वार्षिक निरीक्षण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वार्षिक निरीक्षण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022

पुलिस लाईन के वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने कहा जनता से बेहतर संबंध बनाएं पुलिस कर्मी। अधिकारी व जवानों की सुनी समस्याएं, किया निराकरण

सूरजपुर। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने पुलिस लाईन का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम पुलिस लाईन में आयोजित परेड़ का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारी व जवानों के वेश-भूषा का जायजा लिया, राजपत्रित अधिकारियों व जवानों से परेड़ के कमाण्ड दिलवाए। निरीक्षण के दौरान जवानों के किट को देखा। अच्छे वेशभूषा, किट और बेहतर परेड़ कमाण्ड करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया। शासकीय वाहनों का देखा और आरक्षक चालकों को मेंटनेंश डे पर वाहनों में जरूरी मरम्मत कराने तथा रक्षित निरीक्षक को वाहन चालकों का आई टेस्ट कराने के निर्देश दिए। परेड़ के दौरान आकर्षक बैंड बजाने पर पूरे बैंड पार्टी को पुरस्कृत किया। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने पुलिस लाईन के सामुदायिक भवन में दरबार लगाकर अधिकारियों-कर्मचारियों से चर्चा कर उनके समस्याओं को जाना और उन समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु दिशा निर्देश भी दिया। इस दौरान उन्होंने प्रभारियों को कहा कि थाना-चौकी में नियमित परेड कराए इससे अनुशासन बना रहता है साथ ही अधिकारी व जवान फिट रहते है, जनता की सेवा करने का सबसे अच्छा जरिया पुलिस की नौकरी है, बिना समस्या के कोई व्यक्ति थाना नहीं आता, गंभीरतापूर्वक उसकी पीड़ा को समझते हुए तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें, अच्छी वेशभूषा धारण कर ड्यूटी करें, थाने में हमर सियान डेस्क में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए निराकरण करें, आपराधिक मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि फरार आरोपी पुलिस की नजर से बचने नहीं चाहिए, इनकी गिरफ्तारी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने में पहुंचने वाले फरियादियों से बेहतर व्यवहार करने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थाना-चौकी के कार्यो का प्रतिदिन आंकलन करें कि सभी कार्य समय पर हो रहे है अथवा नहीं, जहां कमजोर स्थिति दिखाई दे वहां कसावट लाते हुए कार्य को शत्-प्रतिशत पूरा कराए। बिना नंबर व बिना लाइसेंस सहित परिवहन व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने निर्देशित किया। गुम बालक-बालिकाओं की पतासाजी हेतु किए गए अच्छे कार्य के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुर्रे, स्टेनो अखिलेश सिंह, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित विभिन्न थाना-चौकी व रक्षित केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

सूंघा...दौड़ा और जबड़े में जकड़ लिया संदिग्ध वस्तु, ऐसा है डॉग स्क्वायड।

वार्षिक निरीक्षण में डॉग मास्टर डाग के साथ स्नीफर व ट्रेकर डाग मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डाग मास्टर के द्वारा एक वस्तु को दूर कहीं छिपाकर रख दिया गया और वापस आकर उसकी गंध को सुघाने पर ट्रेकर डाग के द्वारा कुछ ही मिनटों में उस वस्तु को खोजकर उसे जबड़े में पकड़कर ले आया। डाग को अच्छी ट्रेनिंग देने पर दो डाग मास्टरों को पुरस्कृत किया गया। 

शुक्रवार, 26 अगस्त 2022

आईजी सरगुजा श्री अजय कुमार यादव ने जिला सूरजपुर का किया वार्षिक निरीक्षण। आधुनिकता के साथ अपडेट रहकर उसके अनुरूप कार्य करने के दिए निर्देश।

  • अपराधियों में दिखनी चाहिए पुलिस का खौफ।
  • घटना-दुर्घटना पर फौरन हो पुलिस का रिस्पांश।
  • पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना सूरजपुर व जयनगर का किया निरीक्षण।
  • जवानों की समस्या को जाना और किया निराकरण।
  • जिले के कार्यो, अपराध निकाल पर जताया संतोष।
सूरजपुर। सरगुजा रेंज के आईजी श्री अजय कुमार यादव ने शुक्रवार, 26 अगस्त को सूरजपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। आईजी ने पुलिस लाइन में परेड देखी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन कर जवानों की समस्याएं भी सुनी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित थानों के कार्याे पर संतुष्टि जाहिर करते हुए कार्यो को संतोषजनक बताया।  आईजी श्री अजय कुमार यादव ने सर्वप्रथम पुलिस लाईन में आयोजित परेड़ का निरीक्षण किया गया। इसके अंतर्गत उन्होंने किट-परेड, शस्त्र कवायद, बलवा ड्रिल का जायजा लिया एवं वाहनों का रख-रखाव को देखा। अच्छा परेड कमांड करने, वेशभूषा, किट एवं वाहनों के रख-रखाव बेहतर पाए जाने पर अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। पुलिस लाईन के शस्त्रागार इसके पश्चात् पुलिस की परम्परानुसार आयोजित की जाने वाली पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन किया जहां पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने अपने पदस्थापना के दौरान चलाये गये अभियान व कार्यवाहियों के बारे में जानकारी दी। सम्मेलन में आईजी सरगुजा श्री अजय कुमार यादव ने कहा कि आधुनिकता के साथ अपडेट रहकर उसके अनुरूप सजग रहकर कार्य करें, थाने में फरियादी के आने पर उनसे अच्छा व्यवहार करें, समझे कि वह आपके परिजन है। पुलिस को प्राप्त शक्तियों का दुरूपयोग न कर उसका सदउपयोग करने कहा, उन्होंनें जनता से मधुर संबंध बनाने हेतु कार्य करने, पुराने लंबित मामलों का शीघ्र निकाल करने, स्मार्ट पुलिसिंग के तहत किए जा रहे सीसीटीएनएस योजना में सभी मामले की जानकारी अपलोड शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारी कर्मचारी को कहा कि आगे भविष्य के लिए छोटी-छोटी रकम जमा करते रहे ताकि जरूरत के वख्त काम आए, अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाए और परिजनों एवं खुद के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। इस दौरान उन्होंने जवानों की समस्याएं सुनी और निराकरण किया।

अपराधियों में पुलिस का खौफ दिखनी चाहिए

आईजी श्री अजय कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू की मौजूदगी में जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में जिले राजपत्रित अधिकारियों व थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि संज्ञेय अपराध की सूचना पर एफआईआर दर्ज करने में कोताही ना बरते, अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किए जाए, फरियादी के थाना आने पर उनसे शालिनतापूर्वक समस्याओं को पूछे और निराकरण करें इससे पुलिस और जनता के बीच दूरिया कम होगी। सिस्टम से काम करें, थाना के कार्यो का प्रतिदिन आंकलन करें कि सभी कार्य समय पर हो रहे है अथवा नहीं, जहां कमजोर स्थिति दिख रही हो वहां कसावट लाए और कार्य को शत्-प्रतिशत पूरा कराए, पास्को एवं महिला संबंधी अपराधों की विवेचना 60 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर चालान पेश करने, लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने सख्त लफ्जों में कहा कि अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाए, जुआ-शराब व नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्यवाही करें, अपराधियों में पुलिस का खौफ दिखनी चाहिए। कार्य में लापरवाही पर दंडित तथा अच्छे कार्यो पर पुरस्कृत होंगे।

घटना-दुर्घटना पर फौरन हो पुलिस का रिस्पांस

आईजी ने प्रभारियों को कहा कि घटना/हादसों की सूचना पर पुलिस का रिस्पांश फौरन होनी चाहिए, सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव के कार्य करें, अपराधियों की धरपकड़ तत्परता के साथ करें, सड़क दुर्घटना होने पर घटना स्थल पर जाए और आई-रेड के सर्वर में घटना की पूरी जानकारी अपलोड करें।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना सूरजपुर व जयनगर का किया निरीक्षण

वार्षिक निरीक्षण के क्रम में आईजी सरगुजा ने जिला पुलिस कार्यालय, थाना सूरजपुर व थाना जयनगर का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त रिकार्ड का संधारण बेहतर पाया शाखा प्रभारियों को सदैव रिकार्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए। थानों के निरीक्षण में से लंबित मामलों एवं फरार आरोपियों की जानकारी ली। चिटफंड के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस ऑपरेटर आरक्षकों से उनके कार्यो के बारे में अपडेट लिया। थाना भवन व परिसर के साफ-सफाई पर संतोष जताया। 
           इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी सूरजपुर गीता वाघवानी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अजाक पी.डी.कुजूर, प्रशिक्षु डीएसपी दीपमाला कुर्रे, रक्षित निरीक्षक भुपेन्द्र कुर्रे, आईजी स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा, रीडर सुभाष गुप्ता, जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। 

बुधवार, 17 नवंबर 2021

वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने कहा जनता से बेहतर संबंध बनाएं पुलिस कर्मी

  • निरीक्षण में लंबित मामले के निकाल के लिए दिए सख्त निर्देश 
  • अधिकारी-कर्मचारियों की सुनी समस्याएं, किया निराकरण

सूरजपुर।     मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने प्रतापपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले परेड का जायजा लिया और उत्कृष्ट वेशभूषा व परेड पर जवानों को पुरस्कृत किया। परेड और थाने का निरीक्षण करने के पश्चात एसपी ने थाना परिसर में दरबार लगाकर अधिकारियों-कर्मचारियों के चर्चा कर उनके समस्याओं को जाना और उन समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु दिशा निर्देश भी दिया। उन्होंने थाने पर उपलब्ध फोर्स, थाने में सीसीटीवी व सीसीटीएनएस कक्ष को देखा और प्रभारी को रिकार्ड शत-प्रतिशत अपलोड कराने के निर्देश दिए। थाना परिसर व थाना के कक्षों का अवलोकन किया। अखिलेखों के निरीक्षण के दौरान थाने का समस्त रिकार्ड का संधारण व्यवस्थित तरीके से करने की भी हिदायत दी, उन्होंने अपराध के ग्राफ को भी देखा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हमारी कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए इससे नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा। अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्ती से कार्यवाही की जाए, आपराधिक मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि फरार आरोपी पुलिस की नजर से नहीं बचने चाहिए, इनकी गिरफ्तारी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए। 
            एसपी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आम नागरिकों से मधुर संबंध बनाकर उनकी समस्याओं को सुन त्वरित निराकृत करने प्रेरित किया। प्रत्येक शनिवार को पुलिस जनदर्शन लगाकर आमजनता के शिकायत-समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, जनदर्शन के बारे में क्षेत्र में प्रचार-प्रसार, महिलाओं के विरुद्ध घटित घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने थाने में पहुंचने वाले फरियादियों से बेहतर व्यवहार करने की कड़ी नसीहत दी। बिना नंबर व बिना लाइसेंस सहित परिवहन व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने निर्देशित किया। अपराधों की रोकथाम, गुम बालक-बालिकाओं की पतासाजी हेतु टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करने प्रेरित किया। थाना परिसर की व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जाए। लंबित अपराध व शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। लंबित अपराधों, शिकायतों की जांच कर शीघ्र निराकरण करने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस दौरान एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह, सहित थाना के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3

'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।