सूरजपुर। आमजनता की समस्याओं को सुनने एवं उसके निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने पुलिस जनदर्शन का आयोजन सोमवार, 17 अक्टूबर को जिला पुलिस कार्यालय में किया। जनदर्शन में भटगांव क्षेत्र निवासी एक महिला ने घर में घुसकर मारपीट के मामले में आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही, थाना चंदौरा क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति के द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, थाना सूरजपुर क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने गुमशुदा पति की खोजबीन करने तथा एक व्यक्ति ने घर में रखे सामान को जला देने संबंधी समस्या से अवगत कराया जो पुलिस अधीक्षक ने बड़े आत्मीयता के साथ शिकायतों को सुना और संबंधित थाना प्रभारियों का शिकायतों का जांच कर त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, रक्षित निरीक्षक भुपेन्द्र कुर्रे, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, जावेद मियादाद व अनिता प्रभा मिंज मौजूद रहे।
'सायबर की पाठशाला' : सायबर जागरूकता अभियान कड़ी-3
सायबर की पाठशाला में आज तीसरे पाठ में हम समझने की कोशिश कर रहे हैं कि एक सुरक्षित लिंक कैसा दिखता या होता है। धोखेबाज/अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए बैंको के नाम से मिलते जुलते नाम या अक्षरों का प्रयोग करके एक यूआरएल/URL बनाता है और उसे मोबाइल पर सीधे मैसेज के रूप में भेजता है इन लिंकनुमा URL पर क्लिक करते ही आप ठगी के शिकार हो जाते हैं। यदि लिंक में anydesk, mingle, teamviewer जैसे शब्द हैं तो आपके फोन को हैक करने का प्रयास हो रहा है, तुरंत मैसेज डिलिट करें। लिंक पर क्लिक बिलकुल न करें। अनजान व्यक्तियों से फोन पर ज्यादा बात न करें और न ही उन्हें किसी भी तरह की जानकारी दें चाहे कुछ भी हो जाए। तभी आप ठगी से बच पाएंगे। इस तरह के फर्जीवाड़ों पर और विस्तार से जानकारी के लिए इस श्रृंखला पर नजर बनाए रखें। पिछले पाठों को फिर से जानने के लिए/ पुनरावलोकन के लिए तस्वीर पर क्लिक करें या ऊपर के संबंधित टैब (सायबर की पाठशाला) पर क्लिक करें।

