी व एसएसपी ने हेलमेट लगाकर बाईक चलाने वालों को गुलाब फूल देकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
         इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि जब लोग हेलमेट लगाकर यातायात नियमों का पालन करेंगे तो हमें लोगों को जागरूकता करने की जरूरत नहीं होगी, सभी अपनी स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए। आप विचार करें कि सफर के दौरान बिना हेलमेट के चलने पर सड़क दुर्घटना में किसी की मृत्यु होती है तो परिवार किस पीड़ा से गुजरता है, ऐसी किसी घटना की सूचना पर काफी दुख होता है, यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षा के उपायों को अपनाए, जिले की पुलिस जनता की सुरक्षा, सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए लगातार कार्य कर रही है।
           कार्यक्रम में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह चौहान, गंगा ग्राम उत्थान समिति प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र जैन, पार्षद अचना लकड़ा, संजीत सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर यातायात नियमों को अपनाते हुए सुरक्षित सफर करने का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, नायब तहसीलदार मीना सिंह, थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुंतल, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, नपं शिवनंदनुपर पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोयल, नगर के गणमान्य नागरिकगण मौजूद रहे।

जनता के सहयोग व जन जागरूकता से सड़क दुर्घटना में मृत्यु दर में आई कमी।
         डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि यातायात का भारी दबाव थाना सूरजपुर, विश्रामपुर, जयनगर, रामानुजनगर क्षेत्र में अधिक रहता है इसके बावजूद पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटना के मामलों में मृत्यु दर में 10 से 15 प्रतिशत की कमी आई है जिसका श्रेय आमजनता का सहयोग, यातायात जन जागरूकता के आयोजनों से संभव हुआ है और आगामी 2 माह में शेष थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर इसके प्रयास किए जायेंगे।

सड़क दुर्घटना पीड़ित बोले जीवन सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का जरूर करें पालन।
        सूरजपुर पुलिस के जन जागरूकता के इस कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना के पीड़िता समा परवीन ने बताया कि बाईक से पति के साथ मायके जाने के दौरान जल्दबाजी में पति हेलमेट नहीं लगाए और रास्ते में एक्सीडेंट होने के कारण पति को सिर में काफी चोट लगी, 2 माह उपचार के बाद भी ठीक नहीं हुए और उनकी मृत्यु हो गई। मुखिया के जाने का काफी दुख तो है ही और घर परिवार को काफी कठिनाईयां उठानी पड़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कितनी भी जल्दबाजी हो यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर लगाए और सुरक्षित अपने मंजील तक पहुंचे।
          ग्राम जमदेई निवासी लीलू गुप्ता ने बिलासपुर जाने के दौरान बस दुर्घटना तथा प्रेमचंद सिंह ने बिहार कार से जाने के दौरान सड़क दुर्घटना के बारे में जानकारी साझा बताया कि यह हादसे बस व कार चालक के द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने से घटित हुई। हादसे होने के बाद लोग सोचते है कि काश यातायात नियमों का पालन करते, बाईक चलाते समय हेलमेट लगाते किन्तु बीता समय पीछे नहीं जाता। उन्होंने लोगों से अपील किया कि सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए यातायात नियमों को अपनाए और बाईक चलाते समय हेलमेट पहने, कार में सीट बेल्ट लगाए।

सिर की सुरक्षा के लिए लगाए हेलमेट।
            डीआईजी व एसएसपी ने कहा कि व्यक्ति मोबाईल की सुरक्षा के लिए कव्हर लगाकर रखता है किन्तु वह अपने सिर की सुरक्षा को ध्यान न देकर हेलमेट नहीं लगाता है ऐसे में यदि सड़क दुर्घटना हुई और सिर में चोट लगी तो मृत्यु तक हो सकती है, मोबाईल बन या बदला जा सकता है किन्तु सिर में गंभीर चोट लगी तो बचना मुश्किल हो जाता है। हमें अपनी सोच को बदलकर यातायात नियमों के प्रति ध्यान देकर उसका पालन करना होगा।

सफर के दौरान न करें जल्दबाजी।
           डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने लोगों से अपील किया कि सफर के दौरान तेज गति से बाईक चलाकर जल्दी पहुंचने की कोशिश न करें, सोचे-समझे कि 2 मिनट की जल्दी के कारण सड़क दुर्घटना हो सकती है इसलिए यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटना से देर भली की तर्ज पर तय गति से वाहन चलाकर अपनी स्वयं की सुरक्षा को सुनिश्चित करें और हेलमेट पहने और सीट बेल्ट जरूर लगाए।


राज्योत्सव में सूरजपुर पुलिस का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र।

 

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर स्टेडियम ग्राउण्ड में जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्योत्सव में डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा जनजागरूकता हेतु एक विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया, जिसमें सायबर सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान एवं यातायात नियम तथा अन्य विषयों से संबंधित जानकारी आम नागरिकों को दी गई।
             राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सूरजपुर पुलिस के जन जागरूकता स्टाल का भ्रमण किया। माननीय मंत्री महोदया ने सायबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात नियमों, राहवीर योजना सहित अन्य ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी से संबंधित पोस्टर एवं जानकारी का अवलोकन किया तथा सूरजपुर पुलिस के जन जागरूकता प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन, डीएफओ श्री पंकज कमल, सीईओ जिला पंचायत श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, सम्मानित जनप्रतिनिधिगण व नागरिकगण उपस्थित रहे।

सूरजपुर पुलिस का स्टाल बना जनजागरूकता का केन्द्र।
          पुलिस के स्टाल में साइबर ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा के उपाए, नशा मुक्ति के लिए संगठित प्रयासों का ब्यौरा, सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए महत्वपूर्ण जानकारी, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना की जानकारी, यातायात नियमों की जानकारी एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित शॉट विडियों का प्रोजेक्टर और एलसीडी के माध्यम से प्रदर्शनी की गई।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।